ग़ज़ा में कुपोषण से 11 और लोगों की मौत: हमास संचालित स्वास्थ्य मंत्रालय

ग़ज़ा में कुपोषण के कारण 11 और मौतें हुई हैं. ये जानकारी हमास की ओर से संचालित स्वास्थ्य मंत्रालय ने दी है.

सारांश

लाइव कवरेज

आनंद मणि त्रिपाठी और इफ़्तेख़ार अली

  1. अब इस लाइव पेज को विराम देने का वक़्त आ गया है. बीबीसी संवाददाता इफ़्तेख़ार अली को दीजिए इजाज़त.

    कल हम बीबीसी लाइव पेज के ज़रिए दिन भर की बड़ी ख़बरों को लेकर फिर हाज़िर होंगे.

    फ़िलहाल, हमारे होम पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  2. ग़ज़ा में कुपोषण से 11 और लोगों की मौत: हमास संचालित स्वास्थ्य मंत्रालय

    ग़ज़ा

    इमेज स्रोत, EPA

    इमेज कैप्शन, हमास संचालित स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, ग़ज़ा में 7 अक्तूबर 2023 के बाद से अब तक 61 हज़ार से ज़्यादा लोगों की मौत हो चुकी है

    ग़ज़ा में कुपोषण के कारण 11 और मौतें हुई हैं. ये जानकारी हमास की ओर से संचालित स्वास्थ्य मंत्रालय ने दी है.

    इस तरह कुपोषण से हुई मौतों की कुल संख्या 212 हो गई है, जिनमें 98 बच्चे शामिल हैं.

    स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि पिछले 24 घंटों में इसराइली सैन्य कार्रवाई में कम से कम 38 लोग मारे गए और 491 घायल हुए हैं.

    ग़ज़ा में मौतों का आंकड़ा बढ़ता जा रहा है. वहीं ख़बर है कि एक इसराइली योजना के तहत ग़ज़ा सिटी पर नियंत्रण करने के एलान के बाद वहां के निवासियों को 7 अक्तूबर 2025 तक शहर खाली करने की समयसीमा दी गई है.

    शुक्रवार को जारी बयान के मुताबिक, इसराइली सुरक्षा कैबिनेट ने जिस नई योजना को मंजूरी दी है, उसमें ग़ज़ा में युद्ध ख़त्म करने के लिए पांच 'सिद्धांत' बताए गए हैं.

    इन्हीं पांच में से एक है 'ग़ज़ा पर सुरक्षा नियंत्रण करना'.

  3. महाराष्ट्र चुनाव को लेकर शरद पवार के दावे पर शाइना एनसी बोलीं, 'जो जीता वही सिकंदर'

    महाराष्ट्र चुनाव

    इमेज स्रोत, ANI

    शिवसेना (शिंदे गुट) की नेता शाइना एनसी ने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के अध्यक्ष शरद पवार के दावे पर प्रतिक्रिया दी है.

    शरद पवार ने दावा किया था कि महाराष्ट्र चुनाव से पहले दो लोग उनसे मिलने आए थे और 160 सीटें जितवाने की गारंटी दी थी.

    उनके इस दावे पर शाइना एनसी ने कहा, "शरद पवार इतने दिग्गज और अनुभवी नेता हैं. क्या आपको विश्वास होता है कि कोई दो लोग उनसे मिलने आए होंगे, जिनका वे नाम और पता भी नहीं जानते."

    उन्होंने कहा, "हार-जीत जनता तय करती है. यदि आपको कोई आपत्ति है तो आप चुनाव आयोग या अदालत में शिकायत कर सकते हैं."

    शाइना एनसी ने आगे कहा, "हम सब जानते हैं कि 'जो जीता वही सिकंदर'. हमने लोकसभा में यह स्वीकार किया, लेकिन आपको विधानसभा में आपत्ति हो रही है."

  4. ट्रंप और पुतिन की होने वाली मुलाक़ात पर भारत ने क्या कहा

    पीएम मोदी

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, भारत के विदेश मंत्रालय ने ट्रंप और पुतिन की होने वाली मुलाक़ात को लेकर एक बयान जारी किया है

    भारत ने अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच होने वाली बैठक को लेकर प्रतिक्रिया दी है.

    विदेश मंत्रालय की ओर से जारी एक बयान में कहा गया, "भारत, अमेरिका और रूस के बीच 15 अगस्त 2025 को अलास्का में बैठक करने पर बनी सहमति का स्वागत करता है."

    बयान में कहा गया, "यह बैठक यूक्रेन में चल रहे संघर्ष को ख़त्म करने और शांति की संभावनाओं को बढ़ाने का वादा करती है. जैसा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कई बार कह चुके हैं, 'यह युद्ध का युग नहीं है'."

    विदेश मंत्रालय ने कहा, "इसलिए भारत इस आगामी शिखर बैठक का समर्थन करता है और इन प्रयासों में मदद के लिए तैयार है."

    इससे पहले अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने घोषणा की है कि अगले शुक्रवार उनकी रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ बैठक होगी.

    डोनाल्ड ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर लिखा, "अमेरिका के राष्ट्रपति के रूप में मेरे और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच बहुप्रतीक्षित बैठक अगले शुक्रवार, 15 अगस्त, 2025 को ग्रेट स्टेट अलास्का में होगी."

  5. महाराष्ट्र चुनाव को लेकर शरद पवार का दावा, 'दो लोगों ने दी थी 160 सीटों की गारंटी'

    शरद पवार

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में शरद पवार को 86 में से सिर्फ़ 10 सीटें ही मिलीं थी

    राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के अध्यक्ष शरद पवार ने महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा दावा किया है.

    उनका कहना है कि चुनाव से पहले दो लोग उनसे मिलने आए थे और उन्होंने चुनाव में 160 सीटें जितवाने की गारंटी दी थी.

    शरद पवार ने कहा, "मुझे याद है, महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव से पहले दो लोग मुझसे मिलने आए थे. उनके नाम और पते मेरे पास नहीं हैं, क्योंकि मैंने उनकी ओर ध्यान नहीं दिया."

    उन्होंने कहा, "उन्होंने मुझसे कहा कि महाराष्ट्र में विधानसभा की 288 सीटें हैं और हम आपको इनमें से 160 सीटें जिताकर दे सकते हैं. हम आपको गारंटी देते हैं."

    उन्होंने आगे कहा, "मुझे आश्चर्य हुआ. साफ़ तौर पर कहूं तो, उन्होंने गारंटी के बारे में जो कुछ भी कहा, उस पर मेरे मन में चुनाव आयोग जैसी संस्था को लेकर ज़रा भी शक नहीं था."

    पवार ने कहा, "ऐसे लोग मिलते रहते हैं, लेकिन मैंने उस समय उनकी ओर ध्यान नहीं दिया."

  6. अखिलेश यादव ने चुनाव आयोग पर लगाया आरोप, कहा- न्याय होगा या नहीं

    अखिलेश यादव

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, कांग्रेस नेता राहुल गांधी के बाद अब अखिलेश यादव ने भी चुनाव आयोग पर सवाल उठाए हैं

    समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने चुनाव आयोग पर निशाना साधा है और गंभीर आरोप लगाए हैं.

    शनिवार को पत्रकारों से बातचीत में अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश उपचुनावों का ज़िक्र किया और कहा, "हमेशा इस बात की चिंता रही है कि चुनाव आयोग न्याय करेगा या नहीं."

    उन्होंने कहा, "जिस पर हमें पूरी बहस करनी चाहिए, वह उत्तर प्रदेश का उपचुनाव है."

    अखिलेश यादव ने चुनाव आयोग पर सीधे-सीधे "वोटों के अपहरण" का आरोप लगाया.

    इससे पहले, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भी चुनाव आयोग पर सवाल खड़े किए थे. हालांकि, चुनाव आयोग ने राहुल गांधी के आरोपों को खारिज किया है.

    2024 में उत्तर प्रदेश विधानसभा की 9 सीटों के लिए हुए उपचुनावों में छह सीटों पर बीजेपी को जीत मिली थी, जबकि दो पर समाजवादी पार्टी को और एक पर आरएलडी को जीत मिली थी.

  7. ब्रिटेन के पीएम किएर स्टार्मर से बातचीत के बाद यूक्रेन के राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की ने क्या बताया?

    पीएम किएर स्टार्मर और राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की

    इमेज स्रोत, PA Media

    इमेज कैप्शन, वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने रूस-यूक्रेन युद्ध ख़त्म करने के बारे में ब्रितानी पीएम से बात की है

    यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने कहा है कि उन्होंने ब्रिटेन के प्रधानमंत्री किएर स्टार्मर से बात की है.

    ज़ेलेंस्की ने कहा कि दोनों ने यूक्रेन में स्थायी शांति की ज़रूरत पर सहमति जताई है.

    उन्होंने कहा कि ख़तरा है कि "रूस बातों को ऐसे मुद्दों तक ले जा सकता है जिनका हल निकलना मुश्किल हो."

    यूक्रेनी राष्ट्रपति ने कहा कि वह युद्ध ख़त्म करने के लिए ब्रिटेन, अमेरिका और सभी सहयोगियों की प्रतिबद्धता की सराहना करते हैं.

    उन्होंने कहा कि वे "सकारात्मक कूटनीति और ऐसे फै़सलों" पर काम कर रहे हैं जो कारगर साबित हो सकें.

    ब्रिटेन, फ्रांस और अन्य देशों ने इस साल की शुरुआत में सहमति जताई थी कि वे यूक्रेन और रूस के बीच जारी युद्ध को ख़त्म करने को लेकर अपने प्रयास तेज़ करेंगे.

    इससे पहले अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने घोषणा की है कि अगले शुक्रवार उनकी रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ बैठक होगी.

    डोनाल्ड ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर लिखा, "अमेरिका के राष्ट्रपति के रूप में मेरे और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच बहुप्रतीक्षित बैठक अगले शुक्रवार, 15 अगस्त, 2025 को ग्रेट स्टेट अलास्का में होगी."

  8. दिल्ली के कॉसमॉस अस्पताल में आग लगने से एक की मौत

    दिल्ली अग्निशमन अधिकारी अशोक कुमार जायसवाल

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, दिल्ली अग्निशमन अधिकारी अशोक कुमार जायसवाल

    दिल्ली के कॉसमॉस अस्पताल में शनिवार दोपहर आग लग गई. इस घटना में एक व्यक्ति की मौत की ख़बर है.

    दिल्ली अग्निशमन सेवा के अधिकारियों के मुताबिक़, घटना के समय कई मरीज़ अस्पताल में मौजूद थे.

    दिल्ली अग्निशमन सेवा के अधिकारी अशोक कुमार जायसवाल ने बताया कि कंट्रोल रूम को दोपहर 12 बजकर 12 मिनट पर सूचना मिली थी कि अस्पताल में आग लगी है.

    अधिकारी ने बताया, "कुल 11 लोगों को बचाया गया है. एक की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति को नज़दीक के अस्पताल में भर्ती कराया गया है."

  9. कीनिया: अंतिम संस्कार से लौट रहे 25 लोगों की बस दुर्घटना में मौत

    कीनिया में बस दुर्घटनाग्रस्त

    इमेज स्रोत, Ministry of Health Kenya

    इमेज कैप्शन, पूर्वी अफ्रीका के इस देश में घातक सड़क हादसे बहुत आम हैं

    कीनिया में एक बस हादसे में 25 लोगों की मौत हो गई है. बस में जो लोग सवार थे, वे एक व्यक्ति के अंतिम संस्कार से लौट रहे थे.

    स्थानीय अधिकारियों के मुताबिक, इस हादसे में 25 लोगों की मौत हुई है और 20 घायल हैं.

    बीबीसी को मिली पुलिस रिपोर्ट के मुताबिक़, शुक्रवार दोपहर किसुमू-काकामेगा हाईवे पर चालक ने बस पर से नियंत्रण खो दिया, जिससे बस सड़क से उतरकर खाई में पलट गई.

    बताया गया है कि इस इलाक़े में दुर्घटनाओं की ख़बरें आती रहती हैं.

    पुलिस ने बताया कि 10 महिलाओं, 10 पुरुषों और एक लड़की की घटनास्थल पर ही मौत हो गई. हादसे में 20 यात्री घायल हुए, जिनमें से पांच की हालत गंभीर है.

    अधिकारियों ने बताया कि चार लोगों की बाद में अस्पताल में मौत हो गई.

    माना जा रहा है कि हादसे में मारे गए सभी लोग एक ही परिवार के थे.

  10. दिल्ली के जैतपुर इलाक़े में भारी बारिश से दीवार गिरी, 7 की मौत

    दिल्ली के जैतपुर में दीवार गिरने से सात लोगों की मौत

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, हादसे में घायल एक व्यक्ति का इलाज चल रहा है

    दिल्ली के जैतपुर में मंदिर की एक दीवार गिरने से सात लोगों की मौत हो गई है. ये जानकारी साउथ ईस्ट दिल्ली की एडिशनल डीसीपी एश्वर्य शर्मा ने दी है.

    दिल्ली-एनसीआर में शनिवार सुबह से ही तेज़ बारिश का दौर जारी है. इस कारण कई इलाक़ों में जलभराव हो गया है.

    एडिशनल डीसीपी ने बीबीसी हिन्दी को बताया कि जैतपुर में जलभराव के कारण दीवार की नींव कमज़ोर हो गई थी.

    एश्वर्य शर्मा ने बताया, "रात से हो रही भारी बारिश के कारण तीन से चार फुट पानी भर गया था, जिससे दीवार की नींव कमज़ोर हो गई. दीवार गिरने की कॉल सुबह नौ बजकर 14 मिनट पर आई थी."

    उन्होंने कहा, "इसके बाद पुलिस ने फ़ौरन आठ लोगों को हॉस्पिटल पहुंचाया जो दीवार गिरने से दब गए थे. अब केवल एक व्यक्ति जीवित बचे हैं और उनका इलाज चल रहा है."

    एडिशनल डीसीपी के मुताबिक़, दीवार मंदिर के बगल में झुग्गियों में रहने वाले लोगों पर गिरी है.

  11. कोलकाता: आरजी कर अस्पताल मामले को एक साल, लोगों ने निकाली रैली, इल्मा हसन, बीबीसी संवाददाता

    कोलकाता: आरजी कर अस्पताल रेप-मर्डर मामला

    इमेज स्रोत, Rubaiyat Biswas

    इमेज कैप्शन, कोलकाता में व्यापक विरोध प्रदर्शन की आशंका को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है

    कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज की ट्रेनी महिला डॉक्टर के साथ बलात्कार और हत्या की घटना के एक साल पूरा होने के मौक़े पर ‘नबान्न अभियान’ रैली निकाली गई.

    आरजी कर बलात्कार-मर्डर केस मामले में ट्रेनी डॉक्टर के माता-पिता भी रैली में शामिल हुए. इस रैली को भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने भी अपना समर्थन दिया.

    इस दौरान पुलिस प्रशासन की तरफ से शहर की कई मुख्य सड़कों पर बैरिकेड लगाए गए और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई.

    सैकड़ों की तादाद में प्रदर्शनकारी चौरंगी रोड और जवाहरलाल नेहरू रोड से मार्च करते हुए निकले.

    जब भीड़ नबान्न की ओर बढ़ी तो रैपिड एक्शन फोर्स के जवानों ने बल का इस्तेमाल कर भीड़ को तितर-बितर कर दिया. नबान्न उस इमारत का नाम है जहां राज्य सचिवालय है.

    कोलकाता: आरजी कर अस्पताल रेप-मर्डर मामला

    इमेज स्रोत, Rubaiyat Biswas

    इससे पहले शुक्रवार देर रात पश्चिम बंगाल जूनियर डॉक्टर्स फ्रंट ने कोलकाता में मशाल रैली निकाली थी.

    बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी श्याम बाज़ार मोड़ पर नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा के चारों ओर इकट्ठा हुए थे. इस रैली में बड़ी संख्या में नागरिक और छात्र शामिल रहे.

  12. अभी तक बीबीसी संवाददाता आनंद मणि त्रिपाठी आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे.

    अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता इफ़्तेख़ार अली आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगे.

    बीबीसी हिंदी के पन्ने पर लगी कुछ अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  13. झारखंड में दो मालगाड़ी टकराईं, 22 यात्री ट्रेनें प्रभावित, मोहम्मद सरताज आलम, बीबीसी हिन्दी के लिए

    रेल दुर्घटना

    इमेज स्रोत, Sartaj Alam

    इमेज कैप्शन, दुर्घटना के बाद 11 ट्रेनों का मार्ग बदला गया है

    झारखंड के चांडिल रेलवे स्टेशन के पास हुई रेल दुर्घटना के कारण चांडिल-टाटानगर और चांडिल-बोकारो रूट पर ट्रेनों का परिचालन बंद है.

    चांडिल रेलवे स्टेशन आदरा रेल डिवीज़न के अंतर्गत आता है.

    दक्षिण पूर्व रेलवे की जनसंपर्क अधिकारी सोमा दास ने बीबीसी से बताया कि धातुओं से लदी एक मालगाड़ी के तीन डिब्बे पटरी से उतरने के बाद दूसरे ट्रैक पर आ रही एक अन्य मालगाड़ी से टकरा गए.

    उन्होंने कहा कि इस हादसे के बाद अप और डाउन दोनों दिशाओं में ट्रेन परिचालन रोक दिया गया है और यात्री ट्रेनों के संचालन को बहाल करने के लिए काम जारी है.

    आदरा रेल डिवीज़न के सीनियर डीसीएम राजकुमार प्रसाद के अनुसार दुर्घटना से 22 यात्री ट्रेनें प्रभावित हुई हैं.

    इनमें 11 ट्रेनों का मार्ग बदला गया है, 9 ट्रेनें रद्द की गई हैं और 2 ट्रेनें आंशिक रूप से रद्द की गई हैं.

  14. ट्रंप-पुतिन की मुलाक़ात से पहले ज़ेलेंस्की ने कहा, "यूक्रेन अपनी ज़मीन नहीं देगा"

    राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने कहा है कि यूक्रेन के बिना लिए गए फ़ैसलों से कुछ हासिल नहीं होगा

    यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने ट्रंप-पुतिन बैठक को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी है.

    उन्होंने साफ़ कहा है कि यूक्रेन "रूस को अपनी जमीन नहीं देगा."

    ज़ेलेंस्की का यह बयान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से होनी जा रही मुलाक़ात की घोषणा के बाद आया है.

    ट्रंप और पुतिन के बीच बैठक की घोषणा अमेरिकी राष्ट्रपति के यह संकेत दिए जाने के कुछ ही घंटों बाद हुई कि रूस के साथ युद्ध समाप्त करने के लिए यूक्रेन को अपना क्षेत्र छोड़ना पड़ सकता है.

    ट्रंप ने शुक्रवार को व्हाइट हाउस में कहा, "आप उस क्षेत्र को देख रहे हैं जिस पर साढ़े तीन साल से लड़ाई चल रही है. बहुत सारे रूसी मारे गए हैं और बहुत सारे यूक्रेन के लोग मारे गए हैं."

    उन्होंने कहा, "यह बहुत मुश्किल है. हम कुछ वापस लेंगे, कुछ बदलेंगे. दोनों के हित में कुछ क्षेत्रों की अदला-बदली होगी."

    बीबीसी के अमेरिकी सहयोगी सीबीएस न्यूज़ ने भी ख़बर दी है कि व्हाइट हाउस यूरोपीय नेताओं को एक समझौते को स्वीकार करने के लिए मनाने की कोशिश कर रहा है, इसके तहत यूक्रेन को डोनबास, खेरसॉन और ज़ापोरिज़िया समेत कई क्षेत्रों को छोड़ना होगा.

    ज़ेलेंस्की ने पहले भी ऐसी शर्तों को अस्वीकार कर दिया था. वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने कहा है कि यूक्रेन "रूस को उसके किए के लिए इनाम नहीं देगा."

    सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर जारी एक टेक्स्ट और वीडियो बयान में ज़ेलेंस्की ने कहा, "इस युद्ध को ख़त्म करना ही होगा और रूस को ही इसे ख़त्म करना होगा. रूस ने इसे शुरू किया और सभी समय-सीमाओं की अनदेखी करते हुए इसे खींच रहा है, और यही समस्या है, कुछ और नहीं."

    वह आगे कहते हैं, "यूक्रेन के बिना लिए गए फ़ैसलों से कुछ हासिल नहीं होगा. ये अधूरे और अव्यावहारिक फ़ैसले हैं."

    BBC
  15. अमेरिकी अंतरिक्ष यात्री जिम लवेल का निधन, यान में विस्फोट के बाद पृथ्वी पर उतरे थे सुरक्षित

    जिम लवेल

    इमेज स्रोत, NASA

    इमेज कैप्शन, अमेरिकी अंतरिक्ष यात्री जिम लवेल को नाटकीय ढंग से प्रशांत महासागर से बचाया गया था.

    अमेरिकी अंतरिक्ष यात्री जिम लवेल का 97 वर्ष की आयु में निधन हो गया है. लवेल ने 1970 में अपोलो 13 मिशन को सुरक्षित रूप से पृथ्वी पर वापस लाने में मदद की थी.

    नासा ने बताया है कि जब चंद्रमा पर उतरने के प्रयास के दौरान अंतरिक्ष यान में विस्फोट हो गया था तब उन्होंने "एक संभावित त्रासदी को सफलता में बदल दिया था", जबकि यान पृथ्वी से हज़ारों मील दूर था.

    इसके बाद करोड़ों लोगों ने टेलीविज़न पर देखा कि कैसे लवेल और दो अन्य अंतरिक्ष यात्री प्रशांत महासागर में वापस उतरे, यह क्षण अंतरिक्ष यात्रा के इतिहास में सबसे यादगार क्षणों में से एक बन गया.

    लवेल अपोलो 8 मिशन का भी हिस्सा थे, चंद्रमा पर दो बार जाने वाले वह पहले व्यक्ति थे, लेकिन वास्तव में कभी वहां उतर नहीं पाए.

    अपोलो 8 का क्रू पृथ्वी की निचली कक्षा से आगे जाने वाला और किसी अन्य खगोलीय पिंड के गुरुत्वाकर्षण क्षेत्र में प्रवेश करने वाला पहला समूह था.

    यह नासा का अब तक का सबसे ख़तरनाक मिशन था.

    नासा के कार्यवाहक प्रमुख सीन डफ़ी ने कहा कि लवेल ने अमेरिकी अंतरिक्ष कार्यक्रम को "ऐतिहासिक" बनाने में मदद की.

  16. आरजी कर अस्पताल रेप-मर्डर मामले को हुए एक साल, विरोध मार्च की तैयारी

    मशाल रैली
    इमेज कैप्शन, पश्चिम बंगाल जूनियर डॉक्टर्स फ्रंट ने शुक्रवार की रात मशाल रैली निकाली थी

    पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज के छात्रों ने शनिवार को ‘नबान्न अभियान’ विरोध मार्च निकालने का आह्वान किया है.

    एक ट्रेनी डॉक्टर के रेप और हत्या की घटना को एक साल पूरा होने के मौक़े पर यह विरोध मार्च निकाला जा रहा है.

    व्यापक विरोध प्रदर्शन की आशंका को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है.

    कोलकाता पुलिस ने विरोध मार्च को नियंत्रित करने के लिए बड़ी संख्या में सड़कों पर बैरिकेड्स लगाए हैं. इसके साथ ही पूरे क्षेत्र में बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है.

    इससे पहले शुक्रवार देर रात पश्चिम बंगाल जूनियर डॉक्टर्स फ्रंट ने कोलकाता में मशाल रैली निकाली.

    श्याम बाज़ार मोड़ पर नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा के चारों ओर प्रदर्शनकारी इकट्ठा हुए थे. इस रैली में बड़ी संख्या में नागरिक और छात्र शामिल रहे.

  17. ट्रेन के रिटर्न टिकट पर 20 फ़ीसदी की छूट, ‘राउंड ट्रिप पैकेज स्कीम’ की ये हैं शर्तें

    भारतीय रेलवे

    इमेज स्रोत, NurPhoto via Getty Images

    इमेज कैप्शन, इस योजना को फ़िलहाल प्रायोगिक तौर पर लागू किया जा रहा है.

    भारतीय रेलवे ने यात्रियों के लिए 'राउंड ट्रिप पैकेज' स्कीम की घोषणा की है.

    रेलवे एक साथ आने और जाने का टिकट बुक करने वाले यात्रियों को रिटर्न टिकट के बेस किराए में 20 फ़ीसदी की छूट देगा.

    रेल मंत्रालय ने आदेश जारी करते हुए कहा है कि फ़िलहाल इस योजना को प्रायोगिक तौर पर लागू किया जा रहा है.

    इस स्कीम का लाभ लेने के लिए भी एक समयसीमा निर्धारित की गई है और यात्रियों को तय समयसीमा के भीतर बुक करने होंगे.

    ‘कनेक्टिंग जर्नी फ़ीचर’ के ज़रिए बुक होगा टिकट

    यह योजना 14 अगस्त 2025 से शुरू होगी.

    इसके तहत पहली यात्रा का टिकट 13 अक्टूबर 2025 से 26 अक्टूबर 2025 के बीच की तारीख़ के लिए बुक करना होगा.

    वापसी का टिकट 17 नवंबर 2025 से 1 दिसंबर 2025 के बीच की तारीख़ के लिए ‘कनेक्टिंग जर्नी फ़ीचर’ के ज़रिए बुक किया जा सकेगा.

    रिटर्न टिकट की बुकिंग के लिए एडवांस रिज़र्वेशन पीरियड लागू नहीं होगा.

    BBC
  18. 'ऑपरेशन अखाल' में सेना के दो जवानों की मौत, नौ दिनों से जारी है मुठभेड़

    भारतीय सेना

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, भारतीय सैन्य बलों का यह अभियान एक अगस्त को शुरू हुआ था.

    जम्मू-कश्मीर के अखाल में बीते नौ दिनों से जारी मुठभेड़ में भारतीय सेना के दो जवानों की मौत हुई है.

    भारतीय सेना की चिनार कोर ने एक्स पर लिखा है, "चिनार कोर राष्ट्र के लिए कर्तव्य निभाते हुए वीर लांस नायक प्रीतपाल सिंह और सिपाही हरमिंदर सिंह के सर्वोच्च बलिदान को श्रद्धांजलि देता है. उनका साहस और समर्पण हमें सदैव प्रेरित करता रहेगा."

    इस मुठभेड़ में भारतीय सेना ने एक चरमपंथी को मारने का दावा किया है, वहीं कई सुरक्षाकर्मी घायल बताए जा रहे हैं.

    चरमपंथियों के ख़िलाफ़ एक अगस्त से शुरू हुए इस सैन्य अभियान में भारतीय सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और सीआरपीएफ़ शामिल है.

    बीते महीनों के दौरान जम्मू-कश्मीर में चरमपंथियों के ख़िलाफ़ चलाया जाने वाला यह सबसे लंबा अभियान है.

    भारतीय सेना ने एक बयान में बताया था कि अखाल में कुछ "आतंकवादियों" की मौजूदगी की ख़बर मिलने के बाद इस इलाक़े की घेराबंदी की गई.

    श्रीनगर से क़रीब 90 किलोमीटर दूर अखाल इलाक़ा जंगलों से घिरा है. यहां चल रही मुठभेड़ में लगातार फ़ायरिंग और धमाकों की आवाज़ें सुनी जा रही हैं.

  19. दिल्ली-एनसीआर में तेज़ बारिश के बाद जलभराव, मौसम विभाग ने जारी की ये चेतावनी

    बारिश के कारण कई इलाकों में जलजमाव

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, दिल्ली एनसीआर में बारिश के कारण कई इलाकों में जलभराव की स्थिति पैदा हो गई है

    दिल्ली-एनसीआर में शनिवार सुबह से तेज़ बारिश हो रही है. इससे कई इलाकों में जलभराव हो गया और ट्रैफ़िक की रफ़्तार धीमी पड़ गई है.

    भारतीय मौसम विभाग ने बताया है कि सुबह 6 बजकर 45 मिनट तक लोधी रोड पर 57 मिलीमीटर, सफदरजंग में 58 मिलीमीटर और पूसा में 38 मिलीमीटर बारिश हुई.

    मौसम विभाग ने दिल्ली के लिए येलो अलर्ट जारी किया है और पूर्वानुमान जताया है कि कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है.

    दिल्ली के शास्त्री भवन, आरके पुरम, वसंत कुंज, मोती बाग, किदवई नगर, मिंटो ब्रिज, मथुरा रोड और पंचकुइयां मार्ग पर बारिश के बाद पानी भर गया है. इससे लोगों को आवाजाही में दिक़्क़त हो रही है.

    इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर लिखा है, "भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक़ दिल्ली में इस समय मौसम ख़राब है, लेकिन वायु सेवाएं अपने निर्धारित समय पर चल रही हैं. यात्रियों को सलाह दी जाती है कि विमानों की ताज़ा स्थिति के लिए अपनी विमानन सेवाओं से संपर्क करें."

    विमानन कंपनी इंडिगो ने एक्स अकाउंट पर लिखा है, "दिल्ली के यात्री कृपया ध्यान दें. आज हुई भारी बारिश के कारण कई सड़कें अवरुद्ध हैं या धीमी गति से चल रही हैं. अतिरिक्त समय लेकर यात्रा करें और हवाई अड्डे के लिए रवाना होने से पहले हमारी वेबसाइट या ऐप पर अपनी उड़ान की स्थिति जांच लें."

  20. ट्रंप की मौजूदगी में आर्मीनिया और अज़रबैजान ने किया शांति समझौता, अली अब्बास अहमदी और साक्षी वेंकटरमण, बीबीसी न्यूज़. ग्रीगोर अतानेशियन, बीबीसी न्यूज़ रूसी

    अज़रबैजान के राष्ट्रपति और आर्मीनिया के प्रधानमंत्री ने व्हाइट हाउस में संयुक्त समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, अज़रबैजान के राष्ट्रपति और आर्मीनिया के प्रधानमंत्री ने व्हाइट हाउस में संयुक्त समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं

    आर्मीनिया और अज़रबैजान के बीच दशकों से चला आ रहा संघर्ष समाप्त करने के लिए शुक्रवार को व्हाइट हाउस में शांति समझौता हुआ.

    दोनों देशों के नेताओं के बीच समझौता कराने की मेज़बानी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने की.

    अज़रबैजान के राष्ट्रपति इल्हाम अलीयेव और आर्मीनिया के प्रधानमंत्री निकोल पाशिनयान ने समझौते के बाद हाथ मिलाया. अमेरिकी राष्ट्रपति ने इस पल को "ऐतिहासिक" घटना बताया.

    ट्रंप ने इस समझौते को लेकर कहा, "इसमें काफ़ी समय लग गया."

    इस समझौते के बाद दोनों देशों के बीच कुछ प्रमुख परिवहन मार्ग दोबारा खुलेंगे और इससे क्षेत्र में अमेरिकी प्रभाव बढ़ेगा.

    1980 और 1990 के दशक में आर्मीनिया और अज़रबैजान के बीच नागोर्नो-काराबाख़ को लेकर लड़ाई हुई थी, जो अज़रबैजान में आर्मीनियाई मूल का एक क्षेत्र है और इसके बाद से हिंसा बढ़ती गई.

    ट्रंप ने कहा कि आर्मीनिया और अज़रबैजान ने "हमेशा के लिए" सभी लड़ाई बंद करने के साथ-साथ यात्रा, व्यापार और राजनयिक संबंधों को खोलने का वादा किया है.

    अलीयेव ने कहा, "आज हम काकेशस में शांति स्थापित कर रहे हैं. हमने युद्ध, क़ब्ज़े और ख़ून-ख़राबे में उलझे रहकर कई साल गंवा दिए."

    पशिनयान ने इस समझौते पर हस्ताक्षर को दोनों देशों के बीच संबंधों में एक "महत्वपूर्ण मील का पत्थर" बताया है.

    ट्रंप ने कहा, "वे 35 वर्षों तक लड़ते रहे, अब वे दोस्त हैं और लम्बे समय तक दोस्त बने रहेंगे."