You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

बेंगलुरु भगदड़ मामले में पुलिस कमिश्नर सहित कई पुलिस अधिकारी निलंबित

चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर हुए भगदड़ मामले में गुरुवार को कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने बेंगलुरु पुलिस कमिश्नर सहित कई पुलिस अधिकारियों को निलंबित कर दिया है.

सारांश

लाइव कवरेज

इफ़्तेख़ार अली और आनंद मणि त्रिपाठी

  1. अब इस लाइव पेज को विराम देने का वक़्त आ गया है. बीबीसी संवाददाता आनंद मणि त्रिपाठी को दीजिए इजाज़त.

    कल हम बीबीसी लाइव पेज के ज़रिए दिन भर की बड़ी ख़बरों को लेकर फिर हाज़िर होंगे.

    फ़िलहाल, हमारे होम पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  2. बेंगलुरु भगदड़ मामले में पुलिस कमिश्नर सहित कई पुलिस अधिकारी निलंबित, इमरान क़ुरैशी, बेंगलुरु से बीबीसी हिंदी के लिए

    चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर हुए भगदड़ मामले में गुरुवार को कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने बेंगलुरु पुलिस कमिश्नर सहित कई शीर्ष पुलिस अधिकारियों को निलंबित कर दिया है.

    सीएम सिद्धारमैया ने प्रेस कॉन्फ़्रेंस में एडीजीपी रैंक के अधिकारी बी दयानंद को निलंबित किए जाने के कैबिनेट के फ़ैसले की जानकारी दी. बी दयानंद हाल के वर्षों में बेंगलुरु के पुलिस आयुक्त के रूप में सबसे लंबे समय तक रहे हैं.

    कर्नाटक में पहले कभी भी बेंगलुरु के पुलिस कमिश्नर को निलंबित नहीं किया गया है.

    बेंगलुरु के पुलिस कमिश्नर के साथ के अलावा, अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर विकास कुमार विकास, डीसीपी सेंट्रल शेखर एचटी, एसीपी बालकृष्ण को भी निलंबित किया गया किया गया है.

    कैबिनेट ने पूर्व हाई कोर्ट जज जस्टिस माइकल कुन्हा की अध्यक्षता में एक सदस्यीय जांच आयोग गठित करने का फ़ैसला किया है.

    सिद्धारमैया ने कहा, "इन अधिकारियों को निलंबित करने का निर्णय लिया गया है क्योंकि वे गैर-ज़िम्मेदार और लापरवाह हैं. मेरे विधायक, मंत्री, उप मुख्यमंत्री और मुख्यमंत्री बनने के बाद से ऐसी घटना नहीं हुई है. इस घटना ने हमें आहत किया है."

    चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर बुधवार को हुई भगदड़ में 11 लोगों की मौत हो गई थी और 33 लोग घायल हुए थे.

    यह सभी 18 साल बाद आईपीएल ट्रॉफ़ी जीतने वाली रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की जीत का जश्न मनाने पहुंचे थे.

    इससे पहले इस मामले में गुरुवार को ही कर्नाटक पुलिस ने एफ़आईआर दर्ज की है.

    एफ़आईआर में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, इवेंट कराने वाली कंपनी डीएनए और कर्नाटक क्रिकेट एसोसिएशन का नाम भी शामिल है.

    इसके अलावा कर्नाटक उच्च न्यायालय ने भी स्वत: संज्ञान लेते हुए कर्नाटक सरकार को नोटिस जारी करते हुए स्थिति की रिपोर्ट मांगी है. इस मामले में दस जून को सुनवाई होगी.

  3. भारत और पाकिस्तान संघर्ष विराम को लेकर अब क्या बोले सचिन पायलट?

    भारत पाकिस्तान के बीच हुए संघर्ष विराम को लेकर राजस्थान के कांग्रेस नेता सचिन पायलट का बयान आया है. इस संघर्ष को करीब एक महीने होने जा रहा है.

    कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने कहा,"पहली बार हमने देखा है. जंग पहले भी हमारी हुईं हैं. लेकिन युद्ध विराम जब होता है तो तीसरे देश का राष्ट्रपति उसकी घोषणा करे. और एक बार नहीं 11 बार करे, मैंने व्यापार का लालच या डर दिखाकर युद्ध विराम कराया है, ये बात वो बार बार बोल रहे हैं."

    उन्होंने कहा, "अगर यह बात झूठ भी है तो इसका खंडन विदेश मंत्रालय का प्रवक्ता नहीं कर सकता. इसका खंडन सरकार के सर्वोच्च पद से आना चाहिए."

    सचिन पायलट ने कहा, "राष्ट्रपति ट्रंप अलग अलग देशों में जा रहे हैं और अब तक वह 11 बार कह चुके हैं कि युद्ध विराम मैंने कराया था और इसकी घोषणा कर रहे हैं. वह इस बात को बराबर कह रहे हैं कि मैंने व्यापार का लालच या डर दिखाकर युद्ध विराम कराया है."

    सचिन पायलट ने कहा कि सरकार अगर इसे सही नहीं मानती है तो इसका खंडन करना चाहिए.

  4. बेंगलुरु भगदड़: उच्च न्यायालय ने लिया संज्ञान, 10 जून को होगी सुनवाई, इमरान क़ुरैशी, बेंगलुरु से बीबीसी हिंदी के लिए

    कर्नाटक उच्च न्यायालय ने चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर हुई भगदड़ मामले में स्वत: संज्ञान लिया है. इस भगदड़ में 11 लोगों की मौत हो गई थी.

    उच्च न्यायालय के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति वी कामेश्वर राव और न्यायमूर्ति सीएम जोशी की पीठ ने कर्नाटक सरकार को नोटिस जारी करते हुए स्थिति की रिपोर्ट मंगाई है.

    इस मामले की सुनवाई के दौरान न्यायालय ने सवाल किया कि क्या सरकार भविष्य में ऐसी स्थितियों से निपटने के​ लिए मानक संचालन प्रकिया (एसओपी) तैयार करेगी?

    महाधिवक्ता शशि किरण शेट्टी ने कहा कि सरकार ऐसा करेगी. शेट्टी ने न्यायालय को यह भी बताया कि घटना के समय स्टेडियम भर जाने के बाद स्टेडियम के आसपास दो लाख लोग मौजूद थे.

    इस मामले को लेकर न्यायिक जांच के लिए एक जनहित याचिका दायर की गई है. अब इस मामले में दस जून को सुनवाई होगी.

  5. बेंगलुरु भगदड़: आरसीबी और कर्नाटक क्रिकेट एसोसिएशन पर केस दर्ज, इमरान क़ुरैशी ,बेंगलुरु से बीबीसी हिंदी के लिए

    चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर भगदड़ मामले में कर्नाटक पुलिस ने गुरुवार को मुक़दमा दर्ज किया है. इसमें रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, इवेंट कराने वाली कंपनी डीएनए और कर्नाटक क्रिकेट एसोसिएशन का नाम शामिल है.

    कर्नाटक पुलिस ने तीनों संस्थानों पर गैर इरादतन हत्या, जान बूझकर किसी को गंभीर चोट पहुंचाने सहित बीएनएस की धारा 105, 118 और 120 के तहत मुक़दमा दर्ज किया है.

    बुधवार को बेंगलुरु के चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर हुई भगदड़ में 11 लोगों की मौत हो गई थी और 33 लोग घायल हुए थे. यह सभी 18 साल बाद आईपीएल ट्रॉफी जीतने वाली रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की जीत का जश्न मनाने पहुंचे थे.

    एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बीबीसी हिंदी को बताया, "चिन्नास्वामी स्टेडियम के गेट पर भगदड़ मच गई. जब यह हादसा हुआ, उस समय स्टेडियम का गेट नहीं खुला था और बड़ी संख्या में लोग एक छोटे से गेट को धक्का देकर तोड़ने की कोशिश कर रहे थे कि इसी दौरान भगदड़ मच गई." इस मामले में कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया के आदेश के बाद मजिस्ट्रेट जांच शुरू हो गई है.

  6. कार्टून: एक दिन के संवेदनशील

    विश्व पर्यावरण दिवस पर आज का कार्टून.

  7. चाड पर ट्रंप ने क्यों लगाया प्रतिबंध?

    अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने 12 देशों के लोगों पर प्रतिबंध लगाया है. इसमें अफ़्रीकी देश चाड भी शामिल है.

    व्हाइट हाउस ने कहा है कि चाड पर इसलिए प्रतिबंध लगाया गया है क्योंकि यहां के लोग वीज़ा अवधि के बाद बाद भी काफी लंबे समय तक अमेरिका में ठहरते थे. यू​रेनियम और सोने से भरपूर चाड एक लैंड लॉक्ड अफ़्रीकन देश है.

    व्हाइट हाउस ने कहा है कि वीज़ा अवधि से अधिक समय तक रहने की इस स्थिति को स्वीकार नहीं किया जा सकता है और यह अमेरिकी आव्रजन कानूनों का उल्लंघन है.

    हालांकि इस प्रतिबंध को लेकर अभी तक चाड सरकार ने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है.

    उत्तर-मध्य अफ्रीका में स्थित चाड कई बार अस्थिरता और लड़ाई के दौर से गुज़रा है और हाल ही में सरकारी सुरक्षा बलों और इस्लामी समूहों के बीच लड़ाई हुई थी.

    वर्तमान में चाड के राष्ट्रपति महामत डेबी हैं. इनके पिता इदरीस डेबी 30 साल सत्ता में रहने के बाद विद्रोही ताकतों के साथ लड़ाई में मारे गए थे.

  8. दक्षिणी सीरिया में इसराइली सेना ने बीबीसी टीम को तीन घंटे से अधिक समय तक हिरासत में रखा

    बीबीसी अरबी टीम के कुछ सदस्यों को दक्षिणी सीरिया में इसराइली सेना ने 9 मई को हिरासत में ले लिया था और कपड़े उतरवाकर उनकी तलाशी भी ली.

    इस दौरान टीम के सभी सदस्यों के फोन और कैमरे भी ले लिए गए और उनकी तस्वीरें डिलीट कर दी गईं.

    बीबीसी की सात सदस्यीय यह टीम कवरेज के लिए इसराइली सेना के कब्ज़े वाले गोलान हाइट्स की सीमा पर सीरियाई क्षेत्र में जाने की कोशिश कर रही थी, जिसे इसराइली सेना ने दिसंबर से अपने कब्जे में ले रखा है.

    इसे लेकर इसराइली प्रधानमंत्री ने भी एलान किया था कि वह बशर अल असद शासन के पतन के बाद असैन्यीकृत बफर जोन और उसके पड़ोसी क्षेत्रों पर अनिश्चित काल के लिए नियंत्रण कर रहा है.

    बीबीसी की इस टीम में ब्रिटिश पत्रकार, दो इराकी बीबीसी कर्मचारी, और चार सीरियाई- तीन फ्रीलांसर और एक बीबीसी कैमरामैन शामिल थे.

    बीबीसी संवाददाता फे़रास किलानी ने बताया कि ​हिरासत में लिए जाने के दौरान इसराइली सैनिकों ने हमारे सिर पर बंदूके तान दी थी.

    इस संबंध में इसराइली सेना से भी शिकायत की गई है लेकिन लेकिन अभी तक कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली है.

  9. छत्तीसगढ़: सुरक्षाबलों ने माओवादी नेता तेंतू लक्ष्मी को मुठभेड़ में मारने का किया दावा, एक करोड़ रुपए का था इनाम, आलोक पुतुल, रायपुर से बीबीसी हिंदी के लिए

    छत्तीसगढ़ के बीजापुर में सुरक्षाबलों ने माओवादियों की सेंट्रल कमेटी के सदस्य तेंतू लक्ष्मी नरसिंहाचलम ऊर्फ गौतम ऊर्फ सुधाकर को एक मुठभेड़ में मारने का दावा किया है.

    उन पर एक करोड़ रुपए का इनाम था.

    पुलिस के अनुसार बीजापुर के नेशनल पार्क एरिया में एक बड़े माओवादी की उपस्थिति की ख़बर के बाद सुरक्षाबलों ने ऑपरेशन चलाया था.

    पुलिस के प्रवक्ता ने कहा,“केंद्रीय समिति सदस्य गौतम उर्फ सुधाकर, तेलंगाना राज्य समिति सदस्य बांदी प्रकाश, दंडकारण्य स्पेशल जोनल कमेटी के सदस्य पप्पा राव और कुछ अन्य सशस्त्र माओवादी कैडरों की मौजूदगी की सूचना के बाद डीआरजी, एसटीएफ और कोबरा की संयुक्त बल को अभियान के लिए क्षेत्र में भेजा गया था.“

    “प्रारंभिक रिपोर्टों से संकेत मिलता है कि बीजापुर जिले के नेशनल पार्क क्षेत्र में जारी नक्सल विरोधी अभियान में बड़ी सफलता मिली है. क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन अभी भी जारी है.”

    पिछले ही महीने पुलिस ने सीपीआई माओवादी के महासचिव वसवराजू समेत 27 माओवादियों को एक मुठभेड़ में मारने का दावा किया था. एक और सेंट्रल कमेटी सदस्य चलपति को गरियाबंद में पुलिस ने मुठभेड़ में मारने की बात कही थी.केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने 31 मार्च 2026 तक देश से माओवाद को खत्म करने की समय सीमा निर्धारित की है.

    उसके बाद से ही छत्तीसगढ़ में माओवादियों के ख़िलाफ़ लगातार ऑपरेशन चलाए जा रहे हैं.

    पिछले डेढ़ सालों में साढ़े पांच सौ से अधिक माओवादियों को पुलिस ने मुठभेड़ों में मारने का दावा किया है.

  10. पतंजलि से जुड़ी ज़मीन ख़रीद मामले में नेपाल के पूर्व प्रधानमंत्री माधव कुमार के ख़िलाफ़ मामला दर्ज

    नेपाल के पूर्व प्रधानमंत्री माधव कुमार नेपाल के ख़िलाफ़ गुरुवार को भ्रष्टाचार का मुक़दमा दर्ज किया गया है.

    योग गुरु रामदेव की पतंजलि योगपीठ और आयुर्वेद कंपनी को निर्धारित सीमा से बाहर भूमि की ब्रिकी और अदला बदली की अनुमति देने के मामले में माधव कुमार के ख़िलाफ़ सीआईएए (द कमिशन फोर द इन्वेस्टिगेशन ऑफ अब्यूज ऑफ अथॉरिटी) ने भ्रष्टाचार का मुक़दमा दर्ज किया है.

    इसके साथ ही माधव कुमार नेपाल की सांसदी निलंबित कर दी गई है.

    नेपाल में यह प्रावधान है कि ऐसे मामले में अगर किसी को अभियुक्त बनाया जाता है तो संसद की सदस्यता निलंबित हो जाती है.

    इस मामले में पूर्व क़ानून मंत्री प्रेम बहादुर सिंह, भूमि सुधार मंत्रालय के तत्कालीन सचिव छविराज पंत सहित 93 लोगों को अभियुक्त बनाया गया है.

    आरोप है कि फरवरी 2010 में तत्कालीन प्रधानमंत्री माधव कुमार ने अपने कार्यकाल के दौरान योग केंद्रों, आयुर्वेदिक संस्थानों और हर्बल उद्योग सहित अन्य उद्देश्यों के लिए छूट के तहत भूमि ख़रीद को मंजूरी दी थी.

    पतंजलि ने उद्योग, हर्बल औषधि की खेती, योग स्टूडियो और अस्पतालों सहित बुनियादी ढांचे के निर्माण के लिए 2010 में रियायती दर पर ज़मीन ख़रीदी थी.

  11. पश्चिम बंगाल: शर्मिष्ठा पनोली को मिली अंतरिम ज़मानत

    कलकत्ता उच्च न्यायालय ने गुरुवार को 22 साल की लॉ स्टूडेंट और इंस्टाग्राम इंफ़्लुएंसर शर्मिष्ठा पनोली को अंतरिम ज़मानत दे दी है.

    पनोली पर आरोप है कि उन्होंने 'ऑपरेशन सिंदूर' के मुद्दे पर एक समुदाय विशेष की धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाली सोशल मीडिया पोस्ट लिखी थी. जिसके बाद उन्हें पश्चिम बंगाल पुलिस ने गिरफ़्तार किया था.

    इससे पहले कलकत्ता उच्च न्यायालय ने ही पनोली की अंतरिम ज़मानत ये कहते हुए खारिज कर दी थी कि 'बोलने की आज़ादी के नाम पर दूसरों की भावनाओं को आहत करने का अधिकार नहीं है.'

    कोलकाता पुलिस के सूत्रों ने बीबीसी के सहयोगी पत्रकार प्रभाकर मणि तिवारी को बताया था कि "शर्मिष्ठा ने 'ऑपरेशन सिंदूर' पर बॉलीवुड एक्टर्स की चुप्पी को लेकर एक वीडियो अपलोड किया था, इसी दौरान उन्होंने एक धर्म विशेष पर आपत्तिजनक टिप्पणी भी की थी."

    शर्मिष्ठा पनोली को गुरुग्राम की अदालत में पेश करने के बाद उन्हें ट्रांज़िट रिमांड पर कोलकाता लाकर 31 मई को अलीपुर कोर्ट में पेश किया गया.

    कोर्ट ने तब शर्मिष्ठा को 13 जून तक के लिए न्यायिक हिरासत में भेज दिया था.

  12. महात्मा गांधी की दुर्लभ ऑयल पेंटिंग लंदन में होगी नीलाम, अनबरासन इतिराजन, साउथ एशिया रीजनल एडिटर

    महात्मा गांधी की एक दुर्लभ ऑयल पेंटिंग अगले महीने लंदन में नीलामी के लिए रखी जाएगी.

    महात्मा गांधी की ये पेंटिंग साल 1931 में ब्रिटेन में बनाई गई थी.

    इन बीते सालों के दौरान महात्मा गांधी की कई पेंटिंग्स, ड्रॉइंग्स और स्केच दुनियाभर में फैल चुके हैं.

    नीलामी घर बोनहम्स का कहना है कि यह पेंटिंग 'शायद एकमात्र ऑयल पोट्रेट है जिसके लिए गांधी ने वास्तव में बैठकर पोज़ दिए थे.'

    इस पेंटिंग को ब्रिटिश कलाकार क्लेयर लीटन ने बनाया था.

  13. अभी तक बीबीसी संवाददाता इफ़्तेख़ार अली आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे.

    अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता आनंद मणि त्रिपाठी आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगे.

    बीबीसी हिंदी के पन्ने पर लगी कुछ अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  14. इसराइली सेना ने ग़ज़ा से दो बंधकों के शव बरामद करने का किया दावा

    इसराइली सेना का कहना है कि उसने ग़ज़ा से अमेरिकी मूल के दो इसराइली बंधकों के शव को बरामद किया है.

    इन दोनों को 7 अक्तूबर 2023 को हमास ने दक्षिणी इसराइल पर किए हमले के दौरान बंधक बनाया था.

    एक बयान में कहा गया कि 70 साल की जूडी वेनस्टीन हग्गाई, जो कि एक कनाडाई नागरिक भी थीं और उनके पति 72 वर्षीय गादी हग्गाई की मुजाहिदीन ब्रिगेड समूह के बंदूकधारियों ने किबुत्ज़ नीर ओज़ पर हमला करके हत्या कर दी.

    उनके शव ग़ज़ा के दक्षिणी ख़ान यूनिस क्षेत्र से बरामद किए गए हैं और फोरेंसिक पहचान के लिए उन्हें वापस इसराइल लाया गया.

    ग़ज़ा में हमास की ओर से अभी भी 56 लोगों को बंधक बनाकर रखा गया है, जिनमें से कम से कम 20 के जीवित होने की संभावना है.

  15. पोर्नोग्राफ़ी कंटेंट को लेकर इस देश ने लिया ये फ़ैसला

    तंज़ानिया ने पोर्नोग्राफ़ी को लेकर एक बड़ा क़दम उठाते हुए सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स को अपने देश में ब्लॉक कर दिया है.

    सूचना मंत्री जेरी सिला ने कहा है कि तंज़ानिया ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स तक पहुंच को ब्लॉक करने का फ़ैसला लिया है, क्योंकि यह पोर्न कंटेंट को शेयर करने की अनुमति देता है.

    मंत्री जेरी सिला ने एक स्थानीय टीवी चैनल को बताया कि यह कंटेंट पूर्वी अफ़्रीकी देश के 'क़ानूनों, संस्कृति, रीति-रिवाजों और परंपराओं' के ख़िलाफ़ है.

    तंज़ानियाई नागरिकों ने बताया है कि पिछले दो हफ़्तों से जब राजनीतिक तनाव बढ़ा और पुलिस का अकाउंट हैक हुआ, तब से एक्स तक पहुंच प्रतिबंधित कर दी गई है, लेकिन अब तक इस प्लेटफ़ॉर्म को पूरी तरह बंद नहीं किया गया है.

    हालांकि इस फ़ैसले को लेकर कई लोगों ने सरकार से नाराज़गी जताई है.

  16. मायावती ने क्यों कहा- '...तो बीएसपी के भी अच्छे दिन लौट आएंगे'

    बहुजन समाज पार्टी (बीएसपी) की प्रमुख मायावती का कहना है कि देश में होने वाले चुनाव पहले की तरह बैलेट पेपर के ज़रिए होने चाहिए.

    उन्होंने प्रेस कॉन्फ़्रेंस में कहा, "ये जातिवादी पार्टियां अपनी राजनीतिक लाभ के लिए ईवीएम में धांधली कराकर अब बीएसपी के उम्मीदवारों को भी नहीं जीतने दे रही हैं."

    उन्होंने कहा कि वह ऐसा इसलिए कर रहे हैं, "ताकि दलित और अन्य उपेक्षित वर्गों के लोगों का बीएसपी से मोह भंग हो जाए."

    बीएसपी प्रमुख ने कहा, "हालांकि ईवीएम में धांधली को लेकर अब विपक्ष की पार्टियां भी काफ़ी कुछ बोल रही हैं. ऐसे में हमारी पार्टी समेत ज़्यादातर विपक्ष की पार्टियां भी यही चाहती हैं कि देश में सभी छोटे बड़े चुनाव पहले की तरह बैलेट पेपर के ज़रिए होने चाहिए."

    उन्होंने केंद्र की भारतीय जनता पार्टी सरकार पर तंज किया, "जो वर्तमान सरकार के रहते संभव नहीं हो सकता. लेकिन उम्मीद है कि सत्ता परिवर्तन होने के बाद यह सब संभव हो जाएगा."

    मायावती ने दावा किया कि ऐसा हो जाने पर बीएसपी के भी 'अच्छे दिन' लौट आएंगे.

  17. बीजेपी की पूर्व पदाधिकारी पर अपनी बेटी के यौन शोषण की साजिश में शामिल होने का आरोप, पुलिस ने क्या बताया, आसिफ़ अली, देहरादून से बीबीसी हिन्दी के लिए

    हरिद्वार में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) महिला मोर्चा की एक पूर्व पदाधिकारी और उनके पुरुष साथी को एक नाबालिग के यौन शोषण के आरोप में गिरफ़्तार किया गया है.

    पुलिस ने इस मामले में सामूहिक दुष्कर्म, पॉक्सो एक्ट और अन्य धाराओं में मुक़दमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

    पुलिस के मुताबिक़, नाबालिग लड़की के परिजनों ने शिकायत में बताया कि अभियुक्त महिला, जो लड़की की मां है, अपने साथी के साथ मिलकर जनवरी 2025 से लड़की का कई बार यौन उत्पीड़न करवा चुकी थी.

    आरोप है कि यह घटनाएं हरिद्वार, आगरा और वृंदावन के कुछ होटलों में हुईं.

    पुलिस के मुताबिक़ नाबालिग लड़की को धमकी दी गई थी कि अगर उसने किसी को इस बारे में बताया, तो उसे और उसके परिजनों की जान को खतरा होगा.

    ये मामला तब सामने आया, जब लड़की अपने पिता के पास पहुंची और आपबीती सुनाई. इसके बाद लड़की के पिता रानीपुर कोतवाली पहुंचे.

    एसएसपी प्रमेन्द्र सिंह डोभाल ने बताया, “नाबालिग की तरफ़ से उसकी मां और मां के पुरुष मित्र के ख़िलाफ़ अभियोग पंजीकृत कराया गया था.”

    “मामला अत्यंत गंभीर है और नाबालिग के मेडिकल परीक्षण में यौन उत्पीड़न की पुष्टि हुई है. इस मामले में पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है.”

    पुलिस ने बताया, “महिला और उसके साथी को एक होटल से गिरफ़्तार कर विधिक कार्यवाही की गई है. तीसरे अभियुक्त की तलाश जारी है.”

    बीजेपी ने अभियुक्त महिला को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से तत्काल प्रभाव से निष्कासित कर दिया है.

  18. हज यात्रा पर गर्मी से होने वाली मौतों को रोकने के लिए सऊदी अरब ने क्या इंतज़ाम किए?

    इस साल हज यात्रा शुरू हो चुकी है, जिसमें 14 लाख से ज़्यादा मुसलमान सऊदी अरब के पवित्र शहर मक्का पहुंचे हैं.

    पिछले साल हज यात्रा पर आए 1,300 लोगों की गर्मी के कारण मौत हो गई थी.

    सऊदी के अधिकारियों का कहना है कि उन्होंने साल में होने वाले इस आयोजन के लिए सुरक्षा बढ़ा दी हैं.

    तापमान के 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना को देखते हुए, उन्होंने हज़ारों पेड़ लगाए हैं और सैकड़ों कूलिंग यूनिट्स लगाई हैं ताकि गर्मी से राहत मिल सके.

    उन्होंने 12 साल से कम उम्र के बच्चों पर भी प्रतिबंध लगाया है.

    साथ ही बिना आधिकारिक अनुमति के हज करने वाले तीर्थयात्रियों को चेतावनी दी है कि उन्हें पांच हज़ार डॉलर का जुर्माना और 10 साल के लिए प्रवेश प्रतिबंध का सामना करना पड़ सकता है.

    अधिकारियों ने कहा कि रविवार तक उन्होंने मक्का में प्रवेश करने से 2 लाख 69 हज़ार से ज़्यादा लोगों को रोक दिया था.

    हज इस्लाम धर्म के लोगों के लिए सबसे पवित्र तीर्थयात्रा है, जिसके लिए हर साल लाखों की संख्या में मुस्लिम सऊदी अरब के मक्का शहर जाते हैं.

    यह इस्लाम के पांच स्तंभों में से एक है और हर वो मुस्लिम जो शारीरिक और आर्थिक रूप से सक्षम हो, उससे उम्मीद की जाती है कि वो अपने जीवन में कम से कम एक बार हज ज़रूर करे.

  19. ट्रंप ने हार्वर्ड यूनिवर्सिटी में विदेशी छात्रों के वीज़ा पर क्या फ़ैसला किया?

    अमेरिका राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हार्वर्ड यूनिवर्सिटी में पढ़ाई या एक्सचेंज प्रोग्राम में भाग लेने के लिए आने वाले विदेशी छात्रों के प्रवेश को फ़िलहाल छह महीनों के लिए निलंबित कर दिया है.

    अमेरिकी राष्ट्रपति ने 'राष्ट्रीय सुरक्षा' संबंधी कारणों का हवाला देते हुए बुधवार को इसकी घोषणा की.

    उन्होंने कहा कि संस्थान में विदेशी छात्रों को प्रवेश जारी रखना अमेरिकी हितों के लिए 'हानिकारक' होगा.

    न्यूज़ एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक़, हार्वर्ड यूनिवर्सिटी ने ट्रंप के इस क़दम को 'प्रतिशोधात्मक' बताया है और इस बात पर ज़ोर दिया है कि वह अपने अंतरराष्ट्रीय छात्रों की सुरक्षा जारी रखेगा.

    यह विवाद तब शुरू हुआ जब हार्वर्ड ने अप्रैल में व्हाइट हाउस की कई मांगों को मानने से इनकार कर दिया था.

    बुधवार का यह आदेश उस फैसले के बाद आया है जिसमें एक जज ने पिछले हफ्ते होमलैंड सिक्योरिटी डिपार्टमेंट (डीएचएस) को हार्वर्ड में अंतरराष्ट्रीय छात्रों पर प्रतिबंध लगाने से रोक दिया था.

  20. बेंगलुरु में मची भगदड़ के बाद सड़कों पर बिखरे चप्पल-जूते, देखिए तस्वीरें

    बुधवार को बेंगलुरु के चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर भगदड़ मचने से कम से कम 11 लोगों की मौत हो गई है और 33 लोग घायल हो गए हैं.