You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

मनमोहन सिंह का निधन: प्रधानमंत्री मोदी, राहुल गांधी समेत इन नेताओं ने दी श्रद्धांजलि

पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कांग्रेस नेता राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे समेत कई बड़े नेताओं ने श्रद्धांजलि दी.

सारांश

लाइव कवरेज

चंदन कुमार जजवाड़े और कीर्ति रावत

  1. मनमोहन सिंह का निधन: प्रधानमंत्री मोदी, राहुल गांधी समेत इन नेताओं ने दी श्रद्धांजलि

    पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कांग्रेस नेता राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे समेत कई बड़े नेताओं ने श्रद्धांजलि दी.

    प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स पर लिखा है, ''भारत ने अपने सबसे सम्मानित नेताओं में से एक डॉ. मनमोहन सिंह जी को खो दिया है. साधारण पृष्ठभूमि से उठकर उन्होंने एक सम्मानित अर्थशास्त्री के रूप में अपनी पहचान बनाई. उन्होंने वित्त मंत्री सहित सरकार के कई महत्वपूर्ण पदों पर अपनी सेवाएं दीं और हमारी आर्थिक नीति पर गहरी छाप छोड़ी. प्रधानमंत्री के रूप में उन्होंने लोगों के जीवन को बेहतर बनाने के लिए बहुत प्रयास किए.''

    उन्होंने लिखा है, ''डॉ. मनमोहन सिंह जी और मेरे बीच नियमित बातचीत होती थी जब वो प्रधानमंत्री थे और मैं गुजरात का मुख्यमंत्री था. हम शासन से जुड़े कई विषयों पर विस्तार से चर्चा करते थे. उनकी विद्वता और विनम्रता हमेशा नज़र आती थी.''

    कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने लिखा है, ''राजनीति में बहुत कम लोगों को वो सम्मान मिलता है जो सरदार मनमोहन सिंह जी को मिला. उनकी ईमानदारी हमेशा हमारे लिए प्रेरणा बनी रहेगी. वो उन लोगों में हमेशा ऊंचा स्थान रखेंगे जो इस देश से सच्चा प्रेम करते हैं. उन्होंने विरोधियों द्वारा अनुचित और व्यक्तिगत हमलों का सामना करते हुए भी देश की सेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को बनाए रखा."

    "वो वास्तव में समानता में विश्वास करने वाले, विद्वान, दृढ़ इच्छाशक्ति वाले और साहसी व्यक्ति थे, राजनीति की कठिन दुनिया में एक अनोखे गरिमामय और सौम्य व्यक्तित्व के धनी थे."

    कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने लिखा है, ''मनमोहन सिंह जी ने बेहद बुद्धिमानी और निष्ठा के साथ भारत का नेतृत्व किया. उनकी विनम्रता और अर्थशास्त्र की गहरी समझ ने पूरे देश को प्रेरित किया. श्रीमति कौर और उनके परिवार के प्रति मेरी हार्दिक संवेदना. मैंने एक गुरु और मार्गदर्शक खो दिया है. हममें से लाखों लोग उनके प्रशंसक थे. हम पूरे गर्व के साथ उन्हें याद करेंगे.''

    आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने लिखा है, "भारत के पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह जी का निधन देश के लिए एक अपूरणीय क्षति है. उनकी विद्वता और सादगी के गुणों को शब्दों में पिरोना असंभव है. ईश्वर पुण्यात्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दें. उनके परिवार और शुभचिंतकों के प्रति मेरी संवेदनाएं. ॐ शांति."

  2. ब्रेकिंग न्यूज़, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का निधन

    पूर्व प्रधानमंत्री डॉक्टर मनमोहन सिंह का गुरुवार को निधन हो गया.

    वो 92 साल के थे. मनमोहन सिंह को गुरुवार की शाम तबीयत बिगड़ने पर दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान यानी एम्स में भर्ती कराया गया था.

    मनमोहन सिंह दो बार देश के प्रधानमंत्री रहे. वो 2004 से 2014 तक देश के प्रधानमंत्री रहे.

    एम्स के मीडिया सेल ने मनमोहन सिंह के निधन की जानकारी दी है.

    एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा गया है कि पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का 92 साल की उम्र में निधन हो गया है. उन्हें उम्र संबंधी स्वास्थ्य कारणों की वजह से गुरुवार (26 दिसंबर 2024) शाम को आठ बजकर छह मिनट पर एम्स में भर्ती कराया गया था.

    वो अपने घर में अचानक बेहोश हो गए थे.उन्हें घर पर ही उपचार देने की कोशिश की गई.इसके बाद उन्हें एम्स की इमरजेंसी में लाया गया.लेकिन काफी कोशिशों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका.उन्होंने रात 9 बज कर 51 मिनट पर अंतिम सांस ली.

    वो 1991-96 तक देश के वित्त मंत्री रहे. उस दौरान पीवी नरसिम्हा राव देश के प्रधानमंत्री थे.

    नरसिम्हा राव को देश में आर्थिक उदारीकरण का जनक माना जाता है. उनकी नीतियों को लागू करने में मनमोहन सिंह ने अहम भूमिका निभाई थी

  3. मशहूर इन्फ़्लुएंसर और रेडियो जॉकी सिमरन सिंह अपने फ्लैट में मृत मिलीं

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, जम्मू-कश्मीर की जानी-मानी इन्फ़्लुएंसर और रेडियो जॉकी सिमरन सिंह ने गुरुग्राम सेक्टर 47 स्थित अपने फ्लैट में कथित तौर पर आत्महत्या कर ली है.

    पुलिस ने बताया कि बुधवार रात को उनका शव उनके कमरे में लटका मिला. हालाँकि मौके से कोई भी सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है.

    सिमरन के इंस्टाग्राम पर छह लाख से ज्यादा फॉलोअर्स हैं.

    उनकी मौत पर शोक जताते हुए जम्मू-कश्मीर नेशनल कॉन्फ्रेंस ने अपने आधिकारिक अकाउंट से एक्स पर पोस्ट किया है.

    उन्होंने लिखा है, "जेकेएनसी के अध्यक्ष डॉ. फ़ारूक़ अब्दुल्लाह, मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्लाह और उपमुख्यमंत्री सुरिंदर चौधरी ने सिमरन सिंह के दुखद और असामयिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है. उन्हें आरजे सिमरन के नाम से जाना जाता था और प्यार से उन्हें "जम्मू की धड़कन" कहा जाता था."

    "डॉ. फ़ारूक़ अब्दुल्लाह और उमर अब्दुल्लाह ने इस कठिन समय में सिमरन के परिवार, दोस्तों और अनगिनत प्रशंसकों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की है. उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति और उनके प्रियजनों को इस अकल्पनीय दुख को सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की है."

    फ़ारूक़ अब्दुल्लाह और उमर अब्दुल्लाह ने एक संयुक्त बयान में कहा, "सिमरन की आवाज़ और करिश्मा जम्मू और कश्मीर की भावना से मेल खाता था. हमारे क्षेत्र के सांस्कृतिक ताने-बाने में उनके योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा."

    आत्महत्या एक गंभीर मनोवैज्ञानिक और सामाजिक समस्या है. अगर आप भी तनाव से गुजर रहे हैं तो भारत सरकार की जीवनसाथी हेल्पलाइन 18002333330 से मदद ले सकते हैं. आपको अपने दोस्तों और रिश्तेदारों से भी बात करनी चाहिए.

  4. तिब्बत में ब्रह्मपुत्र नदी पर दुनिया का सबसे बड़ा हाइड्रोपावर बांध बनाएगा चीन

    चीन की सरकार ने तिब्बती पठार के निचले हिस्से में हाइड्रोपावर बांध बनाने की मंजूरी दे दी है. ये बांध यारलंग सांगपो (ब्रह्मपुत्र) नदी पर बनाया जाएगा.

    इस बांध के बनने के बाद से भारत और बांग्लादेश में पानी का बहाव प्रभावित हो सकता है.

    माना जा रहा है कि इस बांध के बनने से हर साल 300 अरब किलोवाट घंटे बिजली का उत्पादन होगा.

    चीन की सरकारी न्यूज एजेंसी शिन्हुआ के मुताबिक, चीन की ये योजना कार्बन उत्सर्जन को कम करने का लक्ष्य हासिल करने में मुख्य भूमिका निभाएगी और इससे इंजीनियरिंग जैसे उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा. साथ ही इस योजना से तिब्बत में रोजगार के मौके भी बनेंगे.

    चीन के अधिकारियों ने अभी तक ये नहीं बताया है कि इस परियोजना के तहत तिब्बत से कितने लोग विस्थापित होंगे और ये किस प्रकार से स्थानीय जलवायु को प्रभावित करेगा.

    लेकिन चीन के अधिकारियों के मुताबिक, ये बांध तिब्बत के वातावरण को उच्च स्तर पर प्रभावित नहीं करेगा.

    तिब्बत से बाहर निकलते ही यारलंग सांगपो ब्रह्मपुत्र नदी बन जाती है और ये भारत के अरुणाचल प्रदेश और असम राज्य से होकर बांग्लादेश में प्रवेश करती है.

  5. बीजेपी नेता की शिकायत लेकर ईडी पहुंचे आम आदमी पार्टी सांसद संजय सिंह

    आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह ने गुरुवार को बीजेपी नेता प्रवेश वर्मा और मनजिंदर सिंह सिरसा के ख़िलाफ़ प्रवर्तन निदेशालय में शिकायत की है. उन्होंने इन दोनों नेताओं पर मतदाताओं को पैसे बांटने का आरोप लगाया है.

    संजय सिंह ने पत्रकारों से कहा, "उन्होंने सिर्फ ये शिकायत पत्र लिया है. मुझे कोई अधिकारी नहीं मिला और किसी ने कोई कार्रवाई का भरोसा नहीं दिया है. ईडी इस मामले में क्या करेगी, इसके बारे में मैं कुछ नहीं बोल सकता हूं. लेकिन आधिकारिक तौर पर ये शिकायत दर्ज हो चुकी है."

    इससे पहले बुधवार को दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी ने बीजेपी नेता प्रवेश वर्मा पर आरोप लगाया था कि वो अरविंद केजरीवाल के चुनावी क्षेत्र में महिलाओं को 1100 रुपए बांट रहे हैं.

    इसके जवाब में बीजेपी के प्रवेश वर्मा ने कहा था कि वो उन औरतों की मदद कर रहे हैं जिनके पास पेंशन, राशन कार्ड, नौकरी और दवा की कोई सुविधा नहीं है.

    ईडी में शिकायत के मुद्दे पर बीजेपी नेता प्रवेश वर्मा ने बयान दिया है.

    उन्होंने कहा, "एक तरफ़ तो आम आदमी पार्टी ईडी को गाली देती रहती है और ईडी के काम पर हमेशा सवाल खड़े करती है. मुझे अच्छा लग रहा है कि वो इतना बौखला गए हैं. पूरी आम आदमी पार्टी, अरविंद केजरीवाल, आतिशी और संजय सिंह को दिखाई दे रहा है दिल्ली में आम आदमी पार्टी हारने जा रही है."

    "नई दिल्ली विधानसभा में अरविंद केजरीवाल अपनी विधानसभा भी हारने जा रहे हैं. अभी तक आचार संहिता नहीं लगी है. ऐसा कोई कानून नहीं कहता है कि मैं अपनी संस्था के माध्यम से यहां की गरीब महिलाओं की मदद नहीं कर सकता हूं."

    उन्होंने ये भी कहा, "मैं आज से नहीं बल्कि पिछले 25 सालों से अपने पिता की संस्था के ज़रिए ये कर रहा हूं. मैं अच्छा काम कर रहा हूं, इन सब लोगों को मेरी तारीफ़ करनी चाहिए और मुझसे सीखना चाहिए."

  6. विराट कोहली के टकराने पर ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी सैम कोंस्टास क्या बोले?

    मेलबर्न टेस्ट के पहले दिन विराट कोहली से हुई टक्कर के बाद ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी सैम कोंस्टास ने कहा कि मैदान पर ऐसा होता रहता है.

    हालांकि,विराट कोहली के सैम कोंस्टास से टकराने पर आईसीसी ने एक्शन लिया है. आईसीसी ने इसे अपने कोड ऑफ़ कंडक्ट के लेवल 1 का उल्लंघन मानते हुए विराट कोहली पर जुर्माना लगाया है.

    कोहली को मैच फ़ीस का 20 फ़ीसदी हिस्सा जुर्माना देना होगा. साथ ही उनके मेरिट अंकों में से एक अंक की भी कटौती की गई है.

    बॉर्डर-गावसकर ट्रॉफ़ी का चौथा टेस्ट गुरुवार से मेलबर्न में शुरू हुआ.

    इस दौरान ऑस्ट्रेलिया की ओर से सैम कोंस्टास और उस्मान ख़्वाजा ने ओपनिंग की. कोंस्टास इस मैच से डेब्यू भी कर रहे हैं.

    मैच में दसवें ओवर के बाद कोंस्टास अपने साथी खिलाड़ी उस्मान ख़्वाजा की ओर बढ़े.

    इस बीच कोहली भी गेंद उठाकर उस दिशा में आगे बढ़े, जिस ओर कोंस्टास आ रहे थे.

    तभी कोहली का कंधा कोंस्टास से टकराया. मैदान पर कोंस्टास इससे काफ़ी नाराज़ दिखे और उन्होंने कोहली से कुछ बोला. जवाब में कोहली भी बोले. बाद में अंपायर को खिलाड़ियों के बीच आना पड़ा.

    लेकिन जब सैम कोंस्टास से इस पूरे वाकये पर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा, "मुझे लगता है कि हम दोनों भावनाओं में बह गए थे. मैं अपने दस्तानों को ठीक कर रहा था. मुझे लगता है कि वह (विराट कोहली) मुझसे अनजाने में टकरा गए. खेल में ऐसा होता रहता है."

  7. ब्रेकिंग न्यूज़, क्या रूस का निशाना बना अज़रबैजान एयरलाइंस का विमान? पुतिन सरकार के प्रवक्ता ने दिया जवाब

    कई मिलिट्री ब्लॉगर्स और एविएशन एक्सपर्ट्स ने रूस पर आरोप लगाए हैं कि बुधवार को क्रैश हुआ अज़रबैजान एयरलाइंस का विमान, उसने मार गिराया है.

    इस विमान दुर्घटना में 38 लोगों की मौत हुई है. विमान में क्रू मेंबर्स समेत 67 लोग सवार थे.

    हालांकि, अभी तक रूस के ख़िलाफ़ कोई सबूत नहीं पेश किया गया है लेकिन विशेषज्ञों का कहना है कि रूस के एयर डिफ़ेंस ने इस विमान को यूक्रेन का ड्रोन समझकर मार गिराया.

    कुछ प्रत्यक्षदर्शियों ने भी धमाके की आवाज़ आने की बात कही है. वहीं, दुर्घटनाग्रस्त विमान की तस्वीरों से ऐसा लगता है कि इसमें बम के छर्रों से छेद हुए हों. हालांकि, कुछ लोगों का ये भी दावा है कि ये विमान यूक्रेनी ड्रोन के हमले का शिकार हुआ या फिर जानबूझकर नेविगेशन सिस्टम को जाम किया गया.

    इस बीच रूसी सरकार ने कहा है कि जाँच रिपोर्ट आने से पहले ही अटकलें लगाना गलत है.

    रूसी सरकार के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने कहा, "जाँच के निष्कर्ष आने से पहले ही कोई परिकल्पना आगे बढ़ाना गलत होगा. हम ऐसा बिल्कुल नहीं करेंगे, किसी और को भी ऐसा नहीं करना चाहिए. हमें जाँच पूरी होने तक इंतज़ार करना चाहिए."

    बुधवार को अज़रबैजान की राजधानी बाकू से रूस के चेचन्या जा रहा अज़रबैजान एयरलाइंस का विमान क्रैश हो गया था. घने कोहरे की वजह से इस विमान का रास्ता भी बदला गया था.

    हादसे में बाल-बाल बचे एक यात्री ने रशियन टीवी को बताया कि उन्हें ऐसा लगता है कि "शायद ग्रोज़नी में घने कोहरे के बीच पायलट ने विमान को दो बार लैंड करने की कोशिश की लेकिन तीसरी कोशिश से पहले ही कुछ धमाका हुआ...विमान का कुछ हिस्सा उड़कर अलग हो गया."

  8. बीजेपी से फ़ंडिंग के आरोप के बाद बोले कांग्रेस नेता संदीप दीक्षित- 'अरविंद केजरीवाल को रोने की पुरानी आदत'

    दिल्ली की सीएम आतिशी ने गुरुवार को ये आरोप लगाया कि नई दिल्ली विधानसभा सीट से कांग्रेस पार्टी के प्रत्याशी संदीप दीक्षित और जंगपुरा से फरहाद सूरी को बीजेपी चुनाव खर्च दे रही है. संदीप दीक्षित ने इस पर जवाब दिया है.

    उन्होंने कहा, "आज से तीन-चार महीने पहले ये (आम आदमी पार्टी) कहते थे कि हमारी और बीजेपी की सीधी लड़ाई है और कहते थे कि कांग्रेस का कोई आधार नहीं है. तो अगर कांग्रेस का कोई आधार ही नहीं है तो हमारी बातों से इतना परेशान ही क्यों हो रहे हैं."

    दिल्ली की सीएम आतिशी ने गुरुवार को ये कहा है कि कांग्रेस नेता अजय माकन ने अरविंद केजरीवल को एंटी-नेशनल कहा. आतिशी ने ये कहा कि अगर 24 घंटे के अंदर अजय माकन पर कांग्रेस एक्शन नहीं लेती है तो आम आदमी पार्टी इंडिया गठबंधन के बाकी घटकों से इस पर बात करेगी.

    इस पर संदीप दीक्षित ने कहा, "इंडिया गठबंधन में इनका कोई स्टेक नहीं है. आदमी जब गिरता है तब वो अपना सहारा ढूंढता है.अरविंद केजरीवाल की रोने की पुरानी आदत है. इनको लग रहा है कि कांग्रेस के हमले से इनके हाथों से दिल्ली की सरकार जा रही है. अगर इनके हाथ से दिल्ली की सरकार चली गई तो इनका नामो-निशान मिट जाएगा."

    कांग्रेस प्रत्याशी संदीप दीक्षित ने आम आदमी पार्टी की सरकार से उन पर लगाए गए आरोपों को साबित करने के लिए कहा है.

    इससे पहले संदीप दीक्षित ने आम आदमी पार्टी की दिल्ली विधानसभा चुनाव से पहले घोषित की गई महिला सम्मान योजना के लिए भी उपराज्यपाल वीके सक्सेना से शिकायत की है. इस शिकायत में आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं पर ग़लत तरीके से महिलाओं से जुड़े आंकड़े हासिल करने का आरोप लगाया गया है.

  9. ब्रेकिंग न्यूज़, विराट कोहली के कोंस्टास से टकराने पर आईसीसी ने सुनाया ये फ़ैसला

    ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ़ मेलबर्न टेस्ट के पहले दिन सैम कोंस्टास से टकराने के लिए भारतीय क्रिकेटर विराट कोहली पर आईसीसी ने जुर्माना लगाया है.

    विराट कोहली को अपनी मैच फ़ीस का 20 फ़ीसदी जुर्माने के तौर पर देना होगा.

    इसके साथ ही उन्हें आईसीसी के कोड ऑफ़ कंडक्ट के लेवल 1 का उल्लंघन करने के लिए उनके मेरिट अंकों में से एक अंक की कटौती भी की गई है.

    आईसीसी की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि इस मामले की कोई औपचारिक सुनवाई की ज़रूरत नहीं है क्योंकि कोहली ने पहले ही मैच रेफ़री की ओर से प्रस्तावित सज़ा को स्वीकार कर लिया.

    बॉर्डर-गावसकर ट्रॉफ़ी का चौथा टेस्ट गुरुवार से मेलबर्न में शुरू हुआ.

    इस दौरान ऑस्ट्रेलिया की ओर से सैम कोंस्टास और उस्मान ख़्वाजा ने ओपनिंग की. कोंस्टास इस मैच से डेब्यू भी कर रहे हैं.

    मैच में दसवें ओवर के बाद कोंस्टास अपने साथी खिलाड़ी उस्मान ख़्वाजा की ओर बढ़े.

    इस बीच कोहली भी गेंद उठाकर उस दिशा में आगे बढ़े, जिस ओर कोंस्टास आ रहे थे.

    तभी कोहली का कंधा कोंस्टास से टकराया. मैदान पर कोंस्टास इससे काफ़ी नाराज़ दिखे और उन्होंने कोहली से कुछ बोला. जवाब में कोहली भी बोले. बाद में अंपायर को खिलाड़ियों के बीच आना पड़ा.

  10. बीपीएससी अभ्यर्थियों पर लाठीचार्ज के बारे में राहुल गांधी ने क्या कहा?

    बिहार में प्रदर्शन कर रहे बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) के छात्रों पर बुधवार शाम को हुए लाठीचार्ज को कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शर्मनाक और निंदनीय बताया है.

    राहुल गांधी ने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा है, "छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. हम उनके साथ हैं और उन्हें न्याय दिलाने के लिए लड़ेंगे."

    राहुल ने इस पोस्ट के साथ एक वीडियो भी शेयर किया है, जिसमें पुलिस छात्रों पर लाठी भांज रही है.

    राहुल गांधी ने लिखा, "मैंने संसद में कहा था कि जिस तरह एकलव्य का अंगूठा कटवाया गया था, उसी तरह पेपर लीक करवाकर युवाओं का अंगूठा काटा जाता है. इसका ताज़ा उदाहरण बिहार है. बीपीएससी अभ्यर्थी पेपर लीक के ख़िलाफ़ आवाज़ उठा रहे हैं और एग्ज़ाम को रद्द करने की मांग कर रहे हैं."

    "लेकिन एनडीए की सरकार अपनी नाकामी को छुपाने के लिए उल्टा छात्रों पर ही लाठीचार्ज करवा रही है. ये बेहद शर्मनाक और निंदनीय है."

    बुधवार शाम को पटना में बीपीएससी का घेराव करने की कोशिश में अभ्यर्थियों पर बिहार पुलिस ने लाठीचार्ज किया था, जिसमें कई छात्र घायल हुए थे.

    वहीं, पटना प्रशासन ने बीपीएससी परीक्षार्थियों पर हुए पुलिस लाठीचार्ज पर कहा था कि बीपीएससी परीक्षार्थियों से धरना स्थल पर वापस जाने का बार-बार अनुरोध किया गया था, लेकिन वो नहीं माने. इस वजह से हल्के बल का प्रयोग करके बीपीएससी परीक्षार्थियों को हटाया गया.

  11. आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के बीच आरोप-प्रत्यारोप पर बीजेपी ने क्या कहा?

    आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के बीच आरोप-प्रत्यारोप पर बीजेपी की भी प्रतिक्रिया आ गई है.

    बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉक्टर सुधांशु त्रिवेदी ने कहा, "खबरों में बने रहने के लिए आम आदमी पार्टी अक्सर विचित्र प्रकार के बयान देती रहती है और ये बयान उसी श्रृंखला का मजेदार और रहस्य उद्घाटन करने वाला बयान है. इसलिए एक बात उनसे अनजाने में साफ़ हो गई कि उन्होंने दिल्ली चुनाव में अपनी पराजय स्वीकार कर ली है."

    "इससे एक ओर बात साबित हो जाती है कि दिल्ली की जनता को अच्छी तरह याद होगा कि मात्र छह महीने पहले ये (कांग्रेस और आप) इंडिया गठबंधन के रूप में साथ में चुनाव लड़े थे. अब साफ़ दिखाई देता है कि ये तथाकथित मोहब्बत की दुकान में जितने भी किरदार थे, एक-दूसरे के ख़िलाफ़ कितनी नफ़रती और ज़हर भरी बातें अपने दिल में रखे हुए हैं."

    इससे पहले दिल्ली की सीएम आतिशी ने गुरुवार को ये दावा किया कि कांग्रेस के प्रत्याशी संदीप दीक्षित और फरहाद सूरी के चुनावी प्रचार की फंडिंग बीजेपी कर रही है. उन्होंने कांग्रेस पर बीजेपी के साथ दिल्ली चुनाव लड़ने के आरोप भी लगाए हैं. साथ ही ये भी कहा है कि कांग्रेस पार्टी ने अगर अपने नेता अजय माकन के ख़िलाफ़ अगले 24 घंटे में एक्शन नहीं लिया तो इंडिया गठबंधन के दलों से इस बारे में बात की जाएगी. उन्हें कहा जाएगा कि कांग्रेस के साथ गठबंधन में नहीं रहा जा सकता है.

    वहीं, कांग्रेस नेता संदीप दीक्षित ने दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना से मुख्यमंत्री आतिशी, पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और आप कार्यकर्ताओं के ख़िलाफ़ शिकायत दर्ज कराई है.

    संदीप दीक्षित नई दिल्ली विधानसभा चुनाव क्षेत्र से कांग्रेस के प्रत्याशी हैं. यहां से अरविंद केजरीवाल चुनाव लड़ते हैं. संदीप दीक्षित की उपराज्यपाल से की गई शिकायत आम आदमी पार्टी की महिला सम्मान योजना से जुड़ी घोषणा के बारे में है.

  12. कांग्रेस नेता संदीप दीक्षित ने एलजी से की केजरीवाल और सीएम आतिशी के ख़िलाफ़ जांच की मांग

    कांग्रेस नेता संदीप दीक्षित ने दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना के पास मुख्यमंत्री आतिशी, पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और आप कार्यकर्ताओं के ख़िलाफ़ शिकायत दर्ज कराई है.

    इस शिकायत में आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं के ऊपर ग़लत तरीके से महिलाओं से जुड़े आंकड़े हासिल करने का आरोप लगाया गया है.

    संदीप दीक्षित ने कहा है, "आतिशी जी और अरविंद केजरीवाल ने घोषणा की है कि हम दिल्ली में एक मुख्यमंत्री महिला सम्मान योजना चला रहे हैं, ये नहीं कहा कि चलाएंगे."

    "आपने कहा कि 1000 रुपये की स्कीम चल रही है और हम फॉर्म भरवाकर 2100 रुपये देंगे. दिल्ली सरकार के एक विभाग ने कहा कि ऐसी कोई योजना है ही नहीं. इसके जितने दस्तावेज़ भरवाए जा रहे हैं वह धोखाधड़ी का मामला बनता है."

    संदीप दीक्षित के मुताबिक़, "ये धोखाधड़ी का मामला आपराधिक होता है. ये सरकार की तरफ से धोखाधड़ी का मामला है और उस मामले में तमाम महिलाओं से उनके फ़ोन नंबर, उनका पता इकट्ठा कर रहे हैं."

    "हमने ये कहा है कि (शिकायत में) अगर ये धोखाधड़ी का इतना बड़ा मामला है तो आपको इसकी तहकीकात करनी चाहिए और जिन दो लोगों ने इस धोखाधड़ी को ज़्यादा फ़ैलाया है, केजरीवाल और आतिशी जी उनके ख़िलाफ़ मुक़दमा चलाएं."

    संदीप दीक्षित दिल्ली में होने वाले विधानसभा चुनावों में नई दिल्ली सीट से कांग्रेस के उम्मीदवार हैं, यह सीट आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल की सीट है.

    केजरीवाल ने इस सीट पर संदीप दीक्षित की मां और कांग्रेस की वरिष्ठ नेता शीला दीक्षित को हराकर कब्ज़ा किया था, जो मुख्यमंत्री के पद पर रहते हुए चुनाव हार गई थीं.

  13. नमस्कार!

    अब बीबीसी संवाददाता चंदन कुमार जजवाड़े को दीजिए इजाज़त.

    अब से रात दस बजे तक बीबीसी संवाददाता कीर्ति रावत आप तक ख़बरें पहुंचाएंगी.

    फ़िलहाल बीबीसी हिंदी के पेज पर मौजूद कुछ बड़ी ख़बरों को आप नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक कर पढ़ सकते हैं.

    - बांग्लादेश सरकार ने भारत से शेख हसीना के प्रत्यर्पण का अनुरोध किया. हालांकि, भारत ने अब तक कोई स्पष्ट बयान नहीं दिया है. ऐसे में सवाल उठ रहा है कि मोहम्मद यूनुस ने भारत-बांग्लादेश रिश्तों को कैसे प्रभावित किया है? पढ़ने के लिए क्लिक करें.

    - 23 दिसंबर 1912 को लाल क़िले के पास हाथी पर सवार वायसराय पर बम से हमला हुआ था. पढ़ने के लिए क्लिक करें कि क्रांतिकारियों ने कैसे ये योजना बनाई थी?

    - ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ़ बॉक्सिंग डे टेस्ट के पहले ही दिन विराट कोहली ग़लत वजहों से सुर्ख़ियों में आ गए हैं. ऑस्ट्रेलिया के युवा क्रिकेटर कोंस्टास से उनकी तकरार की हो रही है आलोचना. पढ़िए क्या है पूरा मामला?

    - ट्रंप चुनाव जीतने के बाद से लगातार कनाडा को अमेरिका का 51वाँ राज्य बता रहे हैं और ट्रूडो को उसका गवर्नर. लेकिन जस्टिन ट्रूडो पूरे मामले पर चुप हैं. पूरी रिपोर्ट पढ़ने के लिए क्लिक करें.

  14. ब्रेकिंग न्यूज़, आम आदमी पार्टी ने कांग्रेस पर लगाए बीजेपी से सांठ-गांठ के आरोप, कहा- गठबंधन में नहीं रह सकते

    इंडिया गठबंधन के दो प्रमुख घटक कांग्रेस पार्टी और आम आदमी पार्टी दिल्ली के विधानसभा चुनाव से पहले आमने-सामने आ गई हैं.

    आम आदमी पार्टी ने ये दावा किया है कि दिल्ली में कांग्रेस पार्टी भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में खड़ी है और हर वह काम कर रही है, जिससे बीजेपी को चुनाव में फ़ायदा हो.

    पार्टी के नेता और राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने आज सीएम आतिशी के साथ एक प्रेस कॉन्फ़्रेंस को संबोधित किया.

    उन्होंने कहा, "दिल्ली में इनके (कांग्रेस) एक नेता हैं अजय माकन. अजय माकन जी बीजेपी की स्क्रिप्ट पढ़ते हैं. बीजेपी के कहने पर बयान देते हैं. बीजेपी के कहने पर आम आदमी पार्टी के नेताओं को टारगेट करते हैं. कल उन्होंने सारी हदें पार करके देश के लोकप्रिय नेता अरविंद केजरीवाल जी को एंटी नेशनल कह दिया."

    उन्होंने कहा कि आज तक अजय माकन या कांग्रेस पार्टी ने दिल्ली में किसी बीजेपी के नेता को एंटी नेशनल नहीं बोला.

    संजय सिंह ने कहा कि आम आदमी पार्टी लगातार संसद में कांग्रेस पार्टी के साथ खड़ी रहती है. अरविंद केजरीवाल वह शख्स हैं जिन्होंने दिल्ली में (लोकसभा चुनाव के दौरान) कांग्रेस के उम्मीदवारों के लिए प्रचार किया.

    इस दौरान सीएम आतिशी ने भी कहा कि कांग्रेस के बयानों और एक्शन से ये साफ़ हो गया है कि दिल्ली चुनाव के लिए कांग्रेस ने भाजपा से सांठ-गांठ कर ली है.

    आतिशी ने कहा कि हमें आधिकारिक सूत्रों से पता चला है कि कांग्रेस के प्रत्याशियों का चुनाव प्रचार का खर्चा भारतीय जनता पार्टी से आ रहा है. इसमें सबसे प्रमुख संदीप दीक्षित और जंगपुरा से चुनाव लड़ रहे फरहाद सूरी हैं.

    सीएम आतिशी ने ये कहा, "अगर कांग्रेस पार्टी भारतीय जनता पार्टी को नहीं जिताना चाहती तो फिर वो 24 घंटे में अजय माकन के ख़िलाफ़ एक्शन ले. कांग्रेस के नेता दिल्लीवालों को बताएं कि संदीप दीक्षित और फरहाद सूरी के चुनाव लड़ने का पैसा कहां से आ रहा है."

    आतिशी ने कहा, "अगर कांग्रेस पार्टी अपने इन नेताओं के ख़िलाफ़ एक्शन नहीं लेती है तो फिर आम आदमी पार्टी इंडिया गठबंधन के बाकी सभी घटक दलों से बात करेगी कि कांग्रेस पार्टी के साथ अब एक अलायंस में नहीं रहा जा सकता है."

  15. अटल बिहारी वाजपेयी को 'सच्ची श्रद्धांजलि' वाले बयान पर घिरे बिहार के डिप्टी सीएम, अब क्या बोले?

    बिहार के उपमुख्यमंत्री और बीजेपी नेता विजय कुमार सिन्हा अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती के मौके पर दिए एक बयान से राजनीतिक प्रतिद्वंद्वियों के निशाने पर आ गए हैं. हालांकि, अब उन्होंने अपने बयान पर सफ़ाई भी दे दी है.

    दरअसल, विजय कुमार सिन्हा ने पूर्व प्रधानमंत्री वाजपेयी की 100वीं जयंती के मौक़े पर एक कार्यक्रम में कहा था कि अटल बिहारी वाजपेयी को सच्ची श्रद्धांजलि तब ही होगी जब बीजेपी बिहार में अपनी सरकार बनाएगी.

    बिहार में इस वक्त बीजेपी, जेडीयू, एलजेपी (आर) और हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) के गठबंधन की सरकार है और नीतीश कुमार मुख्यमंत्री हैं.

    विजय कुमार सिन्हा के इस बयान पर आरजेडी के राज्यसभा सांसद मनोज झा ने भी प्रतिक्रिया दी है.

    उनका कहना है, "वो श्रद्धांजलि नहीं समझते हैं, मैं क्या कहूं. अपना मुख्यमंत्री? अधिकारी तो आप ही के मुख्यमंत्री की तरह काम कर रहे हैं, उन्हें पूरा कंट्रोल में लिए हुए हैं. लेकिन जनता तय करती है और जनता आपको भी जानती है, इसलिए इंतज़ार कीजिए."

    हालांकि, निशाने पर आने के बाद अब विजय कुमार सिन्हा ने एक और बयान दिया है.

    विजय कुमार सिन्हा ने कहा है, "अटल जी के सबसे बड़े चहेते बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जी थे और उनको यहां सुशासन स्थापित करने के लिए भेजा गया. जंगलराज से मुक्ति दिलाने में साल 2005 से 2010 के बीच अहम भूमिका निभाई गई."

    "बीच-बीच में जंगलराज फैलाने वाले लोग अराजकता फैलाने का खेल खेलते रहे... बिहार में अब दोबारा जंगलराज वाले को अवसर नहीं मिलेगा. माननीय मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जी के नेतृत्व में यहां आगे भी एनडीए की सरकार रहेगी."

    बिहार में अगले विधानसभा चुनाव में अब एक साल से भी कम वक़्त बचा है. ऐसे में विजय कुमार सिन्हा के बयान पर कई तरह की अटकलें लगनी शुरू हो गई थीं.

  16. मेलबर्न टेस्ट में पहले दिन का खेल खत्म, ऑस्ट्रेलियाई टीम ने भारत के ख़िलाफ़ बना लिए इतने रन

    भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच मेलबर्न में बॉक्सिंग डे टेस्ट के पहले दिन का खेल समाप्त हो गया है.

    टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी करते हुए ऑस्ट्रेलियाई टीम ने छह विकेट खोकर 311 रन बना लिए हैं.

    फिलहाल पैट कमिंस और स्टीव स्मिथ क्रीज़ पर हैं.

    वहीं भारतीय टीम की ओर से आज के दिन सबसे अधिक विकेट जसप्रीत बुमराह के नाम रहे.

    बुमराह ने 75 रन देकर तीन विकेट लिए हैं.

    उनके अलावा एक-एक विकेट आकाशदीप, रवींद्र जडेजा और वॉशिंगटन सुंदर के खाते में रहे.

  17. तेलंगाना सीएम से फ़िल्म उद्योग के लोगों की मुलाक़ात का विरोध करने वाला शख्स पुलिस हिरासत में

    हैदराबाद में तेलुगु फ़िल्म उद्योग से जुड़े लोगों और तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी के बीच बैठक का विरोध कर रहे एक व्यक्ति को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है.

    हिरासत में लिए गए व्यक्ति की पहचान नहीं हो पाई है लेकिन वो ख़ुद को एक जूनियर आर्टिस्ट बता रहे हैं.

    वीडियो में दिख रहा है कि यह व्यक्ति विरोध में शोर मचा रहा है और पुलिस उन्हें पकड़कर ले जा रही है.

    तेलंगाना में अल्लू अर्जुन की फ़िल्म 'पुष्पा-2 के: द रूल' की स्क्रीनिंग के दौरान एक थिएटर में मची भगदड़ में एक महिला की मौत के बाद राज्य सरकार और फ़िल्म उद्योग से जुड़े कुछ लोगों के बीच मतभेद सपष्ट तौर पर देखे गए हैं.

    इस मुद्दे पर मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने राज्य विधानसभा में भी बयान दिया था और अल्लू अर्जुन समेत तेलुगु फ़िल्मों से जुड़े लोगों पर सवाल खड़े किए थे.

    इसी विवाद को ख़त्म करने के लिए गुरुवार को बैठक का फ़ैसला लिया गया था.

  18. कुंभ की तैयारियों पर अखिलेश यादव के उठाए सवालों के बाद यूपी डिप्टी सीएम क्या बोले?

    कुंभ की तैयारियों पर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव की ओर से सवाल उठाए जाने के बाद अब उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने जवाब दिया है.

    उन्होंने कहा है, "2013 जनवरी में प्रयागराज कुंभ का आयोजन हुआ था. इतनी दुर्दशा कुंभ के इतिहास में कभी नहीं थी. उस कुंभ मेले की व्यवस्था अखिलेश यादव जी ने अपने चाचा मोहम्मद आज़म ख़ान को सौंप दी थी."

    यूपी के डिप्टी सीएम ने कहा, "आने वाले तीर्थयात्रियों को दुर्घटना तक का शिकार होना पड़ा था. कोई मैनेजमेंट नाम की चीज़ नहीं थी. कई तीर्थयात्री मारे गए थे."

    केशव प्रसाद मौर्य ने ये भी कहा कि अखिलेश यादव को कुंभ मेले पर बोलने का कोई अधिकार नहीं है. उन्होंने कहा कि 2019 के अर्द्धकुंभ में करोड़ों लोग आए, किसी को खरोंच तक नहीं आई. कोई असुविधा नहीं हुई. सबकुछ बहुत व्यवस्थित तरीके से संपन्न हुआ.

    उन्होंने कहा कि सरकार सब व्यवस्था कर रही है.

    इससे पहले एक एक्स पोस्ट में अखिलेश यादव ने कुंभ की तैयारियों पर सवाल उठाते हुए लिखा था, "22 में से यातायात लायक केवल 9 पांटून ब्रिज बन पाए हैं, यानी क़रीब 40% ही काम हो पाया है. अब जब इस महाआयोजन के लिए केवल 20 दिन और बचे हैं तो बाक़ी बचे पुल कैसे बन पाएंगे."

    अखिलेश यादव ने अपने पोस्ट में राज्य सरकार से इस मुद्दे को गंभीरता से लेने को कहा था.

  19. दिल्ली वक़्फ़ बोर्ड के कई इमाम वेतन के लिए अरविंद केजरीवाल के आवास पहुंचे

    राजधानी दिल्ली में वक़्फ़ से जुड़े कई इमाम अपनी सैलरी की मांग करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के आवास पर पहुंचे. इनका नेतृत्व ऑल इंडिया इमाम एसोसिएशन के अध्यक्ष मौलाना साजिद रशीदी कर रहे थे.

    इमाम का कहना है कि उन्हें बीते 17 महीनों से सैलरी नहीं मिली है.

    मौलाना साजिद रशीदी का कहना है, "हम यहां बीते 17 महीने से रोके गए वेतन को जारी करने की मांग करने आए हैं. इसकी वजह से क़रीब 250 इमाम परेशानी झेल रहे हैं."

    उनका कहना है, "इमाम की सैलरी महज़ 18 हज़ार रुपये है, लेकिन 17 महीनों से इसका भुगतान नहीं किया गया है."

    अरविंद केजरीवाल दिल्ली के मुख्यमंत्री रह चुके हैं और फ़िलहाल वह दिल्ली में राज्य की सरकार चला रही आम आदमी पार्टी के प्रमुख हैं.