कथित शराब घोटाले में गिरफ़्तार छत्तीसगढ़ के पूर्व सीएम भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल की न्यायिक हिरासत को 14 दिनों के लिए बढ़ा दिया गया है.
केंद्रीय संचार मंत्रालय ने शनिवार को बताया कि अमेरिका के लिए डाक सेवाएं अस्थायी रूप से निलंबित कर दी गई हैं.
शिवसेना (उद्धव ठाकरे गुट) के नेता संजय राउत ने प्रधानमंत्री मोदी को चिट्ठी लिखकर एशिया कप में भारत-पाकिस्तान क्रिकेट मैच कराने के फै़सले का विरोध किया है.
लाइव कवरेज
आनंद मणि त्रिपाठी और सुरभि गुप्ता
अब इस लाइव पेज को विराम देने का वक़्त आ गया है. बीबीसी संवाददाता सुरभि गुप्ता को दीजिए इजाज़त.
कल हम बीबीसी लाइव पेज के ज़रिए दिन भर की बड़ी ख़बरों को लेकर फिर हाज़िर होंगे.
फ़िलहाल, हमारे होम पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.
श्रीलंका के पूर्व राष्ट्रपति रानिल विक्रमसिंघे गिरफ़्तारी के अगले दिन आईसीयू में भर्ती
इमेज स्रोत, ISHARA S. KODIKARA/AFP via Getty Images
इमेज कैप्शन, श्रीलंका के पूर्व राष्ट्रपति रानिल विक्रमसिंघे पर सरकारी धन के दुरुपयोग का आरोप है
श्रीलंका के पूर्व राष्ट्रपति रानिल विक्रमसिंघे को डिहाइड्रेशन की समस्या के बाद अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया है.
उन्हें शुक्रवार को सरकारी धन का दुरुपयोग करने के आरोप में गिरफ़्तार किया गया था.
उनकी ज़मानत याचिका ख़ारिज कर दी गई है. विक्रमसिंघे की ज़मानत याचिका पर हुई सुनवाई में उनके वकीलों ने बताया कि वह गंभीर हार्ट कंडिशन, डायबिटीज़ और हाई ब्लड प्रेशर की समस्या से जूझ रहे हैं.
ज़मानत याचिका ख़ारिज होने के बाद उन्हें पहले जेल अस्पताल ले जाया गया, फिर राजधानी कोलंबो के एक अस्पताल और उसके बाद आईसीयू में शिफ़्ट किया गया.
विक्रमसिंघे पर आरोप है कि साल 2023 में क्यूबा में जी77 सम्मेलन से लौटते हुए वो सरकारी खर्च पर अपने निजी काम से अपनी पत्नी के साथ लंदन में रुके थे.
उन्होंने खुद पर लगे आरोपों से इनकार किया है और कहा है कि लंदन में उन्होंने कई बैठकों में शिरकत की थी.
वहीं विक्रमसिंघे की यूनाइटेड नेशनल पार्टी (यूएनपी) का आरोप है कि मौजूदा सरकार ने उन्हें इसलिए जेल भेजा क्योंकि उन्हें डर है कि वह दोबारा सत्ता में लौट सकते हैं.
अमेरिकी रक्षा मंत्री ने डिफ़ेंस इंटेलिजेंस एजेंसी के प्रमुख को पद से हटाया
इमेज स्रोत, Reuters
इमेज कैप्शन, लेफ्टिनेंट जनरल जेफ़री क्रूज़ को डीआईए के चीफ़ पद से हटाया गया
अमेरिकी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक़, रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने अमेरिका की डिफ़ेंस इंटेलिजेंस एजेंसी (डीआईए) के प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल जेफ़री क्रूज़ को पद से हटा दिया है.
दो अन्य वरिष्ठ सैन्य कमांडरों को भी उनके पद से हटाया गया है. रक्षा विभाग ने इन बर्खास्तगियों पर अभी तक कोई स्पष्टीकरण नहीं दिया है.
जून में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने डीआईए की एक लीक हुई रिपोर्ट पर कड़ी प्रतिक्रिया दी थी.
उस रिपोर्ट में कहा गया था कि ईरान पर किए गए हमले से उसका परमाणु कार्यक्रम नष्ट नहीं हुआ है, बल्कि इन हमलों से ईरान का परमाणु कार्यक्रम केवल कुछ महीनों पीछे हो गया है.
वहीं व्हाइट हाउस ने डीआईए के इस आकलन 'पूरी तरह से ग़लत' बताया था.
अगले 15 सालों में 100 से ज़्यादा सैटेलाइट लॉन्च करेगा भारत: जितेंद्र सिंह
इमेज स्रोत, X/@DrJitendraSingh
इमेज कैप्शन, राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस समारोह में जितेंद्र सिंह ने अगले 15 सालों के लिए अंतरिक्ष अनुसंधान के क्षेत्र का रोडमैप जारी किया
विज्ञान और प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) जितेंद्र सिंह ने शनिवार को कहा कि भारत अगले 15 साल में 100 से ज़्यादा सैटेलाइट लॉन्च करने की योजना बना रहा है.
इसमें सरकार के टेक्नोलॉजी मिशन और प्राइवेट सेक्टर के ऑपरेशनल मिशन दोनों शामिल होंगे.
जितेंद्र सिंह ने दूसरे राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस समारोह के दौरान अगले 15 सालों के लिए अंतरिक्ष अनुसंधान के क्षेत्र भारत का रोडमैप भी जारी किया.
इस मौके़ पर भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के अध्यक्ष वी नारायणन, इंडियन नेशनल स्पेस प्रमोशन एंड ऑथराइजेशन सेंटर के चेयरमैन पवन गोयनका और गगनयान मिशन के लिए चुने गए चार अंतरिक्ष यात्री मौजूद थे.
जितेंद्र सिंह ने कहा कि यह रोडमैप भारत की अंतरिक्ष यात्रा को 2040 तक और उससे आगे तक दिशा देगा.
मंत्रियों को पद से हटाने वाले प्रस्तावित बिल पर क्या बोले कांग्रेस अध्यक्ष
इमेज स्रोत, Getty Images
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने आरोप लगाया है कि मोदी सरकार 130वें संविधान संशोधन बिल का इस्तेमाल उप राष्ट्रपति चुनाव में करेगी.
उन्होंने कहा कि ये बिल विपक्ष को टारगेट करने के लिए लाया जा रहा है.
130वें संविधान संशोधन बिल में भ्रष्टाचार या गंभीर अपराध के मामले में कम से कम 30 दिनों के लिए हिरासत में लिए जाने वाले या गिरफ़्तार होने वाले मंत्रियों को पद से हटाने का प्रावधान है.
मीडिया से बातचीत में खड़गे ने कहा, "अब ये बिल जॉइंट सेलेक्ट कमिटी के पास गया है. अब आगे क्या होता है? देखेंगे. सब क़ानून इनके पास हैं. बहुत से लोगों को ईडी, सीबीआई और आईटी के मामलों में फंसाया गया है."
उन्होंने कहा, "क्रिमिनल प्रोसीजर कोड किस लिए है? क्या पिछले 75 सालों से चले आ रहे क़ानून बेकार हैं? ये बिल सबको कॉन्फ़िडेंस में लेकर लाना चाहिए था, लेकिन इसकी बजाए विपक्ष को डराने और उनके गठबंधन के दलों को अपने साथ लाने की कोशिश की जा रही है."
छत्तीसगढ़: कथित शराब घोटाले के केस में पूर्व सीएम भूपेश बघेल के बेटे की न्यायिक हिरासत 14 दिन और बढ़ी
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल
कथित शराब घोटाले में गिरफ़्तार छत्तीसगढ़ के पूर्व सीएम भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल की न्यायिक हिरासत को 14 दिनों के लिए बढ़ा दिया गया है. ये जानकारी प्रवर्तन निदेशालय यानी ईडी के वकील सौरभ पांडे ने दी है.
मीडिया से बातचीत में ईडी के वकील ने कहा, "शराब घोटाले पर जो जांच चल रही है, उसमें चैतन्य बघेल की भूमिका पाई गई थी, जिसके कारण उन्हें गिरफ़्तार किया गया था."
ईडी ने चैतन्य बघेल को 18 जुलाई को गिरफ़्तार कर उनकी रिमांड ली थी. इस दौरान पूछताछ के बाद ईडी ने चैतन्य बघेल के लिए ज्यूडिशियल कस्टडी की मांग की थी.
ईडी के वकील ने कहा, "चैतन्य बघेल को ज्यूडिशियल कस्टडी में भेजने के बाद जांच में कुछ नये तथ्य सामने आए. इस वजह से 19 अगस्त को उनकी पांच दिनों रिमांड मांगी गई थी, जो आज पूरी हुई."
उन्होंने कहा कि ईडी को आगे चैतन्य बघेल की कस्टडी की ज़रूरत नहीं है, इसलिए उनके लिए ज्यूडिशियल कस्टडी मांगी गई, जो कि कोर्ट ने दे दी है.
वकील के मुताबिक़ अगर ज़रूरत पड़ेगी तो ईडी चैतन्य बघेल की दो दिन की और कस्टडी मांगेगी.
ईडी के वकील ने चैतन्य बघेल पर जांच में सहयोग नहीं करने का आरोप लगाया है.
एनडीए के उप राष्ट्रपति उम्मीदवार सीपी राधाकृष्णन से मिलने का बाद क्या बोले अमित शाह
इमेज स्रोत, X/@AmitShah
गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को उप राष्ट्रपति चुनाव के लिए एनडीए के उम्मीदवार सीपी राधाकृष्णन से मुलाकात की.
अमित शाह ने एक्स पर पोस्ट किया, "सीपी राधाकृष्णन एक अनुभवी नेता हैं जिनके पास व्यापक संगठनात्मक और प्रशासनिक अनुभव है. मुझे विश्वास है कि वह अपने व्यापक अनुभव के साथ भारत के राष्ट्रीय विमर्श में महत्वपूर्ण योगदान देंगे."
सीपी राधाकृष्णन वर्तमान में महाराष्ट्र के राज्यपाल हैं.
विपक्ष ने उप राष्ट्रपति चुनाव के लिए सुप्रीम कोर्ट के पूर्व जस्टिस बी सुदर्शन रेड्डी को अपना उम्मीदवार बनाया है.
अमेरिका के लिए डाक सेवा अस्थायी रूप से निलंबित, संचार मंत्रालय ने ये वजह बताई
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, अमेरिका जाने वाले एयर कैरियर्स ने शिपमेंट ले जाने से इनकार कर दिया है
केंद्रीय संचार मंत्रालय ने शनिवार को बताया कि अमेरिका के लिए डाक सेवाएं अस्थायी रूप से निलंबित कर दी गई हैं.
मंत्रालय ने कहा कि अमेरिका जाने वाले एयर कैरियर्स ने शिपमेंट ले जाने से इनकार कर दिया है, क्योंकि अमेरिकी कस्टम विभाग की ओर से जारी नए नियमों को लेकर स्पष्टता नहीं है.
हालांकि, पत्र, दस्तावेज़ और 100 अमेरिकी डॉलर तक मूल्य वाले गिफ्ट आइटम के लिए डाक सेवाएं जारी रहेंगी.
अमेरिकी प्रशासन ने 30 जुलाई 2025 को एक कार्यकारी आदेश जारी किया था. इसके तहत 29 अगस्त से 800 अमेरिकी डॉलर मूल्य तक की वस्तुओं पर लागू ड्यूटी-फ्री छूट वापस ले ली जाएगी. इसका मतलब है कि ये वस्तुएं कस्टम ड्यूटी के दायरे में आ जाएंगी.
इस कार्यकारी आदेश के अनुसार, इंटरनेशनल पोस्टल नेटवर्क के जरिए शिपमेंट पहुंचाने वाले ट्रांसपोर्ट कैरियर्स को पोस्टल शिपमेंट पर कस्टम ड्यूटी वसूलने और जमा करना ज़रूरी है.
हालांकि, अमेरिका के कस्टम्स एंड बॉर्डर प्रोटेक्शन (सीबीपी) ने 15 अगस्त 2025 को कुछ दिशानिर्देश जारी किए थे, लेकिन ड्यूटी वसूली और इसे जमा करने की व्यवस्था से जुड़ी कुछ बातें अब तक स्पष्ट नहीं हुई हैं.
कर्नाटक के कांग्रेस विधायक केसी वीरेंद्र पर सट्टेबाज़ी का आरोप, ईडी ने गिरफ़्तार किया
इमेज स्रोत, X/@KCVeerendra
इमेज कैप्शन, चित्रदुर्ग से विधायक केसी वीरेंद्र (फ़ाइल फ़ोटो)
कर्नाटक के चित्रदुर्ग से कांग्रेस विधायक केसी वीरेंद्र को प्रवर्तन निदेशालय यानी ईडी ने सिक्किम से गिरफ़्तार किया है.
केसी वीरेंद्र पर अवैध ऑनलाइन और ऑफलाइन सट्टेबाजी का आरोप है.
ईडी ने एक्स पर पोस्ट कर जानकारी दी है कि इस मामले में शुक्रवार और शनिवार को गंगटोक, चित्रदुर्ग ज़िला, बेंगलुरु शहर, हुबली, जोधपुर, मुंबई और गोवा सहित देश भर में 31 जगहों पर छापा मारा गया था.
जांच एजेंसी को 12 करोड़ रुपये कैश, लगभग 6 करोड़ रुपये के सोने के आभूषण, लगभग 10 किलोग्राम चांदी के सामान और प्रॉपर्टी से जुड़े डॉक्यूमेंट मिले हैं. ईडी ने चार गाड़ियां ज़ब्त की हैं.
इसके अलावा, 17 बैंक खाते और 2 बैंक लॉकर फ्रीज़ किए गए हैं. ईडी ने बताया है कि केसी वीरेंद्र को गंगटोक से गिरफ़्तार कर न्यायिक मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया गया. विधायक को बेंगलुरु की कोर्ट में पेश करने का ट्रांज़िट रिमांड मिला है.
अमेरिका को लेकर विदेश मंत्री जयशंकर बोले- भारत से तेल खरीदने में दिक्कत है, तो मत खरीदिए
इमेज स्रोत, Getty Images
रूस से तेल खरीदने को लेकर अमेरिकी प्रशासन का भारत पर आरोपों का सिलसिला जारी है. अमेरिका का कहना है कि भारत रूस से तेल खरीदकर कर मुनाफ़ा कमा रहा है. भारत के विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर ने इसका जवाब दिया है.
इकोनॉमिक टाइम्स वर्ल्ड लीडर्स फ़ोरम 2025 में इस मुद्दे पर पूछे गए सवाल के जवाब में जयशंकर ने कहा, "यह हास्यास्पद है कि जो लोग व्यापार का समर्थन करने वाले अमेरिकी प्रशासन के लिए काम करते हैं, वे दूसरों पर व्यापार करने का आरोप लगा रहे हैं."
भारत के विदेश मंत्री ने कहा, "अगर आपको भारत से तेल या रिफाइंड प्रोडक्ट खरीदने में कोई दिक्कत है, तो मत खरीदिए. इसके लिए कोई आपको मजबूर नहीं कर रहा है. लेकिन यूरोप और अमेरिका खरीदते हैं. इसलिए अगर आपको पसंद नहीं है, तो मत खरीदिए."
रूस से तेल खरीदने को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट के बाद व्हाइट हाउस के ट्रेड एडवाइजर पीटर नवारो ने भारत को निशाने पर लिया है.
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, ट्रंप प्रशासन में ट्रेड एडवाइजर पीटर नवारो ने रूस से तेल ख़रीदने पर भारत को निशाने पर लिया
नवारो ने कहा, ''भारत रूसी तेल की रिफाइनिंग का लॉन्ड्रोमैट बन गया है. इसके ज़रिये वह ख़ुद तो मुनाफ़ा कमा ही रहा है, साथ ही परोक्ष तौर पर यूक्रेन युद्ध में रूस की फंडिंग भी कर रहा है.''
भारत-पाकिस्तान संघर्ष विराम में किसी तीसरे पक्ष की भूमिका नहीं: जयशंकर
उन्होंने कहा, “उस समय फ़ोन पर लगातार बातचीत हो रही थी और ऐसी हर कॉल की जानकारी मैंने अपने एक्स अकाउंट पर दी थी. जब माहौल तनावपूर्ण होता है तो स्वाभाविक है कि देश एक-दूसरे से संपर्क करते हैं.”
एस जयशंकर ने कहा, "जब ईरान और इसराइल के बीच संघर्ष चल रहा था, तो मैंने भी उन्हें कॉल किया था."
जयशंकर ने कहा, “आज के दौर में सभी देश एक-दूसरे से जुड़े हुए हैं और हर देश जानना चाहता है कि दूसरे देश में आखिर चल क्या रहा है. अंतरराष्ट्रीय संबंधों में जिनका मजबूत इतिहास है, वे ऐसी पहल करते हैं. लेकिन यह साफ़ है कि भारत और पाकिस्तान के बीच किसी तीसरे पक्ष ने मध्यस्थता नहीं की.”
विदेश मंत्री ने दोहराया कि संघर्ष विराम को लेकर भारत और पाकिस्तान के बीच सीधी बातचीत हुई थी.
गौरतलब है कि अमेरिका के राष्ट्रपति कई बार दावा कर चुके हैं कि भारत-पाकिस्तान संघर्ष विराम में उनकी भूमिका रही है.
22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में पर्यटकों पर चरमपंथी हमला हुआ था, जिसमें 26 लोगों की मौत हुई थी.
इसके बाद छह-सात मई की रात भारतीय सेना ने पाकिस्तान और पाकिस्तान प्रशासित कश्मीर में चरमपंथी कैंपों को निशाना बनाया.
इस अभियान को भारत ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ नाम दिया.
इसके बाद दोनों देशों के बीच सैन्य संघर्ष शुरू हुआ, जो 10 मई को संघर्ष विराम की घोषणा के साथ थम गया.
संजय राउत ने भारत-पाक क्रिकेट मैच पर जताई आपत्ति, पीएम मोदी को लिखी चिट्ठी
इमेज स्रोत, Ashish Vaishnav/SOPA Images/LightRocket via Getty Images
शिवसेना (उद्धव ठाकरे गुट) के नेता संजय राउत ने प्रधानमंत्री मोदी को चिट्ठी लिखकर एशिया कप में भारत-पाकिस्तान क्रिकेट मैच कराने के फै़सले का विरोध किया है.
संजय राउत ने अपनी चिट्ठी में कहा है कि जब पाकिस्तान के ख़िलाफ़ 'ऑपरेशन सिंदूर' जारी है और 'आतंकवाद' से देश को अब भी ख़तरा है, तो पाकिस्तान के साथ क्रिकेट खेलना क्या मारे गए भारतीयों और उनके परिवारों और सेना का अपमान नहीं है.
सोशल मीडिया पर पोस्ट किए अपने पत्र में उन्होंने पीएम के अलावा अमित शाह और बीसीसीआई को टैग किया और लिखा, "एशिया कप में भारत-पाकिस्तान मैच को खेल मंत्रालय का हरी झंडी देना भारत के लोगों के लिए दुख की बात है. ये स्पष्ट है कि प्रधानमंत्री और गृह मंत्री की इजाज़त के बिना ये संभव नहीं था."
उन्होंने प्रधानमंत्री से कई सवाल किए हैं. उन्होंने पूछा है, "आपने कहा था कि 'खून और पानी साथ नहीं बह सकते', तो फिर खून और क्रिकेट कैसे साथ बह सकते हैं?"
साथ ही उन्होंने तंज कसते हुए लिखा, "क्या पाकिस्तान के साथ मैच न खेलने पर अमेरिकी राष्ट्रपति ने व्यापार रोकने की धमकी दी है?"
आगे उन्होंने लिखा, "पाकिस्तान के साथ क्रिकेट खेलना सिर्फ सैनिकों के बलिदान का अपमान नहीं है, बल्कि हिंदुत्व और देशभक्ति की भावनाओं का भी अपमान है. ये मैच दुबई में होने वाले हैं, अगर ये मैच महाराष्ट्र में होते, तो बालासाहेब ठाकरे की शिवसेना इन्हें रुकवा देती."
गौरतलब है कि एशिया कप 2025 में 14 सितंबर को भारत और पाकिस्तान के बीच ग्रुप मैच होना है. ये मैच यूएई के दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाना है.
अभी तक बीबीसी संवाददाता आनंद मणि त्रिपाठी आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे.
अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता सुरभि गुप्ता आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगी.
बीबीसी हिंदी के पन्ने पर लगी कुछ अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.
दक्षिण कोरिया ने सीमा पार करने को लेकर उत्तर कोरिया के सैनिकों पर चलाई थीं गोलियां, जैक बर्जेस, बीबीसी न्यूज़
इमेज स्रोत, Reuters
इमेज कैप्शन, उत्तर और दक्षिण कोरिया के बीच एक बेहद सख़्त सुरक्षा वाली सीमा है
दक्षिण कोरिया ने पुष्टि की है कि इस सप्ताह की शुरुआत में उसकी सेना ने उत्तर कोरियाई सैनिकों पर चेतावनी स्वरूप गोलियां चलाई थीं.
ये सैनिक कुछ समय के लिए दोनों देशों की सख़्त सुरक्षा वाली सीमा को पार कर गए थे.
उत्तर कोरिया के सरकारी मीडिया ने इस गोलीबारी को “जानबूझकर की गई उकसावे की कार्रवाई” क़रार देते हुए दक्षिण कोरिया पर तनाव बढ़ाने का आरोप लगाया.
यह घटना ऐसे समय हुई है जब दक्षिण कोरिया के नए राष्ट्रपति ली जे म्यूंग शनिवार को जापान और अमेरिका की यात्रा के लिए सियोल से रवाना हुए.
हाल के हफ्तों में उत्तर कोरिया ने आक्रामक रुख़ अपनाया है.
नेता किम जोंग-उन की बहन किम यो-जोंग ने हाल ही में दक्षिण कोरिया के सुलह प्रयासों को ख़ारिज कर दिया था.
उत्तर कोरिया पिछले साल से अपनी सीमा को स्थायी रूप से सील करने की कोशिश कर रहा है.
पीएम मोदी पर टिप्पणी को लेकर एफ़आईआर होने पर तेजस्वी यादव का आया बयान
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने कहा है कि वह किसी एफ़आईआर से घबराते नहीं हैं (फ़ाइल फ़ोटो)
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर की गई टिप्पणी को लेकर बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री और आरजेडी नेता तेजस्वी यादव के ख़िलाफ़ महाराष्ट्र पुलिस ने एफ़आईआर दर्ज की है.
यह मामला महाराष्ट्र के गढ़चिरौली ज़िले में बीजेपी विधायक मिलिंद नरोटे की शिकायत पर दर्ज किया गया.
इसे लेकर तेजस्वी यादव ने प्रतिक्रिया दी,“एफ़आईआर से कौन डरता है? अब 'जुमला' बोलना भी अपराध हो गया है. सच बोलने से वो लोग घबराते हैं. हम किसी एफ़आईआर से नहीं डरते और सच बोलते रहेंगे, चाहे किसी को तकलीफ़ क्यों न हो.”
इसी मामले में उत्तर प्रदेश पुलिस ने भी एक एफ़आईआर दर्ज की है.
पीटीआई के अनुसार, शाहजहांपुर की बीजेपी नगर अध्यक्ष शिल्पी गुप्ता की शिकायत पर यह कार्रवाई की गई. पुलिस अधीक्षक (एसपी) राजेश द्विवेदी ने इसकी पुष्टि की.
उपराष्ट्रपति चुनाव: विपक्ष के उम्मीदवार जस्टिस रेड्डी ने विचारधारा पर यह कहा
इमेज स्रोत, Kharge/X
इमेज कैप्शन, जस्टिस रेड्डी ने कहा है कि भारत अभी भी एक संवैधानिक लोकतंत्र है
विपक्ष के उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार बी सुदर्शन रेड्डी ने समाचार एजेंसी पीटीआई से विशेष बातचीत की है.
उन्होंने उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार बनाए जाने को लेकर कहा, "उम्मीदवारी का प्रस्ताव इंडिया गठबंधन की तरफ़ से आया लेकिन पहल कांग्रेस पार्टी ने की थी. मुझे जब यह प्रस्ताव मिला तो मैंने कहा कि अगर गठबंधन मुझ पर विचार करेगा, तभी मैं चुनाव लड़ सकता हूं."
रेड्डी ने लोकतंत्र की वर्तमान स्थिति पर कहा, "पहले हम घाटे वाली अर्थव्यवस्था की बात करते थे लेकिन अब 'घाटे वाला लोकतंत्र' है. मैं यह नहीं कह रहा कि भारत अब एक लोकतांत्रिक देश नहीं रहा. हम अभी भी एक संवैधानिक लोकतंत्र है, लेकिन परिस्थितियां तनावपूर्ण हैं."
उन्होंने कहा, "यह सिर्फ़ मेरे और राधाकृष्णन जी के बीच का मुकाबला नहीं है. यह दो अलग-अलग विचारधाराओं का मुकाबला है. एक, जिसे दूसरा पक्ष पेश कर रहा है, वह एक विशुद्ध आरएसएस का आदमी है और मैं नहीं हूं."
झारखंड एटीएस ने गैंगस्टर का प्रत्यर्पण किया, इस देश से रांची लाया गया
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, एटीएस एसपी ऋषव कुमार झा ने गैंगस्टर के प्रत्यर्पण की जानकारी मीडिया को दी है
झारखंड के आतंकवाद निरोधी दस्ते (एटीएस) ने गैंगस्टर मयंक सिंह को अज़रबैजान से प्रत्यर्पित कर शनिवार को रांची लाया.
एटीएस उसे आज रामगढ़ कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लेगी.
एटीएस की टीम ने एसपी ऋषव कुमार झा के नेतृत्व में दोनों देशों के बीच प्रत्यर्पण संधि के तहत सभी क़ानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद मयंक सिंह उर्फ़ सुनील मीणा को रांची लाया है.
रांची हवाई अड्डे पर पहुंचने के बाद ऋषव झा ने कहा, “झारखंड पुलिस के इतिहास में यह पहला सफल प्रत्यर्पण है. हमें उम्मीद है कि विदेश में मौजूद अन्य अपराधियों को भी प्रत्यर्पण या निर्वासन के माध्यम से जल्द वापस लाया जाएगा.”
उन्होंने बताया कि मयंक सिंह, झारखंड के गैंगस्टर अमन साहू और लॉरेंस बिश्नोई गिरोह के बीच एक अहम कड़ी है.
ऋषव झा ने कहा, “हम उससे पूछताछ करेंगे और जेल में दोनों गिरोहों के बीच किस तरह के संबंध हैं, इसकी जानकारी जुटाएंगे. उसके ख़िलाफ़ झारखंड, राजस्थान और अन्य राज्यों में लगभग 50 मामले दर्ज हैं.”
नए आदेश के अनुसार, अब ज़िला मजिस्ट्रेट और डिप्टी कमिश्नर इन स्कूलों का प्रबंधन संभालेंगे और नई प्रबंधन समितियां गठित करेंगे.
गृह मंत्रालय ने फ़रवरी 2019 और फिर फ़रवरी 2024 में जमात-ए-इस्लामी, जम्मू-कश्मीर को ग़ैरक़ानूनी संगठन घोषित किया था.
पीटीआई के मुताबिक, इन स्कूलों की मौजूदा मैनेजिंग कमेटियों की वैधता समाप्त हो चुकी है और इनके ख़िलाफ़ नकारात्मक रिपोर्ट सामने आई है. इसी आधार पर सरकार ने सभी स्कूलों का ज़िम्मा ज़िला प्रशासन को सौंपा है.
आदेश में कहा गया है कि स्कूल शिक्षा विभाग के साथ समन्वय करके यह सुनिश्चित किया जाएगा कि छात्रों की पढ़ाई बाधित न हो और शिक्षा की गुणवत्ता नई शिक्षा नीति के अनुरूप बनी रहे.
शिक्षा विभाग के सचिव राम निवास शर्मा ने कहा, “यह क़दम केवल छात्रों के भविष्य की सुरक्षा और भलाई के लिए उठाया गया है.”
भारत में इस साल अपना पहला दफ़्तर खोलेगा ओपनएआई
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, सैम ऑल्टमैन ने कहा है कि वह अगले महीने भारत आने वाले हैं (फ़ाइल फ़ोटो)
ओपनएआई के संस्थापक सैम ऑल्टमैन ने शुक्रवार को बताया कि कंपनी इस साल के अंत तक भारत में अपना पहला दफ़्तर खोलेगी.
ऑल्टमैन ने एक्स पोस्ट में कहा, "हम इस साल के अंत तक भारत में अपना पहला कार्यालय खोलने जा रहे हैं. मैं अगले महीने वहां जाने के लिए उत्सुक हूं. भारत में एआई को अपनाना अद्भुत रहा है."
उन्होंने कहा, "पिछले साल चैटजीपीटी उपयोगकर्ताओं की संख्या चार गुना बढ़ी है और हम भारत में और अधिक निवेश करने को लेकर उत्साहित हैं."
समाचार एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक़, ओपनएआई ने भारत में अपनी कंपनी का पंजीकरण पूरा कर लिया है और स्थानीय टीम की भर्ती शुरू कर दी है.
यह कार्यालय भारतीय उपयोगकर्ताओं की ज़रूरतों के अनुसार, एआई उत्पादों और सेवाओं को स्थानीयकरण के साथ विकसित करने में मदद करेगा.
भारत ओपनएआई का दूसरा सबसे बड़ा बाज़ार है और यहां उपयोगकर्ताओं की संख्या लगातार बढ़ रही है.
इसी क्रम में कंपनी ने इस सप्ताह चैटजीपीटी की सबसे सस्ती मासिक योजना 399 रुपये में लॉन्च की है.
चमोली ज़िले में बादल फटने के बाद मलबे में एक युवती दबी और एक शख़्स लापता
इमेज स्रोत, chamolipolice/x
इमेज कैप्शन, थराली में मलबे के कारण कई सड़कें बंद हो गई हैं
समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, उत्तराखंड के चमोली ज़िले के थराली क़स्बे में तेज़ बारिश के कारण बरसाती नाले टूनरी गधेरे में आई भीषण बाढ़ से तहसील कार्यालय समेत आसपास के मकानों में मलबा भर गया.
अधिकारियों ने बताया कि रातभर हुई मूसलाधार बारिश के चलते टूनरी गधेरे में बाढ़ आ गई. बाढ़ का मलबा तहसील परिसर और आसपास के घरों में घुस गया.
चमोली के एडीएम विवेक प्रकाश ने कहा, “भारी बारिश से आए मलबे में कविता नाम की 20 वर्षीय युवती दब गई है, जबकि एक शख़्स लापता है. एनडीआरएफ़ और एसडीआरएफ़ की टीमें मौके़ पर राहत और बचाव कार्य में जुटी हैं.”
उन्होंने बताया कि मलबे के कारण कई सड़कें बंद हो गई हैं और लोगों को भारी दिक़्क़तों का सामना करना पड़ रहा है.
प्रशासन ने प्रभावित लोगों के लिए राहत शिविर भी स्थापित किए हैं.
उत्तराखंड आपदा प्रबंधन सचिव विनोद कुमार सुमन ने कहा कि बादल फटने से घरों, बाज़ार और एसडीएम आवास में मलबा घुस गया है.
उन्होंने पुष्टि की कि इस घटना में अब तक दो लोगों के लापता होने की सूचना मिली है.
उत्तराखंड के चमोली ज़िले में बादल फटा, कई घर और गाड़ियां मलबे में दबे
इमेज स्रोत, chamolipolice/X
इमेज कैप्शन, बादल फटने से एसडीएम आवास समेत कई घरों को नुक़सान पहुंचा है
उत्तराखंड के चमोली ज़िले के थराली क्षेत्र में देर रात बादल फटने से काफ़ी नुक़सान हुआ है.
ज़िले में कई घरों, दुकानों और सरकारी परिसरों को भारी क्षति पहुंची है.
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, “चमोली के थराली क्षेत्र में देर रात बादल फटने की दुखद सूचना प्राप्त हुई. ज़िला प्रशासन, एसडीआरएफ़, पुलिस मौक़े पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्यों में जुटे हुए हैं.”
“इस संबंध में निरंतर स्थानीय प्रशासन के संपर्क में हूं और स्वयं स्थिति की गहन निगरानी कर रहा हूं. ईश्वर से सभी के सकुशल होने की प्रार्थना करता हूं.”