पहले टी-20 मैच में भारत ने बांग्लादेश को सात विकेट से हराया

भारतीय टीम ने ग्वालियर में खेले गए पहले टी-20 मैच में बांग्लादेश को हराकर जीत दर्ज की.

सारांश

  • इसराइल-हमास संघर्ष का एक साल पूरा
  • पहले टी-20 मैच में भारत ने बांग्लादेश को सात विकेट से हराया
  • दिल्ली के पूर्व सीएम केजरीवाल बोले- महाराष्ट्र और झारखंड के साथ दिल्ली चुनाव करवाए जाएं
  • महिला टी 20 वर्ल्ड कप मैच में भारत ने पाकिस्तान को छह विकेट से हराया
  • यति नरसिंहानंद की पैग़ंबर मोहम्मद पर आपत्तिजनक टिप्पणी, देश के कई इलाक़ों में हुए विरोध प्रदर्शन
  • इसराइल के बस स्टेशन पर हमला, गोलीबारी में एक महिला की मौत

लाइव कवरेज

  1. नमस्कार!

    अब वक़्त हो चला है इस लाइव पेज को विराम देने का.

    हमने इस लाइव पेज के ज़रिए भारत समेत देश दुनिया की अहम ख़बरें आप तक पहुंचाने की कोशिश की. इसके अलावा बीबीसी हिन्दी की वेबसाइट पर भी कुछ ख़ास रिपोर्ट्स छापी गई हैं.

    लेबनान बीते क़रीब दो हफ्ते से इसराइल के निशाने पर है. लेबनान के अंदर इसराइल लगातार हमले कर रहा है. इस देश को कौन चलाता है और देश में हिज़्बुल्लाह कितना ताक़तवर? पूरी खब़र पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज़्ज़ू ने बीबीसी से कहा है कि उनको यह यकीन है कि इस आर्थिक संकट के समय भारत मालदीव की सहायता के लिए आगे आएगा. रविवार से ही मालदीव के राष्ट्रपति की पांच दिवसीय भारत यात्रा शुरू हुई. उन्होंने भारत के साथ हुए विवाद पर क्या कहा? ये जानने के लिए यहां क्लिक करें.

    छत्तीसगढ़ के बनबरस गांव में कथित 'स्टेट बैंक ऑफ इंडिया' की छपोरा शाखा में बहुत से लोग नौकरी करते थे, लेकिन सच्चाई ये है कि वहां असल में कोई बैंक था ही नहीं. एसबीआई की फ़र्ज़ी ब्रांच खोलकर लोगों को नौकरी दी गई थी, सच्चाई कैसे सामने आई. पूरी रिपोर्ट यहां पढ़ें.

    पुणे के येरवडा की झुग्गी-झोपड़ी से लेकर अमेरिका में प्रोफ़ेसर बनने तक का बेहतरीन सफ़र तय करने वाली शैलजा पाइक अब प्रतिष्ठित 'मैकआर्थर' फ़ैलोशिप पाने वाली पहली दलित महिला बन गई हैं. पूरी रिपोर्ट यहां पढ़ें.

    सुबह एक नए लाइव पेज के साथ बीबीसी हिन्दी की टीम आप तक देश, दुनिया की अहम ख़बरों को पहुंचाएगी.

    तब तक बने रहिए बीबीसी हिन्दी के साथ.

    शुभ रात्रि.

  2. पहले टी-20 मैच में भारत ने बांग्लादेश को सात विकेट से हराया

    भारत और बांग्लादेश के बीच खेला गया मैच

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, भारत और बांग्लादेश के बीच ग्वालियर के क्रिकेट स्टेडियम में मैच खेला गया

    भारतीय टीम ने ग्वालियर में खेले गए पहले टी-20 मैच में बांग्लादेश को हराकर जीत दर्ज की.

    भारत ने बांग्लादेश को सात विकेट से हराया.

    मैच में पहले बल्लेबाज़ी करते हुए बांग्लादेश ने भारतीय क्रिकेट टीम के सामने 128 रनों का लक्ष्य रखा था.

    जवाब में भारतीय टीम ने तीन विकेट के नुकसान पर 11.5 ओवर में 132 रन बना लिए.

    भारत की तरफ से संजू सैमसन और सूर्य कुमार यादव ने 29-29 रन बनाए. वहीं हार्दिक पांड्या ने 39 रन बनाए.

    भारत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी का फ़ैसला किया था. बल्लेबाज़ी करने उतरी बांग्लादेश की टीम 19.5 ओवर में 127 रन बनाकर ऑल आउट हो गई.

    बांग्लादेश की तरफ़ से सबसे ज़्यादा 35 रन हसन मिराज़ ने बनाए थे. जबकि नजमुल हुसैन शांतो ने 27 रन बनाए थे.

    भारतीय गेंदबाज़ों में अर्शदीप सिंह और वरुण चक्रवर्ती ने तीन-तीन विकेट लिए.

  3. इसराइल हमास संघर्ष का एक साल पूरा होने से पहले छह अक्तूबर को क्या कुछ हुआ?

    ग़ज़ा के साथ लगी इसराइल की सीमा के पास लोग उसी स्थान पर एकत्रित हो रहे हैं, जहां एक साल पहले नोवा म्यूज़िक फेस्टिवल हुआ था.

    सात अक्तूबर 2023 को यहां हमास के लड़ाकों ने हमला किया था और 364 युवाओं की जान चली गई थी.

    बीते साल यहां म्यूज़िक फेस्टिवल आयोजित हुआ था

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, म्यूज़िक फेस्टिवल में मारे गए लोगों की याद में उसी स्थान पर उनकी तस्वीरें लगाई गईं
    बीते साल यहां म्यूज़िक फेस्टिवल आयोजित हुआ था

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, म्यूज़िक फेस्टिवल के पीड़ितों को लोग श्रद्धांजलि देने पहुंच रहे हैं
    बीते साल यहां म्यूज़िक फेस्टिवल आयोजित हुआ था

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, इसराइली झंडे के साथ पीड़ितों की तस्वीरें लगाई गई हैं

    उत्तरी इसराइल में छह अक्तूबर को लगातार साइरन बजते सुनाई दिए.

    यहां हिज़्बुल्लाह की तरफ से दागे गए रॉकेट्स को रोका गया है. इसराइल डिफेंस फोर्सेज (आईडीएफ़) का कहना है कि उसने उत्तरी इसराइल की तरफ दागे गए 30 रॉकेट रोके हैं.

    दक्षिणी इसराइल के बीरशेबा में एक बस स्टेशन पर हमला हुआ है. इसराइल की पुलिस ने इसे "संदिग्ध आतंकी हमला" बताया.

    यहां हुई गोलीबारी में 25 साल की एक महिला की मौत हो गई है. जबकि दस से अधिक लोग घायल हुए हैं. संदिग्ध हमलावर को पुलिस ने मार दिया है.

    इसराइल में हुई गोलीबारी

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, बंदूकधारी ने दक्षिणी इसराइल में गोलीबारी की थी और अब जांच चल रही है

    इराक में ईरान समर्थित समूह का कहना है कि उसने इसराइल के कब्ज़े वाले गोलान हाईट्स पर तीन टार्गेट को निशाना बनाते हुए ड्रोन हमले किए हैं. इसराइल ने इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है.

    इसराइल का कहना है कि उसकी वायु सेना ने हिज़्बुल्लाह कमांडर खादर अली तवील को मार दिया है.

    बयान में कहा गया है कि खादर दो अन्य हिज़्बुल्लाह नेता मुहम्मद हैदर और हसन नाथिर अल-राइनी के साथ काम करता था. जो इस हफ्ते की शुरुआत में मारे गए थे.

    इसराइली सेना ने तीनों को जनवरी में इसराइल पर हुए एंटी-टैंक मिसाइल हमले के लिए ज़िम्मेदार बताया है.

    इसराइल की सेना ने लेबनान में अपने ऑपरेशन को आगे बढ़ाते हुए कई अन्य इलाकों को भी खाली करने की चेतावनी दे दी है.

    आईडीएफ़ के प्रवक्ता ने दक्षिणी लेबनान के करीब 25 गांवों के लोगों से स्थान खाली करने को कह दिया है.

    इसराइल लगातार लेबनान पर हमले कर रहा है

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, इसराइली सेना ने लेबनान में और इलाके खाली करने को कहा

    ग़ज़ा में हमास संचालित स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि इसराइल ने ग़ज़ा में एक मस्जिद और पूर्व में स्कूल के लिए इस्तेमाल होने वाली इमारत पर हमले किए हैं. इन हमलों में 26 लोगों की मौत हुई है.

    इस पर इसराइली सेना ने कहा कि दोनों ही इमारतों को हमास "कमांड और कंट्रोल सेंटर" के लिए इस्तेमाल कर रहा था.

    लेबनान के प्रधानमंत्री ने सीजफायर के लिए इसराइल पर अंतरराष्ट्रीय दबाव की अपील की है.

    एक बयान में नाजिब मिकाती ने कहा कि उनकी सरकार सीजफायर के संयुक्त आह्वान का समर्थन करती है, जो बीते हफ्ते फ्रांस और अमेरिका ने यूरोपीय और अरब देशों के समर्थन से शुरू किया था.

  4. केजरीवाल बोले- 'दिल्ली के लोगों को छह फ्री की रेवड़ी दे रहा हूं'

    केजरीवाल

    इमेज स्रोत, AAP

    इमेज कैप्शन, अरविंद केजरीवाल

    दिल्ली के पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल ने छह अक्तूबर को 'जनता दरबार' कार्यक्रम में पीएम नरेंद्र मोदी और अमित शाह को घेरा.

    केजरीवाल ने इस दौरान महाराष्ट्र, झारखंड के साथ ही दिल्ली में चुनाव कराए जाने की बात भी कही.

    केजरीवाल ने कहा, ''मैंने आपकी बिजली, पानी फ्री कर दिया. बताओ क्या कसूर किया? दिल्ली की सारी महिलाएं मेरे को भाई मानती हैं, मैंने बहनों के लिए बस किराया मुफ़्त कर दिया. बताओ क्या गलत किया. दिल्ली के बच्चों के लिए अच्छे स्कूलों का इंतज़ाम किया. बताओ क्या गलत किया.''

    अरविंद केजरीवाल ने और क्या कहा

    ''मोदी जी कह रहे हैं कि फ्री की रेवड़ी दे रहा है केजरीवाल. मैं मोदी जी को कहना चाहता हूं कि अगर गरीब के बच्चे को अच्छी शिक्षा देना मुफ्त की रेवड़ी देना है तो हां मैं दे रहा हूं. अच्छी स्वास्थ्य सेवा देना, महंगाई से राहत दिलाना मुफ्त की रेवड़ी देना है तो हां मैं दे रहा हूं.

    आज मैं रेवड़ी का पैकेट लेकर आया हूं. इसमें छह रेवड़ी हैं. आप जब बाहर जाओगे तो आपको ये पैकेट मिलेगा. केजरीवाल ने दिल्ली के लोगों को मुफ़्त की रेवड़ी दी है. इसमें छह मुफ़्त की रेवड़ी हैं.

    ये छह रेवड़ी हैं- मुफ़्त बिजली, मुफ़्त पानी, बुजुर्गों के लिए मुफ़्त तीर्थ यात्रा, महिलाओं के लिए मुफ़्त बस यात्रा, सबके लिए फ्री और शानदार शिक्षा, सबके लिए मुफ़्त इलाज. ये छह रेवड़ी हैं. सातवीं रेवड़ी आने वाली है. हर महिला के अकाउंट में हज़ार-हज़ार रुपये.''

  5. पहले टी-20 मैच में बांग्लादेश ने भारत के सामने रखा 128 रनों का लक्ष्य

    क्रिकेट, बांग्लादेश के खिलाफ भारतीय टीम

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, भारत और बांग्लादेश के बीच खेला जा रहा मैच

    ग्वालियर में खेले जा रहे पहले टी-20 मैच में बांग्लादेश ने भारतीय क्रिकेट टीम के सामने 128 रनों का लक्ष्य रखा है.

    पहले बल्लेबाज़ी करते हुए बांग्लादेश की टीम 19.5 ओवर में 127 रन बनाकर ऑल आउट हो गई

    भारतीय टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी करने का फ़ैसला किया था.

    बांग्लादेश की तरफ से सबसे ज़्यादा 35 रन हसन मिराज़ ने बनाए. हसन के अलावा नजमुल हुसैन शांतो ने भी 27 रन बनाए थे.

    भारत की तरफ से वरुण चक्रवर्ती तीन, अर्शदीप सिंह तीन विकेट लेने में सफल रहे.

    मैच में डेब्यू कर रहे नीतीश कुमार रेड्डी ने भी दो ओवर डाले मगर वो विकेट लेने में सफल नहीं रहे.

    वहीं इसी मैच में डेब्यू कर रहे मयंक यादव एक विकेट लेने में सफल रहे.

    भारत और बांग्लादेश के बीच तीन टी-20 मैचों की सिरीज़ होनी है.

  6. यति नरसिंहानंद के ख़िलाफ हरिद्वार में लगे हिंसक नारे, चार मुक़दमे दर्ज, आसिफ़ अली, देहरादून से बीबीसी के लिए

    गाज़ियाबाद के डासना मंदिर के बाहर मौजूद पुलिस

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, गाज़ियाबाद के डासना मंदिर के बाहर मौजूद पुलिस

    उत्तराखंड के हरिद्वार में यति नरसिंहानंद के ख़िलाफ हुए विरोध प्रदर्शन के दौरान हिंसक नारे लगाए गए. इस मामले में पुलिस ने प्रदर्शनकारियों के ख़िलाफ़ चार मुक़दमे दर्ज किए हैं.

    हरिद्वार पुलिस ने इस मामले में अभियुक्तों पर कार्रवाई शुरू कर दी है.

    गाज़ियाबाद के डासना मंदिर से जुड़े यति नरसिंहानंद ने पैगंबर मोहम्मद को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी. उनका एक वीडियो वायरल हुआ है. इसके बाद से उनके ख़िलाफ देश के अलग-अलग हिस्सों में विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं.

    वहीं इस मामले में ये जानकारी सामने आई कि लक्सर के सुल्तानपुर, ज्वालापुर और रोशनाबाद क्षेत्र में कुछ प्रदर्शनकारियों ने हिंसक नारे लगाए थे.

    जनपद हरिद्वार के एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल के निर्देश पर अलग-अलग थाना कोतवाली में कुल चार मुक़दमे दर्ज किए गए. वीडियो के आधार पर नारे लगाने वालों की पहचान कराई जा रही है.

    वहीं यति नरसिंहानंद के ख़िलाफ गाज़ियाबाद और आंध्र प्रदेश में मुकदमे दर्ज हो चुके हैं.

    शुक्रवार और शनिवार को हरिद्वार ज़िले में भी कई जगहों पर विरोध प्रदर्शन हुए और जुलूस निकाले गए.

    पुलिस के अनुसार- "महंत यति नरसिंहानंद की पैगंबर मोहम्मद पर की गई टिप्पणी के विरोध में जनपद में 4 और 5 अक्तूबर को विभिन्न स्थानों पर किए गए प्रदर्शन के दौरान भड़काऊ शब्दों का प्रयोग करने वालों पर हरिद्वार पुलिस ने कड़ा रुख अपनाते हुए कानूनी कार्रवाई की है."

    एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने बताया, "इस मामले में सुल्तानपुर और बसेड़ी गांव में हुए विरोध प्रदर्शन के दौरान नारे लगाने वालों के ख़िलाफ अलग-अलग दो मुकदमे लक्सर कोतवाली में दर्ज किए गए हैं. जबकि ज्वालापुर कोतवाली और सिडकुल थाने में भी एक-एक मुकदमा दर्ज हुआ है."

  7. इसराइल के बस स्टेशन पर हमला, गोलीबारी में एक महिला की मौत

    इसराइल में हमला हुआ है

    इमेज स्रोत, एमडीए (इसराइल की इमरजेंसी सेवा)

    इमेज कैप्शन, इसराइल में बस स्टेशन पर गोलीबारी हुई है

    इसराइल के एक बस स्टेशन पर हमला हुआ है. गोलीबारी में 25 साल की एक महिला की मौत हो गई जबकि कई लोग घायल हुए हैं.

    पुलिस ने बताया कि दक्षिणी इसराइल के बीरशेबा में एक "संदिग्ध आतंकी हमला" हुआ है.

    इसराइल की एंबुलेंस सेवा का कहना है कि डॉक्टर गोलीबारी में घायल हुए दस लोगों का इलाज कर रहे हैं.

    पुलिस ने कहा कि हमलावर मारा गया है.

    इसराइल में ये हमला ऐसे वक्त पर हुआ है, जब एक दिन बाद यानी 7 अक्तूबर को हमास के इस देश पर हुए हमले को एक साल पूरा हो जाएगा.

    इस हमले के बाद ही इसराइल ने हमास के ख़िलाफ़ ग़ज़ा में हमले करना शुरू किया था. तभी से इसराइल और हमास के बीच जंग जारी है.

  8. महिला टी 20 वर्ल्ड कप: भारत ने पाकिस्तान को छह विकेट से हराया

    जेमिमा रोड्रिग्स

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, जेमिमा रोड्रिग्स

    महिला टी 20 वर्ल्ड कप 2024 के सातवें मैच में भारत ने पाकिस्तानी टीम को छह विकेट से हरा दिया है.

    पाकिस्तान ने टॉस जीत कर पहले बल्लेबाज़ी करने का फ़ैसला किया था. पाकिस्तानी टीम 20 ओवर खत्म होने के बाद आठ विकेट के नुकसान पर महज़ 105 रन ही बना पाई.

    पाकिस्तान के लिए निदा डार ने सबसे ज़्यादा 28 रनों की पारी खेली. वहीं भारत के लिए अरुंधति रेड्डी ने सबसे ज़्यादा तीन विकेट लिए.

    106 रन बनाने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत भी अच्छी नहीं रही. केवल 18 रन के कुल स्कोर पर ही भारतीय टीम का पहला विकेट गिर गया था.

    ओपनर स्मृति मंधाना केवल आठ रन ही बना सकीं और सादिया इक़बाल का शिकार बनीं.

    भारत के लिए सबसे ज़्यादा 32 रन शेफाली वर्मा ने बनाए. टीम जब जीत से दो रन दूर थी, तब कप्तान हरमनप्रीत कौर 29 रन बनाकर रिटायर हर्ट हो गईं.

    क्रिकेट
  9. टी-20 मैच: भारत ने जीता टॉस, बांग्लादेश के ख़िलाफ़ पहले गेंदबाज़ी का फ़ैसला

    सूर्यकुमार यादव

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, भारतीय टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव

    भारत और बांग्लादेश के बीच पहला टी-20 मैच आज शाम सात बजे से मध्य प्रदेश के ग्वालियर में खेला जाना है.

    मैच में टॉस जीतकर भारत ने पहले गेंदबाज़ी करने का फ़ैसला किया है.

    मैच में भारत की तरफ से मयंक यादव और नीतीश कुमार रेड्डी अपना डेब्यू करेंगे.

    दोनों देशों के बीच तीन टी-20 मैचों की सिरीज़ होनी है.

    भारत दौरे पर आई बांग्लादेश के साथ टेस्ट सीरीज़ को भारत पहले ही 2-0 से जीत चुका है. इस टेस्ट सीरीज़ का पहला मैच चेन्नई में खेला गया था, जिसमें भारत ने 280 रनों से जीत दर्ज की थी.

    वहीं दूसरा टेस्ट मैच कानपुर में खेला गया था. जिसे भारतीय टीम ने सात विकेट से जीता था.

    हालांकि भारत से पहले बांग्लादेश ने पाकिस्तान का दौरा भी किया था. जहां पर उसने मेज़बान टीम को टेस्ट सीरीज़ में क्लीन स्वीप भी किया था.

  10. उत्तराखंड की पहाड़ियों पर लापता हुई विदेशी महिलाओं को बचाया गया, आसिफ़ अली, देहरादून से बीबीसी के लिए

    रेस्क्यू कर बचाई गईं विदेशी महिलाएं

    इमेज स्रोत, Asif Ali

    इमेज कैप्शन, रेस्क्यू कर बचाई गईं विदेशी महिलाएं

    उत्तराखंड के माउंट चौखंबा पहाड़ पर फँसी दो विदेशी महिलाओं का रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा हो गया है.

    इनमें से एक महिला ब्रिटेन की रहने वाली थीं, वहीं दूसरी महिला अमेरिका की थीं.

    इन महिलाओं को सुरक्षित निकालने के लिए भारतीय वायु सेना और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) ने एक संयुक्त ऑपरेशन चलाया.

    दोनों विदेशी महिलाएं चौखंबा-थ्री पर ट्रैकिंग के दौरान लापता हुई थीं.

    महिला पर्वतारोहियों को बचाव अभियान के तीसरे दिन छह अक्तूबर को सुरक्षित रेस्क्यू कर जोशीमठ लाया गया.

    अधिकारियों ने कहा कि इस संबंध में गृह मंत्रालय से संपर्क कर आगे की कार्रवाई की जा रही है.

    अमेरिका की रहने वाली मिशेल थेरेसा डवोराक और ब्रिटेन की रहने वाली फाव जेन मैनर्स उत्तराखंड के जनपद चमोली के माउंट चौखंबा-थ्री पर ट्रैकिंग के लिए गई थीं.

    लेकिन मौसम खराब होने की वजह से क़रीब 6015 मीटर की ऊंचाई पर फंस गई थीं.

    मामले की जानकारी देते हुए आईएमएफ के डायरेक्टर ने बीबीसी को बताया कि फ्रेंच दल ने उन्हें महिलाओं के बारे में सूचना दी थी. इसके बाद बचाव दल को महिलाओं का रेस्क्यू करने के लिए भेजा गया.

  11. महिला टी 20 वर्ल्डकप: पाकिस्तान की टीम ने भारत के सामने रखा 106 रनों का लक्ष्य

    पाकिस्तान की कप्तान फ़ातिमा सना

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, पाकिस्तान की कप्तान फ़ातिमा सना

    महिला टी 20 वर्ल्ड कप 2024 के सातवें मैच में भारत ने पाकिस्तानी टीम को 20 ओवरों में आठ विकेट लेकर महज़ 105 रन के स्कोर पर रोक दिया है.

    मैच में टॉस जीतकर पाकिस्तानी कप्तान फ़ातिमा सना ने पहले बैटिंग करने का फ़ैसला किया.

    हालांकि श्रीलंका को हराकर इस टूर्नामेंट में अपना दूसरा मुक़ाबला खेलने उतरी पाकिस्तानी टीम अच्छी शुरुआत करने में नाकाम रही.

    केवल छह रन पर ही पाकिस्तान ने अपना पहला विकेट खोया. इसके बाद टीम के विकेट गिरते ही रहे.

    पाकिस्तान के लिए निदा डार ने सबसे ज़्यादा 28 रनों की पारी खेली.

    वहीं भारत के लिए अरुंधति रेड्डी ने सबसे ज़्यादा तीन विकेट लिए. भारतीय टीम ने अपना पहला मुक़ाबला न्यूज़ीलैंड के ख़िलाफ़ खेला था, जिसमें उसे हार का सामना करना पड़ा था.

  12. इसराइली सेना ने जारी किया दक्षिणी लेबनान के गांवों को खाली करने का अलर्ट

    इसराइली सेना की सैनिक

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, इसराइली सेना की सैनिक

    इसराइली सेना ने लेबनान के कुछ गांवों के लोगों के लिए एक नया अलर्ट और ऑर्डर जारी किया है.

    इसराइली सेना लेबनान के दक्षिणी हिस्से में एक ऑपरेशन चलाने की तैयारी कर रही है. इसी के मद्देनज़र इसराइली सेना ने इस इलाक़े को खाली करने के लिए कहा है.

    इसराइल डिफ़ेंस फ़ोर्स के प्रवक्ता अविचाई अद्राई ने लेबनान के दक्षिणी हिस्से में स्थित लगभग 25 गांवों को खाली करने का अलर्ट दिया है.

    उन्होंने कहा, ''हिज़्बुल्लाह सदस्यों, हथियारों या उस संगठन से नज़दीकी रखने वाले अपनी जान को ख़तरे में डाल रहे हैं.''

    अविचाई अद्राई ने इन गांवों के लोगों से कहा, ''अपने घरों को खाली कर दें और तुरंत ही अवेल नदी के उत्तरी इलाक़े की तरफ़ चले जाएं. हम आपको अपने घरों की ओर लौटने का उचित समय ज़रूर बताएंगे.''

  13. महिला टी-20 वर्ल्ड कप में भारत बनाम पाकिस्तान: 11 ओवर का हाल जानिए

    हरमनप्रीत कौर और फ़तिमा सना

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, हरमनप्रीत कौर और फ़तिमा सना

    महिला टी-20 वर्ल्ड कप में भारतीय टीम अपना दूसरा मैच पाकिस्तान के ख़िलाफ़ खेल रही है.

    इस मैच में अभी तक 11 ओवरों का खेल पूरा हो चुका है और पाकिस्तानी टीम की हालत बेहद ख़राब नज़र आ रही है.

    पाकिस्तानी टीम ने अपने पांच विकेट खो दिए हैं और उसने महज़ 52 रन ही बनाए हैं.

    पाकिस्तान ने विकेटकीपर और ओपनर मुबीना अली (17 रन), गुल फ़ेरोज़ा (शून्य), सिदारा अमीन (आठ रन) और ओमिमा सोहल (तीन रन) के विकेट गंवाए हैं.

    फिलहाल क्रीज़ पर निदा डार और आलिया रियाज़ मौजूद हैं.

    भारत के लिए रेणुका सिंह, दीप्ती शर्मा, अरुंधति रेड्डी और श्रेयांका पाटिल ने एक-एक विकेट चटकाए हैं.

  14. ग़ज़ा की मस्जिद पर इसराइली हवाई हमले में 26 लोगों की मौत

    ग़ज़ा की मस्जिद

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, ग़ज़ा की मस्जिद

    ग़ज़ा में हमास के स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा है कि एक मस्जिद और स्कूल पर किए गए ताज़ा इसराइली हमले में 26 लोगों की मौत हुई है.

    इस मस्जिद और स्कूल में युद्ध के कारण बेघर हुए लोग रह रहे थे.

    इस हमले में कई लोग घायल भी हुए हैं.

    स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक़, इसराइल ने यह हवाई हमला रविवार को अल-बलाह स्थित इब्न रुश्द स्कूल और अल-अक्सा शहीद मस्जिद पर किया था.

    इसराइली सेना ने कहा है कि उसने अपने हमले में कमांड और कंट्रोल के इलाक़ों में सक्रिय हमास लड़ाकों को निशाना बनाया.

    बीबीसी के वेरिफाई किए गए वीडियो में भी मस्जिद के अंदर लाशों और बिखरे हुए खून को साफ तौर पर देखा जा सकता है. वहीं स्कूल के वीडियो में इमारत में लगी हुई आग और स्ट्रेचर पर एक व्यक्ति को ले जाते हुए देखा जा सकता है.

    इससे पहले समाचार एजेंसी एएफ़पी के मुताबिक़- हमास की सिविल डिफ़ेंस एजेंसी ने 21 लोगों के मारे जाने की जानकारी दी थी. लेकिन उन्होंने और भी मौतों की आशंका जताई थी.

    सात अक्तूबर को इसराइल और हमास की लड़ाई के एक साल भी पूरा होने जा रहा है.

  15. मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज़्ज़ू ने भारत दौरे से पहले बीबीसी से क्या कहा

    मोहम्मद मुइज़्ज़ू (फ़ाइल फ़ोटो)

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, मोहम्मद मुइज़्ज़ू (फ़ाइल फ़ोटो)

    मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज़्ज़ू ने बीबीसी से कहा है कि उनको यह यकीन है कि इस आर्थिक संकट के समय भारत मालदीव की सहायता के लिए आगे आएगा.

    रविवार से ही मालदीव के राष्ट्रपति की पांच दिवसीय भारत यात्रा शुरू हो रही है. माना जा रहा है कि मुइज़्ज़ू भारत से मदद मांग सकते हैं.

    मालदीव इन दिनों भारी आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है. मालदीव पर भारी कर्ज़ है और उसका विदेशी मुद्रा भंडार भी गिरकर 440 मिलियन डॉलर पर आ गया है.

    अपनी भारत यात्रा से पहले मुइज़्ज़ू ने बीबीसी को ईमेल के ज़रिए इंटरव्यू दिया.

    मुइज़्ज़ू ने उम्मीद जताते हुए कहा, “भारत विकास में हमारे सबसे बड़े भागीदारों में से एक है और वह हमारी स्थिति से पूरी तरह से वाकिफ़ है. हमें उम्मीद है कि हमारे सामने आने वाली चुनौतियों के लिए बेहतर विकल्प और समाधान खोजने के लिए भारत हमेशा तैयार रहेगा.”

    पिछले कुछ वक़्त पहले तक भारत और मालदीव के रिश्तों में तल्ख़ी देखी जा रही थी.

    'इंडिया आउट' का नारा मोहम्मद मुइज़्ज़ू के चुनावी प्रचार का हिस्सा रहा था.

    मालदीव के राष्ट्रपति ने इस अभियान के बारे में सीधे तौर पर कुछ नहीं कहा. मगर वो बोले कि किसी भी विवाद को आपसी बातचीत के ज़रिए सुलझाया जा सकता है.

  16. महिला टी-20 वर्ल्ड कप: पाकिस्तान ने जीता टॉस, भारत के ख़िलाफ़ पहले बल्लेबाज़ी का फ़ैसला

    भारतीय टीम की कप्तान और पाकिस्तानी टीम की कप्तान

    इमेज स्रोत, Getty Images

    महिला टी-20 क्रिकेट वर्ल्ड कप 2024 टूर्नामेंट का सातवां मुक़ाबला भारत और पाकिस्तान के बीच आज खेला जाएगा.

    यह मैच दुबई के 'दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम' में भारतीय समयनुसार दोपहर के साढ़े तीन बजे से शुरू होगा.

    पाकिस्तान की कप्तान फातिमा सना ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी का फ़ैसला किया है. यानी भारतीय टीम पहले गेंदबाज़ी करेगी.

    इस टूर्नामेंट में भारतीय टीम की शुरुआत हार के साथ हुई. भारतीय टीम ने अपना पहला मैच न्यूज़ीलैंड के ख़िलाफ़ दुबई में ही खेला था. इस मैच में भारतीय टीम को 58 रनों से हार का सामना करना पड़ा था.

    पहले मैच में कीवी टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी करते हुए 20 ओवरों में 160 रनों का स्कोर खड़ा किया था. लेकिन लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम केवल 102 रनों पर ही ऑल आउट हो गई.

    वहीं इस टूर्नामेंट में पाकिस्तानी टीम ने अपने अभियान की शुरुआत जीत के साथ की थी. पाकिस्तान ने अपना पहला मुक़ाबला श्रीलंका के ख़िलाफ़ खेला था.

    पाकिस्तानी कप्तान फ़ातिमा सना ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी करने का फ़ैसला किया था. हालांकि पाकिस्तानी टीम की बल्लेबाज़ी कुछ ख़ास नहीं रही और वह केवल 116 रन ही बना पाई.

    लेकिन टीम ने अपनी ख़राब बल्लेबाज़ी का जवाब अपनी शानदार गेंदबाज़ी से दिया और श्रीलंका को 85 रनों के स्कोर पर ही ऑल आउट कर दिया.

    प्वाइंट्स टेबल की बात करें तो भारत और पाकिस्तान दोनों ही टीमें ग्रुप ए का हिस्सा हैं. ग्रुप ए में जहां भारत आखिरी यानी पांचवे नंबर पर है तो वहीं पाकिस्तान की टीम तीसरे स्थान पर है.

  17. ICC Women's T20 World Cup: भारत बनाम पाकिस्तान
    इमेज कैप्शन, ICC Women's T20 World Cup: भारत बनाम पाकिस्तान
  18. सोनम वांगचुक दिल्ली के जंतर मंतर पर नहीं कर पाएंगे विरोध प्रदर्शन

    सोनम वांगचुक (फ़ाइल फ़ोटो)

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, सोनम वांगचुक (फ़ाइल फ़ोटो)

    पर्यावरण कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने दिल्ली में प्रदर्शन की इजाज़त ना मिलने पर निराशा जताई है.

    उन्होंने एक्स पोस्ट के ज़रिए अपनी निराशा ज़ाहिर की है. सोनम वांगचुक ने लिखा, “एक और मनाही एक और निराशा.”

    उन्होंने लिखा, आख़िरकार इस सुबह हमें विरोध प्रदर्शन के लिए आधिकारिक तौर से तय जगह को देने के लिए मना कर दिया गया.

    अगर हमें जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने की मंज़ूरी नहीं है तो फ़िर हम किस स्थान पर प्रदर्शन करने की मंज़ूरी है?

    सोनम ने लिखा कि हम क़ानून का पालन करते हुए शांतिपूर्ण तरीके से अपनी शिकायत दर्ज़ कराना चाहते हैं.

    इससे पहले सोनम वांगचुक लद्दाख को पूर्ण राज्य का दर्ज़ा देने और संविधान की छठी अनुसूची में शामिल करने की मांग को लेकर अपनी पैदल यात्रा के तहत बीते सोमवार को देर रात दिल्ली के सिंघु बॉर्डर पहुंचे थे.

    लेह से एक सितंबर को शुरू हुई ये यात्रा क़रीब एक हज़ार किलोमीटर लंबी है. हालांकि सिंघु बॉर्डर पर दिल्ली पुलिस ने सोनम वांगचुक को रोक दिया था और बाद में उनको हिरासत में भी ले लिया था.

  19. हरियाणा विधानसभा चुनाव के एग्ज़िट पोल पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा ने क्या कहा

    भूपेंद्र हुड्डा (फ़ाइल फ़ोटो)

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, भूपेंद्र हुड्डा (फ़ाइल फ़ोटो)

    हरियाणा और जम्मू कश्मीर में हुए विधानसभा चुनावों के मतदान के नतीजे आठ अक्तूबर को आने वाले हैं.

    हालांकि उससे पहले एग्ज़िट पोल में जैसे नतीजों के अनुमान लगाए गए हैं उसमें कांग्रेस हरियाणा में सरकार बनाती हुई दिख रही है.

    एग्ज़िट पोल के बाद हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता भूपेंद्र हुड्डा ने कहा, “सबसे पहले मैं हरियाणा के सभी मतदाताओं को धन्यवाद देता हूं और आभार व्यक्त करता हूं. एग्जिट पोल को आए हुए एक ही दिन हुआ है लेकिन मैं पहले से कह रहा हूं कि हरियाणा में कांग्रेस ही सरकार बनाएगी.”

    हुड्डा ने कहा कि हरियाणा की जनता ने कांग्रेस सरकार की सफलताएं और बीजेपी की असफलताओं दोनों को ही देखा है.

    वहीं एग्ज़िट पोल पर भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुणचुघ ने कहा, “दोनों ही राज्यों (जम्मू कश्मीर और हरियाणा) में भाजपा पूर्ण बहुमत से सरकार बनाएगी. जनता का आशीर्वाद हमें मिलेगा. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जिस तरह काम किया है जनता भाजपा को वोट दे रही है और आठ तारीख़ को नतीजे सामने आएंगे. भ्रष्टाचारी, परिवारवादी और लूट-खसोट करने वाले हारेंगे.”

    जम्मू कश्मीर के एग्जिट पोल क्या कहते हैं?

    जम्मू कश्मीर के विधानसभा चुनाव के एग्ज़िट पोल में मिले-जुले नतीजे देखने को मिले हैं. जहां लगभग सभी एग्ज़िट पोल में कश्मीर के इलाक़े में कांग्रेस और नेशनल कॉन्फ़्रेंस को ज़्यादा सीटें मिलती दिखाई दे रही हैं.

    वहीं जम्मू के इलाक़े में बीजेपी को बढ़त मिलती दिख रही है.

  20. लेबनान पर इसराइल की बमबारी, रात भर कैसे रहे हालात

    लेबनान पर इसराइली की बमबारी

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, लेबनान पर इसराइली की बमबारी

    लेबनान पर इसराइल की बमबारी लगातार जारी है. शनिवार की देर रात तक भी इसराइली सेना ने लेबनान पर बमबारी जारी रखी.

    शनिवार की देर रात को इसराइल ने लेबनान की राजधानी बेरूत के दक्षिणी इलाक़ों में तीस से भी ज़्यादा हवाई हमले किए.

    बेरूत के दक्षिणी इलाक़ों में हिज़्बुल्लाह की मज़बूत उपस्थिति मानी जाती है. इन हवाई हमलों के दौरान बेरूत के कई इलाक़ों में आग की लपटें और धुएं के विशाल गुबारों को उठते हुए देखा गया.

    वहीं कई सारे वीडियो में लगातार हो रहे धमाकों की वजह से बेरूत में लोग इधर से उधर भागते हुए भी देखे जा सकते थे.

    बीबीसी के संवाददाता के मुताबिक़, इसराइल ने पेट्रोल स्टेशनों या लेबनान के हथियारों के ठिकानों पर हमला किया है.

    वहीं इसराइल डिफ़ेंस फ़ोर्स (आईडीएफ़) का कहना है, हिज़्बुल्लाह ने इसराइली शहर किर्यात शमोना को निशाना बनाते हुए 30 रॉकेट दागे हैं. हालांकि ज़्यादातर इलाक़े को खाली करा दिया गया है.

    जबकि हिज़्बुल्लाह का कहना है कि इसराइली सेना लेबनान के एक गांव में घुसपैठ करने की कोशिश कर रही थी, जिसे बाद में उन्होंने खदेड़ दिया.

    हाल ही में हिज़्बुल्लाह के नेता हसन नसरल्लाह की एक हमले में मौत के बाद ईरान ने भी इसराइल पर कई सारे रॉकेट दागे थे.

    वहीं यमन में इसराइल ने हूती विद्रोहियों पर भी बमबारी की है.