इस्लामी देशों के संगठन ओआईसी ने इसराइल के इस कदम की निंदा की

इसराइल ने संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस के अपने देश में घुसने पर पाबंदी लगाई है.

सारांश

  • केंद्रीय कैबिनेट ने किया मराठी, बंगाली समेत पांच भाषाओं को शास्त्रीय भाषा का दर्जा देने का एलान
  • भारत के विदेश मंत्रालय ने ख़ारिज की धार्मिक स्वतंत्रता पर जारी अमेरिकी रिपोर्ट
  • क़तर ने कहा- स्वतंत्र फलस्तीनी देश के बिना शांति और सुरक्षा संभव नहीं
  • भारत, नेपाल और बांग्लादेश के बीच बिजली सप्लाई को लेकर हुआ समझौता
  • अमेरिका में हेलेन तूफ़ान से 180 लोगों की मौत
  • बांग्लादेश की अंतरिम सरकार ने भारत में अपने उच्चायुक्त समेत पांच देशों से अपने राजनयिक वापस बुलाए

लाइव कवरेज

चंदन कुमार जजवाड़े, शिल्पा ठाकुर

  1. नमस्कार

    भारत में इस वक़्त रात के क़रीब 10 बज रहे हैं.

    आज इस लाइव पेज पर हमने भारत समेत देश दुनिया की अहम ख़बरें आप तक पहुंचाने की कोशिश की. इसके अलावा बीबीसी हिन्दी की वेबसाइट पर भी कुछ ख़ास रिपोर्ट्स छापी गई हैं.

    इसराइल ने लेबनान में हिज़्बुल्लाह के कथित ठिकानों पर हमले के बाद अब उसके ख़िलाफ़ ज़मीनी हमला शुरू किया है. ये पहली बार नहीं है जब इसराइल ने इस तरह के हमले किए हों. इसराइल ने लेबनान पर पहले कब-कब किया हमला और इस बार हालात कितने अलग? पूरी स्टोरी पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर ने अपनी पार्टी जनसुराज लॉन्च कर दी है. पार्टी लॉन्च करने के दौरान प्रशांत किशोर ने बताया कि जनसुराज ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के साथ साथ संविधान निर्माता बी आर आंबेडकर की तस्वीर वाले झंडे का आधिकारिक आवेदन चुनाव आयोग में दिया है. गांधी, आंबेडकर के सहारे क्या बिहार में बनेगी बात? पूरी स्टोरी यहां पढ़िए.

    इसराइल पर ईरान के हमले का जुआ कितना कारगर? ये विश्लेषण पढ़ने के लिए यहां क्लिक कीजिए.

    सुप्रीम कोर्ट ने तमिलनाडु पुलिस को ईशा सेंटर के ख़िलाफ़ कार्रवाई रोकने का आदेश दिया है. ये मामला एक पिता और उनकी दो बेटियों को योग सेंटर से बुलाने से जुड़ा है. क्या है ये पूरी कहानी. पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    अब वक्त है आपसे अनुमति लेने का.

    सुबह बीबीसी हिन्दी की टीम एक नए लाइव पेज के साथ आपके सामने हाज़िर होगी, देश दुनिया की अहम ख़बरों को आप तक पहुंचाने के लिए.

    तब तक दीजिए अनुमति.

    अपना ख़्याल रखिए. शुभ रात्रि.

  2. इस्लामी देशों के संगठन ओआईसी ने इसराइल के इस कदम की निंदा की

    एंटोनियो गुटेरेस

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, एंटोनियो गुटेरेस

    इसराइल ने संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस के अपने देश में घुसने पर पाबंदी लगाई है.

    अब इस्लामिक देशों के संगठन यानी ओआईसी के सेक्रेटरी जनरल हुसैन ब्रहीम ताहा ने इसराइल के इस कदम की कड़ी निंदा की है.

    ओआईसी महासचिव ने इस बात पर ज़ोर दिया कि इसराइल का ये रुख कब्ज़ा करने वाली शक्ति बन चुके इसराइल के प्रतिनिधियों की ओर से लगातार संयुक्त राष्ट्र, उसके महासचिव और अन्य अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं, हस्तियों के ख़िलाफ़ की जा रही अपमानजनक कार्रवाई का नतीजा है.

    उन्होंने कहा कि इसराइली ने यूएनआरडब्लूए को एक आतंकवादी संगठन के तौर पर पेश करने की कोशिश की, साथ ही मानवाधिकार आयोग के प्रतिनिधियों, जाँच के लिए बने स्वतंत्र आयोगों को भी फ़लस्तीन जाने से रोका.

    ओआईसी महासचिव ने इसी बयान में संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के सदस्यों की ओर से यूएन महासचिव का साथ देने के लिए सराहना भी की.

    इसराइल ने बीते दिन ही ये एलान किया था कि वो संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस को अपने देश में घुसने से बैन कर रहे हैं.

    इसराइल ने कहा था कि गुटेरेस ने ईरान, हिज़्बुल्लाह और हूती जैसे संगठनों की ओर से किए गए हमलों की निंदा नहीं की.

  3. केंद्रीय कैबिनेट ने किया मराठी, बंगाली समेत पांच भाषाओं को शास्त्रीय भाषा का दर्जा देने का एलान

    भाषा

    केंद्रीय कैबिनेट ने मराठी, बंगाली समेत पांच भाषाओं को शास्त्रीय भाषा का दर्जा देने का एलान किया है.

    गुरुवार को कैबिनेट की बैठक के बाद इस बारे में केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव की ओर से जानकारी दी गई.

    जिन भाषाओं को ये दर्जा मिला है उनमें मराठी, पाली, प्राकृित, असमिया और बंगाली भाषा शामिल हैं.

    तमिल, संस्कृति, तेलूगु, कन्नड़, मलयालम और उड़िया को पहले से भी शास्त्रीय भाषा का दर्जा मिल चुका है.

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर इस फ़ैसले पर ख़ुशी ज़ाहिर की है.

  4. भारत, नेपाल और बांग्लादेश के बीच बिजली सप्लाई को लेकर हुआ समझौता

    भारत, नेपाल और बांग्लादेश के बीच समझौता हुआ है

    इमेज स्रोत, नेपाल की राष्ट्रीय समाचार एजेंसी आरएसएस

    इमेज कैप्शन, बांग्लादेश सरकार की सलाहकार रिज़वाना नेपाल के ऊर्जा मंत्री से मिलीं

    नेपाल, भारत और बांग्लादेश के बीच ऊर्जा क्षेत्र में एक समझौता हुआ है. इसके तहत नेपाल, बांग्लादेश को 40 मेगावाट बिजली देगा.

    ये बिजली भारत के ज़रिए नेपाल से बांग्लादेश पहुंचेगी.

    अधिकारियों ने बताया कि नेपाल, भारत और बांग्लादेश के अधिकारियों ने इस समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं. नेपाल में बनने वाली 40 मेगावाट बिजली बांग्लादेश को बेची जाएगी.

    इस समझौते से दक्षिण एशिया में क्षेत्रीय ऊर्जा व्यापार का मार्ग खुल गया है. इसी साल से समझौता लागू हो जाएगा. तीनों देशों ने समझौता ऐसे वक्त पर किया है, जब ऐसी ख़बरें आ रही हैं कि नेपाल में भारी बारिश के बाद आई बाढ़ और भूस्खलन की वजह से बिजली के बुनियादी ढांचे को व्यापक नुकसान हुआ है.

    जिन अधिकारियों ने पहले कहा था कि नेशनल ट्रांसमिशन लाइन में एक हज़ार मेगावाट बिजली का नुकसान हुआ है, अब उनका कहना है कि कई परियोजनाओं का संचालन फिर से शुरू हो गया है.

    बांग्लादेश में राजनीतिक उथल पुथल से पहले ही तीनों देशों के अधिकारी समझौते पर हस्ताक्षर करने के लिए तैयार थे, लेकिन बाद में इसमें देरी आई.

    ऊर्जा मंत्रालय के प्रवक्ता और संयुक्त सचिव चिरंजीवी ने बीबीसी से कहा, "पहले हम (बिजली) भारत से लेने वाले थे. लेकिन अब हम जब ज़रूरत पड़े तब लेते हैं और जब चाहे बिजली देकर डबल ट्रेड करते हैं. इस समझौते के ज़रिए हमारी बिजली विकासशील देशों तक पहुंच पाएगी. ये एक बहुत बड़ी उपलब्धि है."

  5. इसराइल बोला- इस वजह से हमास ने नहीं बताई थी अपने नेताओं के मारे जाने की बात

    इसराइली सेना

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, आईडीएफ़ ने हमास के बडे़ नेताओं को मारने का दावा किया है

    इसराइल डिफेंस फोर्स (आईडीएफ़) ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में बताया कि उसने तीन महीने पहले ग़ज़ा में हमास के तीन बड़े नेताओं को मारा था.

    आईडीएफ़ ने एक्स पर इन नेताओं की तस्वीर समेत पूरी जानकारी भी शेयर की है.

    मारे गए तीन बडे़ नेताओं में रावही मुश्ताहा शामिल हैं, जिनकी पहचान आईडीएफ़ ने हमास सरकार के प्रमुख के तौर पर की है.

    इसके साथ ही मारे गए दो अन्य हमास नेताओं के नाम समेह अल-सिराज और सामी औदेह बताए गए हैं, जो हमास में सुरक्षा के लिए ज़िम्मेदार थे.

    आईडीएफ़ ने बताया कि हमास के ये नेता उत्तरी ग़ज़ा में अंडरग्राउंड कंपाउंड में छिपे थे और इन्हें हवाई हमले में मारा गया है.

    इसराइल ने बताया कि हमास ने इन नेताओं की मौत की घोषणा इसलिए नहीं की थी, ताकि "उसके आतंकियों का मनोबल कम न हो और कामकाज चलता रहे."

  6. मॉरिशस को चागोस द्वीप सौंपेगा ब्रिटेन

    चागोस द्वीप

    इमेज स्रोत, Getty Images

    ब्रिटेन ने कहा है कि वो मॉरिशस को चागोस द्वीप समूह की संप्रभुता सौंप रहा है.

    ब्रिटेन और मॉरिशस के प्रधानमंत्रियों ने गुरुवार को एक संयुक्त बयान जारी कर ये जानकारी दी.

    सुदूर और रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण हिंद महासागर के इस द्वीप समूह पर दशकों से चल रही बातचीत अब इस ऐतिहासिक फ़ैसले के बाद समाप्त हो गई है.

    वर्षों से जारी बातचीत के बाद समझौता हुआ है. इसमें डिएगो गार्सिया भी शामिल है.

    इसका इस्तेमाल अमेरिकी सरकार अपने नौसेना जहाजों और लंबी दूरी के बमवर्षक विमानों के लिए सैन्य अड्डे के रूप में करती है.

    अमेरिका और ब्रिटेन का सैन्य अड्डा डिएगो गार्सिया पर ऐसे ही रहेगा. ये समझौता ऐसे वक्त में हुआ है, जब पश्चिमी देशों, भारत और चीन के बीच भू-राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता जारी है.

    एक बयान में ब्रिटेन के प्रधानमंत्री किएर स्टार्मर और मॉरिशस के प्रधानमंत्री प्रविंद जगन्नाथ ने कहा, "यह हमारे संबंधों का एक महत्वपूर्ण क्षण है और विवादों के शांतिपूर्ण समाधान और कानून के शासन के प्रति हमारी स्थायी प्रतिबद्धता को दिखाता है."

    जगन्नाथ बोले, "डिएगो गार्सिया पर मौजूद सैन्य अड्डे के सुरक्षित और प्रभावी संचालन को सुनिश्चित करने के लिए हम प्रतिबद्ध हैं, जो क्षेत्रीय और वैश्विक सुरक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है."

    इस साझेदारी के तहत ब्रिटेन मॉरिशस को सालाना भुगतान करेगा और बुनियादी ढांचे में निवेश सहित वित्तीय सहायता पैकेज प्रदान करेगा.

    मॉरिशस अब चागोस द्वीप समूह पर पुनर्वास कार्यक्रम शुरू कर सकेगा, लेकिन डिएगो गार्सिया पर ऐसा नहीं होगा.

    ब्रिटेन 99 साल की प्रारंभिक अवधि के लिए यहां सैन्य अड्डे का संचालन सुनिश्चित करेगा. अमेरिका ने इस फ़ैसले का समर्थन किया है.

    अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने इस ऐतिहासिक समझौते की सराहना की है.

  7. भारत के विदेश मंत्रालय ने ख़ारिज की धार्मिक स्वतंत्रता पर जारी अमेरिकी रिपोर्ट

    विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल

    इमेज स्रोत, MEA

    इमेज कैप्शन, विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल

    दुनियाभर में धार्मिक स्वतंत्रता पर नज़र रखने वाली अमेरिकी संस्था यूएस कमिशन ऑन इंटरनेशनल रिलीजियस फ़्रीडम (यूएससीआईआरएफ) की रिपोर्ट को भारत ने ख़ारिज कर दिया है.

    भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा, "अंतर्राष्ट्रीय धार्मिक स्वतंत्रता पर अमेरिकी आयोग को लेकर हमारे विचार सब जानते हैं. ये राजनीतिक एजेंडे वाला एक पक्षपाती संगठन है."

    उन्होंने कहा, "ये संगठन तथ्यों को गलत तरीके से पेश करना और भारत को लेकर नैरेटिव पेश करना जारी रखे हुए है. हम इस रिपोर्ट को ख़ारिज करते हैं, जो केवल यूएससीआईआरएफ को बदनाम कर रही है."

    भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा, "हम यूएससीआईआरएफ से आग्रह करते हैं कि वह इस एजेंडे से दूर रहे. यूएससीआईआरएफ को सलाह है कि वह अमेरिका में मानवाधिकार के मुद्दों को संबोधित कर अपने समय का उपयोगी ढंग से इस्तेमाल करे."

    अपनी 2024 की सालाना रिपोर्ट में यूएससीआईआरएफ ने अमेरिकी विदेश विभाग से सिफारिश की है कि "भारत को विशेष चिंता वाले देशों" के रूप में नामित किया जाए.

    रिपोर्ट में भारत पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं, जिन्हें भारत ने ख़ारिज किया है.

  8. स्वतंत्र फलस्तीनी देश के बिना शांति और सुरक्षा संभव नहीं: क़तर

    क़तर के अमीर तमीम बिन हमद अल थानी

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, तमीम बिन हमद अल थानी

    क़तर के अमीर तमीम बिन हमद अल थानी ने कहा है कि एक स्वतंत्र फलस्तीन के बिना शांति संभव नहीं है.

    उन्होंने एशिया सहयोग वार्ता शिखर सम्मेलन के उद्घाटन समारोह में दिए भाषण में कहा कि इसकी राजधानी पूर्वी यरुशलम होनी चाहिए.

    अल थानी के भाषण को क़तर के विदेश मंत्रालय ने अपने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में शेयर किया है.

    भाषण में अल थानी ने कहा, "बिना शांति के सुरक्षा हासिल नहीं की जा सकती और ये 4 जून, 1967 से पहले जैसी स्थिति में एक स्वतंत्र फलस्तीनी देश के बिना संभव नहीं, जिसकी राजधानी पूर्वी यरुशलम हो, ये अंतरराष्ट्रीय कानून और अरब शांति पहल के संकल्पों के मुताबिक हो."

    उन्होंने कहा, "क़तर फलस्तीन के अधिकारों को कायम रखने और वहां के लोगों को कानूनी अधिकार मिलने का समर्थन करना जारी रखेगा."

  9. चीन, ईरान और उत्तर कोरिया में मुखबिरों की भर्ती कर रही सीआईए

    सीआईए ने सोशल मीडिया पर मैसेज शेयर किया है

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, मुखबिरों की भर्ती कर रही सीआईए

    अमेरिका की खुफिया एजेंसी सीआईए चीन, ईरान और उत्तर कोरिया में मुखबिरों की भर्ती कर रही है. सीआईए ने सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी दी.

    सीआईए ने मैंडरिन, फारसी और कोरियन भाषा में बुधवार को सोशल मीडिया पर पोस्ट किए.

    इसमें यूजर्स को बताया गया है कि वह कैसे सुरक्षित तरीके से संपर्क कर सकते हैं. इससे पहले यूक्रेन में जारी युद्ध के बीच रूसियों को इस अभियान में शामिल किया गया था. सीआईए इसे सफल बताती है.

    सीआईए के प्रवक्ता ने एक बयान में कहा, "हम ये स्पष्ट कर देना चाहते हैं कि सत्ताधारी शासन के लोग जानें कि हम बिजनेस के लिए तैयार हैं."

    सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स, फेसबुक, यू-ट्यूब, इंस्टाग्राम, टेलीग्राम, लिंक्डइन और डार्क वेब पर शेयर किए गए भर्ती संदेश में लोगों से अपना नाम, लोकेशन और कॉन्टैक्ट डिटेल्स बताने को कहा गया है.

    लोगों से वीपीएन के ज़रिए सीआई से उसकी वेबसाइट के माध्यम से संपर्क करने को भी कहा गया है.

    लोग सीक्रेट वेब ब्राउज़र जैसे टोर नेटवर्क का भी इस्तेमाल कर सकते हैं. ये अक्सर डार्क वेब तक पहुंचने के लिए इस्तेमाल होता है.

  10. अमेरिका में हेलेन तूफ़ान से 180 लोगों की मौत, देखिए तस्वीरें

    अमेरिका में आए हेलेन तूफ़ान से दक्षिण-पूर्वी राज्य प्रभावित हुए हैं.

    तूफ़ान से जान गंवाने वाले लोगों की संख्या 180 हो गई है जबकि सैकड़ों की संख्या में लोग अब भी लापता हैं.

    देखिए तूफ़ान से जुड़ी कुछ तस्वीरें.

    हेलेन तूफान से प्रभावित शख्स

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, उत्तरी कैरोलिना के स्वान्नोआ में रहने वाले रॉबर्ट बुचानन का घर तूफ़ान से प्रभावित इलाके में है. नदी का जलस्तर बढ़ने पर उनका दोस्त उन्हें ऊंचे स्थान पर ले गया.
    अमेरिका में हेलेन तूफ़ान

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, उत्तरी कैरोलिना के ब्लैक माउंटेन में लोग फ्लैट क्रीक रोड पर दिखे. यहां तूफ़ान और उसके बाद आई बाढ़ के कारण सड़क क्षतिग्रस्त हुई है.
    अमेरिका में हेलेन तूफ़ान

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, अमेरिका के एशविले में हेलेन तूफ़ान के कारण भारी बारिश हुई, जिससे बाढ़ आ गई. इससे यहां कई पेड़ जड़ से उखड़कर गिर गए.
    हेलेन तूफ़ान

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, उत्तरी कैरोलिना के ओल्ड फोर्ट में एक ऑफिस के अंदर तूफ़ान के कारण ये तबाही देखी गई.
    हेलेन तूफ़ान

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, उत्तरी कैरोलिना में रहने वाले इस कपल का घर तूफ़ान में क्षतिग्रस्त हो गया. जिसके बाद ये ज़रूरी सामान लेकर जाते दिखे.
    हेलेन तूफ़ान

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, उत्तरी कैरोलिना के रदरफोर्डटन में हेलेन तूफ़ान के बाद एक घर पर दो पेड़ जड़ से उखड़कर गिर गए.
    हेलेन तूफ़ान

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, उत्तरी कैरोलिना के फेयरव्यू में राहत और बचाव कर्मियों ने केन क्रीक रोड को साफ़ किया. यहां कई पेड़ उखड़कर सड़क पर गिर गए थे.
  11. इसराइली सेना का दावा- लेबनान में हिज़्बुल्लाह के 15 सदस्य मारे गए

    इसराइल ने लेबनान में हमला किया

    इमेज स्रोत, getty

    इमेज कैप्शन, इसराइल ने लेबनान में हिज़्बुल्लाह के 15 सदस्य मारे जाने की बात कही

    इसराइल ने लेबनान में बिंत जेबिल ज़िले समेत कई जगहों पर हमले किए हैं. इसराइली सेना का कहना है कि उसके हमलों में हिज़्बुल्लाह के 15 सदस्य मारे गए हैं.

    इसराइल डिफेंस फोर्स (आईडीएफ़) ने कहा कि रात भर उसके युद्धक विमानों ने "बिंत जेबिल के स्थानीय प्रशासन की बिल्डिंग पर हमले किए, जहां हिज़्बुल्लाह के आंतकी थे. इसके साथ ही यहां बड़ी मात्रा में हिज़्बुल्लाह के हथियार रखे थे."

    आईडीएफ़ ने कहा, "हमले में हिज़्बुल्लाह के 15 आतंकियों को मारा गया है."

    आईडीएफ़ ने बताया कि उसने लेबनान में हिज़्बुल्लाह के करीब 200 ठिकानों पर हमला किया, जिनमें हथियार रखने के लिए इस्तेमाल होने वाले स्थान और निगरानी करने वाली चौकी शामिल हैं.

    इससे पहले इसराइल की सेना ने कहा था कि दक्षिणी लेबनान में उसके आठ सैनिक मारे गए हैं.

    आईडीएफ़ ने मंगलवार को हिज़्बुल्लाह के ख़िलाफ़ ज़मीनी हमला शुरू करने की घोषणा की थी.

    दूसरी तरफ ईरान समर्थित हिज़्बुल्लाह ने कहा कि उसने लड़ाई के दौरान इसराली टैंकों को नष्ट कर दिया है और इस बात का ध्यान रखा है कि उसके पास इसराइली सेना को पीछे धकेलने के लिए पर्याप्त सैनिक और गोला-बारूद है.

  12. जग्गी वासुदेव की ईशा फाउंडेशन के ख़िलाफ दायर याचिका पर सुप्रीम कोर्ट ने क्या कहा?

    ईशा फाउंडेशन के फाउंडर सद्गुरु जग्गी वासुदेव

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, ईशा फाउंडेशन को सुप्रीम कोर्ट से राहत मिली है

    सुप्रीम कोर्ट ने गुरुवार को ईशा फाउंडेशन के ख़िलाफ दायर याचिका को मद्रास हाई कोर्ट से ट्रांसफर कर लिया है. अब सुप्रीम कोर्ट ही इस मामले की सुनवाई करेगा.

    साथ ही तमिलनाडु पुलिस को दिए गए जांच के आदेश पर रोक लगा दी है. ईशा फाउंडेशन के फाउंडर जग्गी वासुदेव हैं.

    ईशा फाउंडेशन के ख़िलाफ एक शख़्स ने मद्रास हाई कोर्ट में बंदी प्रत्यक्षीकरण की याचिका दायर की थी. शख़्स का आरोप है कि आश्रम में उनकी दो बेटियों को बंधक बनाकर रखा गया है.

    हेबियस कोर्प्स यानी बंदी प्रत्यक्षीकरण याचिका में उस व्यक्ति को अदालत के समक्ष पेश करने का निर्देश देने की मांग की जाती है, जो या तो लापता है या जिसे अवैध रूप से बंदी बनाया गया है.

    इस मामले में मद्रास हाई कोर्ट ने 30 सितंबर को आरोपों की जांच करने का निर्देश दिया था. इसके अगले ही दिन 1 अक्टूबर को 150 अधिकारियों की पुलिस टीम आश्रम में जांच करने पहुंची थी.

    जग्गी वासुदेव ने हाई कोर्ट के इस आदेश को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी. इसी मामले में आज सुप्रीम कोर्ट ने सुनवाई की.

  13. अमेरिका में हेलेन तूफ़ान से तबाही, अब तक 180 लोगों की मौत

    अमेरिका में हेलेन तूफान

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, अमेरिका में हेलेन तूफान ने मचाई तबाही

    अमेरिका में हेलेन तूफ़ान से जान गंवाने वाले लोगों की संख्या 180 हो गई है. इससे दक्षिण-पूर्वी अमेरिकी राज्य प्रभावित हैं.

    राष्ट्रपति जो बाइडन और उपराष्ट्रपति कमला हैरिस ने प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया है. तूफान से हुई तबाही देखने के लिए बाइडन हेलीकॉप्टर से उत्तरी और दक्षिणी कैरोलिना गए. जबकि हैरिस बुधवार को जॉर्जिया गईं.

    सैकड़ों की संख्या में लोग अब भी लापता हैं. खोज और बचाव दल को दूरदराज के इलाकों तक पहुंचने में दिक्कतें आ रही हैं.

    तूफान से प्रभावित छह राज्यों में 6000 नेशनल गार्ड मेंबर्स और 4800 फेडरल एड वर्कर्स की मदद के लिए बाइडन ने 1000 सक्रिय सैनिकों को भेजा है.

    लोगों तक राहत सामग्री पहुंचाई जा रही है. बीते हफ्ते रिपब्लिकन पार्टी के राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार डोनाल्ड ट्रंप भी तूफान से हुई तबाही को देखने के लिए जॉर्जिया गए थे.

    दूरदराज के इलाकों में रहने वाले लोगों से संपर्क नहीं हो पा रहा है. व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरिन जीन-पियरे ने बताया कि बाइडन गुरुवार को फ्लोरिडा और जॉर्जिया भी जाएंगे.

    अमेरिका में बीते गुरुवार को हेलेन तूफान आया था. ये श्रेणी चार का तूफान है.

  14. बांग्लादेश ने भारत से अपने उच्चायुक्त को वापस बुलाया

    बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के मुख्य सलाहकार मोहम्मद यूनुस

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, बांग्लादेश ने पांच देशों से अपने राजनयिकों को वापस ढाका आने को कहा है

    बांग्लादेश की अंतरिम सरकार ने भारत में अपने उच्चायुक्त समेत पांच देशों से अपने राजनयिक वापस बुला लिए हैं. इन्हें ढाका वापस आने को कहा गया है.

    भारत के अलावा ऑस्ट्रेलिया, बेल्ज़ियम, पुर्तगाल और संयुक्त राष्ट्र से राजनयिकों को वापस बुलाया गया है.

    भारत के पड़ोसी देश बांग्लादेश में हाल में ही बड़ा राजनीतिक बदलाव हुआ है. कई हफ्तों तक चले विरोध प्रदर्शन के बाद यहां नोबेल शांति पुरस्कार विजेता मोहम्मद यूनुस के नेतृत्व वाली अंतरिम सरकार बनी.

    विरोध प्रदर्शनों के बीच तत्कालीन प्रधानमंत्री शेख़ हसीना को 5 अगस्त को इस्तीफ़ा देकर देश छोड़ना पड़ा था. वो भारत आ गई थीं.

    इससे पहले बांग्लादेश ने ब्रिटेन से अपने उच्चायुक्त सईदा मुना तस्नीम को वापस बुलाया था.

    हाल में ही अंतरिम सरकार के मुख्य सलाहकार मोहम्मद यूनुस अमेरिका दौरे पर भी गए थे.

    यहां वो अमेरिका, पाकिस्तान समेत कई देशों के राष्ट्र प्रमुखों से भी मिले.

  15. बिहार के पूर्व मंत्री बृज बिहारी प्रसाद हत्या मामले में सुप्रीम कोर्ट ने सुनाया फ़ैसला

    सुप्रीम कोर्ट

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, सुप्रीम कोर्ट ने बृज बिहारी प्रसाद हत्या मामले में फैसला सुनाया है

    सुप्रीम कोर्ट ने गुरुवार को साल 1998 में हुई बिहार के पूर्व मंत्री बृज बिहारी प्रसाद की हत्या के मामले में फैसला सुनाया है.

    अदालत इस मामले ने दो अभियुक्तों को दोषी ठहराया और इन्हें उम्रकैद की सज़ा सुनाई गई है. दोषियों में से एक पूर्व विधायक मुन्ना शुक्ला हैं.

    वहीं पूर्व सांसद सूरज भान सिंह को बरी कर दिया गया है. इस मामले में जस्टिस संजीव खन्ना, जस्टिस संजय कुमार और जस्टिस आर महादेवन की बेंच ने फैसला सुनाया है.

    इससे पहले पटना हाई कोर्ट ने सभी आठ आरोपियों को बरी कर दिया था.

    सुप्रीम कोर्ट की बेंच सबूतों के अभाव में अभियुक्तों को बरी करने के पटना हाई कोर्ट के साल 2014 के आदेश के खिलाफ सुनवाई कर रहा था.

    यह याचिका बीजेपी की पूर्व सांसद और बृज बिहारी प्रसाद की पत्नी रमा देवी और सीबीआई ने दायर की थी.

    रमा देवी की तरफ से वरिष्ठ वकील सिद्धार्थ अग्रवाल पेश हुए थे. इन्होंने ऐसी दलील दी कि हाई कोर्ट ने मामले में आरोपियों को बरी करके अपने फैसले में ग़लती की थी.

  16. पर्यावरण कार्यकर्ता सोनम वांगचुक रिहा- सरकार को सौंपा ज्ञापन

    सोनम वांगचुक

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, सोनम वांगचुक को सोमवार को दिल्ली पुलिस ने सिंघु बॉर्डर पर हिरासत में ले लिया था

    लद्दाख के पर्यावरण कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने कहा है कि दिल्ली में हिरासत में लिए जाने के बाद भी वो खुश हैं क्योंकि पर्यावरण से जुड़ा उनका संदेश ज़्यादा लोगों तक पहुंचा है.

    सोनम वांगचुक को क़रीब 36 घंटे बाद बुधवार को रिहा कर दिया गया है. पर्यावरण कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को सोमवार की रात दिल्ली के पहले सिंघु बॉर्डर पर रोक कर हिरासत में ले लिया गया था.

    वांगचुक लद्दाख को पूर्ण राज्य का दर्जा और संविधान की छठी अनुसूची में शामिल करने की मांग को लेकर लेह से दिल्ली पैदल पहुँचे थे. लेह से एक सितंबर को शुरू हुई ये यात्रा क़रीब एक हज़ार किलोमीटर लंबी है.

    बुधवार को गांधी जयंती के दिन रिहाई केबाद पत्रकारों से बातचीत में वांगचुक ने कहा है कि लोगों को साधारण जीवन शैली अपनानी चाहिए ताकि पर्यावरण को नुक़सान से बचाया जा सके.

    वांगचुक ने कहा है, “हमने सरकार को अपना ज्ञापन सौंपा है और आग्रह किया है कि वो संवैधानिक प्रावधानों के अंतर्गत हिमालय की पहाड़ियों को बचाने के लिए लद्दाख की रखा करें.”

  17. लेबनान की राजधानी बेरुत में इसराइली हमलों में कम से कम पाँच लोगों की मौत

    इसराइली हमला

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, इसराइल का लेबनान पर हमला लगातार जारी है

    लेबनान की राजधानी बेरुत में इसराइली हमलों में कम से कम पाँच लोगों की मौत हो गई है.

    लेबनानी अधिकारियों के मुताबिक़ यह हमला एक चिकित्सा सेवा केंद्र पर हुआ है. इस चिकित्सा केंद्र का संबंध हिज़्बुल्लाह से है.

    इसराइली सेना का कहना है कि उनसे बेरुत में निशाना लगाकर हमले किए हैं.

    इस बीच लेबनान में इसराइली हवाई हमलों में अमेरिकी नागरिक की मौत हो गई है.

    56 साल के कामेल अहमद जवाद अमेरिका के मिशिगन के रहने वाले हैं, वो अपनी बुज़ुर्ग मां की देखभाल के लिए लेबनान में थे.

    अमेरिकी राष्ट्रपति भवन के एक प्रवक्ता ने कामेल अहमद जवाद की मौत की पुष्टि की है और इस पर शोक जताया है.

  18. नमस्कार!

    बीबीसी हिंदी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है.

    आप बीबीसी हिंदी के पेज पर मौजूद बड़ी ख़बरों को इस लिंक पर क्लिक करके पढ़ सकते हैं. कल के लाइव ब्लॉग की ख़बरें आप इस लिंक पर क्लिक करके पढ़े सकते हैं.

    नीचे कुछ ख़ास ख़बरें हैं जिन्हें आपको पढ़ना चाहिए-

    -इसराइल और हिज़्बुल्लाह के बीच मौजूदा संघर्ष दो दुश्मनों की ऐसी लड़ाई है, जो क़रीब चार दशक से एक-दूसरे के आमने-सामने हैं.

    इसराइल का कहना है कि वह पड़ोसी मुल्क़ लेबनान से हिज़्बुल्लाह के ख़तरे को ख़त्म करने के लिए प्रतिबद्ध है. इस ख़बर को विस्तार से पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    -इसराइल-ईरान टकराव में कौन सा देश किसके साथ और भारत का क्या रुख़ है? ईरान ने एक अक्तूबर की रात इसराइल पर क़रीब 200 मिसाइलों से हमला किया है. इसराइल और हिज़्बुल्लाह के बीच जारी संघर्ष का दायरा लगातार बढ़ता जा रहा है. इस ख़बर के बारे में ज़्यादा जानने के लिए यहां क्लिक करें.

    -ईरान-इसराइल के बीच युद्ध हुआ तो भारत पर क्या असर पड़ेगा? ईरान ने एक अक्तूबर की रात इसराइल पर दर्जनों बैलिस्टिक मिसाइलों से हमला किया. इस साल ये दूसरी बार है, जब ईरान ने इसराइल पर सीधा हमला किया है और अगर यह संघर्ष आगे बढ़ता है तो पूरी दुनिया पर इसका असलर असर हो सकता है. इस ख़बर को विस्तार से यहां पढ़ें.