ईरान के कब्ज़े वाले जहाज से केरल पहुंचीं एंटेसा, ईरानी सुरक्षा बलों के बारे में बताई ये बात

एंटेसा जोसेफ़ ईरानी कब्ज़े वाले व्यापारिक जहाज एमएससी एरीज़ के 25 सदस्यों वाले इंटरनेशनल क्रू की एकमात्र ऐसी सदस्य हैं जिन्हें छोड़ा गया है. वे आज शाम भारत वापस लौट आई हैं.

सारांश

  • ईडी ने कारोबारी राज कंद्रा की करीब 97 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की है.
  • पहलवान साक्षी मलिक को टाइम मैगजीन के 100 सबसे प्रभावशाली लोगों में जगह मिली.
  • केंद्रीय मंत्री नारायण राणे महाराष्ट्र की रत्नागिरी-सिंधुदुर्ग सीट से लोकसभा चुनाव लड़ेंगे.
  • यूक्रेनी प्रधानमंत्री ने दावा किया है कि यूक्रेन अगर रूस से हारता है तो तीसरा विश्वयुद्ध छिड़ सकता है.

लाइव कवरेज

प्रवीण

  1. ईरान के कब्ज़े वाले जहाज से केरल पहुंचीं एंटेसा, ईरानी सुरक्षा बलों के बारे में बताई ये बात, इमरान क़ुरैशी, बीबीसी हिंदी के लिए

    एंटेसा जोसेफ़

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, एंटेसा जोसेफ़

    ईरान के कब्ज़े में लिए मालवाहक जहाज के क्रू की सदस्य एंटेसा जोसेफ़ ने स्वदेश वापसी के बाद अपना अनुभव साझा किया है.

    उन्होंने बीबीसी हिंदी को बताया, "ईरानी सुरक्षा बलों ने एमएससी एरीज़ के क्रू से कहा था कि उनका हमें नुक़सान पहुंचाने का कोई इरादा नहीं है."

    एंटेसा जोसेफ़ ईरानी कब्ज़े वाले व्यापारिक जहाज एमएससी एरीज़ के 25 सदस्यों वाले इंटरनेशनल क्रू की एकमात्र ऐसी सदस्य हैं जिन्हें छोड़ा गया है. वे आज शाम भारत वापस लौट आई हैं.

    एंटेसा ने कोट्टायम में अपने घर पहुंचने के बाद बीबीसी से बात की. उन्होंने बताया, "सब कुछ अचानक हुआ. कल उन्होंने कहा कि अपना सामान पैक कर लो और मुझे एक नाव पर बिठा दिया था और फिर उसके बाद भारत जाने वाली अंतरराष्ट्रीय उड़ान में बिठा दिया गया."

    21 वर्षीय एंटेसा जिस मालवाहक जहाज़ पर तैनात थीं, वो मुंबई आ रहा था. लेकिन शनिवार को जब जहाज अबु धाबी के पास पहुँचा तो हेलिकॉप्टर के ज़रिए ईरानी सिक्योरिटी फ़ोर्सज़ शिप पर उतरे.

    एंटेसा जोसेफ़

    इमेज स्रोत, BIJU ABRAHAM

    इमेज कैप्शन, एंटेसा जोसेफ़

    ये मालवाहक जहाज़ ज़ोडिएक मैरिटाइम नामक कंपनी का है जिसके मालिक इसराइल अरबपति एयाल ओफ़ेर हैं. इसे एमएससी एरीज़ नाम की कंपनी ने लीज़ पर ले रखा है.

    जहाज़ पर मौजूद 25 क्रू सदस्यों में से 17 भारतीय हैं. केरल से चार लोग इस जहाज़ पर हैं. इन्हीं में एक एंटेसा थीं.

    एंटेसा ने बीबीसी को बताया, "हो सकता है कि मुझे महिला समझ कर छोड़ दिया गया हो. ईरान के क़रीब 20 सुरक्षाकर्मी शिप पर आए. उस वक्त मैं वहां नहीं थी."

    "मुझे तो तभी पता चला जब सबसे शिप के ब्रिज पर जमा होने को कहा गया. सुरक्षाकर्मी शिप के कप्तान से बात कर रहे थे. उन्होंने साफ़ कह दिया था कि उनकी मंशा किसी को नुकसान पहुँचाने की नहीं है."

    एंटेसा को नौ महीने पहले एमएससी ने नौकरी पर रखा था. एंटेसा ने कोच्चि की इंडियन मैरिटाइम यूनिवर्सिटी से पढ़ाई की है. एमएससी एरीज़ पर वे एकमात्र महिला कर्मचारी थीं.

  2. दुबई की बारिश में फंसे दो भारतीय पहलवानों के बारे में स्पोर्ट्स अथॉरिटी ने दी ये जानकारी

    पहलवान दीपक पुनिया और सुजीत कलकल

    इमेज स्रोत, SAI/X

    इमेज कैप्शन, पहलवान दीपक पुनिया और सुजीत कलकल

    भारत के दो पहलवान दीपक पुनिया और सुजीत कलकल किर्गिस्तान जा रहे थे लेकिन यूएई में बारिश के कारण वो अब दुबई एयरपोर्ट पर फंसे हुए हैं.

    इसके साथ ही उनके पेरिस ओलंपिक के लिए क्वालिफाई करने की उम्मीदों पर संकट के बादल मंडरा रहे हैं.

    दीपक (86 किलो भार वर्ग) और सुजीत (65 किलोग्राम भार वर्ग) एशिया ओलंपिक क्वॉलिफायर में भाग लेने के लिए बिश्केक जा रहे थे. ये पेरिस ओलंपिक के लिए दूसरा आखिरी क्वॉलिफाइंग इवेंट है जो शुक्रवार को होना है.

    स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ़ इंडिया ने एक्स पर इसे लेकर लिखा है, "दुबई स्थित वाणिज्य दूतावास के अधिकारी पहलवान दीपक पुनिया और सुजीत कलकल के संपर्क में हैं, ये पहलवान उड़ानें बाधित होने के कारण दुबई में फंसे हुए हैं. एशियाई ओलंपिक क्वॉलिफाइंग टूर्नामेंट से पहले आज रात उन्हें दुबई से बिश्केक की उड़ान बैठाया जाएगा."

  3. अरविंद केजरीवाल के खान-पान पर भिड़े ईडी और 'आप', आतिशी ने कहा- 'जेल में जान से मारने की साज़िश रची जा रही है'

  4. 19 अप्रैल की वोटिंग से पहले मुख्य चुनाव आयुक्त ने की देश से ये अपील

    मुख्य चुनाव आयुक्त

    इमेज स्रोत, Getty Images

    19 अप्रैल यानी शुक्रवार को भारत में पहले चरण का मतदान होने जा रहा है. इस फ़ेज में 21 राज्य की 102 लोकसभा चुनाव क्षेत्रों में वोट डाले जाएंगे.

    मतदान से पहले मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने मतदाताओं के नाम संदेश जारी किया है और कहा है कि पोलिंग बूथ पर सभी ज़रूरी सुविधाएं दी गई हैं और अपील की है कि सभी मतदान दें.

    उन्होंने कहा, "पहले फ़ेज की वोटिंग में लगभग साढ़े 16 करोड़ लोग मतदान करेंगे. चुनाव भारत के गौरवशाली लोकतंत्र की अभिव्यक्ति है. भारत निर्वाचन आयोग और इसके लाखों अधिकारियों ने आपके मतदान के अनुभवों को शांतिपूर्ण सहज और सरल बनाने के लिए बीते दो सालों से कड़ी मेहनत की है. हर मतदान केंद्र को ग्राउंड फ्लोर पर रखा गया है. वहां पीने के पानी, शौचालय, शेड, रैंप, हेल्प डेस्क और वॉलेंटियर जैसी सुविधाएं दी गई है. मैं सभी से वोट डालने की अपील करता हूं."

    छोड़िए X पोस्ट
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त

    तमिलनाडु (39), उत्तराखंड (5), अरुणाचल प्रदेश (2), मेघालय (2), अंडमान और निकोबार द्वीप समूह (1), मिजोरम (1), नागालैंड (1), पुडुचेरी (की सभी सीटों पर मतदान होगा। 1), सिक्किम (1) और लक्षद्वीप (1) में पहले चरण में मतदान होगा.

  5. हिंदी-मारवाड़ी बोलने वाली जापानी लड़की से मिलिए

  6. यूएई में भारी बारिश के बाद अब दुबई एयपोर्ट पर उड़ान सेवाएं फिर हुईं शुरू

    दुबई अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे

    इमेज स्रोत, Getty Images

    संयुक्त अरब अमीरात और आस पास के देशों में भारी बारिश के बाद से दुबई इंटरनेशनल का परिचालन बाधित रहा.

    मंगलवार को तूफ़ान और भारी बारिश के कारण यूएई की सड़कों पर, एयरपोर्ट पर पानी ही पानी है.

    ओमान में फ्लैशफ्लड के कारण 20 लोगों की मौत हो गई और यूएई में एक शख्स की मौत हुई है.

    इन सबके बीच गुरुवार को दुबई एयरपोर्ट आने वाली कुछ फ्लाइटों के लिए एयरपोर्ट का ऑपरेशन खोला गया है लेकिन पूरा दुबई एयरपोर्ट जो आमतौर पर काफी व्यस्त होता है, वहां पूरी तरह से काम नहीं हो पा रहा है.

    दुनिया के दूसरे सबसे व्यस्त हवाई अड्डे दुबई एयरपोर्ट के अधिकारियों ने गुरुवार को कहा कि वह टर्मिनल 1 पर विदेशों से आने वाले फ्लाइट रिसीव कर रहे हैं लेकिन दुबई से बाहर जाने वाली उड़ानों में देरी जारी है.

    इसके बाद एयरपोर्ट अधिकारियों ने घोषणा की थी कि एयरपोर्ट पर सबसे बड़े एयरलाइन एमिरेट्स और फ्लाईदुबई की उड़ानों के लिए टर्मिनल 3 पर चेक-इन खुला है.

    लेकिन बड़ी तादाद में लोग फ्लाइट का इंतज़ार कर रहे थे ऐसे में चेतावनी दी गई है कि फ्लाइट्स की उड़ान में देरी होगी.

    एक्स गुरुवार को दुबई एयरपोर्ट अथॉरिटी ने लोगों से अपील की कि वो एयरपोर्ट पर तभी जाएं, जब उनके पास पक्की बुकिंग हो.

  7. इसराइल-हमास के बीच मध्यस्थता को लेकर क़तर ने अब क्या कहा

  8. ईवीएम के मॉक टेस्ट में बीजेपी को वोट जाने की रिपोर्ट पर ईसी ने सुप्रीम कोर्ट में दिया जवाब

    ईवीएम

    इमेज स्रोत, Getty Images

    उमंग पोद्दार

    लीगल संवाददाता, बीबीसी

    चुनाव आयोग ने गुरुवार को सुप्रीम कोर्ट को बताया कि केरल में ईवीएम के मॉक टेस्ट के दौरान बीजेपी को एक अतिरिक्त वोट दिखाने वाली रिपोर्ट गलत है.

    चुनाव आयोग ने कहा है कि “ये न्यूज़ रिपोर्ट गलत है हम कोर्ट में विस्तृत रिपोर्ट जमा करेंगे.”

    जस्टिस संजीव खन्ना और दीपांकर दत्ता की बेंच के सामने याचिकाकर्ता एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स की ओर से पेश वकील प्रशांत भूषण की उन रिपोर्टों का ज़िक्र किया जिसमें दावा किया गया है कि चार ईवीएम का 17 अप्रैल तो केरल में मॉक टेस्ट हो रहा था जिसमें इन मशीनों ने बीजेपी के चिन्ह वाली अतिरिक्त पर्चियां निकालीं.

    2 बजे जब लंच ब्रेक के बाद बेंच दोबारा बैठी तो चुनाव आयोग के एक वरिष्ठ अधिकारी नितेश कुमार व्यास ने अदालत को बताया कि ये "खबरें झूठी हैं."

    उन्होंने कोर्ट में कहा, “हमने ज़िला कलेक्टर से आरोपों को वैरिफ़ाई किया है और ऐसा लग रहा है कि ये रिपोर्ट झूठी है.हम कोर्ट को एक विस्तृत रिपोर्ट सौंपेंगे.”

    17 अप्रैल को ऑनमनोरमा ने एक रिपोर्ट की थी कि केरल में ईवीएम ने गलती से मॉक टेस्ट में बीजेपी के पक्ष में वोट रजिस्टर किये.

  9. इसराइल पर ईरान के हमले से क्या नेतन्याहू को मिली नई लाइफ़लाइन

  10. ईरान में कब्ज़े में लिए गए मालवाहक जहाज़ के क्रू की एक महिला सदस्य भारत वापस लौटीं

    एन टेसा जोसफ़

    इमेज स्रोत, X@meaindia

    इमेज कैप्शन, एन टेसा जोसफ़

    ईरान में कब्ज़े में लिए गए मालवाहक जहाज़ एमएससी एरीज़ पर काम करने वाली केरल की एन टेसा जोसफ़ भारत लौट आई हैं.

    ईरान की नौसेना ने 13 अप्रैल को भारत आ रहे मालवाहक जहाज एमएससी एरीज़ को ज़ब्त कर लिया था. जहाज के चालक दल के 25 सदस्य हैं.

    इनमें से 17 भारतीय नागरिक हैं. ईरान में जब्त किए गए जहाज के चालक दल में शामिल भारतीयों के परिजनों ने केंद्र सरकार से उनकी जल्द से जल्द रिहाई की मांग थी.

    इसके बाद सोमवार को ईरान ने जहाज़ पर मौजूद भारतीयों को अपने परिजनों से बात करने दी थी. इसराइल के साथ जारी तनाव के बीच ईरान ने यह कार्रवाई की. इस जहाज का मालिक एक इसराइली व्यवसायी है.

    एमएससी एरीज़

    इमेज स्रोत, KURT DESPLENTER/AFP VIA GETTY IMAGES

    विदेश मंत्रालय ने क्या कहा?

    भारतीय विदेश मंत्रालय ने एक बयान जारी कर कहा है कि तेहरान में भारतीय दूतावास मालवाहक जहाज़ पर अब भी मौजूद 16 लोगों के बारे बातचीत कर रहा है.

    बयान में कहा गया है कि जहाज़ पर मौजूद सभी भारतीय स्वस्थ हैं और उन्हें भारत में अपने परिवार से बातचीत करने दी जा रही है.

    मंत्रालय ने कहा है कि भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर ने ईरानी विदेश मंत्री आमिर अब्दोल्लाहाइयां से भी इस बारे में बातचीत की है.

  11. ब्रिटिश संसद में उठा मणिपुर का मुद्दा, विदेश मंत्री कैमरन ने हिंसा में 'धर्म की भूमिका' की ओर किया इशारा

  12. कंगना का अभिनेत्री के रूप में सम्मान लेकिन उन्हें राजनीति, अर्थव्यवस्था की समझ नहीं- विक्रमादित्य सिंह

    विक्रमादित्य सिंह और कंगना रनौत

    इमेज स्रोत, Getty Images

    हिमाचल प्रदेश की मंडी सीट से कांग्रेस उम्मीदवार विक्रमादित्य सिंह ने कहा है कि कंगना रनौत का अभिनेत्री के रूप में सम्मान है लेकिन उन्हें राजनीति, इतिहास और अर्थव्यवस्था की समझ नहीं है.

    उन्होंने समाचार एजेंसी पीटीआई से कहा, "हम उनका (कंगना रनौत) का एक अभिनेत्री के रूप में बहुत मान सम्मान करते हैं. मगर जहां तक राजनीतिक मुद्दों की बात है, राज्य के इतिहास, देश के इतिहास और अर्थव्यवस्था की बात है उसे लेकर मैं समझता हूं कि जो भाजपा की प्रत्याशी हैं (कंगना रनौत) उन्हें बहुत कम समझ है."

    छोड़िए X पोस्ट
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त

    उन्होंने कहा, "मैं उनको व्यक्तिगत रूप से तो नहीं जानता लेकिन उनके जो बयान हाल के दिनों में आए हैं उससे उनकी समझ कितनी है ये नज़र आ जाता है. मुझे लगता है ये चुनाव स्टार पावर के नाम पर लड़ा जा रहा है. उनमें कोई गंभीरता नहीं है. मंडी की जनता ऐसा प्रतिनिधि नहीं चुनेगी कि उसे छोटे छोटे काम कराने के लिए महाराष्ट्र जाना पड़ेगा. मुझे लगता है कि लोग ये देखेंगे और फ़ैसला लेंगे. जनता जो फैसला लेगी उसका सम्मान करेंगे."

    कंगना रनौत पहली बार लोकसभा चुनाव मंडी लोकसभा सीट से बीजेपी के टिकट पर लड़ रही है.

  13. इसराइल-ग़ज़ा युद्ध: युद्धविराम में अपनी भूमिका पर क्यों पुनर्विचार कर रहा है क़तर

  14. ईडी का आरोप- मेडिकल ज़मानत के लिए केजरीवाल जेल में खा रहे हैं हाई शुगर लेवल वाली चीज़ें

    केजरीवाल

    इमेज स्रोत, Getty Images

    प्रवर्तन निदेशालय ने गुरुवार को कोर्ट में दावा किया कि मनी लॉन्ड्रिंग के एक केस में गिरफ्तार दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल टाइप-2 डायबिटीज़ होने के बावजूद मेडिकल आधार पर ज़मानत लेने के लिए हर दिन आम और मिठाई जैसी मीठी और चीनी वाली चीज़ें खा रहे हैं.

    ईडी के वकील ने समाचार एजेंसी एनएनआई से बात करते हुए कहा है कि "केजरीवाल रोज़ाना आम और मिठाई खा रहे हैं तो डायबिटीज़ के मरीज़ के लिए सही नहीं है. हमने उनका डायट चार्ट कोर्ट के सामने रखा है."

    प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने यह दावा सीबीआई और ईडी की स्पेशल जज कावेरी बावेजा की कोर्ट में किया, जज ने तिहाड़ जेल अधिकारियों को केजरीवाल के डायट चार्ट सहित इस मामले में एक रिपोर्ट देने का निर्देश दिया है.

    केजरीवाल ने शुगर के स्तर में उतार-चढ़ाव के कारण वीडियो कॉन्फ्रेंस के ज़रिए अपने नियमित डॉक्टर से कंसल्ट करने की अनुमति मांगने के लिए अदालत का रुख किया है.

    छोड़िए X पोस्ट
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त

    ईडी ने अदालत को बताया, "टाइप-2 डायबिटीज़ होने के बावजूद अरविंद केजरीवाल हाई शुगर लेवल वाली चीज़ें खा रहे हैं. वह रोजाना 'आलू-पूड़ी', आम, मिठाई खा रहे हैं. यह मेडिकल ज़मानत के लिए आधार बनाने के लिए किया जा रहा है."

    केजरीवाल के वकील ने कोर्ट के बाहर पत्रकारों से कहा कि केजरीवाल जो भी खा रहे हैं वो डाक्टर के परामर्श से ही खा रहे हैं.

    जज ने कहा है जेल प्रशासन इस मामले में कल तक रिपोर्ट पेश करे इसके बाद केस को आगे बढ़ाया जाएगा.

  15. दुबई बारिश के पानी से क्यों हुआ बेहाल, व्यवस्था पर उठे सवाल

  16. ईडी ने राज कुंद्रा की क़रीब 97 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की

    राज कुंद्रा

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, राज कुंद्रा

    प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (पीएमएलए) 2002 के तहत कारोबारी राज कुंद्रा की 97.79 करोड़ रुपये की चल और अचल संपत्ति जब्त की है.

    ईडी की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक़, जब्त की गई संपत्ति में जुहू में राज कुंद्रा की पत्नी और बॉलीवुड अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी के नाम फ्लैट शामिल है.

    छोड़िए X पोस्ट
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त

    इसके अलावा राज कंद्रा के नाम पुणे का फ्लैट और इक्विटी शेयर भी जब्त किए गए हैं.

    जुलाई 2021 में मुंबई पुलिस ने कारोबारी राज कुंद्रा को पोर्नोग्राफ़िक फ़िल्में बनाने और उसे किसी ऐप के ज़रिए मुहैया कराने के आरोप में गिरफ़्तार किया था.

    बाद में राज कुंद्रा को ज़मानत मिल गई थी.

  17. टाइम मैगजीन की 100 सबसे प्रभावशाली लोगों की लिस्ट में पहलवान साक्षी मलिक को मिली जगह

    साक्षी मलिक

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, साक्षी मलिक

    टाइम मैगजीन ने साल 2024 के लिए 100 सबसे प्रभावशाली लोगों की लिस्ट जारी की है. इस लिस्ट में पहलवान साक्षी मलिक को जगह मिली है.

    साक्षी मलिक के अलावा अभिनेत्री आलिया भट्ट, विश्व बैंक के अध्यक्ष अजय बंगा और माइक्रोसॉफ्ट के सीईओ सत्या नडेला का नाम भी इस लिस्ट में शामिल है.

    100 सबसे प्रभावशाली लोगों में जगह मिलने पर साक्षी मलिक ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किया, ''टाइम मैगजीन की लिस्ट में जगह मिलने पर गर्व महसूस हो रहा है.''

    यौन उत्पीड़न मामले में अभियुक्त बृजभूषण शरण सिंह के ख़िलाफ़ साक्षी मलिक पिछले एक साल से अपने साथी पहलवानों विनेश फ़ोगाट और बजरंग पुनिया के साथ संघर्ष कर रही हैं.

    बृजभूषण सिंह के खिलाफ आंदोलन करने की वजह से साक्षी मलिक को टाइम मैगजीन ने 100 सबसे प्रभावशाली लोगों की लिस्ट में शुमार किया है.

    साक्षी मलिक ओलंपिक में मेडल जीतने वाली भारत की एकमात्र महिला पहलवान हैं.

    2016 के रियो ओलंपिक में साक्षी मलिक कांस्य पदक जीतने में कामयाब रही थीं.

  18. बीजेपी ने केंद्रीय मंत्री नारायण राणे को महाराष्ट्र की इस सीट से बनाया उम्मीदवार

    नारायण राणे

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, नारायण राणे

    भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने महाराष्ट्र की रत्नागिरी-सिंधुदुर्ग से केंद्रीय मंत्री नारायण राणे को उम्मीदवार बनाया है.

    बीजेपी की ओर से लोकसभा चुनाव के लिए जारी की गई नई सूची में नारायण राणे के नाम का एलान किया गया.

    बीजेपी महाराष्ट्र में एकनाथ शिंदे की शिवसेना और अजित पवार गुट की नेशनल कांग्रेस पार्टी के साथ मिलकर चुनाव लड़ रही है.

    नारायण राणे महाराष्ट्र के पूर्व सीएम रहे हैं. नारायण राणे पहले शिवसेना और कांग्रेस में भी रह चुके हैं.

    महा विकास अघाड़ी में रत्नागिरी-सिंधुदुर्ग सीट शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के हिस्से आई है.

    शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) ने इस सीट मौजूदा सांसद विनायक राउत को उम्मीदवार बनाया है.

  19. पब्लिक आई की रिपोर्ट में दावा- भारत में नेस्ले के इन दो उत्पादों में है ज़्यादा शुगर, बच्चों में मोटापा बढ़ने का ख़तरा

    सांकेतिक तस्वीर

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, सांकेतिक तस्वीर

    कम आय वाले देशों में नेस्ले के बच्चों से संबंधित दो उत्पाद सेरेलक और मिल्क पाउडर में शुगर की मात्रा ज़्यादा पाई गई है.

    जिन देशों में नेस्ले के उत्पादों में शुगर ज़्यादा पाई गई है, उसमें भारत का नाम भी है.

    ये दावा स्वीडन की एक संस्था पब्लिक आई और अतंरराष्ट्रीय बेबी फूड एक्शन नेटवर्क की रिपोर्ट में किया गया है. नेस्ले के ये उत्पाद बच्चों के सेवन करने के लिए होते हैं.

    रिपोर्ट में कहा गया है कि नेस्ले कंपनी के अपने देश स्विट्ज़रलैंड में ये दोनों उत्पाद बिना शुगर के बेचे जा रहे हैं.

    पब्लिक आई और अतंरराष्ट्रीय बेबी फूड एक्शन नेटवर्क ने नेस्ले के एशिया, अफ्रीका और लैटिन अमेरिका में बेचे जाने वाले उत्पादों को बेल्जियम की लैब में जांच के लिए भेजा था.

    पब्लिक आई की रिपोर्ट के मुताबिक़, सेरेलक की एक खुराक में औसतन 4 ग्राम शुगर होती है और यह 6 महीने की उम्र तक के बच्चों को दिया जाता है. भारत में दी जाने वाले सेरेलक की एक खुराक में 3 ग्राम शुगर पाई गई.

    द गार्डियन से बात करते हुए नेस्ले के प्रवक्ता ने कहा, ''हम बच्चों के विकास के लिए पोषक तत्वों की गुणवत्ता में विकास रखते हैं और बच्चों की सही वृद्धि और विकास के लिए उत्पादों में गुणवत्ता का पूरा ध्यान रखते हैं.''

    बेबी फूड मार्केट के 20 फीसदी हिस्से पर नेस्ले का कब्जा है और कंपनी की वेल्यू 70 बिलियन डॉलर है. 2022 में भारत में नेस्ले ने 250 मिलियन डॉलर की कमाई की है.

    एक याचिका में दावा किया गया कि नेस्ले दोहरे मापदंड का इस्तेमाल कर रहा है. नेस्ले के उत्पादों में शुगर की मात्रा अधिक होने की वजह से बच्चों में मोटापा बढ़ने का खतरा है.

    गरीब देशों में नेस्ले का सेरेलक और मिल्क पाउडर सबसे ज्यादा बिकने वाले बेबी फूड प्रोडक्ट हैं. पब्लिक आई की जांच में दावा किया गया है कि नेस्ले कम आय वाले देशों के बच्चों में मीठे की लत पैदा करता है.

    विश्व स्वास्थ्य संगठन ने चेतावनी दी है कि कम उम्र में शुगर का सेवन करने की वजह से मोटापे जैसी बीमारी विकसित होने का खतरा बढ़ता जा रहा है.

    2022 से संयुक्त राष्ट्र की एजेंसी छोटे बच्चों के लिए इस्तेमाल होने वाले उत्पादों में शुगर के बैन की मांग कर रहा है.

    नेस्ले भी सार्वजनिक रूप से जारी किए गए अपने विज्ञापनों में दावा करता है कि बच्चों को शुगर कंटेन करने वाले प्रोडक्ट नहीं दिए जाने चाहिए.

  20. यूक्रेनी प्रधानमंत्री का दावा- यूक्रेन अगर रूस से हारा तो तीसरा विश्वयुद्ध होगा

    यूक्रेन के प्रधानमंत्री डेनिस शमीहाल

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, यूक्रेन के प्रधानमंत्री डेनिस शमीहाल

    यूक्रेन के प्रधानमंत्री डेनिस शमिहाल ने दावा किया है कि अगर यूक्रेन रूस से हार जाता है तो दुनिया को तीसरे विश्वयुद्ध का सामना करना होगा.

    डेनिस ने अमेरिकी कांग्रेस से विदेशी राहत बिल पास करने की मांग की है.

    यूक्रेन को राहत पैकेज दिए जाने पर अमेरिकी संसद में शनिवार को वोटिंग होनी है.

    डेनिस ने कहा, ''हमें इस पैसे की कल ज़रूरत थी. हमें इस पैसे की आज ज़रूरत नहीं है या हमें इस पैसे की आने वाले कल में ज़रूरत नहीं है.''

    उन्होंने आगे कहा, ''अगर हमें नहीं बचाया गया तो यूक्रेन हार जाएगा. इससे अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा की पूरी व्यवस्था ढह जाएगी. दुनिया को सुरक्षा के लिए नई व्यवस्था की ज़रूरत होगी.''

    ''फिर नए तनाव पैदा हो सकते हैं. ऐसे कई युद्ध देखने को मिल सकते हैं. यह मामला तीसरे विश्वयुद्ध की ओर आगे बढ़ सकता है.''

    हालांकि यह पहला मौक़ा नहीं है जब यूक्रेन की ओर से हारने की स्थिति में ऐसी चेतावनी दी गई है.

    पिछले साल यूक्रेन के राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की ने दावा किया था कि रूस तीसरा विश्वयुद्ध छेड़ने के लिए पोलैंड पर हमला कर सकता है.

    लेकिन रूस की ओर से इस तरह के दावों को खारिज किया गया है.

    रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने पिछले महीने रूस के पूर्वी यूरोप पर हमला करने के दावे को 'पूरी तरह से बकवास' बताया था.