You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

पहलगाम हमला: पाकिस्तान के पीएम शहबाज शरीफ ने बुलाई नेशनल सिक्योरिटी कमेटी की मीटिंग

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने गुरुवार सुबह नेशनल सिक्योरिटी कमेटी की मीटिंग बुलाई है.

सारांश

लाइव कवरेज

कीर्ति रावत, चंदन कुमार जजवाड़े

  1. पहलगाम हमला: पाकिस्तान के पीएम शहबाज शरीफ ने बुलाई नेशनल सिक्योरिटी कमेटी की मीटिंग

    पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने गुरुवार सुबह नेशनल सिक्योरिटी कमेटी की मीटिंग बुलाई है.

    जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए चरमपंथी हमले के बाद बुधवार को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में सुरक्षा मामलों की कैबिनेट कमेटी (सीसीएस) की बैठक हुई थी.

    इसी के जवाब में पाकिस्तान के प्रधानमंत्री की ओर से ये मीटिंग बुलाई गई है.

    पाकिस्तान के उप प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री इशाक डार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किया, "भारत सरकार की ओर से आज शाम जारी किए गए बयान का जवाब देने के लिए गुरुवार सुबह प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने नेशनल सिक्योरिटी कमेटी की मीटिंग बुलाई है."

    जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में मंगलवार को चरमपंथी हमला हुआ था. इस हमले में 26 लोगों की मौत हुई है और कई लोग घायल हुए हैं.

    इस हमले के मद्देनजर बुधवार शाम को हुई सीसीएस की बैठक में कई अहम फ़ैसले लिए गए. जिसमें पाकिस्तान के साथ सिंधु जल समझौते को निलंबित किया जाना भी शामिल है. इसके साथ ही अटारी बॉर्डर को भी बंद करने का फ़ैसला किया गया है.

  2. पहलगाम हमला: भारत के फ़ैसलों पर क्या बोले पाकिस्तान के पूर्व मंत्री

    पीटीआई के नेता और पाकिस्तान के पूर्व सूचना और तकनीकी मंत्री चौधरी फवाद हुसैन ने कहा है कि अंतरराष्ट्रीय कानूनों के तहत भारत इंडियन बेसिन संधि (सिंधु जल संधि) पर रोक नहीं लग सकता. ऐसा करना संधि से जुड़े कानून का घोर उल्लंघन होगा.

    उन्होंने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा है, "इस बचकाना फ़ैसले का असर पंजाब और सिंध के ग़रीब किसानों पर पड़ेगा."

    इससे पहले, जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए चरमपंथी हमले के बाद बुधवार शाम को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में सुरक्षा मामलों की कैबिनेट कमेटी (सीसीएस) की बैठक हुई.

    इस बैठक में कई अहम फ़ैसले लिए गए, जिसमें पाकिस्तान के साथ सिंधु जल समझौते को निलंबित कर दिया गया. इसके साथ ही अटारी बॉर्डर को भी बंद करने का फ़ैसला किया गया है.

    प्रधानमंत्री आवास पर हुई बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, विदेश मंत्री एस जयशंकर, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित डोभाल सहित कई शीर्ष अधिकारी मौजूद थे.

    जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में मंगलवार को चरमपंथी हमला हुआ था. इस हमले में 26 लोगों की मौत हुई है और कई लोग घायल हुए हैं.

  3. पहलगाम हमला: ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड ने लिया ये फ़ैसला

    जम्मू कश्मीर के पहलगाम में हुए चरमपंथी हमले के बाद ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड ने वक़्फ़ बोर्ड को बचाने के लिए चल रहे 'सेव वक़्फ़ कैंपेन' पर फ़िलहाल रोक लगा दी है.

    मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड ने एक बयान में कहा है, "कश्मीर में आतंकवादी हमले में कई पर्यटकों के मारे जाने और घायल होने की घटना पर मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड ने अपनी सद्भावना प्रकट की है और फ़िलहाल अपने प्रदर्शन को रोकने का फ़ैसला किया है."

    मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड ने कहा है कि मारे गए लोगों के प्रति सद्भावना प्रकट करने के लिए उसने "विवादास्पद वक़्फ़ संशोधन क़ानून" के ख़िलाफ़ चल रहे आंदोलन को तीन तीनों के लिए निलंबित करने का फ़ैसला किया है.

  4. पोप फ़्रांसिस के अंतिम संस्कार में ढाई लाख लोगों के पहुंचने की उम्मीद

    पोप फ्रांसिस के अंतिम संस्कार के कार्यक्रम में क़रीब ढाई लाख लोग शामिल हो सकते हैं.

    पोप फ़्रांसिस का अंतिम संस्कार 26 अप्रैल यानी शनिवार को किया जाएगा. वेटिकन ने बताया है कि उनका अंतिम संस्कार स्थानीय समय के मुताबिक़ सुबह 10 बजे होगा.

    पोप का अंतिम संस्कार सेंट पीटर्स बेसिलिका के सामने किया जाएगा.

    उनके अंतिम संस्कार के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए दुनियाभर से कम से कम 100 प्रतिनिधि भी वेटिकन पहुंच रहे हैं, जिसकी वजह से वहां सुरक्षा काफ़ी कड़ी रहने की उम्मीद है.

    पोप का पार्थिव शरीर बुधवार को सेंट पीटर्स बेसिलिका लाया गया है और उनके अंतिम दर्शन करने और उन्हें श्रद्धांजलि देने के लिए हज़ारों की संख्या में लोग वेटिकन सिटी पहुंच रहे हैं.

    पोप फ्रांसिस के अंतिम संस्कार का समय क़रीब आने के साथ ही सेंट पीटर्स स्क्वायर पहुंचने वाले लोगों की संख्या लगातार बढ़ रही है.

  5. पहलगाम हमला: विपक्षी नेताओं ने ख़ुफ़िया एजेंसियों पर खड़े किए सवाल

    कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने कहा है कि पहलगाम में "आतंकवादी हमले" में 26 लोगों की मौत केंद्रीय ख़ुफ़िया एजेंसियों की नाकामी का स्पष्ट उदाहरण है.

    बीबीसी के सहयोगी पत्रकार इमरान कुरैशी के मुताबिक मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने पत्रकारों से कहा, "स्पष्ट है कि इस आतंकवादी हमले की योजना पहले से बनाई गई थी और पुलवामा हमले की तरह यहां भी ख़ुफ़िया एजेंसियों की स्पष्ट नाकामी थी."

    सिद्धारमैया ने निर्दोष लोगों पर किए गए इस भयानक हमले की निंदा की है और कहा है कि केंद्र सरकार देश के लोगों की सुरक्षा और "आतंकवादियों" को ख़त्म करने के लिए प्रभावी कदम उठाए.

    मुख्यमंत्री ने पहलगाम हमले में मारे गए कर्नाटक के दो लोगों के परिवार वालों के लिए दस-दस लाख रुपये के मुआवज़े की घोषणा भी की है.

    जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए चरमपंथी हमले को लेकर आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह ने भी प्रेस कॉन्फ़्रेंस कर ख़ुफ़िया एजेंसियों पर सवाल खड़े किए हैं.

    संजय सिंह ने कहा है,"जम्मू-कश्मीर के इतिहास में ऐसा शायद पहली बार हुआ है जब पर्यटकों को निशाना बनाया गया हो. सबसे बड़ा सवाल ये उठता है कि इतनी बड़ी आतंकवादी घटना हो गई तो हमारी खुफ़िया एजेंसियां क्या कर रहीं थीं? यह सीधे तौर पर खुफ़िया तंत्र की नाकामी का एक बड़ा मामला है."

  6. पीएम मोदी का बिहार दौरा: नमो भारत रैपिड रेल को दिखाएंगे हरी झंडी, कई योजनाओं की रखेंगे आधारशिला

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार 24 अप्रैल को बिहार के दौरे पर रहेंगे. वो यहां मधुबनी में राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस के कार्यक्रम में शामिल होंगे.

    प्रेस सूचना कार्यालय यानी पीआईबी ने बताया है कि पीएम मोदी बिहार में कई परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे और कुछ परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे.

    ये परियोजनाएं क़रीब 14 हज़ार करोड़ रुपये की हैं.

    पीएम मोदी बिहार के मधुबनी में सबसे अच्छा काम करने वाले पंचायत को पुरस्कार भी देंगे. इसके अलावा वो गोपालगंज के हथुआ में एलपीजी बॉटलिंग प्लांट की आधारशिला भी रखेंगे.

    राज्य में ऊर्जा क्षेत्र से जुड़े बुनियादी ढांचे के विकास के लिए पीएम एक परियोजना की आधारशिला रखेंगे, जबकि ऊर्जा क्षेत्र से जुड़ी कई परियोजनाओं का शुभारंभ भी करेंगे.

    पीएम मोदी इस यात्रा में सहरसा और मधुबनी के बीच अमृत भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे. इसके साथ ही वो रेल से जुड़ी कई परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे.

  7. पहलगाम हमला: मुस्लिम वर्ल्ड लीग ने दी प्रतिक्रिया, जानिए क्या कहा

    जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में मंगलवार को हुए चरमपंथी हमले की मुस्लिम वर्ल्ड लीग ने निंदा की है.

    लीग ने सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट में अपना बयान शेयर किया है.

    इसमें कहा गया है, "मुस्लिम वर्ल्ड लीग ने जम्मू-कश्मीर के पहलगाम इलाक़े में हुए आतंकवादी हमले की निंदा की है, जिसमें कई निर्दोष लोग मारे गए हैं."

    लीग ने बयान में कहा है, "एमडब्ल्यूएल अपने और पूरे इस्लामिक जगत की तरफ से हिंसा और आतंकवाद को नकारता है और इसकी निंदा करता है, चाहे यह किसी भी रूप में हो और किसी भी सरहद के अंदर हो."

    एमडब्ल्यूएल ने कहा है कि वह किसी भी धर्म या संस्कृति के साथ ऐसी घटना को अस्वीकार करता है.

    इस बयान में पहलगाम में मारे गए लोगों के परिवार वालों के प्रति संवेदना व्यक्ति की गई है और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की गई है.

  8. पहलगाम हमला: अफ़ग़ानिस्तान सरकार ने की हमले की निंदा, जानिए क्या कहा

    अफ़ग़ानिस्तान सरकार के विदेश मंत्रालय ने पहलगाम में हुए चरमपंथी हमले पर अपनी प्रतिक्रिया दी है.

    अफ़ग़ानिस्तान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने इस मामले में एक बयान जारी किया है.

    सोशल मीडिया एक्स पर मुंबई में अफ़गान कॉन्सुलेट जनरल ने इस बयान को एक पोस्ट में शेयर किया है.

    इस बयान में कहा गया है, "अफ़ग़ानिस्तान का विदेश मंत्रालय पर्यटकों पर हुए इस हमले की निंदा करता है और जिन लोगों ने हमले में अपनी जान गंवाई है उनके परिवारवालों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता है."

    कॉन्सुलेट जनरल ने कहा है कि इस तरह की घटना क्षेत्र की सुरक्षा और स्थिरता के लिए ख़तरा है.

  9. पहलगाम हमला: हमले में मारे गए मंजूनाथ के मित्र ने कहा 'मेरे साथ गए होते तो ऐसा नहीं होता', इमरान क़ुरैशी,बेंगलुरु से बीबीसी हिंदी के लिए

    कर्नाटक के शिवमोगा के रहने वाले मंजूनाथ राव भी पहलगाम चरमपंथी हमले में मारे गए लोगों में शामिल हैं. रियल एस्टेट का काम करने वाले मंजूनाथ कश्मीर की अपनी पहली यात्रा को लेकर काफ़ी उत्साहित थे.

    मंजूनाथ राव ने कश्मीर यात्रा का सुझाव देने लिए बार-बार अपने मित्र गणेश भट को शुक्रिया कहा था.

    गणेश भट ने बीबीसी हिन्दी को बताया, “उन्होंने मुझे सोमवार रात को फोन किया था और बताया कि यह ट्रिप बहुत बढ़िया थी. मैं भी अपने परिवार के दस लोगों के साथ 9 से 16 अप्रैल के बीच कश्मीर गया था और जब मैंने उन्हें बताया कि मैं पहलगाम भी गया था तो उन्होंने भी पहलगाम जाने की योजना बना ली.”

    गणेश भट ने बताया, “मंजूनाथ और उनका परिवार वहां 19 अप्रैल से 24 अप्रैल तक रहने वाला था. अगर वो लोग हमारे साथ गए होते तो यह नहीं हुआ होता.”

    उन्होंने बताया, “वे लोग बहुत खुश थे. उनके बेटे ने 12वीं क्लास में 96% अंक हासिल किए थे और वो इसका जश्न मनाने कश्मीर गए थे. ये बहुत अच्छा परिवार है.”

    भट ने कहा, “जब मैं वहां था तो मैंने यूं ही स्थानीय लोगों से पूछा कि हालात कैसे हैं? उन्होंने मेरे सवाल पर कहा कि आप ऐसा क्यों पूछ रहे हैं, यहां सब ठीक है. मैंने यह भी महसूस किया था कि वहां सुरक्षा को लेकर कोई डर नहीं था. पहलगाम में हर जगह सीआरपीएफ की तैनाती थी.”

    गणेश भट ने बताया, "लेकिन वहां घास के मैदान के आसपास कोई सुरक्षा नहीं थी. मुझे लगता है कि चरमपंथी इसकी दूसरी तरफ से आए होंगे क्योंकि यह पूरा इलाक़ा पहाड़ों से घिरा है."

  10. तुर्की के इस्तांबुल में भूकंप के कई झटके, घबराकर सड़कों पर निकले लोग

    तुर्की के इस्तांबुल में भूकंप के लगातार कई झटके महसूस किए गए हैं. इनमें से पहला झटका स्थानीय समय के मुताबिक़ 12:13 बजे महसूस हुआ.

    हालांकि इस भूकंप की तीव्रता 3.9 थी. लेकिन इसके कुछ ही मिनटों के बाद स्थानीय समय के मुताबिक़ 12 बजकर 49 मिनट पर भूकंप का बड़ा झटका महसूस किया गया, जिसकी तीव्रता 6.2 थी.

    जबकि तीसरा झटका इसके ठीक दो मिनट के बाद महसूस हुआ, जिसकी तीव्रता 4.4 थी.

    बीबीसी संवाददाता ओर्ला ग्यूरिन के मुताबिक़ वो छह साल से इस्तांबुल में रह रही हैं, लेकिन उन्होंने भूकंप का इतना बड़ा झटका पहले कभी महसूस नहीं किया था.

    उनका कहना है कि भूकंप आने के बाद उनके पड़ोसी सड़कों पर इकट्ठा हो गए और कुछ लोग स्पष्ट तौर पर सदमे में नज़र आए.

    फ़िलहाल भूकंप से इस्तांबुल में हुए किसी नुक़सान की कोई ख़बर नहीं है.

  11. पहलगाम हमला: न्यूज़ चैनल वालों से पता लगी 'तीन क़रीबी रिश्तेदारों' की मौत की ख़बर, दीपाली जगताप और विनायक होगड़े, बीबीसी मराठी

    मंगलवार को पहलगाम में हुए चरमपंथी हमले में महाराष्ट्र के तीन ऐसे लोगों की भी मौत हुई है, जो आपस में क़रीबी रिश्तेदार थे. इस परिवार के 9 लोग कश्मीर गए थे.

    मृतकों में अतुल मोने, संजय लेले और हेमंत जोशी शामिल हैं.

    इस हमले में मारे गए अतुल के मित्र महेश सुरसे ने घटना के बारे में बीबीसी को बताया है.

    महेश भी उसी बिल्डिंग में रहते हैं, जिसमें अतुल मोने रहते थे. दोनों के बीच की दोस्ती तकरीबन 25 साल पुरानी थी.

    महेश ने बताया, “मंगलवार शाम को अचानक न्यूज़ चैनल वाले घर के दरवाज़े पर आए और उन्होंने कॉल बेल बजाई. उन्होंनें हमें बताया कि अतुल मोने भी जम्मू-कश्मीर में मारे गए लोगों में शामिल हैं. उन्होंने मृतकों की सूची दिखाई तो हम चौंक गए.”

    अतुल रेलवे में सेक्शन इंजीनियर के तौर पर नौकरी कर रहे थे. महेश भी इस यात्रा में अतुल के साथ कश्मीर जाने वाले थे, लेकिन उन्होंने कुछ वजहों से अपनी यात्रा रद्द कर दी थी.

    वहीं, इस हमले में मारे गए संजय लेले के रिश्तेदार और शिव सेना (उद्धव गुट) से जुड़े स्थानीय नेता राजेश कदम ने कहा, “संजय लेले रिश्ते में मेरे बहनोई हैं. उनके बेटे (मेरे भांजे) की उंगली में गोली लगी है.”

  12. पहलगाम हमला: बांग्लादेश सरकार के प्रमुख मोहम्मद यूनुस ने दी प्रतिक्रिया, जानिए क्या कहा

    बांग्लादेश सरकार के मुख्य सलाहकार मोहम्मद यूनुस ने पहलगाम हमले पर अपनी संवेदना जाहिर की है.

    उन्होंने सोशल मीडिया एक्स पर एक संदेश में लिखा है, "कश्मीर के पहलगाम में आतंकवादी हमले में बेगुनाह लोगों की मौत पर हम संवेदना व्यक्त करते हैं. हम इस जघन्य घटना की कड़ी निंदा करते हैं."

    मोहम्मद यूनुस ने अपने संदेश में "आतंकवाद" के ख़िलाफ़ बांग्लादेश के रुख़ को दोहराया है.

    बांग्लादेश के विदेश मंत्रालय ने भी कश्मीर के पहलगाम में पर्यटकों की हत्या पर प्रतिक्रिया दी है.

    विदेश मंत्रालय ने सोशल मीडिया एक्स पर एक प्रेस रिलीज़ में कहा है, “बांग्लादेश जम्मू-कश्मीर में हुई आतंकवादी घटना की कड़ी निंदा करता है, जिसमें बेगुनाह नागरिकों की मौत हुई है.”

    बांग्लादेश ने इस घटना में मारे गए लोगों के परिवारवालों के प्रति अपनी संवेदना जताई है और "आतंकवाद के ख़िलाफ़ लड़ाई में" अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है.

    जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में मंगलवार को हुए चरमपंथी हमले में कम से कम 26 लोग मारे गए हैं और कई लोग घायल हुए हैं. मारे गए लोगों में ज़्यादातर पर्यटक हैं.

  13. नमस्कार!

    अभी तक बीबीसी संवाददाता कीर्ति रावत आप तक ख़बरें पहुंचा रही थीं.

    अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता चंदन कुमार जजवाड़े आप तक बड़ी ख़बरें पहुंचाएंगे.

    बीबीसी हिंदी के पन्ने पर लगी कुछ अहम ख़बरें आप नीचे दिए लिंक्स पर क्लिक करके पढ़ सकते हैं.

  14. पहलगाम हमले के बाद घाटी छोड़ रहे पर्यटकों के बारे में उमर अब्दुल्लाह ने कही ये बात

    जम्मू- कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्लाह ने पहलगाम हमले के बाद पर्यटकों के कश्मीर घाटी को छोड़कर जाने पर दुख व्यक्त किया हैं.

    उन्होंने लिखा, "पहलगाम में हुए कल दुखद आतंकी हमले के बाद हमारे मेहमानों का घाटी से जाना दिल तोड़ने वाला है, लेकिन साथ ही हम यह भी पूरी तरह समझते हैं कि लोग क्यों घाटी छोड़ना चाहते हैं."

    "हालांकि डीजीसीए और नागरिक उड्डयन मंत्रालय अतिरिक्त उड़ानों की व्यवस्था करने में जुटे हुए हैं."

    उमर अब्दुल्ला ने श्रीनगर से जम्मू के बीच यातायात को सुविधाजनक बनाया जाने के निर्देश दिए हैं जिससे पर्यटक वाहनों को घाटी छोड़ने में मदद मिल सके.

    उन्होंने ये भी बताया कि इस समय पूरी तरह से घाटी में गाड़ियों की आवाजाही की अनुमति नहीं हैं.

    वहीं भारतीय उड्डयन मंत्रालय ने पर्यटकों के घाटी से अपने घर वापिस जाने की मांग पर एडवाइजरी जारी की है.

    जिसमें मंत्रालय ने बताया है पर्यटकों के अचानक अपने घर लौटने की बढ़ती मांग को देखते हुए उन्होंने एयरलाइनों से कहा है कि तुरंत अतिरिक्त उड़ानों की व्यवस्था की जाएं.

    मंत्रालय ने एयरलाइनों को टिकट रद्द करने या दोबारा बुक करने पर कोई जुर्माना न लेने के निर्देश दिए है.

  15. पहलगाम चरमपंथी हमले में मृतकों को अमित शाह ने दी श्रद्धांजलि

    केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने जम्मू-कश्मीर के पहलगाम हमले में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि दी. साथ ही उन्होंने मृतकों के परिजनों से भी मुलाकात की.

    साथ ही, बुधवार को अमित शाह बैसरन इलाके भी पहुंचे, जो पहलगाम से करीब पांच किलोमीटर दूर है और जहां चरमपंथी हमला हुआ था.

    वहीं कांग्रेस सांसद केसी वेणुगोपाल भी मृतकों को श्रद्धांजलि देने श्रीनगर पहुंचे. यहां उन्होंने पहलगाम हमले पर पत्रकारों से बातचीत की.

    उन्होंने कहा, "हम यहां मृतकों को श्रंद्धाजलि देने आए हैं. यह घटना बहुत दुखद और निंदनीय है. पूरे देश के लोग पीड़ित परिवारों के साथ हैं. हम सभी अपने देशवासियों के साथ मजबूती से खड़े हैं."

  16. पहलगाम हमले पर पाकिस्तान ने दी ये प्रतिक्रिया

    जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए हमले के बाद पाकिस्तान की सरकार ने अपनी पहली प्रतिक्रिया दी है.

    पाकिस्तान ने अपने बयान में कहा, "भारत के अवैध तौर से अधिकृत जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग ज़िले में हुए हमले में पर्यटकों की मौत से हमें बहुत दुख है. हम मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हैं और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हैं."

    इसके अलावा पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख़्वाजा आसिफ़ ने पहलगाम हमले पर पाकिस्तान के एक न्यूज़ चैनल से बात की थी.

    उन्होंने कहा था कि पाकिस्तान का इस हमले से कोई ताल्लुक नहीं है. उन्होंने इसे भारत का अंदरूनी मसला बताया था.

    पहलगाम हमले से जुड़ी ये ख़बरें भी पढ़ें -

  17. बारामूला में घुसपैठ की कोशिश नाकाम, मुठभेड़ में दो चरमपंथियों की मौत- भारतीय सेना

    सेना ने बुधवार को बताया कि जम्मू-कश्मीर के बारामूला ज़िले में नियंत्रण रेखा के पास घुसपैठ की कोशिश के दौरान हुई कार्रवाई में दो चरमपंथी मारे गए हैं.

    भारतीय सेना की चिनार कोर ने अपने एक्स अकाउंट से इस मुठभेड़ की जानकारी दी थी.

    उन्होंने लिखा, "सुरक्षा बलों और आतंकवादियों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें दो आतंकवादी मारे गए. सुरक्षाबलों ने घुसपैठ की कोशिश नाकाम कर दी है. इस ऑपरेशन के दौरान आतंकियों से काफी मात्रा में हथियार, गोलियां और दूसरी चीजे़ें बरामद हुई हैं."

    इसस पहले चिनार कॉर्प्स ने कहा कि बारामूला में उरी नाला के सरजीवन क्षेत्र से घुसपैठ की जानकारी मिली थी.

    मंगलवार को पहलगाम में हुए चरमपंथी हमले के बाद चरमपंथियों और सेना के बीच हुई यह ताज़ा मुठभेड़ है. इस हमले में कम से कम 26 लोग मारे गए हैं.

  18. पहलगाम हमले के विरोध में जम्मू-कश्मीर बंद, नेशनल कॉन्फ़्रेंस और पीडीपी ने किया समर्थन

    जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए चरमपंथी हमले के बाद चैंबर एंड बार एसोसिएशन जम्मू ने कश्मीर बंद का एलान किया है. उनके इस एलान का जम्मू-कश्मीर नेशनल कॉन्फ़्रेंस और पीडीपी प्रमुख महबूबा मुफ़्ती ने समर्थन किया है.

    जम्मू-कश्मीर नेशनल कॉन्फ़्रेंस ने कश्मीर बंद के समर्थन की जानकारी अपने एक्स अकाउंट पर साझा की है.

    पार्टी ने अपने पोस्ट में लिखा, "पार्टी अध्यक्ष के निर्देश पर, जम्मू-कश्मीर नेशनल कॉन्फ़्रेंस पहलगाम आतंकवादी हमले की कड़ी निंदा करते हुए कश्मीर बंद की सामूहिक अपील में शामिल हो गया है. हम जम्मू-कश्मीर के लोगों से अपील करते हैं कि धार्मिक और सामाजिक नेताओं की ओर से बुलाई गई हड़ताल को पूरी तरह से सफल बनाएं."

    वहीं पीडीपी प्रमुख महबूबा मुफ़्ती ने लिखा, "चैंबर एंड बार एसोसिएशन जम्मू ने पर्यटकों पर हुए भयावह चरमपंथी हमले के विरोध में पूरी तरह से बंद का आह्वान किया है. मैं सभी कश्मीरियों से अपील करती हूं कि वे पहलगाम में हुए क्रूर हमले में मारे गए निर्दोष लोगों के सम्मान में इस बंद का समर्थन करने के लिए एकजुट हों."

    "यह हमला कुछ ख़ास लोगों पर नहीं, बल्कि हम सभी पर हुआ है. हम ग़म और आक्रोश में एकजुट हैं और निर्दोषों की हत्या की कड़ी निंदा करने के लिए इस बंद का पूरी तरह समर्थन करते हैं."

    जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में मंगलवार को पर्यटकों पर चरमपंथी हमला हुआ. इस हमले में 26 लोगों की मौत हुई है.

  19. सऊदी अरब के दौरे से दिल्ली लौटे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

    जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए चरमपंथी हमले के बाद प्रधानमंत्री मोदी अपने सऊदी अरब के दौरे को बीच में रोक कर भारत लौट आए हैं.

    पीएम मोदी मंगलवार को सऊदी अरब के दो दिवसीय दौरे के लिए रवाना हुए थे.

    उन्होंने पहलगाम हमले को 'आतंकवादी हमला' बताया है और कहा कि 'हमले के ज़िम्मेदारों को बख्शा नहीं जाएगा.'

    दिल्ली पहुंचते ही उन्होंने हालात की जानकारी के लिए एक इमर्जेंसी ब्रीफ़िंग मीटिंग की.

    समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित डोभाल से हालात पर चर्चा हुई है.

    केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पहले ही कश्मीर पहुंच चुके हैं.

  20. पहलगाम में हुए चरमपंथी हमले पर राहुल गांधी ने गृहमंत्री अमित शाह से की बात

    जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए चरमपंथी हमले को लेकर राहुल गांधी ने गृहमंत्री अमित शाह से बात की. राहुल गांधी ने इसकी जानकारी अपने एक्स अकाउंट पर दी.

    उन्होंने लिखा, "मैंने गृहमंत्री अमित शाह, जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्लाह और जम्मू-कश्मीर पीसीसी अध्यक्ष तारिक़ हमीद कर्रा से पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले के बारे में बात की. इस हमले की पूरी जानकारी ली."

    "पीड़ितों के परिवारों को न्याय मिलना चाहिए और हम उन्हें पूरा समर्थन देंगे."

    जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में मंगलवार को पर्यटकों पर चरमपंथी हमला हुआ. इस हमले में 20 से अधिक लोगों की मौत हुई है.

    गृह मंत्री अमित शाह हमले के बाद श्रीनगर पहुँच चुके हैं. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी अपने सऊदी अरब के दौरे से लौट आए हैं.