उद्घाटन भाषण में बोले ट्रंप- 'भविष्य हमारा है, स्वर्णिम युग शुरू'

डोनाल्ड ट्रंप ने अमेरिका के राष्ट्रपति पद की शपथ ले ली है. वो दूसरी बार अमेरिका के राष्ट्रपति बने हैं.

सारांश

  • डोनाल्ड ट्रंप ने अमेरिका के 47वें राष्ट्रपति पद की शपथ ली.
  • जेडी वांस ने अमेरिका के उपराष्ट्रपति पद की शपथ ली है.
  • ट्रंप के शपथ समारोह में कई उद्योगपती, नेता और पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति शामिल हुए.
  • भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने डोनाल्ड ट्रंप को बधाई दी है.

लाइव कवरेज

अश्वनी पासवान, इफ़्तेख़ार अली

  1. मध्य पूर्व पर क्या बोले राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप?

    डोनाल्ड ट्रंप

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, अमेरिका के 47वें राष्ट्रपति बन गए डोनाल्ड ट्रंप.

    डोनाल्ड ट्रंप ने आज अमेरिका के 47वें राष्ट्रपति के तौर पर शपथ ले ली. उन्होंने अपने उद्घाटन भाषण में मध्य पूर्व से जुड़े मुद्दे पर भी बात की.

    उन्होंने कहा कि वो मध्य पूर्व में एक शांतिदूत और एकजुटता के सूत्रधार की भूमिका निभाएंगे.

    ट्रंप ने उन तीन इसराइली बंधकों का भी ज़िक्र किया, जिन्हें हमास ने ग़ज़ा में बंधक बनाकर रख लिया था.

    रविवार को वो सभी बंधक अपने परिवार के पास पहुंच गए थे.

    ट्रंप ने कहा, “अमेरिका धरती पर वापस सबसे महान, सबसे ताकतवर और सबसे सम्मानित राष्ट्र का उचित स्थान हासिल करेगा. अमेरिका पूरी दुनिया को न सिर्फ़ प्रेरित करेगा बल्कि दुनिया उसकी प्रशंसा भी करेगी.”

    उन्होंने कहा कि वो जल्द ही गल्फ़ ऑफ़ मेक्सिको का नाम बदलकर गल्फ़ ऑफ़ अमेरिका कर देंगे.

  2. उद्घाटन भाषण में ट्रंप ने कहा- भविष्य हमारा है, स्वर्णिम युग शुरू

    डोनाल्ड ट्रंप

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि हम असफ़ल नहीं होंगे.

    अमेरिका के 47वें राष्ट्रपति के तौर पर डोनाल्ड ट्रंप ने आज शपथ ली.

    डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि यह अमेरिका के लोगों की आवाज़ है. उन्होंने कहा, "भविष्य हमारा है. और हमारा स्वर्णिम युग अभी शुरू हुआ है."

    ट्रंप ने कहा, "मैं आज आपके सामने खड़ा हूं, यह इस बात का प्रमाण है कि आपको कभी भी यह नहीं मानना चाहिए कि कुछ भी असंभव है."

    उन्होंने कहा, "अमेरिका में, असंभव को संभव करना ही वो काम है, जो हम सबसे अच्छा करते हैं."

    "हम असफ़ल नहीं होंगे. आज के दिन से, अमेरिका आज़ाद, संप्रभु और स्वतंत्र देश होगा."

    ट्रंप ने अपने भाषण में जीत और सफलता की नई ऊंचाइयों को छूने की बात भी कही है.

    उन्होंने अपने भाषण में पनामा नहर का जिक्र करते हुए कहा, ‘हमने इसे चीन को नहीं दिया है. हम इसे वापस ले रहे हैं.’

  3. अमेरिका के 47वें राष्ट्रपति बनने के बाद क्या-क्या बोले डोनाल्ड ट्रंप

    डोनाल्ड ट्रंप ने ली शपथ.

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, अमेरिका के 47वें राष्ट्रपति बने डोनाल्ड ट्रंप.

    अमेरिका के 47वें राष्ट्रपति के तौर पर डोनाल्ड ट्रंप ने आज शपथ ली. व्हाइट हाउस में ट्रंप का यह दूसरा कार्यकाल है.

    अपने उद्घाटन भाषण में ट्रंप ने कहा, "आज से अमेरिका का स्वर्ण युग शुरू हो रहा है. हमारा देश अब समृद्ध और सम्मानित होगा."

    "मैं साफ़ तौर पर कहना चाहता हूं कि मैं हमेशा अमेरिका को प्राथमिकता दूंगा."

    उन्होंने कहा कि अमेरिका की "संप्रभुता वापस लाई जाएगी, सुरक्षा बहाल होगी और न्याय का संतुलन कायम किया जाएगा."

    ट्रंप ने ये भी कहा कि न्याय विभाग के अनुचित और पक्षपाती इस्तेमाल का अंत किया जाएगा.

    उन्होंने कहा, "हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता एक ऐसा देश बनाना है जो गर्व, समृद्धि और स्वतंत्रता से भरा हो."

    डोनाल्ड ट्रंप ने राष्ट्रपति बनने के बाद अपनी योजनाओं को लेकर जानकारी दी.

    उन्होंने कहा कि आज वो अमेरिका-मेक्सिको सीमा पर राष्ट्रीय आपातकाल घोषित करने वाले कार्यकारी आदेश पर हस्ताक्षर करेंगे.

    ट्रंप ने कहा कि अवैध प्रवेश को तुरंत रोका जाएगा और सरकार लाखों "अपराधी प्रवासियों" को उनके देश वापस भेजने की प्रक्रिया शुरू करेगी.

  4. डोनाल्ड ट्रंप ने अमेरिका के 47वें राष्ट्रपति के तौर पर शपथ ली

    डोनाल्ड ट्रंप

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, डोनाल्ड ट्रंप पहले भी अमेरिका के राष्ट्रपति रह चुके हैं और इस बार उन्होंने अमेरिका को दोबारा महान देश बनाने का वादा किया है

    डोनाल्ड ट्रंप ने आज अमेरिका के 47वें राष्ट्रपति के तौर पर शपथ ली.

    ये समारोह आमतौर पर यूएस कैपिटल के बाहर होता है, लेकिन इस बार कड़ाके की ठंड की वजह से इसे अंदर आयोजित किया गया है.

    ये ट्रंप का व्हाइट हाउस में दूसरा कार्यकाल है.

    वहीं जेडी वेंस ने अमेरिका के उपराष्ट्रपति पद की शपथ ली है.

    भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने डोनाल्ड ट्रंप को बधाई दी है.

    उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "मेरे प्रिय मित्र डोनाल्ड ट्रंप को अमेरिका के 47वें राष्ट्रपति के रूप में ऐतिहासिक शपथ ग्रहण पर बधाई. मैं दोनों देशों को लाभ पहुंचाने और दुनिया के लिए बेहतर भविष्य को आकार देने के लिए एक बार फिर साथ मिलकर काम करने को उत्सुक हूं. आगामी सफल कार्यकाल के लिए आपको शुभकामनाएं."

    200 से ज्यादा फ़ैसलों पर हस्ताक्षर की संभावना

    शपथ लेने के बाद ट्रंप 200 के क़रीब एग्ज़ीक्यूटिव ऑर्डर पर हस्ताक्षर कर सकते हैं. इनमें से कुछ फ़ैसले क़ानून की तरह लागू होंगे और कुछ घोषणाएं होंगी.

    एग़्जीक्यूटिव ऑर्डर राष्ट्रपति का ऐसा आदेश होता है जिसे लागू करने के लिए कांग्रेस की मंज़ूरी की ज़रूरत नहीं होती. ये आदेश क़ानून के तहत नीतियां लागू करने का एक तरीक़ा है, लेकिन इन्हें अदालत में चुनौती दी जा सकती है.

    अपने पहले कार्यकाल में ट्रंप ने 220 एग़्जीक्यूटिव ऑर्डर जारी किए थे, जिनमें से कई अदालतों में विवाद का हिस्सा बनीं. इसके मुक़ाबले, जो बाइडन ने 160 और ओबामा और बुश ने 277 और 291 आदेश जारी किए थे.

  5. डोनाल्ड ट्रंप का शपथ ग्रहण समारोह, लाइव देखें

    छोड़िए YouTube पोस्ट
    Google YouTube सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में Google YouTube से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले Google YouTube cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है. YouTube सामग्री में विज्ञापन हो सकते हैं.

    पोस्ट YouTube समाप्त

  6. पुतिन ने ट्रंप को दी बधाई, यूक्रेन में युद्धविराम को लेकर क्या कहा?

    पुतिन

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, डोनाल्ड ट्रंप अमेरिका के 47वें राष्ट्रपति के तौर पर शपथ लेने जा रहे हैं

    रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने अमेरिका के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को उनके शपथ ग्रहण से पहले बधाई दी है.

    पुतिन ने अपनी राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद को टेलीविज़न पर संबोधित किया.

    उन्होंने रूस के साथ फिर से संपर्क बहाल करने की ट्रंप की इच्छा और तीसरे विश्व युद्ध को रोकने के लिए हर संभव प्रयास करने की उनकी टिप्पणियों का भी जिक्र किया.

    पुतिन ने कहा, "बेशक, हम इस रुख का स्वागत करते हैं और नवनियुक्त अमेरिकी राष्ट्रपति को पदभार संभालने पर बधाई देते हैं."

    पुतिन ने आगे कहा कि वह यूक्रेन युद्ध पर ट्रंप प्रशासन के साथ बातचीत के लिए तैयार हैं.

    उन्होंने ये भी कहा कि उनका मानना है कि "अस्थायी युद्धविराम नहीं होना चाहिए" बल्कि "दीर्घकालिक शांति" होनी चाहिए, जो क्षेत्र के सभी लोगों और राष्ट्र के न्यायिक हितों का सम्मान करे.

    पुतिन ने कहा, "स्वाभाविक रूप से, हम रूस के हितों के लिए खड़े होंगे."

  7. डोनाल्ड ट्रंप राष्ट्रपति पद की शपथ लेने कैपिटल पहुँचे

    डोनाल्ड ट्रंप चार साल के बाद एक बार फिर अमेरिका के अगले राष्ट्रपति बनने जा रहे हैं. डोनाल्ड ट्रंप अमेरिका के 47वें राष्ट्रपति के तौर पर शपथ लेने जा रहे हैं. उनके शपथ से पहले देखिए तस्वीरें

    ट्रंप

    इमेज स्रोत, Getty Images

    ट्रंप और मेलानिया

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, ट्रंप के स्थानीय समयानुसार 12 बजे से पहले शपथ लेने की उम्मीद है
    जो बाइडन और उनकी पत्नी जिल ने डोनाल्ड ट्रंप और मेलानिया

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, जो बाइडन और उनकी पत्नी जिल ने डोनाल्ड ट्रंप और मेलानिया का व्हाइट हाउस में स्वागत किया
    ट्रंप समर्थक

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, ट्रंप समर्थक पहले से ही कैपिटल वन एरिना के अंदर अपनी सीटें लेना शुरू कर रहे हैं
    ट्रंप

    इमेज स्रोत, Reuters

    ट्रंप

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, डोनाल्ड ट्रंप पहले भी अमेरिका के राष्ट्रपति रह चुके हैं और इस बार उन्होंने अमेरिका को दोबारा महान देश बनाने का वादा किया है. ट्रंप ने कई ऐसे मुद्दे उठाए जो अमेरिकी मतदाताओं पर असर करने वाले साबित हुए
  8. नीरज चोपड़ा की शादी पर उनके चाचा ने क्या बताया?

    हिमानी मोर और नीरज चोपड़ा

    इमेज स्रोत, NeerajChopra/X

    इमेज कैप्शन, नीरज चोपड़ा ने रविवार को पोस्ट कर बताया कि उन्होंने हिमानी से शादी रचाई है

    ओलंपिक मेडलिस्ट नीरज चोपड़ा ने शादी कर ली है. रविवार को इसकी जानकारी उन्होंने सोशल मीडिया के ज़रिए दी है. जिसके बाद सोशल मीडिया पर उन्हें लेकर चर्चा तेज़ हो गई.

    न्यूज़ एजेंसी पीटीआई से बातचीत करते हुए नीरज के चाचा भीम चोपड़ा ने कहा, "नीरज और हिमानी एक-दूसरे को पहले से जानते थे. कुछ दोस्तों की मदद से ये दो साल पहले हुआ और कुछ समय से दोनों परिवार एक-दूसरे को जान रहे हैं."

    शादी की तैयारियां पिछले कुछ महीने से चल रही थी, लेकिन कोई भी तैयारी मीडिया तक नहीं पहुंच पाई.

    भीम चोपड़ा ने कहा, "शादी में केवल दोनों परिवारों के सदस्य ही शामिल हुए थे, क्योंकि नीरज भी ऐसा ही चाहते थे और दोनों परिवार भी ऐसा ही चाहते थे."

    भारतीय एथलेटिक्स महासंघ (एएफआई) का दावा है कि उसे पता था कि क्या चल रहा है और उसने सुपरस्टार और उनके परिवार की गोपनीयता की इच्छा का पालन किया है.

    एएफआई के बड़े अधिकारी ने कहा, "हां, उन्होंने एएफआई को अपनी शादी के बारे में बताया था. वह इसे बहुत क़रीबी लोगों के साथ निजी तौर पर करना चाहते थे."

    हिमानी मोर और नीरज चोपड़ा

    इमेज स्रोत, NeerajChopra/X

  9. रोहित शर्मा 10 साल बाद रणजी खेलेंगे, लेकिन नहीं होंगे मुंबई के कप्तान

    रोहित शर्मा

    इमेज स्रोत, Getty Images

    सोमवार को मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन (एमसीए) ने जम्मू-कश्मीर के ख़िलाफ़ रणजी ट्रॉफी के अगले दौर के लिए अपनी टीम की घोषणा कर दी है.

    मुंबई की टीम में भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान रोहित शर्मा और बल्लेबाज़ यशस्वी जायसवाल का नाम शामिल है.

    रोहित शर्मा 10 साल बाद इस टूर्नामेंट में वापसी कर रहे हैं.

    ख़ास बात ये है कि इस मैच में रोहित शर्मा कप्तान नहीं होंगे और अजिंक्य रहाणे की कप्तानी में खेलते नज़र आएंगे.

    यह मैच 23 से 26 जनवरी तक एमसीए शरद पवार क्रिकेट अकादमी, बीकेसी, मुंबई में खेला जाएगा.

    17 सदस्यीय टीम इस प्रकार है- अजिंक्य रहाणे (कप्तान), रोहित शर्मा, यशस्वी जायसवाल, आयुष म्हात्रे, श्रेयस अय्यर, सिद्धेश लाड, शिवम दुबे, हार्दिक तमोरे (विकेटकीपर), आकाश आनंद (विकेटकीपर), तनुश कोटियन, शम्स मुलानी, हिमांशु सिंह, शार्दुल ठाकुर, मोहित अवस्थी, सिल्वेस्टर डिसूजा, रॉयस्टन डियास, कर्ष कोठारी.

  10. आईपीएल 2025: लखनऊ सुपर जाइंट्स ने ऋषभ पंत को बनाया कप्तान

    ऋषभ पंत

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, ऋषभ पंत को आईपीएल मेगा नीलामी के दौरान लखनऊ सुपर जाइंट्स ने 27 करोड़ रुपये में खरीदा था

    विकेटकीपर बल्लेबाज़ ऋषभ पंत को इस साल के इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) सीज़न से पहले मंगलवार को लखनऊ सुपर जाइंट्स (एलएसजी) का कप्तान घोषित किया गया है.

    रविवार को लखनऊ सुपर जाइंट्स ने अपने अधिकारिक एक्स अकाउंट पर लिखा था, "एलएसजी की गद्दी पर कौन बैठेगा?". और एक दिन बाद यानी आज उन्होंने बता दिया कि वह ऋषभ पंत होंगे.

    पंत पिछले दिनों हुई नीलामी में आईपीएल इतिहास के सबसे महंगे खिलाड़ी बने थे. पिछले साल नवंबर में जेद्दा में आयोजित आईपीएल मेगा नीलामी के दौरान लखनऊ सुपर जाइंट्स ने उन्हें 27 करोड़ रुपये की बोली लगाकर खरीदा था.

    पंत ने पिछले साल दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) के लिए कप्तानी की थी.

  11. डोनाल्ड ट्रंप के शपथ से पहले क्यों हो रही कार्यकारी आदेश की चर्चा?

    डोनाल्ड ट्रंप

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, डोनाल्ड ट्रंप 20 जनवरी को एक बार फिर से अमेरिका के राष्ट्रपति पद की कमान संभालने जा रहे हैं

    20 जनवरी को डोनाल्ड ट्रंप अमेरिका के 47वें राष्ट्रपति के तौर पर शपथ लेने जा रहे हैं. माना जा रहा है कि इस दिन वह 200 से भी ज़्यादा कार्यकारी आदेशों पर हस्ताक्षर कर सकते हैं.

    इसमें वे कार्यकारी आदेश शामिल होंगे, जो क़ानूनी रूप से बाध्यकारी हैं.

    कार्यकारी आदेश राष्ट्रपति की ओर से संघीय सरकार को जारी किया गया एक लिखित आदेश है, जिसके लिए अमेरिका की संसद की मंज़ूरी की ज़रूरत नहीं होती है.

    ट्रंप ने अपने पहले कार्यकाल के दौरान 220 कार्यकारी आदेशों पर हस्ताक्षर किए थे, जिसमें कुछ को अदालत में चुनौती दी गई.

    जो बाइडन ने 160 कार्यकारी आदेश जारी किए और बराक ओबामा और बुश ने 277 और 291 आदेश जारी किए.

    ट्रंप अमेरिका से अवैध प्रवासियों को निकालने की घोषणा कर सकते हैं.

    ट्रंप ने यह भी कहा है कि वह उस लंबे समय से चली आ रही नीति को ख़त्म कर देंगे जिसने संघीय आप्रवासन अधिकारियों को चर्चों और स्कूलों पर छापे मारने से रोक दिया है.

    किसी भी बड़े 'देश-निकाला कार्यक्रम' को लॉजिस्टिकल कठिनाइयों, अरबों की लागत और कई क़ानूनी चुनौतियों का सामना करना पड़ता है

    'रिमेन इन मेक्सिको'

    ट्रंप जल्द ही अपनी 'रिमेन इन मेक्सिको' नीति को फिर से लागू करने के लिए आगे बढ़ सकते हैं.

    जिसने उनके पहले कार्यकाल के दौरान लगभग 70,000 गैर-मेक्सिकन शरण चाहने वालों को सुनवाई का इंतजार करने के लिए सीमा पार से मेक्सिको लौटा दिया था.

    जन्मसिद्ध नागरिकता को खत्म करना

    ट्रंप ने 150 साल पुराने उस संवैधानिक अधिकार को "हास्यास्पद" बताया है, जिसके मुताबिक़ अमेरिकी ज़मीन पर जन्म लेने वाला कोई भी व्यक्ति अमेरिकी नागरिक है और इसे पहले ही दिन खत्म करने का संकल्प लिया है.

    लेकिन ऐसा करना केवल एक कार्यकारी आदेश जारी करने से कहीं ज़्यादा मुश्किल है, क्योंकि जन्मजात नागरिकता की गारंटी अमेरिकी संविधान में स्पष्ट रूप से दी गई है.

  12. दिनभर- पूरा दिन,पूरी ख़बर: आरजी कर बलात्कार- हत्या मामले में दोषी को उम्रकै़द

    छोड़िए YouTube पोस्ट
    Google YouTube सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में Google YouTube से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले Google YouTube cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है. YouTube सामग्री में विज्ञापन हो सकते हैं.

    पोस्ट YouTube समाप्त

  13. केकेआर में रिटेन नहीं किए जाने पर श्रेयस अय्यर ने तोड़ी चुप्पी

    श्रेयस अय्यर

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, साल 2024 के आईपीएल में अय्यर के नेतृत्व में केकेआर ने सनराइजर्स हैदराबाद को हराकर खिताब जीता था.

    अपनी कप्तानी में कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) को आईपीएल 2024 की ट्रॉफी दिलाने वाले श्रेयस अय्यर ने केकेआर में रिटेन नहीं किए जाने पर कहा कि वह 'निश्चित तौर पर निराश' थे.

    श्रेयस अय्यर ने 'द इंडियन एक्सप्रेस' के आइडिया एक्सचेंज में आईपीएल 2025 मेगा ऑक्शन को लेकर कहा, “हां साफ़ तौर पर निराश था.”

    केकेआर ने श्रेयस अय्यर को रिलीज़ कर दिया था, बाद में मेगा नीलामी में पंजाब किंग्स इलेवन ने उन्हें रिकॉर्ड 26.75 करोड़ रुपये की बोली लगाकर ख़रीद लिया था.

    श्रेयस ने केकेआर में रिटेन नहीं किए जाने पर पहली बार चुप्पी तोड़ी है.

    उन्होंने कहा, “निश्चित रूप से केकेआर में मेरा समय शानदार रहा. वहां गुजारा हर पल मुझे पसंद आया. जाहिर है, हमने आईपीएल चैंपियनशिप के बाद सीधे बातचीत की थी, लेकिन इसके बाद कुछ भी स्पष्ट नहीं हुआ. उनकी ओर से मुझे एप्रोच ही नहीं किया गया. कोई ठोस प्रयास नहीं हुए. मैं उलझन में था कि क्या हो रहा है, इसलिए बातचीत की कमी के कारण हम ऐसी स्थिति में आ गए जहां हम आपसी सहमति से अलग हो गए.”

  14. रामगोपाल वर्मा को ख़ुद पर ही क्यों रोना आया, मानीं अपनी ग़लतियां

    रामगोपाल वर्मा

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, राम गोपाल वर्मा ने फिल्म सत्या को लेकर एक्स पर एक लंबी पोस्ट डाली है

    रामगोपाल वर्मा सत्या, रंगीला, कंपनी और सरकार जैसी फ़िल्मों के लिए जाने जाते हैं. लेकिन पिछले कुछ सालों से वह फ़िल्मी दुनिया में कुछ ख़ास नहीं कर पा रहे हैं.

    कुछ फ़िल्में उन्होंने बनाईं भी लेकिन पहले की तरह कामयाब नहीं रहीं. सत्या 27 साल बाद फिर से रिलीज हुई है. अब रामगोपाल वर्मा ने स्वीकार किया है कि अतीत में उन्होंने कई ग़लतियां की थीं.

    वर्मा ने न सिर्फ़ अपनी ग़लतियां मानीं बल्कि फ़िल्म निर्माताओं के लिए भी एक प्रेरणादायक नोट लिखा जो अपने रास्ते से भटक गए हैं.

    राम गोपाल वर्मा ने एक्स पर एक लंबी पोस्ट डाली है. इस पोस्ट में उन्होंने लिखा है, ''27 सालों बाद दो दिन पहले मैंने फिर से सत्या देखी. मैं इसे देख रोने लगा. मैंने इसकी फ़िक्र नहीं की कि मुझे कोई रोते हुए देख लेगा. मेरे आंसू न केवल इस फ़िल्म के लिए थे बल्कि इतने सालों में जो कुछ हुआ, उसके लिए भी थे. फिल्म बनाना बच्चे को जन्म देने की तरह होता है. न तो हमें बच्चे को जन्म देते वक़्त अहसास होता है कि वह कैसा होगा और न ही फ़िल्म को लेकर पता होता है कि लोग इसे किस तरह से लेंगे. सत्या के बाद मैं न केवल शराब के नशे में था बल्कि अपनी कामयाबी और अहंकार के नशे में भी था. दो दिन पहले तक मैं इन चीज़ों से अनजान था. सत्या और रंगीला की कामयाबी से मैं अहंकार में डूब गया था. मैं अपनी दूरदर्शिता खो चुका था.''

    रामगोपाल वर्मा ने लिखा है, ''शायद मैं सत्या की तरह फिर से कोई फ़िल्म ना बना सकूं लेकिन ऐसा इरादा रखना भी सिनेमा के खिलाफ एक अक्षम्य अपराध है. मैं अब संकल्प लेता हूँ कि मेरे जीवन के जितने साल बचे हैं, उन्हें गंभीरता से सत्या की तरह कुछ गंभीर फ़िल्म बनाने पर ख़र्च करूंगा.''

    मनोज वाजपेयी

    इमेज स्रोत, Getty Images

    सत्या के अभिनेता मनोज वाजपेयी ने रामगोपाल वर्मा की इस पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए लिखा है, ''अपनी ज़िंदगी और काम पर इतनी कठोरता से सोचने के लिए बहुत साहस की ज़रूरत पड़ती है. आपके पास साहस और निडरता की कमी कभी नहीं रही है. आपकी तरह कोई भी नहीं हो सकता है. आपमें विशेष प्रतिभा है.''

  15. ट्रंप करेंगे पुतिन से फोन पर बात? रूसी मीडिया ने क्या बताया

    डोनाल्ड ट्रंप और व्लादिमीर पुतिन

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, डोनाल्ड ट्रंप और व्लादिमीर पुतिन

    रूस की न्यूज़ एजेंसी तास के मुताबिक़ अमेरिका के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपनी टीम को रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ एक फोन कॉल की व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं.

    न्यूज़ एजेंसी तास पर छपी रिपोर्ट के मुताबिक़, सीएनएन की रिपोर्ट में सूत्रों का हवाला देते हुए कहा गया है कि अमेरिका के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपनी टीम को 20 जनवरी को अपने शपथ समारोह के बाद पहले दिनों में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ एक फोन कॉल की व्यवस्था करने का निर्देश दिए हैं.

    ब्रॉडकास्टर के मुताबिक़ बातचीत का एक लक्ष्य यूक्रेन में संघर्ष को ख़त्म करने की कोशिश करने के लिए "आने वाले महीनों में एक व्यक्तिगत बैठक पर चर्चा करना" होगा.

    ट्रंप ने 7 जनवरी को इस बात से इनकार नहीं किया कि यूक्रेन मुद्दे को हल करने में 24 घंटे से ज़्यादा समय लग सकता है. ट्रंप ने कहा था कि उनके राष्ट्रपति बनते ही यूक्रेन और रूस की जंग ख़त्म हो जाएगी.

  16. ट्रंप जिन मोर्चों पर भारत को दे सकते हैं चोट, क्या कह रहे हैं एक्सपर्ट

    ट्रंप

    इमेज स्रोत, Getty Images

    डोनाल्ड ट्रंप एक बार फिर से अमेरिका के राष्ट्रपति बनने जा रहे हैं. ट्रंप के इस कार्यकाल को लेकर भारत की कई तरह की आशंकाएं हैं. ट्रंप ने चुनाव जीतने के बाद ब्रिक्स गुट के देशों को धमकी भी दी थी. ब्रिक्स में भारत भी शामिल है. ट्रंप भारत के ख़िलाफ़ पहले भी टैरिफ लगाने की धमकी देते रहे हैं.

    भारत को लेकर ट्रंप की नीति कैसी होगी? समाचार एजेंसी पीटीआई से पूर्व डिपलोमैट मंजू सेठ ने कहा, ''ट्रंप के सत्ता में आने के बाद अमेरिका से भारत के कारोबार पर असर पड़ेगा. ट्रंप की अमेरिका फर्स्ट नीति है और वह किसी भी सूरत में चाहते हैं कि जिन देशों से व्यापार घाटा है, उसे ख़त्म किया जाए. ट्रंप ने भारत से अमेरिका आने वाले सामानों पर टैरिफ लगाने की चेतावनी दी है. चीन को भी इसी तरह की धमकी दी है. ट्रप लेने-देन में भरोसा रखने वाले नेता हैं. वो देखते हैं कि किससे कितना फ़ायदा हो रहा है और किससे कितना नुक़सान.''

    समाचार एजेंसी पीटीआई से अर्थशास्त्री मनोज पंत ने कहा कि ट्रंप की नीति संरक्षणवादी रहेगी. पंत ने कहा, ''ट्रंप को लेकर कुछ ग़लतफ़हमी है. ट्रंप की नीतियां संरक्षणवादी रहेंगी लेकिन हर मामले में नहीं. ट्रंप आठ या दस बड़े ट्रेड पार्टनर देशों से अपने संबंधों की समीक्षा करना चाहते हैं. भारत इन्हीं देशों में से एक है. ट्रंप अभी चीन, मेक्सिको और कनाडा के ख़िलाफ़ टैरिफ लगाने की बात कर रहे हैं. ट्रंप दरअसल मोल-भाव कर रहे हैं. ट्रंप टैरिफ का डर दिखाकर नई डील करना चाह रहे हैं. मुझे नहीं लगता है कि अमेरिका में भारत का निर्यात बहुत ज़्यादा प्रभावित नहीं होगा.''

    ट्रंप कई बार शिकायत कर चुके हैं कि भारत अमेरिकी सामानों पर टैक्स लगाता है और ख़ुद अमेरिका में निर्यात करता है तो टैक्स फ्री चाहता है.

    17 सितंबर को ट्रंप ने कहा था, ''इंडिया बहुत मुश्किल है. ब्राज़ील भी बहुत मुश्किल है. मैं आप सभी से यह बात कह सकता हूँ.''

    जुलाई 2024 में ट्रंप ने एक चुनावी रैली में कहा था, ''अगर आप चीन में कुछ बनाना चाहते हैं तो वो चाहेंगे कि हम चीज़ें यहां बनाएं और वहां भेजें. फिर वो आप पर 250 फ़ीसदी टैरिफ लगाएंगे. हम ये नहीं चाहते. फिर आपको निमंत्रण मिलता है कि आइए अपना प्लांट लगाइए. फिर ये कंपनियां वहां जाती हैं.''

    अमेरिका भारत का सबसे बड़ा ट्रेड पार्टनर है. अमेरिका भारत के बड़े कारोबारी साझेदारों में एकमात्र देश है, जिससे भारत का व्यापार घाटा नहीं है. यानी भारत अमेरिका में अपना सामान बेचता ज़्यादा है और ख़रीदता कम है.

  17. सैफ़ अली ख़ान: संदिग्ध हमलावर को लेकर पुलिस ने दी नई जानकारी

    अभियुक्त मोहम्मद शरीफ़ुल इस्लाम शहज़ाद को पुलिस कोर्ट ले जाती हुई

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, अभियुक्त मोहम्मद शरीफ़ुल इस्लाम शहज़ाद को 24 जनवरी तक मुंबई पुलिस की कस्टडी में भेज दिया गया है

    अभिनेता सैफ़ अली ख़ान पर हुए हमले के मामले में मुंबई पुलिस ने कहा है कि अभियुक्त के बांग्लादेशी होने का शक है.

    वहीं, इंडियन एक्सप्रेस ने जाँच से जुड़े सूत्रों के हवाले से बताया कि अभियुक्त मोहम्मद शरीफ़ुल इस्लाम शहज़ाद को पकड़ने के लिए उसके गूगल पे से पराठे और पानी की बोतल के लिए किए गए ट्रांजेक्शन से पता लगाया गया है.

    अभियुक्त ने ये ट्रांजेक्शन वर्ली में स्थित सेंचुरी मॉल के पास शनिवार की रात किया था.

    गूगल पे से किए गए ट्रांजेक्शन से पुलिस ने मोबाइल फोन का पता लगाया और फिर अभियुक्त को ठाणे के लेबर कैंप से गिरफ्तार किया.

    मुंबई पुलिस के मुताबिक़ अभियुक्त की उम्र क़रीब 30 साल है और उसका नाम मोहम्मद शरीफ़ुल इस्लाम शहज़ाद है.

    ज़ोन-9 के डीसीपी दीक्षित गेडाम ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कहा, "प्रथम दृष्टया ये लगता है कि अभियुक्त बांग्लादेशी है."

    उन्होंने बताया कि अभियुक्त पिछले कुछ महीनों से मुंबई में विजय दास के रूप में अपनी पहचान बताकर रह रहा था. समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, मोहम्मद शरीफुल हमले वाले दिन शाम सात बजे तक बांद्रा में ही थे.

  18. नमस्कार!

    अभी तक बीबीसी संवाददाता अश्वनी आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे. अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता इफ़्तेख़ार अली आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगे.

    फिलहाल, बीबीसी हिंदी के पन्ने पर लगी कुछ अहम ख़बरें नीचे दिए लिंक्स पर क्लिक कर आप पढ़ सकते हैं.

  19. ट्रंप संभालने जा रहे हैं, राष्ट्रपति की कमान, जानिए कौन-कौन विदेशी मेहमान हो रहे हैं शामिल

    ट्रंप

    इमेज स्रोत, Getty Images

    डोनाल्ड ट्रंप 20 जनवरी को एक बार फिर से राष्ट्रपति पद की कमान संभालने जा रहे हैं.

    यह पहली बार है, जब अमेरिका का कोई नवनिर्वाचित राष्ट्रपति सत्ता हस्तांतरण समारोह में विदेशी नेताओं का स्वागत करेगा. अमेरिका में इससे पहले ऐसा नहीं होता था. ट्रंप ने इटली, अर्जेंटीना, चीन और जॉर्जिया के राष्ट्रपति को समारोह में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया था.

    ट्रंप के शपथ ग्रहण समारोह में कौन-कौन आएगा, इसे लेकर काफ़ी बातें हो रही थीं. इसे इस रूप में भी देखा जा रहा है कि जिन देशों के राष्ट्राध्यक्षों को बुलाया गया है, उनके प्रति ट्रंप की नीतियां उदार रहेंगी.

    इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी सोमवार को ट्रंप के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगी. मेलोनी यूरोप की उन हाई प्रोफ़ाइल नेताओं में शामिल हैं, जिन्हें ट्रंप ने अपने शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया था.

    इटली की प्रधानमंत्री के कार्यालय ने मेलोनी के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने की पुष्टि की है.

    अर्जेंटीना के राष्ट्रपति जेवियर मिलेई को भी आमंत्रित किया गया था. अर्जेंटीना के राष्ट्रपति भी ट्रंप के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे. पाँच नवंबर को चुनाव जीतने के बाद मिलेई पहले अंतरराष्ट्रीय नेता थे, जिन्होंने ट्रंप से मुलाक़ात की थी.

    तब विवेक रामास्वामी ने मिलेई को गले लगाया था. ट्रंप ने टेस्ला और स्पेसएक्स के मालिक एलन मस्क के साथ विवेक रामास्वामी को डिपार्टमेंट ऑफ गवर्नमेंट एफिशिएन्सी (डीओजीई) का प्रमुख बनाया है. रामास्वामी ने तो मिलेई को अपने लिए प्रेरक शख़्स बताया था. मिलेई की तारीफ़ एलन मस्क भी करते रहे हैं. मेलोनी और मस्क भी एक दूसर की तारीफ़ करते हैं.

    पश्चिम परस्त नेता जॉर्जिया की राष्ट्रपति सालोम ज़ौराबिचविली भी ट्रंप के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगी. जॉर्जिया में राष्ट्रपति चुनाव को लेकर सालोम पर धोखाधड़ी का आरोप लगा था.

    अमेरिकी मीडिया रिपोर्टस के मुताबिक़ चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग को भी आमंत्रित किया गया था लेकिन चीन अपने उपराष्ट्रपति हान चेंग को भेज रहा है. शुक्रवार को चीन के विदेश मंत्रालय ने हान के अमेरिका जाने की घोषणा की थी.

    भारत की ओर से विदेश मंत्री एस जयशंकर वॉशिंगटन में ट्रंप के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे.

    ये भी पढ़ें-

  20. बिहार के एक गांव में 7 लोगों की संदिग्ध मौत, प्रशासन ने क्या कहा?, सीटू तिवारी, बीबीसी संवाददाता

    बिहार के पश्चिमी चंपारण ज़िले में कथित तौर पर ज़हरीली शराब पीने से सात लोगों की मौत का मामला समाने आया है

    इमेज स्रोत, Ganesh, Medical Team

    इमेज कैप्शन, पश्चिम चंपारण के नरकटियागंज के लौरिया थाना क्षेत्र के मठिया गांव में सात लोगों की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है

    बिहार के पश्चिमी चंपारण ज़िले के एक गांव में कथित तौर पर ज़हरीली शराब पीने से सात लोगों की मौत का मामला सामने आया है.

    यह मामला बिहार के पश्चिमी चंपारण ज़िले के नरकटियागंज के लौरिया थाना क्षेत्र के मठिया गांव का है.

    हालांकि नरकटियागंज के सब डिविजनल पुलिस ऑफिसर जय प्रकाश सिंह ने बीबीसी से बात करते हुए इन मौतों को ‘स्वाभाविक मृत्यु’ बताया है.

    जय प्रकाश सिंह ने बीबीसी से कहा, "14 से 19 जनवरी के बीच गांव में सात मौत हुई है. एक महिला ने आत्महत्या की है, एक 90 साल के व्यक्ति की मृत्यु ठंड से हुई है, एक शख्स की मौत लीवर की बीमारी से और एक अन्य शख्स की मृत्यु दुर्घटना में हुई है."

    "ज़हरीली शराब पीने से किसी की मौत नहीं हुई है. ज़हरीली शराब पीने के जो लक्षण होते हैं, जैसे कि आंख की रोशनी चली जाने का कोई मामला नहीं मिला है. मृतकों का पोस्टमार्टम इस कारण नहीं हो सका क्योंकि गांव वालों ने बिना किसी जानकारी के अंतिम संस्कार कर दिया है."

    इन मौतों पर गांव के लोग कुछ नहीं कह रहे हैं. हालांकि कई स्थानीय मीडिया में गांव में कथित तौर पर देसी शराब के खाली पाउच की फोटो दिखाई जा रही है.

    पश्चिमी चंपारण के एसपी शौर्य सुमन का कहना है, "हम लोगों ने इसकी जाँच के लिए एक टीम का गठन किया है. साथ ही मेडिकल टीम बनाई है जो कि मठिया के साथ-साथ आसपास के गांव में भी किसी व्यक्ति की बीमारी की सूचना और इलाज पर नज़र रखेगी."

    उनका कहना है, "जिन घरों में मौत हुई है, उनके घरवालों से पूछताछ की गई है. मृतक अलग-अलग आयु वर्ग के हैं. जाँच रिपोर्ट के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी."