You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

वेस्ट बैंक में इसराइल की कार्रवाई दूसरे दिन भी जारी, पांच ‘चरमपंथियों’ को मारने का दावा

इसराइली सेना ने बख़्तरबंद बुलडोज़रों के साथ तुल्कर्म, नेबलुस, तुबास, जेनिन के शरणार्थी शिविरों को निशाना बनाया है.

सारांश

  • पाकिस्तान ने पीएम नरेंद्र मोदी को एससीओ की बैठक में शामिल होने के लिए बुलाया
  • अमीरों की हुरुन लिस्ट में पहली बार शाहरुख़ ख़ान का नाम
  • पीएम मोदी की 'मानहानि' के मामले में शशि थरूर को राहत नहीं
  • असम के सीएम हिमंत बिस्वा सरमा के ख़िलाफ़ विपक्षी दलों की एफ़आईआर
  • गुजरात में भारी बारिश से हालात लगातार खराब,घरों की छतों तक पहुंचे मगरमच्छ

लाइव कवरेज

सुमंत सिंह और दीपक मंडल

  1. भारतीय समयानुसार रात के 10 बज चुके हैं. बीबीसी के लाइव पन्ने को अब विराम देने का वक्त है. कल सुबह एक नए लाइव ब्लॉग के साथ फिर हाजिर होंगे. फिलहाल दीपक मंडल को अनुमति दीजिए.

    लेकिन जाते-जाते एक नज़र डालते हैं आज के दिन की बड़ी ख़बरों पर -

    गुजरात में भारी बारिश और बाढ़ की स्थिति के बीच सेना और रेस्क्यू टीम राहत-बचाव कार्य में जुटी है. गुरुवार को वायुसेना के हेलीकॉप्टर की मदद से द्वारका के कल्याणपुर में फंसे चार लोगों को बचाया गया. वहीं वडोदरा के तीन अलग-अलग जगहों पर पानी में मगरमच्छ भी देखे गए.

    उत्तर प्रदेश के बहराइच में इंसानों पर हमला कर रहे एक और भेड़िये को वन विभाग ने गुरुवार को पकड़ लिया है. यह भेड़िया महसी तहसील में पकड़ा गया है. वन विभाग के डीएफओ अजीत प्रताप सिंह ने बताया कि जो एक झुंड बच्चों का शिकार कर कहा है, उसमें से ये चौथा भेड़िया है, जिसको विभाग की टीम ने पकड़ा है.

    पश्चिम बंगाल के कोलकाता में सरकार की ओर से संचालित आरजी कर मेडिकल कॉलेज में 31 साल की ट्रेनी डॉक्टर का शव पाए जाने के बाद राज्य में महिलाओं पर होने वाले कथित अत्याचारों पर पूरे देश में चर्चा है. पढ़िये पश्चिम बंगाल में महिलाओं के ख़िलाफ़ अपराध के बारे में क्या कहते हैं आंकड़े

    कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में एक ट्रेनी डॉक्टर के साथ बलात्कार और हत्या की घटना के विरोध में पहले आम लोग सड़कों पर उतरे थे. लेकिन हाल के दिनों में भाजपा भी उस घटना के विरोध में सीधे मैदान में उतरकर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के इस्तीफे़ की मांग कर रही है. ममता बनर्जी को इस हालत में फायदा होगा या नुकसान यहां पढ़ें.

    मध्य प्रदेश में इन दिनों एक वीडियो वायरल है. इस वीडियो में थाने के अंदर 55 साल की एक दलित महिला और उनके नाबालिग़ पोते को दरवाज़ा बंद करके पीटा जा रहा है. इस वीडियो के सामने आने के बाद एक बार फिर से प्रदेश की क़ानून व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं. क्या है इस वीडियो का सच, यहां पढ़ें.

    भारत की दूसरी परमाणु पनडुब्बी आईएनएस अरिघात शुक्रवार को नौसेना में शामिल होने वाली है.आईएनएस अरिघात के नौसेना में शामिल होने से चीन के मुक़ाबले कहाँ होगा भारत.पूरा विश्लेषण पढ़ें.

    क़रीब 252 किलोमीटर प्रति घंटे की तेज़ हवाओं के साथ तूफ़ान शानशान जापान के दक्षिणी हिस्से से टकराया. इसे बीते एक दशक में यहाँ आया सबसे शक्तिशाली तूफ़ान बताया जा रहा है. हालांकि इसे अब 'गंभीर चक्रवाती तूफ़ान' की श्रेणी में बदल दिया गया है.

    इस कारण अब तक जापान में घर की छत गिरने से कम से कम 4 लोगों की मौत हुई है और 94 लोग घायल हैं. एक व्यक्ति अभी भी लापता बताया जा रहा है. इसके कारण बिजली का कनेक्शन कट गया है और हज़ारों घर अंधेरे में डूब गए हैं. इसके मद्देनज़र दर्जनों ट्रेनें और 700 उड़ानों को रद्द करना पड़ा है. वहीं हाईवे को भी बंद कर दिया गया है.

  2. वेस्ट बैंक में इसराइल की कार्रवाई दूसरे दिन भी जारी, पांच ‘चरमपंथियों’ को मारने का दावा

    इसराइल की सेना यानी आईडीएफ़ ने कहा है कि कब्ज़े वाले वेस्ट बैंक में उसकी सैन्य कार्रवाई दूसरे दिन भी जारी है.

    इसराइली सेन का दावा है कि दूसरे दिन की कार्रवाई में उसने पांच ‘चरमपंथियों’ को मारा है.

    कई दशकों बाद इसराइल इतने व्यापक स्तर पर यहां कार्रवाई कर रहा है.

    इसराइली सेना ने बख़्तरबंद बुलडोज़रों के साथ तुल्कर्म, नेबलुस, तुबास, जेनिन के शरणार्थी शिविरों को निशाना बनाया है.

    सेना का दावा है कि इन शिविरों में हथियारों से लैस फ़लस्तीनी समूह और आम नागरिक रहते हैं.

    फ़लस्तीन प्रशासन ने भी कहा है कि वेस्ट बैंक के जेनिन, तुलकर्म, नेबुलस और तुबस में कई लोग मारे गए हैं और कई घर भी क्षतिग्रस्त हुए हैं.

    आईडीएफ़ ने इससे पहले कहा था कि नौ चरमपंथी मारे गए हैं, जिनमें से पांच जेनिन और तुलकर्म में और चार अल-फरा शरणार्थी शिविर में मारे गए.

    फ़लस्तीनी स्वास्थ्य मंत्रालय ने आज कहा कि आईडीएफ़ हमलों में अब तक 12 लोग मारे गए हैं.

  3. पाकिस्तान ने पीएम नरेंद्र मोदी को एससीओ की बैठक में शामिल होने के लिए बुलाया

    शंघाई को-ऑपरेशन ऑर्गेनाइजे़शन (एससीओ) के सदस्य देशों के प्रमुखों की बैठक में शामिल होने के लिए पाकिस्तान ने भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आधिकारिक तौर पर निमंत्रण भेजा है.

    एससीओ की बैठक इस साल 15 और 16 अक्टूबर को इस्लामाबाद में होनी है.

    पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता मुमताज़ ज़हरा बलोच ने गुरुवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में इसकी जानकारी दी.

    उन्होंने बताया कि पीएम मोदी समेत कई सदस्य देशों के शासन प्रमुखों को निमंत्रण भेजा गया है.

    कुछ देशों ने ये निमंत्रण स्वीकार भी कर लिया है.

    एससीओ देशों में भारत, चीन, रूस, पाकिस्तान कज़ाकस्तान, किर्गिस्तान, ताजिकिस्तान और उज़्बेकिस्तान शामिल हैं

  4. अमीरों की हुरुन लिस्ट में पहली बार शाहरुख़ ख़ान का नाम, जानिए कौन हैं टॉप पर

    हिंदी फिल्मों के सुपरस्टार शाहरुख़ ख़ान ने पहली बार हुरुन इंडिया रिच लिस्ट में जगह बनाई है.

    हुरुन इंडिया रिच लिस्ट 2024 में वह 58 वें पायदान पर हैं. उनकी कुल संपत्ति 7,300 करोड़ रुपये है.

    बॉलीवुड से इस लिस्ट में जूही चावला, ऋतिक रोशन, करण जौहर और अमिताभ बच्चन के नाम भी शामिल हैं.

    इस लिस्ट के मुताबिक़ इन फिल्मी हस्तियों की संपत्ति का ब्योरा कुछ इस तरह है.

    शाहरुख ख़ान और परिवार - 7300 करोड़ रुपये

    कंपनी- रेड चिलीज, कोलकाता नाइट राइडर्स

    जूही चावला और परिवार - 4,600 करोड़ रुपये

    नाइट राइडर्स स्पोर्ट्स

    हृतिक रोशन - 2000 करोड़ रुपये

    एचआरएक्स

    अमिताभ बच्चन और परिवार - 1,600 करोड़ रुपये

    स्ट्रेटजिक इनवेस्टमेंट्स

    करन जौहर - 1400 करोड़ रुपये

    इस बार गौतम अदानी टॉप पर

    हुरुन इंडिया रिच लिस्ट 2024 में अदानी एंटरप्राइज के मालिक गौतम अदानी और और उनका परिवार पहले स्थान पर है. उनकी संपत्ति में इस साल 95 फीसदी की वृद्धि हुई है, जिससे उनकी कुल संपत्ति 11,61,800 करोड़ रुपये हो गई है.

    रिलायंस इंडस्ट्रीज के मालिक मुकेश अंबानी ने 2024 की हुरुन इंडिया रिच लिस्ट में दूसरा स्थान हासिल किया है, जिनकी संपत्ति 10,14,700 करोड़ रुपये है.

    एचसीएल टेक्नोलॉजिज के शिव नादर और उनका परिवार इस साल तीसरे स्थान पर है. उनकी संपत्ति 3,14,000 करोड़ रुपये है.

    सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया के वैक्सीन निर्माता साइरस एस पूनावाला और उनका परिवार लिस्ट में चौथे स्थान पर है.

    सन फार्मास्युटिकल इंडस्ट्रीज के मालिक दिलीप सांघवी का नाम पांचवें स्थान पर है.

  5. सुप्रीम कोर्ट के जाने-माने वकील और विद्वान एजी नूरानी का निधन

    सुप्रीम कोर्ट के पूर्व वकील,विद्वान और राजनीतिक टिप्पणीकार अब्दुल गफूर नूरानी का निधन हो गया है. वो 93 वर्ष के थे.

    नूरानी का क़ानून, इतिहास और राजनीति विज्ञान के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान रहा है.

    उन्होंने ‘कश्मीर क्वेश्चन’, ‘कॉन्सिट्यूशनल क्वेशन इंडिया' और 'आरएसएस एंड बीजेपी' समेत कई किताबें लिखी हैं.

    जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर पोस्ट कर उनके निधन पर दुख जताया है.

    उन्होंने लिखा है,''अल्लाह उन्हें जन्नत में जगह बख्शे.''

    एआईएमआईएम के प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर उनके निधन पर दुख जताया है.

    उन्होंने लिखा है, ''एजी नूरानी साहब के निधन का समाचार सुनकर दुख हुआ. नूरानी साहब विद्वान और काबिल वकील थे. मैंने उनसे बहुत कुछ सीखा, संविधान से लेकर कश्मीर, चीन और यहां तक ​​कि अच्छे भोजन की तारीफ करने की उनकी कला तक. अल्लाह उसे मगफ़िरत अता फरमाए.''

    एजी नूरानी का जन्म 1930 में मुंबई (तब बॉम्बे) में हुआ था.

    उन्होंने सेंट मैरी स्कूल से शुरुआती पढ़ाई की थी. उन्होंने गवर्नमेंट लॉ कॉलेज मुंबई से क़ानून की डिग्री ली थी.

  6. दिनभर पूरा दिन पूरी ख़बर - मोहन लाल शर्मा और प्रियंका के साथ !

    पूरा पॉडकास्ट सुनने के लिए यहां क्लिक करें.

  7. आज का कार्टून: खेल और खिलाड़ी

  8. ममता बनर्जी ने दी अमित शाह को 'बधाई', जानें क्या है मामला

    पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने जय शाह के इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) का चेयरमैन बनने पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर तंज किया है.

    उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा,’’ केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह जी,आपको बधाई!

    ''आपके पुत्र राजनीतिक नेता तो नहीं बने लेकिन आईसीसी के चेयरमैन बन गए. ये कई राजनीतिक नेताओं के पदों से भी काफी अहम पद है. आपके बेटे वास्तव बहुत ज्यादा ताकतवर हो गए हैं. मैं वास्तव में उनकी इस ऊंची उपलब्धि के लिए आपको बधाई देती हूं.''

    बीसीसीआई सचिव जय शाह आईसीसी के चेयरमैन बनने जा रहे हैं. महज 35 साल की उम्र में इस पद तक पहुंचने वाले वो सबसे युवा क्रिकेट प्रशासक हैं.

    ये पहला मौक़ा है, जब 57 साल से कम उम्र का कोई शख़्स आईसीसी का अध्यक्ष या चेयरमैन बन रहा है.

    आईसीसी के पहले अध्यक्ष कॉलिन काउड्रे 1989 में जब अध्यक्ष बने थे, तब उनकी उम्र 57 साल थी.

    उनके बाद 11 लोग आईसीसी के अध्यक्ष बन चुके हैं. साल 2014 में जब एन श्रीनिवासन आईसीसी प्रमुख चुने गए, तबसे इसे आईसीसी चेयरमैन कहा जाने लगा.

    उनके बाद से तीन अन्य लोग चेयरमैन नियुक्त हो चुके हैं और जय शाह चौथे चेयरमैन होंगे.

  9. पीएम मोदी की 'मानहानि' के मामले में शशि थरूर को राहत नहीं, क्या है मामला

    दिल्ली हाई कोर्ट ने कांग्रेस सांसद शशि थरूर को प्रधानमंत्री के ख़िलाफ़ की गई कथित अपमानजनक टिप्पणी के मामले में राहत देने से इनकार कर दिया है.

    क़ानूनी मामलों की वेबसाइट ‘बार एंड बेंच’ के मुताबिक़ जस्टिस अनूप कुमार मेंदिरत्ता ने शशि थरूर की याचिका को ख़ारिज करते हुए ये फै़सला सुनाया है.

    अदालत ने इस मामले में अपने स्थगन आदेश को ख़ारिज करते हुए संबंधित पक्षों को 10 सितंबर को हाज़िर होने को कहा है.

    अदालत में भारतीय जनता पार्टी नेता राजीव बब्बर ने थरूर के ख़िलाफ़ मानहानि की शिकायत की थी

    राजीव बब्बर ने कहा था कि नवंबर 2018 बेंगलोर लिटरेचर फे़स्टिवल में शशि थरूर ने प्रधानमंत्री के ख़िलाफ़ कथित रूप से अपमानजनक टिप्पणी की थी.

    थरूर ने अपनी अपील में कहा था कि वो मोदी के बारे में सिर्फ़ गोरधन झड़ापिया की टिप्पणी का ज़िक्र कर रहे थे. पिछले कई सालों से उनकी ये टिप्पणी सार्वजनिक तौर पर मौजूद है.

  10. रिलायंस की मीडिया संपत्तियों और वॉल्ट डिज़्नी का 'महाविलय', बनेगा 70 हज़ार करोड़ का मीडिया साम्राज्य

    भारतीय में प्रतिस्पर्द्धा नियामक, भारतीय प्रतिस्पर्द्धा आयोग (सीसीआई) ने रिलायंस इंडस्ट्रीज़ के मीडिया एसेट्स और वॉल्ट डिज़्नी कंपनी के विलय को मंजू़री दे दी है.

    इस विलय के बाद रिलायंस का मीडिया साम्राज्य 70 हज़ार करोड़ रुपये का हो जाएगा.

    इस सौदे का एलान छह महीने पहले हुआ था. लेकिन ये एंटी ट्रस्ट नियामक की जांच के दायरे में आ गया था. इसके बाद सौदे से संबंधित पक्षों ने इसमें कई संशोधन किए थे. इस संशोधन के बाद ही इस सौदे को मंजू़री मिल पाई.

    इस विलय के बाद नए वेंचर में मुकेश अंबानी की रिलायंस इंडस्ट्रीज़ की अधिकतम हिस्सेदारी होगी.

    विलय के बाद बने वेंचर का मुक़ाबला सोनी, नेटफ्लिक्स और अमेज़न जैसी स्ट्रीमिंग कंपनियों से होगा.

    इस वेंचर को भारत के ज्यादातर खेल आयोजनों के प्रसारण का अधिकार होगा, इनमें अहम क्रिकेट टूर्नामेंट भी शामिल होंगे.

    रिलायंस के मीडिया एसेट्स और डिज़्नी का विलय अगले छह महीने में पूरा हो जाएगा. मुकेश अंबानी की पत्नी नीता अंबानी नए वेंचर की चेयरमैन होंगी.

  11. असम के सीएम हिमंत बिस्वा सरमा के ख़िलाफ़ विपक्षी दलों की एफ़आईआर, क्या हैं आरोप?, दिलीप कुमार शर्मा, गुवाहाटी से बीबीसी हिंदी के लिए

    असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के ख़िलाफ़ कांग्रेस नेतृत्व वाले 18 विपक्षी दलों के संयुक्त मंच ने एक एफ़आईआर दर्ज कराई है.

    यह एफ़आईआर गुवाहाटी के दिसपुर पुलिस स्टेशन में दर्ज कराई गई है. इसके अनुसार मुख्यमंत्री सरमा पर ''धर्म और जाति के आधार पर विभिन्न समूहों के बीच दुश्मनी को बढ़ावा देने'' के प्रयास करने के आरोप लगाए गए हैं.

    इस एफ़आईआर की जानकारी देते हुए दिसपुर थाना प्रभारी रूपम हजारिका ने बीबीसी से कहा, ''यूनाइटेड अपोजिशन फ़ोम से हमें एक शिकायत प्राप्त हुई है. लेकिन अभी मामला रजिस्टर नहीं किया गया है. फिलहाल आरोपों की जांच की जा रही है.''

    क्या हैं आरोप?

    इस एफ़आईआर पर असम प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष भूपेन कुमार बोरा और असम जातीय परिषद के अध्यक्ष लुरिनज्योति गोगोई के हस्ताक्षर हैं.

    एफ़आईआर में कहा गया है कि मुख्यमंत्री और बीजेपी के लोगों ने 22 अगस्त को मध्य असम के धींग में सामूहिक बलात्कार के एक मामले का फायदा उठाकर एक विशेष समुदाय के ख़िलाफ़ कथित तौर पर ज़हर उगला, जिसके कारण ऊपरी असम के शिवसागर में बंगाली मूल के मुसलमानों पर हमले हुए.

    इससे पहले मंगलवार को राज्य विधानसभा में मुख्यमंत्री सरमा ने कहा था कि ‘मियां’ मुस्लिम लोग पूरे असम पर कब्ज़ा करने पर ज़ोर देंगे. मुख्यमंत्री ने कहा था कि वह असम को "मियां लोगों की भूमि" नहीं बनने देंगे.

    कथित बलात्कार की घटना और जातीय तनाव

    दरअसल नगांव जिले के धींग में नाबालिग के साथ हुई कथित बलात्कार की घटना में जिन तीन युवकों पर आरोप लगे उनका ताल्लुक बंगाली मूल के मुसलमान समुदाय से है.

    इस बलात्कार की घटना के खिलाफ पूरे असम में गुस्सा है जिसके चलते जातीय तनाव बढ़ गया है. इस घटना के बाद से बंगाली मूल के मुसलमानों को खासकर ऊपरी असम छोड़ने की धमकियां दी जा रही हैं.

    यहां तक कि शिवसागर जिले में जिन मुसलमान मज़दूरों की पिटाई की गई उनके पीछे बीजेपी नेताओं का हाथ होने के आरोप लगे है.

    पीड़ित मजदूरों ने अपने ऊपर हुए हमले के खिलाफ बरपेटा सदर थाने में एक मामला भी दर्ज कराया है.

    विपक्षी दलों ने पुलिस से अनुरोध किया कि वह सरमा और उनके कथित 'सह-षड्यंत्रकारियों' के ख़िलाफ़ बीएनएसएस 2023 की धारा 61, 196 और 35 (2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू करें.

    असम जातीय परिषद के प्रवक्ता जियाउर्रहमान ने कहा कि असम के मौजूदा माहौल में सीएम को सांप्रदायिक सद्भाव की अपील करनी चाहिए और इसके लिए काम करना चाहिए.

    अगर पुलिस ने यह मामला दर्ज नहीं किया तो वो कोर्ट का दरवाज़ा खटखटाएंगे.

  12. गुजरात में भारी बारिश से हालात लगातार खराब,घरों की छतों तक पहुंचे मगरमच्छ

    गुजरात में भारी बारिश और बाढ़ की स्थिति के बीच सेना और रेस्क्यू टीम राहत-बचाव कार्य में जुटी है.

    गुरुवार को वायुसेना के हेलीकॉप्टर की मदद से द्वारका के कल्याणपुर में फंसे चार लोगों को बचाया गया.

    वहीं वडोदरा के तीन अलग-अलग जगहों पर मगरमच्छ देखे गए.

    अकोटा क्षेत्र में पानी भरने के बाद एक घर की छत पर मगरमच्छ देखा गया.

    जबकि, फतेहगंज इलाके के पास कामनाथ नगर में 15 फीट लंबा मगरमच्छ दिखा.

    यहां एक मगरमच्छ कॉलोनी के एक घर में घुस गया.

    समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक़ वडोदरा के महाराजा सयाजीराव विश्वविद्यालय परिसर में दिखे मगरमच्छ को वन विभाग की टीम ने रेस्क्यू कर लिया है.

    इससे पहले गुरुवार सुबह गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बात की.

    भूपेंद्र पटेल ने बातचीत की जानकारी देते हुए एक्स पर लिखा, "गुजरात में पिछले तीन दिनों से भारी बारिश हो रही है, स्थिति की जानकारी लेने के लिए पीएम मोदी ने आज सुबह मुझसे टेलीफोन पर बात की."

    भूपेंद्र पटेल ने बताया, "उन्होंने राज्य के विभिन्न जिलों के प्रभावित लोगों के लिए राहत उपायों के बारे में जाना. वडोदरा में विश्वामित्री नदी की बाढ़ पर चिंता व्यक्त करते हुए उन्होंने प्रभावित लोगों को दी जा रही राहत और सहायता का ब्योरा मांगा."

    "प्रधानमंत्री ने बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों में सफाई और सार्वजनिक स्वास्थ्य समेत अन्य मामलों पर मार्गदर्शन दिया और सार्वजनिक जीवन को जल्द बहाल करने के लिए केंद्र सरकार की ओर से हर संभव मदद का आश्वासन दिया."

  13. टेलीग्राम के मालिक पावेल दुरोव नहीं छोड़ सकेंगे फ्रांस, प्रतिबंध लगा

    मैसेजिंग ऐप टेलीग्राम के मालिक और संस्थापक पावेल दुरोव को फ्रांस छोड़ने से रोक दिया गया.

    पेरिस के प्रोसिक्यूटर्स का कहना है कि मैसेजिंग ऐप पर संगठित अपराध की जांच के तहत पावेल दुरोव को फ्रांस में औपचारिक जांच के दायरे में रखा गया है.

    39 साल के दुरोव को हिरासत में नहीं लिया गया है. उन्हें न्यायिक निगरानी में रखा गया है. उन्हें पांच मिलियन यूरो जमा करने होंगे.

    रूस में जन्मे अरबपति दुरोव फ्रांसीसी नागरिक भी हैं. उन्हें हफ्ते में दो बार फ्रांसीसी पुलिस स्टेशन में भी पेश होना पड़ता है. उन्हें फ्रांस से बाहर जाने की अनुमति नहीं है.

    पिछले शनिवार को ऐप से संबंधित अपराधों के लिए वारंट के तहत पावेल दुरोव को पहली बार पेरिस के उत्तर में ले बॉर्गेत हवाई अड्डे पर पहुंचने पर हिरासत में लिया गया था.

    बुधवार को पेरिस के प्रोसिक्यूटर ने अपने बयान में कहा कि दुरोव को कथित अपराधों के लिए औपचारिक जांच के दायरे में रखा गया है.

    दुरोव पर जो आरोप लगे हैं,उनमें एक संगठित गिरोह की ओर से लेनदेन के लिए एक ऑनलाइन प्लेटफ़ॉर्म चलाने में मिलीभगत, अधिकारियों के साथ बातचीत करने से इनकार करना और बच्चों की अश्लील तस्वीरों के संगठित वितरण में मिलीभगत जैसे आरोप शामिल हैं.

  14. जय शाह इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल यानी आईसीसी के नए चेयरमैन बनने वाले हैं. महज 35 साल की उम्र में इस पद तक पहुंचने वाले वो सबसे युवा क्रिकेट प्रशासक हैं.दिलचस्प ये भी है कि ये पहला मौक़ा है, जब 57 साल से कम उम्र का कोई शख़्स आईसीसी का अध्यक्ष या चेयरमैन बन रहा है. जय शाह के सामने क्या चुनौतियां हैं पढ़ें इस रिपोर्ट में

    बांग्लादेश की अंतरिम सरकार ने बुधवार को जमात-ए-इस्लामी पर लगी पाबंदी हटा ली है.जमात-ए-इस्लामी के छात्र संगठन इस्लामी छात्र शिविर और उसके अन्य संगठनों पर भी लगी पाबंदी हटा दी गई है.इस रिपोर्ट में इसके असर का विश्लेषण

    दक्षिण चीन सागर में चीन और फिलीपींस एक बार फिर आमने-सामने आ गए हैं. दोनों देश दक्षिण चीन सागर में अलग-अलग द्वीपों पर अपने-अपने दावे करते रहे हैं. इस कारण चीन और फिलीपींस के बीच पिछले कुछ सालों में कई बार टकराव हो चुका है..पढ़ें इस मामले के संभावित असर पर ये रिपोर्ट

    अफ़ग़ानिस्तान की तालिबान सरकार महिलाओं पर कई तरह की पाबंदी लगाने को लेकर पिछले हफ़्ते एक नया क़ानून लेकर आई है. इसके तहत महिलाओं के घर से बाहर ज़ोर से बोलने और सार्वजनिक जगहों पर चेहरा दिखाने की मनाही है. पढ़ें ये रिपोर्ट

    तो अब सुमंत सिंह को इज़ाज़त दीजिए अब से दीपक मंडल इस लाइव ब्लॉग के जरिये आपको दिन भर की ताज़ा ख़बरें पहुंचाएंगे.

  15. उत्तर प्रदेश के बहराइच में वन विभाग ने पकड़ा एक और आदमखोर भेड़िया, सैय्यद मोज़िज़ इमाम, बीबीसी संवाददाता

    उत्तर प्रदेश के बहराइच में इंसानों पर हमला कर रहे एक और भेड़िये को वन विभाग ने गुरुवार को पकड़ लिया है. यह भेड़िया महसी तहसील में पकड़ा गया है.

    वन विभाग के डीएफओ अजीत प्रताप सिंह ने बताया कि जो एक झुंड बच्चों का शिकार कर कहा है, उसमें से ये चौथा भेड़िया है, जिसको विभाग की टीम ने पकड़ा है.

    अभी तक भेड़िए 8 लोगों का शिकार कर चुके हैं, जिसमें 7 बच्चे और एक महिला शामिल हैं. एक बच्चे का शव नहीं मिलने से उसे जानवर के मारे जाने की पुष्टि नहीं हो पाई है.

    भेड़िये के आतंक पर बीबीसी हिन्दी की खबर के बाद बुधवार को उत्तर प्रदेश के वन मंत्री अरुण कुमार सक्सेना ने प्रभावित इलाकों का वन विभाग की टीम के साथ दौरा किया था.

    इस दौरान उन्होंने मामले की जानकारी ली और अधिकारियों को जल्दी ही इस झुंड को पकड़ने का निर्देश दिया था.

    वन विभाग की टीम ड्रोन कैमरे और ट्रन्क्यूलाइज़र गन से लैस टीम के साथ तकरीबन दो महीने से भेड़ियों को पकड़ने में लगी है.

    17 अप्रैल को पहली घटना बताई जा रही है, जिसके बाद पिछले दो महीनों से भेड़ियों ने 26 लोगों को घायल किया है.

    इस झुंड के पकड़ने के लिए सरकार ने बाराबंकी और कर्तनियाघाट टाइगर रिजर्व के डीएफओ के साथ एक्सपर्ट टीम भी लगा रखी है.

    इससे पहले बहराइच के रेंज अफसर मोहम्मद साकिब ने बताया था कि तीन भेड़िये पहले ही पकड़े जा चुके है, जिनमें दो को चिड़ियाघर भेज दिया गया है. वहीं एककी मौत दिल का दौरा पड़ने से हो गई थी.

    बहराइच के तीस गांवों में भेड़िए का आतंक चल रहा है. लोग रात भर पहरा देते हैं. उसके बाद भी भेड़िया मौका पाकर लोगों पर हमला कर देता है.

    प्रदेश के वन मंत्री ने बताया कि सरकार की तरफ से लगातार ये प्रयास हो रहा है कि इंसान और जानवरों में कोई संघर्ष ना हो.

    इसके लिए काम किया जा रहा है और इस साल तकरीबन 27 तेंदुए और 3 बाघ पकड़े जा चुके हैं.

  16. ममता बनर्जी ने विवाद बढ़ने के बाद अपने बयान पर दी सफाई

    पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बुधवार को दिए अपने बयान पर सफ़ाई दी है.

    उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "मैंने कुछ प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया में दुर्भावनापूर्ण दुष्प्रचार अभियान देखा है, जिसे कल हमारे छात्रों के कार्यक्रम में मेरे दिए गए भाषण के संदर्भ में चलाया जा रहा है."

    उन्होंने कहा, "मैं स्पष्ट करना चाहती हूँ कि मैंने (मेडिकल आदि) छात्रों या उनके आंदोलन के ख़िलाफ़ एक भी शब्द नहीं कहा है. मैं उनके आंदोलन का पूर्ण समर्थन करती हूँ."

    "उनका आंदोलन सच्चा है. मैंने उन्हें कभी धमकी नहीं दी, जैसा कि कुछ लोग मुझ पर आरोप लगा रहे हैं. यह आरोप पूरी तरह से झूठा है."

    ममता ने कहा, "मैंने भाजपा के ख़िलाफ़ बोला है. मैंने उनके ख़िलाफ़ इसलिए बोला है, क्योंकि भारत सरकार के समर्थन से वे हमारे राज्य में लोकतंत्र को ख़तरे में डाल रहे हैं और अराजकता पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं."

    बुधवार को ममता बनर्जी ने तृणमूल कांग्रेस छात्र परिषद (टीएमसीपी) की स्थापना दिवस रैली को संबोधित किया था.

    जहां उन्होंने कहा था कि अगर भाजपा बंगाल में गड़बड़ी फैलाने की कोशिश करती है तो इसका असर दूसरे राज्यों में भी होगा.

    उन्होंने कहा था, "अगर आप बंगाल जलाएंगे तो असम, पूर्वोत्तर, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, ओडिशा और दिल्ली भी जलेंगे."

    ममता बनर्जी के इस बयान के बाद भाजपा ने पलटवार किया था.

    असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने एक्स पर लिखा था, "दीदी, आपकी हिम्मत कैसे हुई असम को धमकाने की? हमें लाल आंखें मत दिखाइए."

    "आपकी असफलता की राजनीति से भारत को जलाने की कोशिश भी मत कीजिए. आपको विभाजनकारी भाषा बोलना शोभा नहीं देता."

  17. बिहार के पटना में घर की दीवार गिरी, 50 घायल, सीटू तिवारी, बीबीसी संवाददाता, पटना से

    बिहार की राजधानी पटना के पुनपुन नगर पंचायत क्षेत्र के श्रीपालपुर में 28 अगस्त की दोपहर दीवार गिरने से 50 महिलाएं और बच्चे ज़ख़्मी हो गए हैं.

    इस घटना के संबंध में मसौढ़ी एसडीएम अमित पटेल ने बीबीसी को बताया, "श्रीपालपुर गांव में नीरज कुमार नाम के व्यक्ति के घर में पूजा-पाठ का आयोजन किया गया था. इसमें 100 से 125 लोग जुटे थे."

    उन्होंने बताया, "दोपहर तकरीबन एक से डेढ़ बजे के बीच हल्की बारिश से घर की दीवार गिर गई, जिसमें 50 महिलाएं और बच्चे दब गए."

    घटना के बाद स्थानीय पुलिस और ग्रामीणों के सहयोग से मलबे को हटाकर घायलों को पुनपुन प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र ले जाया गया.

    पुनपुन प्रखंड पटना के मसौढ़ी अनुमंडल का हिस्सा है.

    घायलों में से 21 को बेहतर इलाज के लिए पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया है, जहां फिलहाल 12 लोगों का इलाज चल रहा है.

    स्थानीय पत्रकार अरविंद बताते हैं, "बिना किसी सूचना के घर में इतना बड़ा आयोजन किया गया था, जिसमें अच्छी खासी संख्या में लोग जुटे थे."

    पटना एसएसपी राजीव मिश्र ने इस मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं.

    उन्होंने कहा, "स्थानीय थाने को हादसे के बारे में पूरी जानकारी लेने का निर्देश दिया गया है. जांच रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी."

    इस मामले में मकान मालिक नीरज कुमार के खिलाफ एफ़आईआर दर्ज की गई है.

  18. जम्मू कश्मीर: कुपवाड़ा में हुए एनकाउंटर के बारे में सेना ने क्या बताया

    जम्मू कश्मीर के कुपवाड़ा में सुरक्षा बलों और चरमपंथियों के बीच मुठभेड़ में तीन चरमपंथी मारे गए हैं.

    भारतीय सेना ने गुरुवार को बताया कि कुपवाड़ा ज़िले में एलओसी से सटे इलाक़े में दो अलग-अलग अभियानों में तीन चरमपंथी मारे गए हैं.

    इंटेलिजेंस की सूचना के आधार पर बुधवार और गुरुवार की दरमियानी रात को यह अभियान मच्छल और तंगधार क्षेत्र में चलाया गया है.

    सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए चीनार कोर ने बताया, "घुसपैठ की कोशिशों के संबंध में इंटेलीजेंस की सूचना के आधार पर भारतीय सेना और जम्मू कश्मीर पुलिस ने कुपवाड़ा के मच्छल क्षेत्र में एक संयुक्त अभियान चलाया."

    "ख़राब मौसम में संदिग्ध गतिविधि देखी गई और हमारे सैनिकों के ऑपरेशन में दो चरमपंथियों के मारे जाने की संभावना है. ऑपरेशन जारी है."

    दूसरे अभियान के संबंध में एक अन्य पोस्ट में चीनार कोर ने लिखा, कुपवाड़ा के तंगधार में एक चरमपंथी के मारे जाने की संभावना है. ऑपरेशन अभी जारी है."

  19. राज्यसभा में एनडीए 119 सदस्यों के साथ बहुमत में आया

    राज्यसभा के लिए हाल ही में हुए चुनाव के बाद बीजेपी के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) ने 12 नए सदस्यों के साथ राज्यसभा में बहुमत हासिल कर लिया है.

    उच्च सदन में सबसे बड़ी पार्टी भाजपा के पास 96 सांसद हो गए हैं.

    सहयोगियों, छह मनोनीत सदस्यों और दो निर्दलीय सदस्यों के साथ एनडीए के पास अब 119 सदस्यों का समर्थन है.

    वर्तमान में राज्यसभा में कुल 237 सांसद हैं. इस प्रकार बहुमत का आंकड़ा 119 है. ये आंकड़े अप्रैल 2026 तक बने रहेंगे, जब 10 राज्यों की 31 सीटों पर चुनाव होंगे.

    नरेंद्र मोदी सरकार के पिछले 10 वर्षों में, उच्च सदन में स्पष्ट बहुमत के अभाव में कोई भी विधेयक नहीं रुका था.

    वाईएसआर कांग्रेस पार्टी और बीजू जनता दल, जो हमेशा सत्ताधारी और विपक्षी गुटों से अलग खड़े रहे हैं, अक्सर सरकारी विधेयकों के समर्थन में सामने आए हैं.

    हालांकि, 2024 के आम चुनाव के बाद से दोनों पार्टियां विपक्ष के करीब पहुंच गई हैं.

    दूसरी ओर, कांग्रेस कम सदस्यों के कारण विपक्ष के नेता का दर्जा खोने के बेहद क़रीब थी. वर्तमान में उसके 26 सदस्य हैं.

    पूर्ण-शक्ति वाले सदन में, विपक्ष के नेता का पद पाने के लिए किसी पार्टी के पास कम से कम 25 सांसद होने चाहिए.

    राज्यसभा के लिए अगला चुनाव नवंबर में होगा, जब उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के 11 सदस्य रिटायर होंगे. इनमें से 10 भाजपा के और एक समाजवादी पार्टी का होगा.

  20. हिमंत बिस्वा सरमा का आरोप- झारखंड पुलिस ने चंपाई सोरेन की जासूसी की

    असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने आरोप लगाया कि झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन की जासूसी झारखंड पुलिस की विशेष शाखा के दो उपनिरीक्षकों (एसआई) ने की थी.

    यह सब तब हुआ जब वे हाल ही में दिल्ली आए थे. इस दौरान वे भाजपा में शामिल होने वाले थे.

    सरमा ने कहा, "यह पता चला है कि वे झारखंड पुलिस की विशेष शाखा के उपनिरीक्षक हैं, जिन्हें कथित तौर पर सोरेन का पीछा करने और उनकी गतिविधियों पर नज़र रखने का काम सौंपा गया था."

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़ दोनों अधिकारी झारखंड पुलिस की विशेष शाखा में तैनात हैं और उन्हें मंगलवार रात चाणक्यपुरी थाने की एक टीम ने हिरासत में लिया और उनसे पूछताछ की.

    बुधवार को रांची लौटे चंपाई सोरेन ने कहा, "मैं लंबे संघर्ष के बाद राजनीति में आगे बढ़ा हूं. मुझे इसकी कोई चिंता नहीं है."

    इसके बाद शाम को चंपाई ने झारखंड मुक्ति मोर्चा से इस्तीफ़ा दे दिया. उन्होंने दावा किया कि झामुमो की वर्तमान कार्यशैली और नीतियों ने उन्हें उस पार्टी को छोड़ने के लिए मजबूर किया, जिसमें वे वर्षों से सेवा कर रहे थे.

    उन्होंने एक्स पर पोस्ट कर कहा, "आज झारखंड मुक्ति मोर्चा की प्राथमिक सदस्यता एवं सभी पदों से त्याग-पत्र दिया. झारखंड के आदिवासियों, मूलवासियों, दलितों, पिछड़ों एवं आम लोगों के मुद्दों को लेकर हमारा संघर्ष जारी रहेगा."