डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, "रूस-यूक्रेन युद्ध मेरा नहीं है, फिर भी मैं इसे रोकने की कोशिश में हूं"

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रूस और यूक्रेन के बीच चल रही जंग के पीछे पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडन को जिम्मेदार ठहराया है.

सारांश

लाइव कवरेज

अश्वनी पासवान, चंदन कुमार जजवाड़े

  1. अब इस लाइव पेज को विराम देने का वक़्त आ गया है. बीबीसी संवाददाता चंदन कुमार जजवाड़े को दीजिए इजाज़त.

    कल हम बीबीसी लाइव पेज के ज़रिए दिन भर की बड़ी ख़बरों को लेकर फिर हाज़िर होंगे.

    फ़िलहाल, हमारे होम पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  2. डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, "रूस-यूक्रेन युद्ध मेरा नहीं है, फिर भी मैं इसे रोकने की कोशिश में हूं"

    ट्रंप

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, ट्रंप ने रूस-यूक्रेन युद्ध को लेकर पूर्व राष्ट्रपति बाइडन पर आरोप लगाए हैं

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रूस और यूक्रेन के बीच चल रही जंग के पीछे पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडन को जिम्मेदार ठहराया है.

    ट्रंप ने ट्रूथ सोशल पर लिखा है, "रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध मेरा नहीं, बाइडन का है. मेरे कार्यकाल में इस युद्ध को रोकने में कोई परेशानी नहीं हुई थी और हर किसी ने आपके राष्ट्रपति का सम्मान किया."

    उन्होंने कहा है कि उनका इस युद्ध से कुछ लेना देना नहीं है लेकिन वो इस युद्ध को समाप्त करने और मौतों को रोकने के लिए काम कर रहे हैं.

    ट्रंप ने लिखा है, "राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की और कपटी बाइडन ने इस युद्ध के शुरू होने में बहुत बुरी भूमिका निभाई है, इसे शुरू होने से रोकने के कई तरीके थे. लेकिन यह अब हो चुका है. अब हमें इस युद्ध को रोकना है और जल्दी रोकना है."

  3. मुर्शिदाबाद हिंसा के बाद ममता बनर्जी की अपील- क़ानून को हाथ में न लें

    ममता

    इमेज स्रोत, I&CA Department/ANI

    इमेज कैप्शन, ममता बनर्जी ने कहा है कि आंदोलन करना हर किसी का लोकतांत्रिक अधिकार है

    पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने राज्य के मुर्शिदाबाद में हुई हिंसा पर बयान दिया है.

    ममता बनर्जी ने कोलकाता में एक जनसभा में कहा है, "हम एक बार जीते हैं और एक बार मरते हैं तो ये हिंसा क्यों? अनुमति लेकर शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक आंदोलन करने का अधिकार हर किसी को है. लेकिन ए बी सी डी..चाहे जो कोई हो, कृपया दया कर के क़ानून को अपने हाथ में न लें."

    उन्होंने कहा है, "कुछ लोग आपको गुमराह करने की कोशिश करेंगे, लेकिन उन पर ध्यान न दें. परेशानी के समय दिमाग़ को शांत रखें तभी तो असली जीत होगी."

    ममता बनर्जी ने कोलकाता के कालीघाट में स्काईवॉक के उद्घाटन के मौक़े पर यह बात कही है.

  4. ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड ने पश्चिम बंगाल सरकार से की ये मांग

    ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड के जनरल सेक्रेटरी मौलाना फज़लुर रहीम मुजद्दीदी

    इमेज स्रोत, @AIMPLB_Official

    इमेज कैप्शन, ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड के जनरल सेक्रेटरी मौलाना फज़लुर रहीम मुजद्दीदी

    ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड ने पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में वक़्फ़ संशोधन क़ानून 2025 के विरोध में हो रहे प्रदर्शन पर पुलिस द्वारा कथित लाठी चार्ज की निंदा की है.

    ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड के जनरल सेक्रेटरी मौलाना फज़लुर रहीम मुजद्दीदी ने कहा है, "मुर्शिदाबाद में वक़्फ़ संशोधन क़ानून 2025 के विरोध में निकाली गई रैली पर पुलिस की बर्बरता की ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड कड़ी निंदा करती है."

    उन्होंने कहा है, "बोर्ड लोगों से अपील भी करती है कि वक्फ़ संशोधन अधिनियम के ख़िलाफ़ विरोध जरूरी है, लेकिन यह शांतिपूर्ण और कानून के दायरे में किया जाए."

    मौलाना फज़लुर रहीम मुजद्दीदी ने आरोप लगाया है कि मुर्शिदाबाद में जुलूस पर पुलिस की बर्बरता ने जान ले ली है. उन्होंने इस मामले में दोषी अफ़सरों के ख़िलाफ़ सख़्त कार्रवाई की मांग की है.

    पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में वक़्फ़ संशोधन क़ानून के ख़िलाफ़ बीते कुछ दिनों से प्रदर्शन हो रहे थे. यह प्रदर्शन शुक्रवार दोपहर बाद हिंसक हो गया. शनिवार को यह हिंसा ज़्यादा बढ़ गई थी.

    इस हिंसा में अब तक तीन लोगों की मौत भी हो गई है और संपत्ति को भी नुक़सान पहुंचाया गया है.

    उसके बाद से इलाक़े में शांति व्यवस्था बहाल करने के लिए राज्य पुलिस के साथ ही बीएसएफ़ की तैनाती भी बढ़ाई गई है.

    इस बीच सोमवार को मुर्शिदाबाद के हिंसा प्रभावित इलाक़े का बीएसएफ़ के एडीजी रवि गांधी ने भी दौरा किया है.

  5. कासगंज: युवती के साथ बलात्कार के आरोप में पांच लोग गिरफ़्तार, पुलिस ने क्या कहा

    अंकिता शर्मा

    इमेज स्रोत, @kasganjpolice

    इमेज कैप्शन, कासगंज एसपी अंकिता शर्मा ने घटना के बारे में जानकारी दी है

    उत्तर प्रदेश के कासगंज में एक युवती के साथ गैंगरेप के आरोप में पांच लोगों को गिरफ़्तार किया गया है.

    कासगंज की पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने बताया है, "एक युवती अपने मंगेतर के साथ नहर के किनारे बैठी हुई थी. उसके साथ कुछ लोगों ने बलात्कार किया था."

    उन्होंने कहा है, "इस मामले में अब तक पांच लोगों को गिरफ़्तार किया गया है और मामले की जांच अभी जारी है."

    कासगंज एसपी ने बताया है कि युवती अपने मंगेतर के साथ खेत में बैठी थी और उनको अकेला पाकर अभियुक्तों ने युवती का बलात्कार किया गया और मंगेतर से कुछ रुपये भी छीन लिए.

    इस घटना की जांच के लिए कई पुलिस टीमें लगी हैं.

  6. वक़्फ़ संशोधन क़ानून: पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना में पुलिस और प्रदर्शनकारियों में झड़प

    भांगड़

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, भांगड़ में वक़्फ़ संशोधन क़ानून के मुद्दे पर विरोध को शांत करते सुरक्षा बल

    पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना ज़िले के भांगड़ में इंडियन सेक्युलर फ्रंट के कार्यकर्ताओं और स्थानीय पुलिस के बीच झड़प हुई है.

    इस झड़प में कई वाहनों को आग के हवाले कर दिया गया है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई पर एक वीडियो में वाहनों में आगजनी और तोड़फ़ोड़ की घटना के अलावा बड़ी संख्या में सुरक्षाबलों को सड़क पर गश्त लगाते देखा जा सकता है.

    भांगड़ में भी मुस्लिम समुदाय के लोगों ने वक़्फ़ संशोधन क़ानून का विरोध किया है और इसके ख़िलाफ़ प्रदर्शन हुए हैं और स्थानीय प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की.

  7. पूर्व केंद्रीय मंत्री और आरएलजेपी के अध्यक्ष ने की एनडीए से अलग होने की घोषणा

    पारस

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, पशुपति कुमार पारस ने एनडीए छोड़ने की घोषणा की

    पूर्व केंद्रीय मंत्री और राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी के अध्यक्ष पशुपति कुमार पारस ने बीजेपी के नेतृत्व वाले गठबंधन एनडीए को छोड़ने की घोषणा की है.

    पारस ने कहा, "मैं घोषणा करता हूं कि आज तक हम एनडीए का हिस्सा थे, हम एनडीए के साथ थे. आज से अब हम एनडीए के सहयोगी नहीं हैं."

    पशुपति कुमार पारस लोक जनशक्ति पार्टी के नेता रामविलास पासवान के भाई हैं.

    साल 2024 में हुए लोकसभा चुनावों में समझौते के तहत एलजेपी के दूसरे गुट यानी चिराग पासवान की पार्टी एलजेपीआर को बिहार की छह सीटों पर चुनाव लड़ने का मौक़ा मिला था.

    उस वक़्त पशुपति कुमार पारस से उनकी हाजीपुर सीट भी छीनकर उनके भतीजे और रामविलास पासवान के बेटे चिराग पासवान को दे दी गई.

    इसके ठीक एक दिन बाद पारस ने केंद्रीय मंत्री के पद से इस्तीफ़ा दे दिया था और बीजेपी पर अन्याय करने का आरोप लगाया था.

    रामविलास पासवान

    इमेज स्रोत, RLJP

    इमेज कैप्शन, रामविलास पासवान, चिराग पासवान और पशुपति कुमार पारस (फ़ाइल फ़ोटो)

    साल 2019 के लोकसभा चुनावों में जीत के बाद पारस को केंद्र सरकार में मंत्री बनाया गया था.

    पशुपति पारस को भी फ़ूड प्रोसेसिंग मिनिस्ट्री मिली थी, जो पहले रामविलास पासवान के पास भी रही थी.

    साल 2020 में रामविलास पासवान के निधन के बाद उनकी पार्टी के दो गुटों के बीच खींचतान शुरू हो गई थी.

    एक तरफ बॉम्बे की फ़िल्मी दुनिया से राजनीति में आए उनके बेटे चिराग पासवान थे और दूसरी तरफ पशुपति कुमार पारस.

    इस संघर्ष में साल 2021 में रामविलास की लोक जनशक्ति पार्टी दो हिस्सों में टूट गई.

  8. यूरोप के शेयर बाज़ारों में दर्ज की गई है बढ़त, जानिए क्या है वजह

    डैक्स सूचकांक

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, जर्मनी का डैक्स सूचकांक (फ़ाइल फ़ोटो)

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की टेक्नोलॉजी से जुड़े उत्पादों को रेसिप्रोकल टैरिफ़ से छूट देने की घोषणा के बाद यूरोप के शेयर बाज़ारों में बढ़त देखी गई है.

    सोमवार को जर्मनी के डैक्स सूचकांक में 2.5%,

    ब्रिटेन के एफ़टीएसई-100 में 1.8% और

    फ्रांस के सीएसी-40 में 2.22% की बढ़त देखी गई है.

    ट्रंप प्रशासन ने घोषणा की थी कि मोबाइल और कंप्यूटर सहित कई इलेक्ट्रॉनिक उत्पादों को रेसिप्रोकल टैरिफ़ से छूट दी जाएगी. इसमें चीन से आया हुआ सामान भी शामिल होगा.

    अमेरिका ने ये कदम ऐसे समय में उठाया है जब टेक्नोलॉजी कंपनियों ने रेसिप्रोकल टैरिफ़ को लेकर चिंता जताई थी.

    हालांकि ट्रंप ने इस घोषणा के एक दिन बाद कहा है कि चीन में बने स्मार्टफ़ोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान को टैरिफ़ से छूट नहीं दी जाएगी.

    उन्होंने कहा है कि इन चीज़ों को अलग लेवी (टैक्स) की श्रेणी में रखा जाएगा.

    राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा है कि 'सेमीकंडक्टर टैरिफ़' पर उनका प्रशासन आज जानकारी देगा. माना जा रहा है कि इस घोषणा का भी दुनियाभर के बाज़ारों पर असर पड़ सकता है.

    सेमीकंडक्टर आज के दौर में काफ़ी अहम प्रोडक्ट है जिसका इस्तेमाल स्मार्टफ़ोन, लैपटॉप, राउटर्स, स्विच और संचार से जुड़े कई उपकरणों में होता है.

  9. मुर्शिदाबाद हिंसा मामले में कार्रवाई को लेकर एडीजी लॉ एंड ऑर्डर ने ये कहा

    जावेद शमीम

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, पश्चिम बंगाल के एडीजी लॉ एंड ऑर्डर जावेद शमीम

    मुर्शिदाबाद की हिंसा पर पश्चिम बंगाल के एडीजी लॉ एंड ऑर्डर जावेद शमीम ने कहा है कि हिंसा में शामिल सभी लोगों पर सख़्त क़ानूनी कार्रवाई की जाएगी.

    उनका कहना है, "हमने यह सुनिश्चित किया है कि सारी गिरफ़्तारी उचित हो. हम यह सुनिश्चित करने की कोशिश कर रहे हैं कि मामले में जिम्मेदारी और संवेदनशीलता बरती जाए."

    उन्होंने कहा, "हम यह तय करेंगे कि जो कोई भी वहां गया था और अपराध में शामिल था, उस पर क़ानून के अधीन सख़्त से सख़्त कार्रवाई की जाए."

    जावेद शमीम ने कहा है कि मुर्शिदाबाद हिंसा मामले में कोई भी ग़लत गिरफ़्तारी मामले को बिगाड़ सकती है.

    पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में वक़्फ़ संशोधन क़ानून के ख़िलाफ़ बीते कुछ दिनों से प्रदर्शन हो रहे थे. यह प्रदर्शन शुक्रवार दोपहर बाद हिंसक हो गया. शनिवार को यह हिंसा ज़्यादा बढ़ गई थी.

    इस हिंसा में तीन लोगों की मौत भी हो गई है और संपत्ति को भी नुक़सान पहुंचाया गया है.

    उसके बाद से इलाक़े में शांति व्यवस्था बहाल करने के लिए राज्य पुलिस के साथ ही बीएसएफ़ की तैनाती भी बढ़ाई गई है.

    इस बीच सोमवार को मुर्शिदाबाद के हिंसा प्रभावित इलाक़े का बीएसएफ़ के एडीजी रवि गांधी ने भी दौरा किया है.

  10. वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने ट्रंप से कहा, "आएं और यूक्रेन की हालत देख लें"

    वोलोदिमीर ज़लेंस्की

    इमेज स्रोत, Getty Images

    यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को यूक्रेन आने के लिए आमंत्रित किया है. ज़ेलेंस्की ने कहा है कि युद्ध समाप्त करने के लिए रूस के साथ कोई भी समझौता करने से पहले ट्रंप यूक्रेन की यात्रा करें.

    उनका कहना है, "कृपया किसी तरह के फ़ैसले, किसी तरह की बातचीत से पहले यहां आएं और लोगों को देखें, सेना को देखें, हॉस्पिटल, चर्च, तबाह हो चुके या मारे गए बच्चों को देखिए."

    ज़ेलेंस्की ने ये बातें सीबीएस न्यूज़ के '60 मिनट्स' प्रोग्राम में कही हैं.

    यह इंटरव्यू रविवार को यूक्रेन के सुमी शहर पर हुए रूसी मिसाइल हमले के पहले रिकॉर्ड हुआ था. इस हमले में 34 लोगों की मौत हुई थी, जिनमें 2 बच्चे भी शामिल हैं. इसके अलावा 117 लोग घायल भी हुए थे.

  11. मेहुल चोकसी की भारत वापसी की संभावनाओं पर व्हिसलब्लोअर ने क्या कहा?

    मेहुल चोकसी

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, भगोड़े हीरा कारोबारी मेहुल चोकसी को बेल्जियम में गिरफ़्तार किया गया है

    पंजाब नेशनल बैंक में हुए गबन के मामले के व्हिसलब्लोअर हरिप्रसाद एसवी ने कहा कि उन्हें वापस लाना आसान नहीं है.

    उन्होंने कहा, "प्रत्यर्पण कोई आसान काम नहीं है और उनकी जेब भरी हुई है. वो यूरोप में सबसे अच्छे वकीलों को अपनी पैरवी के लिए रखेंगे. जैसा कि विजय माल्या कर रहे हैं. इस वजह से उन्हें वापस लाना भारत के लिए आसान नहीं है."

    भगोड़े हीरा कारोबारी मेहुल चोकसी को बेल्जियम में गिरफ़्तार कर लिया गया है. ऑल इंडिया रेडियो के मुताबिक़, केंद्रीय जांच ब्यूरो यानी सीबीआई के आग्रह पर यह गिरफ़्तारी की गई है.

    हीरा व्यापारी मेहुल चोकसी और उनके भांजे नीरव मोदी पर सरकारी बैंक पंजाब नेशनल बैंक से क़रीब 13,500 करोड़ रुपये के गबन का आरोप है.

    ये भी पढ़ें-

  12. अभी तक बीबीसी संवाददाता अश्वनी पासवान आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे.

    अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता चंदन कुमार जजवाड़े आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगे.

    बीबीसी हिंदी के पन्ने पर लगी कुछ अहम ख़बरें आप नीचे दिए लिंक्स पर क्लिक करके पढ़ सकते हैं.

  13. सलमान ख़ान को फिर मिली धमकी, मामला दर्ज

    सलमान ख़ान

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, पहले भी लॉरेंस बिश्नोई गैंग की तरफ से सलमान ख़ान को कथित तौर पर कई बार धमकियां मिली हैं.

    अभिनेता सलमान ख़ान को मिली धमकी के मामले में वर्ली पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया है.

    बीबीसी मराठी ने मुंबई पुलिस के हवाले से बताया है कि ये मामला आईपीसी के सेक्शन 351(2)(3) के तहत दर्ज किया गया है. आगे की जांच पुलिस कर रही है.

    एक अज्ञात शख्स ने परिवहन विभाग के वर्ली ऑफिस के आधिकारिक नंबर पर व्हॉट्सऐप के जरिए मैसेज कर सलमान ख़ान को मारने की धमकी दी.

    गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई गैंग की तरफ से सलमान ख़ान को कथित तौर पर कई बार धमकियां मिल चुकी हैं.

    ये भी पढ़ें-

  14. मेहुल चोकसी का गिरफ़्तारी के बाद क्या होगा अगला कदम, हीरा कारोबारी के वकील ने बताया

    मेहुल चोकसी

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, मेहुल चोकसी और उनके भांजे नीरव मोदी पर पंजाब नेशनल बैंक से करीब 13,500 करोड़ रुपये के गबन का आरोप है

    भगोड़े हीरा कारोबारी मेहुल चोकसी के बेल्जियम में गिरफ़्तार होने पर उनके वकील विजय अग्रवाल ने प्रतिक्रिया दी है.

    उन्होंने न्यूज़ एजेंसी एएनआई से कहा, "मेहुल चोकसी को बेल्जियम में गिरफ़्तार किया गया है और अभी वो कस्टडी में हैं. इसके ख़िलाफ़ हम अपील दायर करने की प्रक्रिया में हैं."

    मेहुल चोकसी के वकील ने बताया कि हम स्वास्थ्य के आधार पर उन्हें छोड़ने की मांग करेंगे. उनका कैंसर का इलाज चल रहा है.

    हीरा व्यापारी मेहुल चोकसी और उनके भांजे नीरव मोदी पर सरकारी बैंक पंजाब नेशनल बैंक से करीब 13,500 करोड़ रुपये के गबन का आरोप है.

    ये भी पढ़ें-

  15. दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान अक्षर पटेल पर 12 लाख रुपये का जुर्माना क्यों लगा?

    अक्षर पटेल

    इमेज स्रोत, Getty Images

    दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान अक्षर पटेल पर उनकी टीम के मुंबई इंडियंस के ख़िलाफ़ धीमी ओवर गति के लिए 12 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है.

    रविवार को दिल्ली में हुए मैच में मुंबई इंडियंस ने दिल्ली कैपिटल्स को 12 रनों से हरा दिया था.

    मुंबई इंडियंस के 205 रन के जवाब में दिल्ली की टीम 20 ओवर में 193 रन ही बना पाई थी.

    मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पांड्या पर भी पिछले महीने 12 लाख का जुर्माना लगा था.

    आईपीएल 2025 में दिल्ली कैपिटल्स ने अपने पांच मैचों में से चार में जीत दर्ज की है और वो प्वाइंट्स टेबल में दूसरे नंबर पर है.

    वहीं, मुंबई इंडियंस ने छह मैच में से दो मैच में जीत हासिल की है और वो सातवें नंबर पर है.

  16. ट्रंप ने 'सेमीकंडक्टर टैरिफ़' को लेकर अब दी नई जानकारी

    अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप

    इमेज स्रोत, Getty Images

    अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि 'सेमीकंडक्टर टैरिफ़' पर उनका प्रशासन आज जानकारी देगा.

    उन्होंने यह बात एयरफोर्स वन विमान (अमेरिकी राष्ट्रपति का विमान) में मीडिया से कही.

    अमेरिकी वाणिज्य सचिव हॉवर्ड लुटनिक ने भी कहा कि स्मार्टफोन और कंप्यूटर सहित अन्य इलेक्ट्रॉनिक वस्तुओं को रेसिप्रोकल टैरिफ़ से दी गई छूट अस्थायी है.

    लुटनिक ने बताया कि इस तरह के शुल्क एक अलग "सेमीकंडक्टर टैरिफ़" के तहत लगाने की योजना है.

    ट्रंप प्रशासन ने हाल ही में घोषणा की थी कि मोबाइल और कंप्यूटर सहित कई इलेक्ट्रॉनिक उत्पादों को रेसिप्रोकल टैरिफ़ से छूट दी जाएगी. इसमें चीन से आया हुआ सामान भी शामिल होगा.

  17. डॉ. आंबेडकर की जयंती पर पीएम मोदी, सीएम ममता बनर्जी और मायावती ने क्या कहा?

    डॉ. बाबा साहेब आंबेडकर

    इमेज स्रोत, Getty Images

    डॉ. बाबा साहेब आंबेडकर की जयंती पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और बहुजन समाज पार्टी की प्रमुख मायावती ने उन्हें याद किया.

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "सभी देशवासियों की ओर से भारत रत्न पूज्य बाबा साहेब को उनकी जयंती पर कोटि-कोटि नमन.यह उन्हीं की प्रेरणा है कि देश आज सामाजिक न्याय के सपने को साकार करने में समर्पित भाव से जुटा हुआ है. उनके सिद्धांत एवं आदर्श आत्मनिर्भर और विकसित भारत के निर्माण को मजबूती और गति देने वाले हैं."

    वहीं, मायावती ने कई पोस्ट किए. उन्होंने कहा कि देश के समस्त दलितों, आदिवासियों, पिछड़े वर्गों व अन्य उपेक्षितों को भी वास्तव में मिशनरी आंबेडकरवादी बनना होगा.

    पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा, "भारत के संविधान निर्माता डॉ. भीमराव आंबेडकर की जयंती पर उन्हें सादर श्रद्धांजलि."

  18. अमेरिकी वाणिज्य सचिव बोले- स्मार्टफोन और कंप्यूटर पर टैरिफ़ छूट अस्थायी

    अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप

    इमेज स्रोत, Getty Images

    अमेरिकी वाणिज्य सचिव हॉवर्ड लुटनिक ने एबीसी न्यूज़ से रविवार को कहा कि स्मार्टफोन और कंप्यूटर सहित अन्य इलेक्ट्रॉनिक वस्तुओं को रेसिप्रोकल टैरिफ़ से दी गई छूट अस्थायी है.

    लुटनिक ने कहा कि इस तरह के शुल्क एक अलग "सेमीकंडक्टर टैरिफ़" के तहत लगाने की योजना है. इसकी घोषणा बाद में की जाएगी.

    ट्रंप प्रशासन ने हाल ही में घोषणा की थी कि मोबाइल और कंप्यूटर सहित कई इलेक्ट्रॉनिक उत्पादों को रेसिप्रोकल टैरिफ़ से छूट दी जाएगी. इसमें चीन से आया हुआ सामान भी होगा.

    अमेरिका ने ये कदम ऐसे समय में उठाया है जब टेक्नोलॉज़ी कंपनियों ने रेसिप्रोकल टैरिफ़ को लेकर चिंता जताई थी.

  19. 'डियर क्रिकेट, मुझे एक और मौका दो' कहने वाले करुण नायर ने की ऐसी वापसी कि हर तरफ़ है चर्चा

    करुण नायर

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, दिल्ली कैपिटल्स के करुण नायर ने 40 गेंदों में 89 रनों की तूफ़ानी पारी खेली.

    दिल्ली कैपिटल्स की टीम आईपीएल के एक मुक़ाबले में अपने ही घर में मुंबई इंडियंस से रविवार को हार गई, लेकिन करुण नायर जब तक क्रीज़ पर थे तो ऐसा लगा रहा था कि दिल्ली आसानी से मैच जीत जाएगा.

    वैसे करुण नायर के आउट होने पर दिल्ली हार तो गई, लेकिन उनकी 'ज़ोरदार वापसी' की हर जगह चर्चा हो रही है और उनका वो पुराना सोशल मीडिया पोस्ट वायरल हो रहा जिसमें उन्होंने 2022 में लिखा था, "डियर क्रिकेट, मुझे एक और मौका दो."

    करुण नायर को क्रिकेट ने फिर से एक मौका दिया और तीन साल बाद उन्होंने आईपीएल में वापसी की. वापसी के अपने पहले ही मैच में नायर ने मुंबई इंडियंस के ख़िलाफ़ 40 गेंदों में 89 रनों की पारी खेली.

    इस साल के शुरुआत में हुई विजय हज़ारे ट्रॉफी में भी करुण नायर का बल्ला खूब चला था, लेकिन इसके बाद भी उनका चैंपियंस ट्रॉफी के लिए चयन नहीं हुआ था.

    करुण नायर की करियर की शुरुआत कैसी थी?

    करुण नायर ने 2016 में अपने तीसरे टैस्ट मैच में इंग्लैंड के ख़िलाफ़ तिहरा शतक लगाया था.

    लेकिन दो वनडे मैच और छह टेस्ट खेलने के बाद नायर (नायर ने आख़िरी टेस्ट मैच 2017 की शुरुआत में खेला था) टीम से बाहर हो गए.

  20. चीन ने स्मार्टफोन, कंप्यूटर को टैरिफ़ से छूट देने के अमेरिका के फ़ैसले पर क्या कहा?

    चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, चीन और अमेरिका के बीच टैरिफ़ वॉर जारी है

    चीन ने अमेरिका के उस फ़ैसले पर प्रतिक्रिया दी है, जिसमें ट्रंप प्रशासन ने रेसिप्रोकल टैरिफ़ से स्मार्टफोन और कंप्यूटर सहित कई इलेक्ट्रॉनिक उत्पादों को छूट देने की बात कही है. इसमें चीन से आने वाला सामान भी शामिल है.

    चीन के अधिकारियों ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से रेसिप्रोकल टैरिफ़ को 'पूरी तरह से रद्द' करने की बात कही है. ट्रंप के रेसिप्रोकल टैरिफ़ के बाद से दुनिया की दो बड़ी अर्थव्यवस्थाओं के बीच 'टैरिफ़ वॉर' जारी है.

    चीन के वाणिज्य मंत्रालय ने एक बयान में कहा, "हम अमेरिका से आग्रह करते हैं कि वह अपनी गलतियों को सुधारने के लिए एक बड़ा कदम उठाए. रेसिप्रोकल टैरिफ़ जैसी गलत नीति को पूरी तरह रद्द करे और आपसी सम्मान के सही मार्ग पर लौटे."

    ट्रंप प्रशासन ने हाल ही में घोषणा की थी कि मोबाइल और कंप्यूटर सहित कई इलेक्ट्रॉनिक उत्पादों को रेसिप्रोकल टैरिफ़ से छूट दी जाएगी. इसमें चीन से आया हुआ सामान भी होगा.

    हालांकि, अमेरिकी वाणिज्य सचिव हॉवर्ड लुटनिक ने एबीसी न्यूज़ से रविवार को कहा कि ये छूट अस्थायी है.

    अमेरिका के राष्ट्रपति ट्रंप ने दो अप्रैल को भारत सहित दुनिया के कई देशों से आने वाले उत्पादों पर रेसिप्रोकल टैरिफ़ लगाया था.

    ट्रंप ने टैरिफ़ पर चीन को छोड़कर शेष दुनिया के लिए 90 दिनों की अस्थायी राहत की घोषणा की है.

    अमेरिका ने चीन पर टैरिफ़ बढ़ाकर 145% कर दिया था, जबकि अन्य देशों को 90 दिनों की अस्थायी छूट देते हुए रेसिप्रोकल टैरिफ़ को घटाकर समान रूप से 10 फ़ीसदी कर दिया है.

    ये भी पढ़ें-