दिल्ली एयरपोर्ट हादसा: उच्चस्तरीय बैठक में लिए गए ये अहम फ़ैसले

शुक्रवार तड़के भारी बारिश के बीच इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट के टर्मिनल-एक की छत का एक हिस्सा गिर गया था. इस घटना में एक शख्स की मौत हो गई थी.

सारांश

  • झारखंड के पूर्व सीएम हेमंत सोरेन को मिली ज़मानत, 5 महीने बाद रिहा हुए
  • शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा- विपक्ष छात्रों को भ्रमित न करे
  • नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने संसद में उठाया नीट का मुद्दा, संसद स्थगित
  • दिल्ली: आईजीआई एयरपोर्ट के टर्मिनल-1 की छत गिरने से एक की मौत, कई घायल

लाइव कवरेज

मुकुंद और अरशद मिसाल

  1. दिल्ली एयरपोर्ट हादसा: उच्चस्तरीय बैठक में लिए गए ये अहम फ़ैसले

    दिल्ली एयरपोर्ट हादसा

    इमेज स्रोत, ANI

    नागर विमानन मंत्रालय ने कहा है कि दिल्ली में इंदिरा गांधी हवाईअड्डे के टर्मिनल-एक का एक हिस्सा गिरने के बाद मंत्रालय नए सुरक्षा नियमों और दरों को लेकर एडवाइज़री जारी कर सकती है.

    मंत्रालय ने कहा है कि हवाई अड्डों पर इस तरह के ढांचों की जांच की जाएगी.

    मंत्रालय ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा उनकी सबसे बड़ी प्राथमिकता है.

    शुक्रवार तड़के भारी बारिश के बीच इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट के टर्मिनल-एक की छत का एक हिस्सा गिर गया था. इस घटना में एक शख्स की मौत हो गई और आठ लोग घायल हुए.

    हादसे के बाद टर्मिनल-एक से जाने वाली उड़ानों को रद्द कर दिया गया और टर्मिनल को अस्थायी तौर पर बंद किया गया है.

    इसके बाद शुक्रवार शाम को मंत्रालय ने एक बयान जारी कर कहा कि केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू ने इस हादसे के बाद अधिकारियों के साथ एक उच्चस्तरीय बैठक की है.

    दिल्ली एयरपोर्ट हादसा

    इमेज स्रोत, ANI

    मंत्रालय ने बयान में कहा है कि मौजूदा स्थिति से निपटने के लिए और आने वाले वक्त में यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए बैठक में कई अहम फ़ैसले लिए गए हैं.

    1- टर्मिनल-टू और टर्मिनल-थ्री के सुचारू रूप से काम करने के लिए एक वॉर रूम बनाया जाएगा जो मंत्रालय की निगरानी में काम करेगा.

    ये वॉर रूम ये सुनिश्चित करेगा जिन यात्रियों की उड़ान रद्द हुई है उन्हें टिकट का पैसा लौटाया जाए या फिर उड़ान का कोई और विकल्प दिया जाए.

    पैसा लौटाने के लिए सात दिनों का वक्त तय किया गया है. मंत्रालय ने वॉर रूम के हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं.

    2- मंत्रालय ने कहा है कि यात्रियों की सहूलियत पहली प्राथमिकता है. जब तक टर्मिनल-एक अस्थायी तौर पर बंद है तब तक उड़ानें टर्मिनल-2 और टर्मिनल-3 से चलेंगी. इसके लिए ख़ास व्यवस्था की जा रही है.

    3- मंत्रालय ने कहा है कि एयरलाइन कंपनियां ये सुनिश्चित करें कि इस कारण यात्री किराए में बढ़ोतरी न हो.

    मंत्रालय का बयान

    4- एयरपोर्ट ऑथोरिटी से कहा गया है कि वो सभी छोटे-बड़े हवाईअड्डों को विस्तृत स्ट्रक्चरल जांच के आदेश दे. ये जांच दो से पांच दिन में ख़त्म कर रिपोर्ट मंत्रालय को सौंपी जानी है.

    रिपोर्ट के आधार पर सुरक्षा के लिए कदम उठाए जाएंगे.

    5- आईआईटी दिल्ली के स्ट्रक्चरल इंजीनियरों से कहा गया है कि वो दिल्ली हवाईअड्डे पर हुए हादसे की प्रारंभिक जांच करें. इस प्रारंभिक जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की जांच की जाएगी.

    वहीं जबलपुर हवाईअड्डे पर हुए हादसे की जांच एयरपोर्ट ऑथोरिटी करेगी. एक दिन पहले जबलपुर हवाईअड्डे की छत गिर गई थी.

    नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू ने बताया कि मृतक व्यक्ति के परिजन को 20 लाख रपये के मुआवज़े़ की घोषणा की गई है, वहीं घायलों के लिए तीन-तीन लाख की मदद का एलान किया गया है.

  2. राजकुमारी डायना का एक गाउन क़रीब 9 लाख डॉलर में नीलाम हुई

    गाउन

    इमेज स्रोत, EPA

    ब्रिटेन के शाही परिवार के सदस्यों के स्वामित्व वाली चीज़ों की नीलामी अमेरिका के कैलिफ़ोर्निया में की गई है. इनकी नीलामी 40 लाख पाउंड से अधिक में की गई.

    नीलाम की गई वस्तुओं में राजकुमारी डायना के डिज़ॉइनर कपड़े और नोट्स भी शामिल हैं.

    बिक्री में 200 से अधिक चीज़ें शामिल की गई थीं. इसमें सबसे ज़्यादा डायना की निजी चीज़ों का कलेक्शन था.

    ब्रिटिश डिज़ाइनर विक्टर एडेलस्टीन की डिज़ाइन की गई मैजेंटा सिल्क और लेस वाली ऑफ़-द-शोल्डर इवनिंग ड्रेस, सबसे महंगे बिकी. इसे 9 लाख 10 हज़ार डॉलर में बेचा गया. डायना ने ये ड्रेस 1987 में लंदन और जर्मनी में पहना था.

    यह राशि नीलामी के लिए तय की गई मूल क़ीमत से साढ़े चार गुना अधिक है.

    26 जून को लॉस एंजेल्स के द पेनिनसुला बेवर्ली हिल्स में आयोजित 'प्रिंसेस डायनाज़ एलिगेंस एंड ए रॉयल कलेक्शन' नाम के इस नीलामी कार्यक्रम में प्रिंसेस डायना के पसंदीदा डिज़ाइनर एडेलस्टीन, कैरोलीन चार्ल्स और कैथरीन वॉकर के डिज़ाइन किए गए कपड़े शामिल किए गए थे.

    राजकुमारी डायना का मुर्रे आर्बीड मिडनाइट ब्लू स्ट्रैपलेस गाउन जिसे उन्होंने साल 1986 और 1987 में पहना था, काफ़ी महंगा बिका. यह गाउन 7 लाख 80 हज़ार डॉलर में नीलाम हुई, जो अपने बेस कीमत से चार गुना ज़्यादा है.

    नीलामी में राजकुमारी डायना के लिखे 20 से अधिक पत्र, नोट्स और कार्ड भी शामिल थे.

  3. इलेक्ट्रिक कार की बैटरी चार मिनट और 37 सेकंड में 80 फ़ीसदी तक चार्ज हुई

    इलेक्ट्रिक कार

    इमेज स्रोत, Nyobolt

    ब्रिटेन की स्टार्टअप कंपनी न्योबोल्ट द्वारा विकसित एक इलेक्ट्रिक कार की बैटरी अपने पहले "लाइव टेस्टिंग" में चार मिनट और 37 सेकंड में 10 फ़ीसदी से 80 फ़ीसदी तक चार्ज हो गई.

    बेडफ़ोर्ड में विशेष रूप से डिज़ाइन की गई कॉन्सेप्ट स्पोर्ट्स कार के साथ बैटरी का परीक्षण किया गया.

    इंडस्ट्री में ऐसी तकनीक विकसित करने की कोशिश की जा रही है जिससे बैटरी मिनटों में पूरी तरह चार्ज हो जाए. यह इन्ही प्रयासों का हिस्सा है.

    ब्रिटेन में भारतीय व्यक्ति डॉ. साई शिवरेड्डी द्वारा शुरू की गई स्टार्टअप कंपनी नियोबोल्ट ने इस बैटरी का निर्माण किया है.

    इसके लिए 350kW डीसी सुपरफास्ट चार्जर की ज़रूरत होगी.

    इसे इलेक्ट्रिक वाहनों (ईवी) को तेजी से चार्ज करने के प्रयासों में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.

    मौजूदा टेस्ला सुपरचार्जर एक कार की बैटरी को 15-20 मिनट में 80% तक चार्ज कर सकता है.

    विशेषज्ञों का कहना है कि इलेक्ट्रिक वाहनों की मांग बढ़ाने के लिए कथित "रेंज एंग्जायटी" को समाप्त करना ज़रूरी है . साथ ही उन्होंने चार्जिंग इंफ़्रास्ट्रक्चर में सुधार के महत्व पर भी ज़ोर दिया.

    ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय में सतत ऊर्जा इंजीनियरिंग के प्रोफ़ेसर पॉल शियरिंग ने बीबीसी को बताया, "ऐसी तकनीक विकसित करना जो लोगों को अधिक तेजी से कार चार्ज करने में सक्षम बनाए, चार्जिंग का समय कार में ईंधन भरने में लगने वाले समय जितना हो - वास्तव में महत्वपूर्ण है."

    उन्होंने कहा, "लोग फास्ट चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर चाहते हैं. चाहे लोग कोई भी कार इस्तेमाल कर रह हों, वो इसे अधिक तेजी से चार्ज करना चाहता है."

    न्योबोल्ट के सह-संस्थापक डॉ. साई शिवरेड्डी ने बीबीसी को बताया कि वह परिणामों से खुश हैं लेकिन यह परीक्षण आसान नहीं था.

    पहली बार इसका परीक्षण इंडस्ट्री के जानकारों के सामने किया गया है. इस दौरान कई अड़चनें भी सामने आईं. जैसे- हीटवेव, कॉन्सेप्ट कार के कूलिंग सिस्टम में समस्या और एक ऑन-साइट चार्जर शामिल था जो न्योबोल्ट द्वारा नहीं बनाया गया था.

    इन वजहों से कंपनी प्रयोगशाला वाले रिज़ल्ट नहीं दोहरा सकी. प्रयोगशाला में किए गए परीक्षण में कहा गया है कि बैटरी छह मिनट में 0 फ़ीसदी से 100 फ़ीसदी तक चार्ज हो सकती है.

  4. नाइकी के शेयरों की कीमतों में गिरावट जारी रही तो कंपनी को अरबों डॉलर का नुक़सान हो सकता है

    नाइकी

    इमेज स्रोत, Getty Images

    गुरुवार को नाइकी के शेयरों की कीमतों में 12 फ़ीसदी से ज्यादा की गिरावट देखी गई.

    दरअसल नाइकी ने कहा है कि उसे पहली तिमाही के रेवेन्यू में दस फ़ीसदी की गिरावट की उम्मीद है. नाइकी ने बताया है कि उसे ऑन और होका जैसी नई कंपनियों से कड़ी टक्कर मिल रही है.

    ख़बर सामने आने के बाद, गुरुवार को ट्रेडिंग शुरू होने के कुछ घंटों के बाद ही नाइकी के शेयरों की क़ीमतों 12% से ज़्यादा की गिरावट देखी गई.

    अगर शुक्रवार को गिरावट जारी रही तो बाज़ार मूल्य में नाइकी को 15 अरब डॉलर का नुकसान हो सकता है.

    दुनिया की सबसे बड़ी स्पोर्ट्सवेयर कंपनी ने निवेशकों को यह भी बताया कि उसे चीन सहित अंतरराष्ट्रीय बाजारों में कम मांग का सामना करना पड़ रहा है.

    लेकिन नाइकी को उम्मीद है कि नए उत्पादों और पेरिस में होने वाले ओलंपिक खेलों के दौरान मार्केटिंग कैंपेन से कंपनी को उपभोक्ताओं के बीच फिर से गति हासिल करने में मदद मिलेगी.

    सीईओ जॉन डोनाहो ने कहा, "पेरिस ओलंपिक हमें खेल के प्रति अपने नज़रिये को दुनिया तक पहुंचाने में मदद करेगा."

    कंपनी ने 2025 वित्त वर्ष के लिए रेवेन्यू का अनुमान भी कम कर दिया है. कहा गया है कि डीटूसी (डायरेक्ट टू कंज़्यूमर) व्यवसाय में 8% की गिरावट आई है, क्योंकि नाइकी के कुछ ग्राहक अधिक ट्रेंडी अपस्टार्ट ब्रांडों की ओर गए हैं.

  5. लोकसभा स्थगित होने के बाद राहुल गांधी ने नीट के अभ्यर्थियों से क्या कहा

    राहुल गांधी

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, कांग्रेस नेता राहुल गांधी

    शुक्रवार को विपक्ष की नीट पर चर्चा की मांग के बाद लोकसभा को एक दिन के लिए स्थगित कर दिया गया.

    इसके बाद राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर नीट के अभ्यर्थियों के लिए एक वीडियो शेयर किया.

    इस वीडियो में उन्होंने कहा, "यह उन सभी छात्रों के लिए है जिन्होंने नीट की परीक्षा दी है या जो किसी प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे हैं."

    "जहां तक नीट का सवाल है, यह बहुत बड़ा घोटाला है. सभी को पता है कि पेपर लीक किया गया है. लोगों ने इससे हज़ारों करोड़ कमाए हैं."

    "छात्र इससे आहत हुए हैं. जिन छात्रों ने सालों तक पढ़ाई की, उनका सपना था कि मेडिकल क्षेत्र में जाएं. लेकिन छात्रों के सपनों को तोड़ दिया गया."

    उन्होंने कहा, "कल विपक्ष की मीटिंग में मैंने व्यक्तिगत तौर पर इस मुद्दे को उठाया."

    "मैंने कहा कि छात्रों तक यह संदेश पहुंचे कि हम उनका ख़्याल रखते हैं. इसके लिए हमें एक दिन नीट पर बहस करने की ज़रूरत है. सभी विपक्षी पार्टियों ने इसपर सहमति जताई. और हमने तय किया कि शांतिपूर्वक संसद में इस विषय पर पूरे एक दिन चर्चा करेंगे."

    राहुल गांधी ने कहा, "मैंने आज इस मुद्दे को संसद में उठाने की कोशिश की, लेकिन जैसा आपने देखा कि मुझे बोलने नहीं दिया गया. यह ऐसा मामला है जो 2 करोड़ छात्रों को प्रभावित करता है. 7 सालों में 70 बार पेपर लीक किया गया है."

    "स्पष्ट है कि सिस्टम में बहुत बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार है और हम ऐसे आगे नहीं बढ़ सकते. छात्र जल्द इस समस्या का समाधान चाहते हैं. चर्चा के पीछे यह विचार था कि इस मुद्दे का हल निकले."

    उन्होंने कहा, "यह दुखद है कि भारत के प्रधानमंत्री, जिन्हें चर्चा का नेतृत्व करना चाहिए और उनको बताना चाहिए कि वो इस मामले पर क्या करने वाले हैं. लेकिन वह चर्चा नहीं करना चाहते."

  6. झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ज़मानत पर जेल से रिहा हुए

    हेमंत सोरेन

    इमेज स्रोत, ANI

    झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेता हेमंत सोरेन पांच महीने बाद जेल से रिहा हो गए हैं.

    शुक्रवार की शाम करीब चार बजे वो रांची के बिरसा मुंडा जेल से बाहर निकले.

    जेल से बाहर निकलने के बाद उन्होंने हाथ हिलाकर समर्थकों और पार्टी के कार्यकर्ताओं का अभिवादन किया. उनके साथ उनकी पत्नी और वकील भी मौज़ूद थे.

    हेमंत सोरेन को कथित ज़मीन घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में झारखंड हाई कोर्ट से ज़मानत मिली है. जस्टिस रॉन्गॉन मुखोपाध्याय की बेंच ने ये फ़ैसला सुनाया है.

    बीबीसी पत्रकार उमंग पोद्दार के मुताबिक़, हेमंत सोरेन का पक्ष रखने वाले वकील पीयूष चित्रेश ने बताया कि कोर्ट ने 50 हज़ार रुपये के दो मुचलके भरने का भी आदेश दिया है.

    सोरेन को जनवरी में ईडी ने गिरफ्तार किया था.

  7. यूनाइटेड किंगडम: पोर्ट टैलबोट स्थित कारखाने को जल्द बंद कर सकती है टाटा स्टील

    टाटा स्टील प्लांट, पोर्ट टैलबोट, यूके

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, टाटा स्टील प्लांट, पोर्ट टैलबोट, यूके (फ़ाइल फोटो)

    टाटा यूनाइटेड किंगडम के पोर्ट टैलबोट स्थित स्टील प्लांट को जल्द बंद करने की योजना बना रही है.

    टाटा स्टील के कर्मचारियों को बताया गया है कि कंपनी 'ट्रेड यूनियन यूनाइट' की हड़ताल की वजह से 7 जुलाई तक पोर्ट टैलबोट प्लांट के अधिकांश हिस्से में परिचालन बंद करने के लिए कदम उठा रही है.

    कंपनी एक ब्लास्ट फर्नेस को जून के अंत तक और दूसरे को सितंबर तक बंद करने की प्लानिंग कर रही थी.

    लेकिन पोर्ट टैलबोट के कर्मचारियों को बताया गया है कि 8 जुलाई से शुरू होने वाली हड़ताल की वजह से कंपनी अब आश्वस्त नहीं हो सकती है कि सुरक्षित और स्थिर संचालन के लिए उसके पास पर्याप्त संसाधनों की उपलब्धता होगी.

    यूनाइट ने कहा कि "निर्धारित समय से तीन महीने पहले ब्लास्ट फर्नेस को बंद करने या रोकने की ये धमकी नई है. टाटा इससे पहले भी कई धमकियां दे चुका है. इससे उन्हें कोई फर्क नहीं पड़ता."

    वेल्श की सरकार ने कहा कि वह दोनों ब्लास्ट फर्नेस को बंद करने का समर्थन नहीं कर सकती और न ही करेगी.

    पिछले सप्ताह यूनाइट ने घोषणा की थी कि हज़ारों नौकरियों में कटौती की कंपनी की योजना के ख़िलाफ़ करीब 1,500 कर्मचारी 8 जुलाई को अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू करेंगे.

    यूनाइट के राष्ट्रीय प्रमुख ओने कसाब ने कहा, "जब हम 2,800 नौकरियां खोने का सामना कर रहे हैं तो हमारे पास और क्या विकल्प हैं. हमने टाटा से बार-बार कहा है कि आम चुनाव तक इंतजार करे. नई लेबर सरकार बनने तक इंतजार करे."

    जब कंपनी सितंबर के अंत तक पोर्ट टैलबोट में दोनों ब्लास्ट फर्नेस बंद कर देगी तो टाटा स्टील के करीब 2,800 कर्मचारी अपनी नौकरी खो देंगे.

  8. नीट परीक्षा में लीपापोती के आरोप पर शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने क्या कहा

    धर्मेंद्र प्रधान

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान

    शुक्रवार को संसद के दोनों सदनों में विपक्ष के सांसदों ने नीट पर चर्चा की मांग की.

    हंगामे के बीच लोकसभा को एक दिन के लिए स्थगित कर दिया गया है.

    विपक्ष सरकार पर कथित नीट धांधली की जांच में लीपापोती का आरोप लगा रहा है.

    इस विषय पर शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने संसद के बाहर पत्रकारों से बात की.

    शिक्षा मंत्री ने कहा, "जब राष्ट्रपति महोदया ने सरकार के मुखिया के नाते अपनी भाषणों में विषय का उल्लेख किया है तो इसमें लीपापोती किस चीज़ की है."

    "सीबीआई ने अभियुक्तों को पकड़ना शुरू कर दिया है, हम किसी को भी नहीं छोड़ने वाले हैं."

    "एनटीए के जो दायित्व में थे उन्हें हटा कर उच्च अधिकारियों को काम दिया गया है. ये सभी सरकार की प्रतिबद्धता के प्रमाण है. हम लीपापोती की कोई गुंजाइश नहीं रखेंगे."

    उन्होंने कहा कि "मैं विपक्ष से निवेदन करूंगा कि विद्यार्थियों के हित में उनके मन में कोई द्वंद्व नहीं फैलाया जाए. मैं विपक्ष से अपील करना चाहता हूं कि वो भ्रमित न करे."

  9. कांग्रेस का आरोप: नीट पर बोलते हुए लोकसभा और राज्यसभा में बंद किए गए माइक

    कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे(बाएं) और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी(दाएं)

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे(बाएं) और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी(दाएं)

    कांग्रेस पार्टी ने लोकसभा के स्पीकर ओम बिरला और राज्यसभा के सभापति जगदीप धनखड़ पर 'माइक ऑफ़' कर आवाज़ दबाने के आरोप लगाए हैं. लोकसभा में राहुल गांधी और राज्यसभा में कांग्रेस के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे नीट पर चर्चा की मांग कर रहे थे.

    कांग्रेस ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर दोनों सदनों की वीडियो क्लिप भी पोस्ट की है. विपक्ष ने स्पीकर ओम बिरला से सदन में नीट पर चर्चा करवाने की मांग की थी.

    ओम बिरला ने विपक्ष से कहा कि वो राष्ट्रपति के अभिभाषण के दौरान अपनी बात कहें, अभी जो कहेंगे वो रिकॉर्ड में नहीं जाएगा. ओम बिरला पर इसी दौरान पीछे से बोल रहे सांसदों ने माइक बंद करने के आरोप लगाए, जिसके जवाब में बिरला ने कहा कि वो पहले भी कह चुके हैं कि "मैं कोई माइक नहीं बंद करता."

    ओम बिरला ने कहा कि ये पहले ही बताया गया था कि स्थगन प्रस्ताव और शून्यकाल, राष्ट्रपति के अभिभाषण के दौरान नहीं चलेंगे.

    हालांकि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने बोलना शुरू किया और कहा, "हिंदुस्तान के छात्रों को हम साझा संदेश देना चाहते थे विपक्ष और सरकार की तरफ से कि हम इस मुद्दे को ज़रूरी मानते हैं और इसलिए हमने सोचा था कि आज छात्रों का सम्मान करने के लिए हम नीट पर चर्चा करें. अब बात ये है कि दो फोर्सेज़ हैं..."

    कांग्रेस का दावा है कि यह बात पूरी खत्म होती है उनका माइक बंद कर दिया गया.

    लोकसभा की वीडियो क्लिप को कांग्रेस ने ट्वीट किया और लिखा, "जहां एक ओर नरेंद्र मोदी नीट पर कुछ नहीं बोल रहे, उस वक्त विपक्ष के नेता राहुल गांधी जी युवाओं की आवाज़ सदन में उठा रहे है. लेकिन...ऐसे गंभीर मुद्दे पर माइक बंद करने जैसी ओछी हरकत करके युवाओं की आवाज़ को दबाने की साजिश की जा रही है."

    वहीं राज्यसभा में भी कुछ ऐसा ही देखा गया. कांग्रेस के नेता सदन मल्लिकार्जुन खड़गे भी पेपर लीक के मुद्दे पर बात रख रहे थे. सभापति ने कहा कि कुछ भी रिकॉर्ड पर नहीं जाएगा.

    कांग्रेस ने ट्वीट कर कहा, "देश में पेपर लीक से पीड़ित छात्रों की आवाज कांग्रेस अध्यक्ष व राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष ने सदन में उठाई लेकिन उनका 'माइक ऑफ' कर दिया गया. पेपर लीक के मामले पर ये सरकार खुद तो खामोश है ही, लेकिन अब वो पेपर लीक के विरोध में उठने वाली आवाजों को भी दबाना चाहती है."

  10. नीट के मुद्दे पर चर्चा की मांग, लोकसभा और राज्यसभा स्थगित

    नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी

    शुक्रवार को लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही शुरू होते ही स्थगित कर दी गई.

    विपक्ष ने मांग की थी कि देश में चल रहे नीट विवाद को लेकर चर्चा की जाए और एक साझा संदेश देश के छात्रों को दिया जाए.

    राहुल गांधी ने जैसे ही अपनी बात कहनी शुरू की, वैसे ही उनका माइक बंद कर दिया गया, जिसके बाद सदन में शोर होने लगा.

    स्पीकर ओम बिरला से कहा गया कि वो सदन में इस पर चर्चा करवाएं. ओम बिरला ने विपक्ष से कहा कि वो राष्ट्रपति के अभिभाषण के दौरान अपनी बात कहें अभी जो कहेंगे वो रिकॉर्ड में नहीं जाएगा.

    ओम बिरला ने कहा कि ये पहले ही बताया गया था कि स्थगन प्रस्ताव और शून्यकाल, राष्ट्रपति के अभिभाषण के दौरान नहीं चलेंगे.

    हालांकि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने बोलना शुरू किया और कहा, "हिंदुस्तान के छात्रों को हम साझा संदेश देना चाहते थे विपक्ष और सरकार की तरफ से कि हम इस मुद्दे को ज़रूरी मानते हैं और इसलिए हमने सोचा था कि आज छात्रों का सम्मान करने के लिए हम नीट पर चर्चा करें. अब बात ये है कि दो फोर्सेज़ हैं..."

    इतना कहने के बाद ही राहुल का माइक बंद हो गया और शोरगुल के बीच स्पीकर ने केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल को उनकी बात कहने के लिए बुलाया.

    इसके बाद हंगामे के चलते सदन की कार्यवाही स्थगित कर दी गई.

    विपक्ष की मीटिंग में हुआ चर्चा का फैसला: राहुल गांधी

    राहुल गांधी शुक्रवार सुबह संसद पहुंचे थे और परिसर में ही मीडिया से बात की.

    राहुल ने कहा, "कल विपक्ष के नेताओं की बैठक हुई और सर्वसम्मति थी कि आज नीट के मुद्दे पर चर्चा चाहिए. हिंदुस्तान के छात्रों से कहना चाहूंगा कि ये आपका मुद्दा है हमें लगता है इंडिया गठबंधन को लगता है कि आज सबसे ज़रूरी बात आपकी है क्योंकि आप हिंदुस्तान के भविष्य हैं तो हमें लगा कि यहां संसद में चर्चा हो और फिर राष्ट्रपति का भाषण हो."

    "मैं प्रधानमंत्री से निवेदन करता हूं कि ये युवाओं का मुद्दा है और इसपर अच्छे से चर्चा होनी चाहिए, प्यार से चर्चा होनी चाहिए और सम्मानपूर्वक चर्चा होनी चाहिए. हम सम्मानपूर्वक करेंगे, आप भी चर्चा में हिस्सा लीजिए. क्योंकि ये युवाओं का मामला है. घबराए हुए हैं कि क्या होने वाला है नीट में तो संसद से ये संदेश जाना चाहिए कि सरकार और विपक्ष छात्रों की बात करता है."

  11. झारखंड के पूर्व सीएम हेमंत सोरेन को मिली ज़मानत

    झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन

    झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को कथित ज़मीन घोटाला केस में ज़मानत मिल गई है.

    हेमंत सोरेन को कथित ज़मीन घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में झारखंड हाईकोर्ट से ज़मानत मिली है.

    मुख्यमंत्री चंपई सोरेन के निजी सहायक गुरु प्रसाद ने बीबीसी से बात करते हुए हेमंत सोरेन को ज़मानत मिलने की पुष्टि की है.

    जस्टिस रॉन्गॉन मुखोपाध्याय की बेंच ने ये फ़ैसला सुनाया है.

    बीबीसी पत्रकार उमंग पोद्दार के मुताबिक़- हेमंत सोरेन का पक्ष रखने वाले वकील पीयूष चित्रेश ने कहा, ''कोर्ट ने 50 हज़ार रुपये के दो मुचलके भरने का भी आदेश दिया है. हम उन्हें आज ही बाहर लाने की भी कोशिश कर रहे हैं.''

    सोरेन को जनवरी में ईडी ने गिरफ्तार किया था. अब वो क़रीब पांच महीने बाद जेल से बाहर आ सकते हैं.

  12. दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचे केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री, घायलों और मृतकों के लिए मुआवज़े का एलान

    दिल्ली एयरपोर्ट पर केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नाइडू

    इमेज स्रोत, X/@RamMNK

    इमेज कैप्शन, दिल्ली एयरपोर्ट पर केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नाइडू

    शुक्रवार तड़के भारी बारिश के बीच इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट के टर्मिनल-1 की छत की हिस्सा गिर गया. इस घटना में एक शख्स की मौत हो गई है और कुछ लोग घायल भी हुए हैं.

    केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू मौके पर पहुंचे और हालात का जायज़ा लिया.

    मीडिया से बात करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा, "ये ढांचा 2009 में बना था और हमने दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड से भी कहा है कि वो अपनी तरफ से जांच करें. हम सब कुछ इनके ऊपर ही नहीं छोड़ रहे हैं. मंत्रालय की तरफ से डीजीसीए जो सुरक्षा की निगरानी भी करता है, वो भी इस जांच का हिस्सा होंगे और हमें रिपोर्ट देंगे."

    "मंत्रालय की तरफ़ से मैं आपको आश्वासन दिलाता हूं कि इसे गंभीरता से लिया जा रहा है. न सिर्फ ये एयरपोर्ट बल्कि देशभर में हर वो एयरपोर्ट जहां पर ऐसे ढांचे हैं हम उन सबको फिर से देखेंगे और सभी ऐसे एयरपोर्ट्स की जांच करेंगे."

    केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ने दुर्घटना में जान गंवाने वालों और घायलों के लिए मुआवज़े का एलान भी किया. मृतकों के लिए 20 लाख रुपये और घायलों को 3 लाख रुपये देने की घोषणा की गई है.

    दुर्घटना में हुई कैब ड्राइवर की मौत

    दिल्ली एयरपोर्ट पर शुक्रवार सुबह हुए हादसे में कैब ड्राइवर रमेश कुमार की मौत हुई है. बीबीसी संवाददाता दिलनवाज पाशा से कैब के मालिक उम्मेद सिंह से बात की.

    बातचीत में उम्मेद सिंह ने बताया कि रमेश कुमार अपने परिवार के साथ दिल्ली में रह रहे थे. वे घर के अकेले कमाने वाले थे. .

    उम्मेद सिंह ने बताया कि 44 साल के रमेश पिछले तीन महीने से उनकी कैब चला रहे थे. उम्मेद सिंह खुद भी ड्राइवर हैं.

    बीबीसी से बात करते हुए उम्मेद सिंह ने बताया, “सुबह पुलिस ने फोन करके एयरपोर्ट आने के लिए कहा था, लेकिन वहां मुझे गाड़ी के पास तक नहीं पहुंचने दिया गया. बाद में बताया ड्राइवर की मौत हो गई है. मैं उसकी बॉडी नहीं देख पाया.”

    उम्मेद सिंह के मुताबिक, एयरपोर्ट पर करीब दस गाड़ियां छत गिरने से क्षतिग्रस्त हुई है.

  13. टी20 विश्वकप के फ़ाइनल मुकाबले और विराट की फ़ॉर्म पर रोहित शर्मा ने क्या कहा?

    विराट की फ़ॉर्म पर फिर सवाल

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, विराट की फ़ॉर्म पर फिर सवाल

    आईसीसी टी20 विश्वकप के दूसरे सेमीफ़ाइनल मुकाबले में जीतकर टीम इंडिया फ़ाइनल में पहुंच गई है. फ़ाइनल में टीम इंडिया दक्षिण अफ्रीका से भिड़ेगी.

    मैच के बाद रोहित शर्मा ने कई सवालों के जवाब दिए.

    रोहित ने सेमीफ़ाइनल की जीत पर कहा, ''ये जीत काफ़ी संतोषजनक है और एक टीम के तौर पर हमने जीत के लिए काफ़ी मेहनत की है. ये मुकाबला जीतने के लिए भी सभी ने काफ़ी मेहनत की है. हमने स्थिति के हिसाब से अपने आप को ढाला और ये काफ़ी चुनौतीपूर्ण स्थिति थी. अभी तक हमारी सभी जीतों के लिए यही हमारी कहानी रही है, हमने हर स्थिति में अपने आप को ढाला है.''

    रोहित से सवाल पूछा गया कि आपको कब लगा कि ये स्कोर अच्छा खासा है?

    इसके जवाब में रोहित ने कहा, ''पहले हमें लगा था कि 140 या 150 अच्छा रहेगा लेकिन बीच में हमने रन बनाए...मेरी और सूर्या की पार्टनरशिप हुई. फिर हमें लगा कि 25 रन और जोड़े जा सकते हैं.''

    ''मैं अपने दिमाग में एक लक्ष्य निर्धारित कर सकता हूं लेकिन मैं बल्लेबाज़ों को नहीं बताना चाहता...वो सभी खिलाड़ी हैं और मैं चाहता हूं कि वो जाएं और उन्मुक्त होकर खेलें...बगैर ये सोचे कि क्या स्कोर बनना है. बल्लेबाज़ों ने परिस्थिति को अच्छे से समझा और उसके हिसाब से खेला. हमने 170 रन बनाए और मुझे लगता है कि हम काफ़ी अच्छा खेले.''

    विराट की फ़ॉर्म पर फिर सवाल

    विराट कोहली के जल्द आउट होने पर एक बार फिर से रोहित को सवाल का सामना करना पड़ा. हर बार की तरह रोहित एक बार फिर कोहली के बचाव में दिखे.

    रोहित बोले, ''वो एक क्वालिटी प्लेयर हैं और किसी भी खिलाड़ी के साथ ऐसा हो सकता है. हम उनके क्लास को जानते हैं, ऐसे हर बड़े खेल में हम उनके योगदान का महत्व जानते हैं. जब आप 15 सालों से खेल रहे हैं तो फ़ॉर्म कोई समस्या नहीं होती है. वो अच्छी शेप में हैं, अच्छा इरादा भी है. शायद फ़ाइनल के लिए वो अपने आप को बचा रहे हैं.''

    फ़ाइनल मुकाबले पर रोहित बोले कि उनकी टीम काफ़ी शांत है और सब जानते हैं कि ये बड़ा मौका होगा.

    रोहित बोले, '' हम स्थिर और शांत हैं. शांत रहने से बड़े फ़ैसले लेने में मदद मिलती है और इसकी ज़रूरत भी है क्योंकि हमें अच्छे फ़ैसले लेने होंगे.''

  14. दिल्ली के आईजीआई एयरपोर्ट पर टर्मिनल-1 की गिरी छत, 6 घायल

    दिल्ली एयरपोर्ट के टर्मिनल 1 पर गिरे हुए छत का हिस्सा

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, दिल्ली एयरपोर्ट के टर्मिनल 1 पर गिरे हुए छत का हिस्सा

    दिल्ली में शुक्रवार तड़के तेज़ बारिश के दौरान इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के टर्मिनल एक की छत गिर गई.

    समाचार एजेंसी पीटीआई और एएनआई के मुताबिक छत गिरने से 6 लोग घायल हो गए हैं. ये छत गाड़ियों और टैक्सियों पर जा गिरी जिसमें कुछ लोग भी दब गए.

    दिल्ली फ़ायर विभाग को घटना की सूचना दी गई और मौके पर फ़ायर विभाग की चार गाड़ियां रेस्क्यू के लिए पहुंची. छतों की शीट के अलावा सपोर्ट बीम भी गिर गए जिससे लोगों के पिक-अप और ड्रॉप के लिए आईं गाड़ियां दुर्घटनाग्रस्त हो गईं.

    नागरिक उड्डयन मंत्री के राममोहन नायडू ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखे एक पोस्ट में कहा कि वह व्यक्तिगत रूप से स्थिति पर नजर रख रहे हैं और घायलों को अस्पताल भेज दिया गया है.

    दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड के प्रवक्ता ने कहा, "तड़के से हुई तेज़ बारिश के कारण 5 बजे टर्मिनल 1 के पुराने डिपार्चर के बाहर वाले हिस्से पर लगे कैनोपी का हिस्सा गिर गया. कुछ लोगों के घायल होने की खबर है, और सभी पीड़ितों को आपातकालीन सेवाओं की तरफ़ से ज़रूरी मदद और मेडिकल सेवाएं मुहैया करवाई जा रही हैं.''

    ''इस घटना के कारण टर्मिनल 1 से सभी उड़ानों को अस्थायी तौर पर रोक दिया गया है और सुरक्षा कारणों से चेक-इन काउंटर्स को बंद कर दिया गया है.''

    मौसम विभाग ने भी दिल्ली में हुई तेज़ बारिश के बाद जानकारी दी है कि कुछ देर और दिल्ली - एनसीआर इलाकों में तूफ़ान के साथ हल्की से मद्धम बारिश होगी और 20 से 40 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ़्तार से हवाएं चलेंगी.

  15. अर्थव्यवस्था, अफ़ग़ानिस्तान और कोरोना पर क्या बोले बाइडन और ट्रंप?

    ट्रंप और बाइडन

    इमेज स्रोत, Getty Images

    2024 की अमेरिकी प्रेज़िडेंशियल डिबेट में राष्ट्रपति जो बाइडन और पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप आमने सामने थे.

    बहस की शुरुआत अर्थव्यवस्था के मुद्दे से हुई.

    महंगाई की बात आते ही बाइडन ने ट्रंप की तरफ़ बात को घुमा दिया और कहा कि उन्होंने बिगड़ी हुई अर्थव्यवस्था सौंपी थी जिसके जवाब में ट्रंप ने कहा कि उनके शासन के दौरान अमेरिका की 'अर्थव्यवस्था महान' थी.

    बाइडन ने कहा कि "हमें सब कुछ फिर सही करना था." ट्रंप पर कुछ न करने के आरोप लगाए और कई बार 'अव्यवस्था' शब्द का इस्तेमाल किया.

    बाइडन ने कहा कि ट्रंप ने "अमीरों को फायदा पहुंचाया."

    इसके बाद ट्रंप ने कहा कि उन्होंने मतदाताओं के लिए इतिहास में सबसे ज़्यादा टैक्स कटौती की.

    अफ़ग़ानिस्तान और कोरोना पर हुई तीखी बहस

    डिबेट में अफ़ग़ानिस्तान से अमेरिकी सेना के वापस आने और कोरोना महामारी के दौरान सरकार के रवैये पर भी बात हुई.

    अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने कहा कि ट्रंप प्रशासन के दौरान अमेरिकी सेना अफ़ग़ानिस्तान में तब तक लड़ ही रही थी.

    ट्रंप ने कहा कि उनका प्लान एक गरिमा और ताकत के साथ वहां(अफ़ग़ानिस्तान) से बाहर निकलने का था.

    उन्होंने कहा, "जब वो(बाइडन) वहां से निकले तो वो देश के इतिहास के लिए सबसे शर्मनाक पल था."

    कोरोना महामारी को लेकर जो बाइडन ने कहा कि उस वक्त सब कुछ एक कुव्यवस्था में बदल गया था.

    कोरोना मामले पर जवाब देते हुए ट्रंप ने कहा, "हम कोरोना महामारी की चपेट में आ गए और जब ऐसा हुआ तो हमने ज़रूरत के हिसाब से पैसे खर्च किए ताकि हम महामंदी के दौर में न चले जाएं. सब कुछ बेहतरीन था."

  16. टी20 विश्वकप के फ़ाइनल में पहुंचा भारत, इंग्लैंड को 68 रनों से हराया

    टी20 विश्वकप के फ़ाइनल में पहुंचा भारत, इंग्लैंड को 68 रनों से हराया

    इमेज स्रोत, Getty Images

    भारत आईसीसी टी20 विश्वकप के फ़ाइनल में पहुंच चुका है.

    दूसरे सेमीफ़ाइनल मुकाबले में भारत ने इंग्लैंड को 68 रनों से हरा दिया और फ़ाइनल में जगह बना ली.

    रोहित शर्मा, सूर्यकुमार यादव, कुलदीप यादव और अक्षर पटेल ने मैच जितवाने में अहम भूमिका निभाई.

    प्लेयर ऑफ द मैच अक्षर पटेल रहे. अक्षर ने मैच में तीन विकेट लिए और 10 रन बनाए.

    फ़ाइनल में भारत का मुकाबला दक्षिण अफ्रीका से होगा.

  17. बीबीसी हिंदी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है.

    27 जून की बड़ी खबरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.