लाइव, पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष की बैठक में चन्नी समर्थकों ने किया हंगामा, लगाए नारे
रविवार को बरनाला की जिला स्तरीय बैठक में भी अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग मंच पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करने पहुंचे तो वहां भी चरणजीत सिंह चन्नी के समर्थकों ने 'चन्नी जिंदाबाद' के नारे लगाए थे.
पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष की बैठक में चन्नी समर्थकों ने किया हंगामा, लगाए नारे
इमेज स्रोत, Amarinder Singh Raja Warring/FB
इमेज कैप्शन, पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने चरणजीत सिंह चन्नी को अपना बड़ा भाई बताया
बठिंडा में पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग की मीटिंग में पार्टी नेता और पूर्व सीएम चरणजीत सिंह चन्नी के समर्थन में नारे लगे.
इसके बाद जब पत्रकारों ने जब उनसे इस बारे में पूछा तो उन्होंने कहा, ''कार्यकर्ताओं की मुझसे कोई नाराजगी नहीं है. आप चन्नी साहब से पूछिए, वो मेरे बड़े भाई हैं.''
रविवार को बरनाला की जिला स्तरीय बैठक में भी अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग मंच पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करने पहुंचे तो वहां भी चरणजीत सिंह चन्नी के समर्थकों ने 'चन्नी जिंदाबाद' के नारे लगाए थे.
सुप्रीम कोर्ट में जजों की संख्या 34 से बढ़कर 38 होगी, लोकसभा में बगैर बहस के बिल पारित
इमेज स्रोत, Arvind Yadav/Hindustan Times via Getty Images)
इमेज कैप्शन, सुप्रीम कोर्ट में अब चीफ़ जस्टिस समेत जजों की संख्या 34 से बढ़कर 38 हो जाएगी
सुप्रीम कोर्ट में अब चीफ़ जस्टिस समेत जजों की संख्या 34 से बढ़कर 38 हो जाएगी.
सुप्रीम कोर्ट में जजों की संख्या बढ़ाने के लिए लाया गया बिल बिना बहस के पारित हो गया है.
इस बिल के क़ानून बनते ही सुप्रीम कोर्ट में जजों की संख्या बढ़ जाएगी.
यह बिल मई 2026 में जारी सुप्रीम कोर्ट (न्यायाधीशों की संख्या) संशोधन अध्यादेश, 2026 का स्थान लेगा.
इसके तहत भारत के चीफ़ जस्टिस (सीजेआई) को छोड़कर सुप्रीम कोर्ट के जजों की स्वीकृत संख्या 33 से बढ़ाकर 37 की जाएगी.
यानी चीफ़ जस्टिस समेत सुप्रीम कोर्ट में कुल जजों की कुल संख्या अब 38 होगी
कर्नाटक कैबिनेट विस्तार: डीके शिवकुमार सरकार में शामिल होंगे 20 नए मंत्री
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, डीके शिवकुमार ने तीन जून को मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी (फ़ाइल फ़ोटो)
कर्नाटक में मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार के शपथ ग्रहण के क़रीब दो महीने बाद कैबिनेट का विस्तार किया जा रहा है. शिवकुमार सरकार के मंत्रिमंडल में 20 नए मंत्रियों को शामिल किया जाएगा.
नए मंत्रियों का शपथ ग्रहण समारोह सोमवार शाम 4 बजे होने की संभावना है.
वर्तमान में कर्नाटक कैबिनेट में 14 मंत्री हैं. विस्तार के बाद राज्य सरकार में मंत्रियों की कुल संख्या बढ़कर 34 हो जाएगी.
दरअसल, 3 जून को डीके शिवकुमार ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी. उनके साथ उप मुख्यमंत्री जी परमेश्वर और 12 अन्य मंत्रियों ने भी शपथ ग्रहण किया था.
कैबिनेट विस्तार के बाद कर्नाटक सरकार में मंत्रियों के सभी पद भर जाएंगे और मंत्रिमंडल में कोई जगह खाली नहीं रहेगी.
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, शिवकुमार सरकार के मंत्रिमंडल में 20 नए मंत्रियों को शामिल किया जाएगा
अभी तक बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे. अब बीबीसी संवाददाता दीपक मंडल रात दस बजे तक आप तक ताज़ा ख़बरें पहुंचाएंगे.
स्पेन में घुस रहे लोगों पर मोरक्को के गृह मंत्रालय ने क्या कहा
इमेज स्रोत, Adri Salido/Getty Images
इमेज कैप्शन, स्पेनिश अधिकारियों के मुताबिक़ हाल के दिनों में लगभग 60,000 प्रवासी स्पेन के स्यूटा पहुंचे (फ़ाइल फ़ोटो)
मोरक्को के गृह मंत्रालय ने रविवार को कहा कि स्पेन के स्यूटा और मेलिला में बड़े पैमाने पर सीमा पार करने के प्रयास सोशल मीडिया पर फैलाई गई भ्रामक जानकारी और मानव तस्करी नेटवर्क की गतिविधियों का नतीजा थे.
मंत्रालय ने एक बयान में कहा, "आंकड़ों से स्पष्ट हुआ है कि ये घटनाएं अचानक या अपने आप नहीं हुई थीं. इन घटनाओं के पीछे कई कारण रहे, जैसे- डिजिटल प्लेटफ़ॉर्म का दुर्भावनापूर्ण इस्तेमाल, भ्रामक सूचनाओं का प्रसार, मानव तस्करी गिरोहों की सक्रियता और कानूनी व प्रशासनिक जानकारियों की गलत व्याख्या."
बीबीसी अरबी के मुताबिक़, गृह मंत्रालय ने बताया कि स्यूटा की तरफ़ बड़े पैमाने पर हुए सीमा पार करने के प्रयास में क़रीब 40,000 लोग शामिल थे, जबकि मेलिला में 1,135 लोगों को एंट्री करने से रोक दिया गया.
वहीं, स्पेनिश अधिकारियों के मुताबिक़ हाल के दिनों में लगभग 60,000 प्रवासी स्पेन के स्यूटा पहुंचे. इनमें से अधिकांश लोगों को मोरक्को के शहर फ़निदेक वापस भेज दिया गया.
बृज भूषण सिंह के बरी होने पर ये बोलीं विनेश फोगाट
इमेज स्रोत, Vipin Kumar/Hindustan Times via Getty Images
इमेज कैप्शन, विनेश फोगाट ने आरोप लगाया कि शुरू से ही ये सरकार और सिस्टम बृज भूषण को बचाने के लिए लगा हुआ है (फ़ाइल फ़ोटो)
भारतीय जनता पार्टी के नेता और भारतीय कुश्ती महासंघ के पूर्व अध्यक्ष बृज भूषण शरण सिंह को सोमवार को दिल्ली की एक अदालत ने महिला पहलवानों के यौन उत्पीड़न के मामले में बरी कर दिया है.
इस मामले पर पहलवान और कांग्रेस नेता विनेश फोगाट की प्रतिक्रिया आई है.
विनेश फोगाट ने आरोप लगाया कि शुरू से ही ये सरकार और सिस्टम बृज भूषण को बचाने के लिए लगा हुआ है.
विनेश फोगाट ने बयान जारी करते हुए लिखा, "हमें सड़क पर उतरने और सत्ताधारी पार्टी के एक बाहुबली नेता के ख़िलाफ़ एफ़आईआर दर्ज करवाने के लिए बहुत हिम्मत जुटानी पड़ी थी. सत्ता और अपने बाहुबल के दम पर बृज भूषण ने कई लड़कियों को डराकर उनके नाम वापस करवाए हैं."
उन्होंने लिखा, "लेकिन कई महिला पहलवान खड़ी रहीं और कोर्ट में बृज भूषण के ख़िलाफ़ लड़ाई लड़ती रहीं. हमें इस बात का बहुत दुख है कि अदालत ने बृज भूषण शरण सिंह को महिला पहलवानों की ओर से लगाए गए यौन हिंसा के आरोपों में दोषी नहीं माना."
फोगाट ने लिखा, "शुरू से ही सारा तंत्र, सरकार और ये सिस्टम बृज भूषण को बचाने के लिए लगा हुआ है. महिला पहलवानों ने अपने वकीलों को इस फ़ैसले के ख़िलाफ़ अपील करने का निर्देश दे दिया है और यह जल्द से जल्द की जाएगी. हमने उम्मीद नहीं छोड़ी है और पहलवान अपनी लड़ाई जारी रखेंगे."
पहलवान बजरंग पूनिया ने भी एक्स पर यही बयान साझा किया है.
वहीं, बृज भूषण शरण सिंह ने इस मामले पर कहा कि उन्हें भरोसा था कि उन्हें न्याय मिलेगा.
बृज भूषण शरण सिंह ने कहा, "मुझे पूरा भरोसा था कि मेरे साथ न्याय होगा. मैंने कभी ख़ुद को अपराधी महसूस नहीं किया. जो जूनियर खिलाड़ी थे, जिनका हक़ मारा जा रहा था, हमने उनके लिए लड़ाई लड़ी. मुझे ख़ुशी है कि उस लड़ाई में भी हमारी ही जीत हुई और भरोसा है कि वो (जूनियर) खिलाड़ी आने वाले समय में पहलवानी में देश का परचम लहराएंगे."
अभिजीत दीपके बोले- मैं स्कॉलरशिप लेटर दिखाऊंगा, क्या बीजेपी नेता डिग्री दिखाएंगे
इमेज स्रोत, SAJJAD HUSSAIN / AFP via Getty Images
इमेज कैप्शन, अभिजीत दीपके ने पूछा कि अगर कोई सामान्य घर का लड़का बोस्टन यूनिवर्सिटी से पढ़कर लौटा है तो इन्हें क्यों तकलीफ़ हो रही है (फ़ाइल फ़ोटो)
कॉकरोच जनता पार्टी के फ़ाउंडर अभिजीत दीपके ने कहा है कि वो अपना स्कॉलरशिप लेटर और एजुकेशन लोन से जुड़े दस्तावेज़ दिखाने को तैयार हैं.
इस पर अभिजीत दीपके ने कहा, "मैंने देखा कि किसी बीजेपी कार्यकर्ता ने मुझ पर आरटीआई फ़ाइल की है और वो जानना चाहते हैं कि मैंने अपनी एजुकेशन कैसे पूरी की. मैं उनसे पूछना चाहता हूँ कि क्या आपके नेता अपनी डिग्री दिखाएँगे?"
उन्होंने कहा, "मैं अपना स्कॉलरशिप लेटर और एजुकेशन लोन से जुड़े दस्तावेज़ दिखाने को तैयार हूं. लेकिन क्या आपके नेता अपनी असली डिग्री दिखाएंगे? मुझे समझ नहीं आता कि इन लोगों को एजुकेशन से इतनी क्या समस्या है."
दीपके ने कहा, "अगर कोई आम घर का लड़का बोस्टन यूनिवर्सिटी से पढ़कर लौटा है तो इन्हें क्यों तकलीफ़ हो रही है. आप लोग एजुकेशन के ख़िलाफ़ क्यों हो?"
गौरतलब है कि सूरत के एक आरटीआई कार्यकर्ता अमित तिवारी ने शनिवार को दावा किया था कि उन्होंने अभिजीत दीपके के पिता की वित्तीय स्थिति की जाँच कराने की मांग की है.
भारत ने इन्हें बनाया ईरान का नया राजदूत
इमेज स्रोत, embassy of india yerevan armenia
इमेज कैप्शन, आईएफ़एस अधिकारी विश्वेश नेगी वर्तमान में विदेश मंत्रालय में जॉइंट सेक्रेटरी के पद पर हैं (फ़ाइल फ़ोटो)
भारत सरकार ने वरिष्ठ भारतीय विदेश सेवा (आईएफ़एस) अधिकारी विश्वेश नेगी को ईरान में भारत का राजदूत नियुक्त किया है.
विदेश मंत्रालय की ओर से जारी बयान के अनुसार, "साल 2002 बैच के आईएफ़एस अधिकारी विश्वेश नेगी वर्तमान में मंत्रालय में जॉइंट सेक्रेटरी के पद पर कार्यरत हैं. उन्हें ईरान में भारत का अगला राजदूत नियुक्त किया गया है."
मंत्रालय ने बताया कि विश्वेश नेगी जल्द ही अपना कार्यभार संभालेंगे.
बृज भूषण सिंह के बरी होने पर क्या बोलीं विनेश फोगाट की वकील?, सुमेधा पाल, बीबीसी संवाददाता
इमेज स्रोत, Sanchit Khanna/Hindustan Times via Getty Images
इमेज कैप्शन, विनेश फोगाट की वकील रेबेका जॉन ने कहा है कि यह फ़ैसला बेहद निराश करने वाला है
भारतीय जनता पार्टी के नेता और भारतीय कुश्ती महासंघ के पूर्व अध्यक्ष बृज भूषण शरण सिंह को सोमवार को दिल्ली की एक अदालत ने महिला पहलवानों के यौन उत्पीड़न के मामले में बरी कर दिया है.
इस पर पहलवान और कांग्रेस विधायक विनेश फोगाट की वकील का बयान सामने आया है.
विनेश फोगाट की वकील रेबेका जॉन ने कहा है, "यह फ़ैसला बेहद निराश करने वाला है. इस मामले में शिकायत करने वाली चार महिलाओं ने अदालत में पूरी ईमानदारी से गवाही दी. जिरह के दौरान भी उनके बयान नहीं बदले."
उन्होंने कहा, "हमें नहीं पता कि यह बरी करने का फ़ैसला कैसे आया. अभी तक हमें अदालत का आदेश नहीं मिला है. फ़िलहाल इतना ही कहेंगे कि हम इस फ़ैसले को चुनौती देंगे. हमें पूरा भरोसा है कि यह फ़ैसला पलट दिया जाएगा.”
बृज भूषण शरण सिंह ने कोर्ट के फ़ैसले पर कहा, "कोर्ट ने कहा कि बृज भूषण सिंह और विनोद तोमर, आप दोनों लोगों को बाइज़्ज़त बरी किया जाता है. पहले ही दिन मैंने कहा था कि मेरे ख़िलाफ़ कोई फ़ैसला आता है या कोई आरोप साबित होता है तो मैं ख़ुद फांसी पर लटक जाऊंगा."
बीजेपी नेता रमेश बिधूड़ी के वायरल बयान पर कांग्रेस ने क्या कहा
इमेज स्रोत, Sanchit Khanna/Hindustan Times via Getty Images
इमेज कैप्शन, सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक बयान में बीजेपी नेता रमेश बिधूड़ी कथित तौर पर कह रहे हैं कि प्रदर्शनकारियों में छात्र कम थे और बेरोज़गार ज़्यादा थे (फ़ाइल फ़ोटो)
बीजेपी के पूर्व सांसद रमेश बिधूड़ी का सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें उन्होंने जंतर-मंतर पर हुए छात्रों के प्रदर्शन पर टिप्पणी की है. इस पर कांग्रेस पार्टी ने प्रतिक्रिया दी है.
कांग्रेस ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने वाले जेन-ज़ी पंचर लगाने वाले थे, छात्र नहीं थे. ये बात नरेंद्र मोदी के चहेते बीजेपी नेता रमेश बिधूड़ी ने कही है. पहले मोदी ने युवाओं पर लाठियाँ, आँसू गैस के गोले और पैलेट गन चलवाई. इतने से मन नहीं भरा तो अपने गालीबाज़ नेताओं से देश के युवाओं को गालियाँ दिलवा रहे हैं, अपमानित करवा रहे हैं."
उन्होंने लिखा, "अपने ईगो के लिए मोदी हर दिन देश के युवाओं के मान सम्मान को रौंदने में लगे हैं. मोदी को बताना चाहिए- क्या सभ्य समाज में इस तरह की गिरी हुई बात की जानी चाहिए?"
दरअसल, सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक बयान में बीजेपी नेता रमेश बिधूड़ी कहते हुए सुनाई दे रहे हैं कि प्रदर्शनकारियों में छात्र कम थे और बेरोज़गार ज़्यादा थे.
वीडियो में वो कहते हुए सुनाई दे रहे हैं, "जंतर-मंतर पर बैठे युवाओं में पंक्चर लगाने वाले, बेरोज़गार और ताले बनाने वाले ज़्यादा थे, जबकि छात्र कम थे. क्या भारत के बेटे-बेटी मोदी जी और उनके परिवार के बारे में इस तरह की बातें कर सकते हैं?"
जसप्रीत बुमराह श्रीलंका टेस्ट सिरीज़ से बाहर, जम्मू-कश्मीर के आक़िब नबी को जगह
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, आक़िब नबी ने पिछले दो रणजी ट्रॉफ़ी सीज़न में शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 104 विकेट हासिल किए हैं (फ़ाइल फ़ोटो)
भारतीय तेज़ गेंदबाज़ जसप्रीत बुमराह श्रीलंका टेस्ट सिरीज़ से बाहर हो गए हैं. बुमराह की जगह जम्मू-कश्मीर के तेज़ गेंदबाज़ आक़िब नबी को टेस्ट टीम में शामिल किया गया है.
दरअसल, इंग्लैंड के ख़िलाफ़ वनडे सिरीज़ के दौरान बाएं घुटने की चोट से बुमराह अभी पूरी तरह उबर नहीं पाए हैं, जिसके चलते उन्हें टीम से बाहर रखा गया है.
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के सचिव देवजीत सैकिया की ओर से जारी किए गए बयान में बताया गया कि आक़िब नबी को पहली बार भारतीय सीनियर टीम में जगह मिली है.
आक़िब नबी ने पिछले दो रणजी ट्रॉफ़ी सीज़न में शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 104 विकेट हासिल किए हैं. साल 2025-26 के रणजी सत्र में उन्होंने 60 विकेट झटके और जम्मू-कश्मीर को पहली बार रणजी ट्रॉफ़ी ख़िताब जिताने में अहम भूमिका निभाई.
इसके अलावा वह हाल ही में श्रीलंका दौरे पर गई इंडिया-ए टीम का भी हिस्सा थे, जहां उन्होंने दो फ़र्स्ट-क्लास मैचों में छह विकेट अपने नाम किए.
श्रीलंका के ख़िलाफ़ टेस्ट सिरीज़ के लिए भारत की टीम: शुभमन गिल (कप्तान), केएल राहुल (उपकप्तान), यशस्वी जायसवाल, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), साई सुदर्शन, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव, मानव सुथार, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर बराड़, देवदत्त पडिक्कल, सारांश जैन और आक़िब नबी
ट्रंप के ईरान पर एलान के बाद कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट, सोने का क्या हाल
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, कच्चे तेल की क़ीमतों में सोमवार यानी तीन अगस्त को 4% से अधिक की गिरावट दर्ज की गई (फ़ाइल फ़ोटो)
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से ईरान पर नए सैन्य हमले को टालने के फ़ैसले के बाद कच्चे तेल की क़ीमतों में सोमवार यानी तीन अगस्त को4% से अधिक की गिरावट दर्ज की गई.
वहीं, सुरक्षित निवेश (सेफ़ हेवन) की मांग बढ़ने से सोना समेत अन्य कीमती धातुओं में तेज़ी दर्ज हुई है.
ब्रेंट क्रूड 4.08 डॉलर यानी 4.64% टूटकर 83.85 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया. वहीं, अमेरिकी वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट क्रूड 4.01 डॉलर यानी 4.74% की गिरावट के साथ 80.66 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार करता दिखा.
दूसरी ओर, सोने की क़ीमतों में मज़बूती दर्ज की गई. ट्रंप के फ़ैसले से महंगाई और ब्याज दरों को लेकर चिंताएं कुछ कम हुईं, जिससे निवेशकों का रुझान सुरक्षित निवेश की ओर बना है.
स्पॉट गोल्ड 0.7% की बढ़त के साथ 4,067.06 डॉलर प्रति औंस पर पहुँच गया, जबकि अमेरिकी गोल्ड फ़्यूचर्स 0.9% चढ़कर 4,065.60 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार करता दिखा.
गौरतलब है कि रविवार को ही डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान पर नए हमले को फ़िलहाल टालते हुए ईरान के परमाणु कार्यक्रम पर जल्द समझौता करने और होर्मुज़ स्ट्रेट को दोबारा खोलने की संभावना जताई है.
हथियार छोड़ने को लेकर हुए समझौते के बावजूद ग़ज़ा पर हुआ हवाई हमला, जेमी व्हाइटहेड
इमेज स्रोत, Saeed M. M. T. Jaras/Anadolu via Getty Images
इमेज कैप्शन, फ़लस्तीनी अधिकारियों के अनुसार, हमले ग़ज़ा सिटी, ख़ान यूनिस और दीर अल-बलाह के रिहायशी इलाकों में किए गए
ग़ज़ा पट्टी पर इसराइल ने लगातार दूसरे दिन भी हवाई हमले किए, जिनमें बच्चों समेत 13 लोगों की मौत हो गई.
फ़लस्तीनी अधिकारियों के अनुसार, हमले ग़ज़ा सिटी, ख़ान यूनिस और दीर अल-बलाह के रिहायशी इलाकों में किए गए.
ग़ज़ा की सिविल डिफेंस अथॉरिटी ने बताया कि इसराइली सैन्य विमानों ने कई आवासीय क्षेत्रों को निशाना बनाया. वहीं, इसराइली सेना (आईडीएफ़) ने कहा कि कार्रवाई का उद्देश्य ग़ज़ा में सक्रिय सैन्य ठिकानों और हमास के लड़ाकों को निशाना बनाना था. सेना के मुताबिक़, इन हमलों में हमास के दो लड़ाके मारे गए.
यह हमला ऐसे समय में हुआ है, जब कुछ दिन पहले हमास ने प्रस्तावित निरस्त्रीकरण योजना को स्वीकार किया था. इस योजना के तहत हमास अपने हथियार अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के 'बोर्ड ऑफ़ पीस' को सौंपेगा.
उधर, इसराइल के ऊर्जा मंत्री एली कोहेन ने रविवार को स्पष्ट किया कि ग़ज़ा में सैन्य कार्रवाई रोकने को लेकर कोई समझौता नहीं हुआ है. उन्होंने कहा कि यदि हमास अपने हथियार नहीं छोड़ता है, तो ग़ज़ा पट्टी को पूरी तरह इसराइल के नियंत्रण में लाना ज़रूरी होगा.
समाचार एजेंसी रॉयटर्स के अनुसार, फ़िलहाल ग़ज़ा पट्टी का लगभग 70 प्रतिशत हिस्सा इसराइल के नियंत्रण में है.
कॉकरोच जनता पार्टी पांच अगस्त को क्या करने वाली है
इमेज स्रोत, Arun SANKAR / AFP via Getty Images
इमेज कैप्शन, सीजेपी के फ़ाउंडर अभिजीत दीपके के आवास पर बैठक होगी (फ़ाइल फ़ोटो)
महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में 5 अगस्त को कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) की कोर कमेटी की अहम बैठक होगी.
समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, सीजेपी के सूत्रों ने रविवार को बताया कि बैठक में पार्टी के भविष्य के एजेंडे और आगामी रणनीति पर चर्चा की जाएगी.
यह बैठक सीजेपी के फ़ाउंडर अभिजीत दीपके के आवास पर आयोजित होगी. बैठक के बाद सीजेपी प्रेस कॉन्फ्रेंस करेगी, जिसमें भविष्य की कार्ययोजना और लिए गए फ़ैसलों की आधिकारिक घोषणा की जाएगी.
बताया गया है कि दिल्ली के जंतर-मंतर पर पिछले महीने नीट पेपर लीक मामले को लेकर चले एक महीने लंबे आंदोलन के बाद सीजेपी ने अपने कार्यकर्ताओं और वॉलंटियर से कुछ समय परिवार के साथ बिताने को कहा था.
पीटीआई ने सूत्रों के हवाले से बताया, कोर कमेटी के सदस्यों को वॉलंटियर और छात्रों से बातचीत कर उनके सुझाव जुटाने के निर्देश भी दिए गए थे, ताकि उन्हें 5 अगस्त की बैठक में रखा जा सके.
गौरतलब है कि नीट पेपर लीक मामले को लेकर दिल्ली के जंतर-मंतर पर सीजेपी के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन को बड़ी संख्या में 'जेन ज़ी' युवाओं का समर्थन मिला था. इस आंदोलन के बाद केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने पिछले सप्ताह अपने पद से इस्तीफ़ा दे दिया था.
डोनाल्ड ट्रंप ने बताया ईरान के साथ कब से शुरू होगी बातचीत, बर्नड डेबसमैन जूनियर और जेम्स चैटर
इमेज स्रोत, Kevin Dietsch/Getty Images
इमेज कैप्शन, डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत सोमवार दोपहर से शुरू होगी (फ़ाइल फ़ोटो)
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि ईरान के साथ नए दौर की बातचीत सोमवार से शुरू होगी.
उन्होंने कहा कि प्रस्तावित बड़े सैन्य हमले को फ़िलहाल टाल दिया गया है, क्योंकि ईरान और मध्य पूर्व में अमेरिका के सहयोगी देशों ने ऐसा करने का आग्रह किया था.
एयर फ़ोर्स वन प्लेन में पत्रकारों से ट्रंप ने कहा कि अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत सोमवार दोपहर से शुरू होगी. हालांकि, उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया कि वार्ता किस स्थान पर होगी और इसमें कौन-कौन शामिल होगा.
इससे पहले, ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म ट्रुथ सोशल पर लिखा, "ईरान और मध्य पूर्व में अमेरिका के सहयोगी देशों ने उनसे सैन्य कार्रवाई रोकने का अनुरोध किया था, क्योंकि समझौते की रूपरेखा लगभग तैयार हो चुकी है."
ट्रंप ने दावा किया कि होर्मुज़ स्ट्रेट और परमाणु मुद्दे पर समझौते की संभावना बनी हुई है.
हालांकि, ईरान की अर्ध-सरकारी समाचार एजेंसी मेहर ने कहा कि ईरान ने अमेरिका से किसी भी सैन्य कार्रवाई को टालने का अनुरोध नहीं किया है और ट्रंप का दावा 'एक नया झूठ' है.
ईरानी मीडिया के मुताबिक़, विदेश मंत्री अब्बास अराग़ची ने कहा कि ओमान की मध्यस्थता में होर्मुज़ स्ट्रेट से जुड़े समझौते पर बातचीत अंतिम चरण की ओर बढ़ रही है.
ग्रीस में आग बुझाने के दौरान दो हेलीकॉप्टर टकराए, पायलट समेत दो की मौत, पॉलिन कोला और निकोस पपैनेकोला
इमेज स्रोत, Costas Baltas/Anadolu via Getty Images
इमेज कैप्शन, यह हादसा राजधानी एथेंस से क़रीब 65 किलोमीटर पश्चिम में उस समय हुआ, जब दोनों हेलीकॉप्टर भीषण जंगल की आग बुझाने के अभियान में जुटे थे (सांकेतिक तस्वीर)
ग्रीस (यूनान) में जंगल की आग बुझाने के अभियान के दौरान रविवार को दो हेलीकॉप्टरों की हवा में टक्कर हो गई.
इस हादसे में डेनमार्क के एक पायलट और ग्रीस की फ़ायर सर्विस के एक संपर्क अधिकारी (लायज़न ऑफ़िसर) की मौत हो गई, जबकि दूसरे ब्रिटिश पायलट और ग्रीक कॉर्डिनेटर मामूली रूप से घायल हो गए.
यह हादसा राजधानी एथेंस से क़रीब 65 किलोमीटर पश्चिम में उस समय हुआ, जब दोनों हेलीकॉप्टर अटिका-बोयोटिया सीमा पर लगी भीषण जंगल की आग बुझाने के अभियान में जुटे थे.
घटना का वीडियो सामने आया है, जिसमें एक हेलीकॉप्टर दूसरे से टकराता दिखाई देता है. टक्कर के बाद एक हेलीकॉप्टर में आग लग गई और वह पास की खाई में गिर गया, जबकि दूसरा हेलीकॉप्टर आपातकालीन लैंडिंग करने में सफल रहा.
ग्रीक फ़ायर सर्विस के अनुसार, दुर्घटना के बाद एक हेलीकॉप्टर के दोनों चालक दल के सदस्यों को सुरक्षित निकाल लिया गया, जबकि दूसरे हेलीकॉप्टर में सवार दोनों कर्मियों को बेहोशी की हालत में निकाला गया. बाद में डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
गौरतलब है कि इस सप्ताह ग्रीस में भीषण जंगल की आग के चलते बड़े पैमाने पर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है. पोर्टो जर्मेनो, पसाथा, फ़ोकिडा, मेगारा और केफ़ालोनिया समेत कई इलाकों में पिछले 72 घंटों से 500 से अधिक दमकलकर्मी आग पर काबू पाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं.
बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.
कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.
बीबीसी न्यूज़ हिन्दी पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए उनके साथ दिए गए लिंक पर क्लिक करें.