यूक्रेन के राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की ने रूस और चीन पर क्या नए आरोप लगाए

ज़ेलेंस्की ने आरोप लगाया है कि रूस और चीन उनकी स्विट्जरलैंड में होने वाली वैश्विक शांति वार्ता को कमजोर करने की कोशिश कर रहे हैं.

सारांश

  • भारत के आम चुनावों में सात चरणों का मतदान शनिवार को समाप्त होने के बाद मीडिया में जारी एग्ज़िट पोल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीजेपी लगातार तीसरी बार बहुमत हासिल करते हुए दिख रही है.
  • अमेरिका और कैरेबियाई द्वीपों की मेज़बानी में टी-20 क्रिकेट विश्व कप आज से शुरू हो गया है. पहला मैच आज कनाडा और अमेरिका के बीच खेला गया.
  • दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को अदालत से राहत नहीं मिली है. अंतरिम ज़मानत की अवधि समाप्त हो गई है और उन्हें रविवार को फिर से तिहाड़ जेल जाना पड़ा.
  • इसराइली प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू ने अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन की तरफ़ से पेश ग़ज़ा में संघर्ष विराम के प्रस्ताव को ठुकरा दिया है.
  • दक्षिण अफ़्रीका में हुए आम चुनावों में सत्ताधारी अफ़्रीकन नेशनल कांग्रेस को झटका लगा है. पार्टी को अब गठबंधन सरकार बनानी पड़ेगी.

लाइव कवरेज

दिलनवाज़ पाशा, प्रवीण

  1. यूक्रेन के राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की ने रूस और चीन पर क्या नए आरोप लगाए

    यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की

    यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने रूस और चीन पर नए आरोप लगाए हैं.

    ज़ेलेंस्की ने आरोप लगाया है कि रूस और चीन उनकी स्विट्जरलैंड में होने वाली वैश्विक शांति वार्ता को कमजोर करने की कोशिश कर रहे हैं.

    ज़ेलेंस्की का कहना है कि रूस और चीन दूसरे देशों को इस वार्ता में हिस्सा लेने से रोक रहे हैं.

    ज़ेलेंस्की ने आरोप लगाया है कि रूस के हथियारों का सामान चीन से आता है.

    चीन ने हालांकि कहा है कि रूस-यूक्रेन के युद्ध में वो किसी भी तरफ नहीं है, लेकिन अमेरिका चीन के इस स्टैंड पर सवाल उठाता रहा है.

    चीन पर रूस को हथियारों का सामान भेजने के आरोप पहले भी लगते रहे हैं.

    पश्चिमी देशों के प्रतिबंधों की वजह से रूस की अर्थव्यवस्था मुश्किल दौर से गुजर रही है.

    ज़ेलेंस्की ने हाल ही में कहा था कि यूक्रेन को युद्ध में रूस की बढ़त को रोकने के लिए मदद की जरूरत है.

    अमेरिका ने यूक्रेन को ख़ारकीएव के नजदीक रूसी सीमा के अंदर अपने हथियार इस्तेमाल करने की अनुमति भी दी है.

    अमेरिकी संसद ने अप्रैल में यूक्रेन को 61 अरब डॉलर की सैन्य मदद देने का प्रस्ताव पास किया था.

    यूक्रेन और रूस के बीच बीते ढाई साल से युद्ध चल रहा है.

  2. भारतीय क्रिकेट टीम का कोच बनने को लेकर गौतम गंभीर क्या बोले

    गौतम गंभीर (फाइल फोटो)

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, गौतम गंभीर (फाइल फोटो)

    भारत के पूर्व क्रिकेटर गौतम गंभीर ने कहा है कि उन्हें टीम इंडिया का कोच बनने पर खुशी होगी.

    अबू धाबी में एक इवेंट में हिस्सा लेते हुए गौतम गंभीर ने यह बात कही.

    भारतीय टीम का कोच बनने से जुड़े एक सवाल का जवाब देते हुए गौतम गंभीर ने कहा, "हाल के दिनों में कई लोगों ने मुझ से यह सवाल किया है. मेरे लिए टीम इंडिया का कोच बनना बेहद खुशी की बात होगी. भारतीय टीम का कोच बनने से बड़ी गौरव की बात कोई नहीं हो सकती है."

    "जब आप भारत का प्रतिनिधित्व करते हैं तो आप 140 करोड़ भारतीयों की वैश्विक स्तर पर अगुवाई कर रहे होते हैं. इससे बड़ा और क्या हो सकता है."

    गौतम गंभीर ने कहा, "मैं भारत को वर्ल्ड कप जीतने में मदद नहीं कर सकता हूं. ये 140 करोड़ भारतीय हैं जो भारत को वर्ल्ड कप जीतने में मदद करेंगे. बिना डर के खेलना सबसे महत्वपूर्ण बात है."

    छोड़िए X पोस्ट
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त

    भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम को नए कोच की तलाश है.

    मौजूदा कोच राहुल द्रविड़ का कार्यकाल इस महीने खेले जा रहे टी20 वर्ल्ड कप के बाद समाप्त हो रहा है.

    गौतम गंभीर को अगले कोच के लिए दावेदार माना जा रहा है.

    गौतम गंभीर के मेंटर बनने के बाद केकेआर इस साल आईपीएल खिताब जीतने में कामयाब रही है.

    हाल ही में बीसीसीआई के पूर्व अध्यक्ष सौरव गांगुली ने कोच पद के लिए गंभीर की दावेदारी का समर्थन किया था.

  3. चुनाव आयोग ने जयराम रमेश से पूछा- बताएं अमित शाह ने किन 150 जिला अधिकारियों से बात की?

    जयराम रमेश (फाइल फोटो)

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, जयराम रमेश (फाइल फोटो)

    भारतीय निर्वाचन आयोग ने कांग्रेस नेता जयराम रमेश को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर किए गए एक पोस्ट को लेकर नोटिस भेजा है.

    चुनाव आयोग ने जयराम रमेश से पूछा है कि वो बताएं गृह मंत्री ने किन 150 जिला अधिकारियों और कलेक्टर्स से फोन पर बात की है.

    जयराम रमेश ने एक जून को एक्स पर पोस्ट करके आरोप लगाया कि गृह मंत्री अमित शाह ने 150 अफ़सरों से बात की है.

    चुनाव आयोग ने कहा, "आपने (जयराम रमेश) आरोप लगाया है कि चार जून को होने वाली मतगणना से पहले गृह मंत्री अमित शाह ने 150 जिला अधिकारियों और कलेक्टर्स से बात की है."

    "आचार संहिता के दौरान सभी अधिकारियों को चुनाव आयोग को रिपोर्ट करना होता है और वो सिर्फ चुनाव आयोग के आदेश पर काम करते हैं. जो आरोप आपने लगाए हैं वैसी कोई रिपोर्ट किसी भी जिला अधिकारी ने नहीं की है. मतगणना की प्रक्रिया बेहद महत्वपूर्ण है और पब्लिक में दिए गए आपके बयान संदेह पैदा कर रहे हैं. पब्लिक के हित के लिए इन पर संज्ञान लेना ज़रूरी है."

    "आप एक राष्ट्रीय पार्टी के जिम्मेदार और अनुभवी नेता हैं. मतगणना से पहले आपके ये आरोप फैक्ट्स पर टिके होंगे. आपने गृह मंत्री से जिन 150 अफ़सरों की बात होने का दावा किया है उनके बारे में जानकारी मुहैया करवाएं."

    चुनाव आयोग का कांग्रेस नेता जयराम रमेश को भेजा गया नोटिस

    इमेज स्रोत, ECI

    इमेज कैप्शन, चुनाव आयोग का कांग्रेस नेता जयराम रमेश को भेजा गया नोटिस

    जयराम रमेश ने क्या आरोप लगाया

    जयराम रमेश ने शनिवार शाम को एक्स पोस्ट में दावा किया, "निवर्तमान गृह मंत्री आज सुबह से ज़िला कलेक्टर्स से फ़ोन पर बात कर रहे हैं. अब तक 150 अफ़सरों से बात हो चुकी है. अफ़सरों को इस तरह से खुल्लम खुल्ला धमकाने की कोशिश निहायत ही शर्मनाक है एवं अस्वीकार्य है."

    "याद रखिए कि लोकतंत्र जनादेश से चलता है, धमकियों से नहीं. जून 4 को जनादेश के अनुसार श्री नरेन्द्र मोदी, श्री अमित शाह व भाजपा सत्ता से बाहर होंगे एवं इंडिया गठबंधन विजयी होगा. अफ़सरों को किसी प्रकार के दबाव में नहीं आना चाहिए व संविधान की रक्षा करनी चाहिए. वे निगरानी में हैं."

  4. अरुणाचल प्रदेश और सिक्किम में गवर्नर ने विधानसभा भंग की

    पेमा खांडू

    इमेज स्रोत, PemaKhanduBJP @X

    इमेज कैप्शन, गर्वनर से मिले पेमा खांडू

    रविवार को अरुणाचल प्रदेश और सिक्किम विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के बाद, अरुणाचल प्रदेश के गवर्नर केटी परनायक और सिक्किम के गवर्नर लक्ष्मण प्रसाद आचार्य ने रविवार को अपने-अपने राज्य की विधानसभा को भंग कर दिया है.

    अरुणाचल प्रदेश के गवर्नर ने सातवीं विधानसभा भंग कर नई और आठवीं विधानसभा के गठन का रास्ता साफ कर दिया है.

    अरुणाचल राजभवन की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि गवर्नर परनायक ने मुख्यमंत्री पेमा खंडू का इस्तीफ़ा स्वीकार कर लिया है और केबिनेट की सलाह के अनुसार विधानसभा भंग कर दी है.

    हालांकि नई सरकार के गठन तक पेमा खांडू कार्यकारी मुख्यमंत्री बने रहेंगे.

    इससे पहले पेमा खांडू ने राजभवन पहुंच कर गवर्नर से मुलाक़ात की थी और उन्हें अपना इस्तीफ़ा सौंपा था.

    चुनाव आयोग के अनुसार अरुणाचल प्रदेश विधानसभा चुनावों में कुल 60 में से बीजेपी के 46, नेशनल पीपल्स पार्टी (एनपीईपी) को 5, नेशनलिस्ट कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) को 3, पीपल्स पार्टी ऑफ़ अरुणाचल (पीपीए) को दो और कांग्रेस को एक सीट पर जीत मिली है. तीन सीटों पर स्वतंत्र उम्मीदवारों को जीत मिली है.

    पेमा खांडू

    इमेज स्रोत, PemaKhanduBJP @X

    इमेज कैप्शन, पेमा खांडू की एक्स पोस्ट

    वहीं रविवार को सिक्किम में राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य ने चुनाव नतीजों के सामने आने के बाद दसवीं विधानसभा को भंग कर दिया है.

    राजभवन ने एक बयान जारी कर कहा है कि "मुख्यमंत्री और कैबिनेट की गुज़ारिश के बाद तुरंत प्रभाव से 10वीं विधानसभा को भंग किया जाता है.

    28 मई को मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग और कैबिनेट मंत्रियों की बैठक में फ़ैसला लिया गया था कि दो जून तक विधानसभा भंग की जानी चाहिए."

    अधिकारियों के अनुसार अगली सरकार बनाने के लिए जल्द प्रक्रिया शुरू की जाएगी.

    यहां सिक्किम क्रांतिकारी मोर्चा (एसकेएम) ने 32 में से 31 सीटें जीत कर स्वीप किया है. वहीं सिक्किम डेमोक्रेटिक फ्रंट (एसडीएफ़) को मात्र एक सीट पर जीत मिल पाई है.

    सिक्किम
    इमेज कैप्शन, सिक्किम के गर्वनर ने विधानसभा भंग की.
  5. भारत के इन मुक्केबाज़ों ने पेरिस ओलंपिक का कोटा हासिल किया

    जैस्मीन लैंबोरिया और अमित पंघाल

    इमेज स्रोत, SAI Media

    इमेज कैप्शन, जैस्मीन लैंबोरिया और अमित पंघाल

    भारत के मुक्केबाज अमित पंघाल और जैस्मीन लैंबोरिया ने पेरिस ओलंपिक का कोटा हासिल कर लिया है.

    वर्ल्ड क्वालिफिकेशन के 51 किलोग्राम भार वर्ग में अमित पंघाल ने चीन के चुआंग लियू को 5-0 से हराया.

    वहीं जैस्मीन लैंबोरिया ने 57 किलोग्राम भार वर्ग में यह कोटा हासिल किया है. उन्होंने अपनी विरोधी मरीन को 5-0 से हराया.

    भारत के सचिन सिवाच ने भी 57 किलोग्राम भार वर्ग में पेरिस ओलंपिक का कोटा हासिल किया है.

    भारत के निशांत देव (71 किग्रा), निकहत जरीन (50 किग्रा), प्रीति पवार (54 किग्रा) और लवलीना बोरगोहेन (75 किग्रा) ओलिंपिक के लिए क्वालिफाई कर चुके हैं.

  6. लोकसभा चुनाव नतीजों से पहले चुनाव आयोग से मिले इंडिया गठबंधन के नेता, क्या कहा

    चुनाव आयोग से मुलाकात करने के बाद मीडिया से बात करते हुए कांग्रेस नेता अभिषेक मनु सिंघवी

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, चुनाव आयोग से मुलाकात करने के बाद मीडिया से बात करते हुए कांग्रेस नेता अभिषेक मनु सिंघवी

    लोकसभा चुनाव नतीजों से पहले इंडिया गठबंधन के नेताओं ने चुनाव आयोग से मुलाकात की है.

    प्रतिनिधिमंडल में कांग्रेस नेता अभिषेक मनु सिंघवी, सलमान खुर्शीद, डीएमके के टीआर बालू, वाम दल की तरफ से सीताराम येचुरी, डी राजा भी शामिल थे.

    विपक्षी दलों के नेताओं ने चुनाव आयोग के सामने ईवीएम काउंटिंग, पोस्टल बैलेट और चुनाव नतीजों से जुड़े मुद्दों को सामने रखा.

    चुनाव आयोग से मुलाकात के बाद मीडिया से बात करते हुए कांग्रेस नेता अभिषेक मनु सिंघवी ने कहा, "पहला मुद्दा- पोस्टल बैलेट का है, जो एक जानी-मानी प्रक्रिया है. पोस्टल बैलेट परिणाम में निर्णायक साबित होते हैं, इसलिए चुनाव आयोग का एक प्रावधान है जिसके अंतर्गत कहा है कि पोस्टल बैलेट की गिनती पहले की जाएगी."

    उन्होंने कहा, "हमारी शिकायत थी कि चुनाव आयोग ने 2019 की गाइडलाइन से इसे हटा दिया है, इसका परिणाम यह है कि ईवीएम की पूरी गणना हो जाए उसके बाद अंत तक भी पोस्टल बैलेट की गिनती की घोषणा करना अनिवार्य नहीं रहा है. यह जरूरी है कि पोस्टल बैलेट जो निर्णायक साबित होता है उसकी गिनती पहले करना अनिवार्य है."

    इसके अलावा नेताओं ने वोटों की गिनती के समय सख्त निगरानी रखने की मांग भी की है.

  7. ब्रेकिंग न्यूज़, अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली की तिहाड़ जेल में किया सरेंडर

    अरविंद केजरीवाल

    इमेज स्रोत, ANI

    21 दिन की अंतरिम ज़मानत की मियाद ख़त्म होने के बाद दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने रविवार को दिल्ली की तिहाड़ जेल पहुंचकर सरेंडर कर दिया.

    दिल्ली सरकार में मंत्री आतिशा मार्लेना ने कहा, "चुनाव लोकतंत्र की नींव है, लोकतंत्र को बचाने के लिए सुप्रीम कोर्ट ने केजरीवाल को 21 दिनों की ज़मानत दी थी. केजरीवाल ने न्यायालय और संविधान का सम्मान करते हुए निर्धारित तारीख को सरेंडर किया है."

    "ये बात सही है कि उनका स्वास्थ्य सही नहीं है. उनका कीटोन लेवल काफी अधिक है, उनका वज़न छह किलो घट गया है लेकिन पार्टी का कोई नेता जेल जाने से नहीं डरता."

    आतिशा मार्लेना

    दिल्ली आबकारी मामले में जेल की सज़ा काट रहे केजरीवाल को सुप्रीम कोर्ट ने 10 मई को ज़मानत दी थी.

    कोर्ट ने कहा था कि चुनाव की प्रक्रिया में शामिल होने के लिए उन्हें कुछ दिनों के लिए ज़मानत पर छोड़ा जा रहा है, मतदान ख़त्म होने के बाद उन्हें सरेंडर करना होगा.

  8. डीके शिवकुमार बोले- 'एग्ज़िट पोल के अनुमान से सहमत नहीं, कर्नाटक में नहीं थी मोदी लहर'

    डीके शिवकुमार

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, डीके शिवकुमार

    कांग्रेस नेता और कर्नाटक के उप मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने कहा है कि वो एग्ज़िट पोल के अनुमानों से सहमत नहीं हैं.

    डीके शिवकुमार ने समाचार एजेंसी एएनआई से कहा, "एग्ज़िट पोल के अनुमानों से मैं सहमत नहीं हूं. जो सर्वे किए गए हैं उनमें सिर्फ पांच से सात हज़ार लोगों का सैंपल साइज लिया गया है. कम से कम 50 हज़ार लोगों का सैंपल साइज होना चाहिए."

    "कर्नाटक के विधानसभा चुनाव में हमने 130 से ज्यादा सीटों पर जीत दर्ज की. मीडिया कांग्रेस को 80, 90 सीटें ही दे रहा था. मैं इस नंबर के साथ सहमत नहीं हूं. मेरे 40 साल के अनुभव के मुताबिक़ हमने बेहतर परफॉर्म किया है."

    डीके शिवकुमार ने कहा, "कर्नाटक में मोदी की कोई लहर नहीं थी. हमने जो वादे किए थे वो हम पूरे करने में कामयाब रहे हैं. कर्नाटक के लोग खुश हैं."

    "कर्नाटक के लोगों पर हमें पूरा विश्वास है. हम कर्नाटक में दहाई का आंकड़ा पार करने में जरूर कामयाब होंगे."

    छोड़िए X पोस्ट
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त

    2019 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस को कर्नाटक की कुल 28 सीटों में महज़ एक सीट पर ही जीत मिली थी.

    अधिकतर चैनलों के एग्ज़िट पोल्स में बीजेपी के नेतृत्व वाले एनडीए को 543 में से 350 से अधिक सीटें दी जा रही हैं.

    विपक्ष के अधिकतर नेताओं ने एग्ज़िट पोल्स को ख़ारिज किया है और 4 जून को आ रहे नतीजों में इंडिया गठबंधन की सरकार बनने का दावा किया है.

  9. तिहाड़ जेल में सरेंडर करने से पहले दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल क्या बोले

    अरविंद केजरीवाल (फाइल फोटो)

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, अरविंद केजरीवाल (फाइल फोटो)

    आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने तिहाड़ जेल में सरेंडर करने से पहले पार्टी दफ्तर पहुंचकर कार्यकर्ताओं को संबोधित किया.

    अरविंद केजरीवाल ने कहा, "सुप्रीम कोर्ट ने मुझे 21 दिन की मोहलत दी थी. मैं तहे दिल से सुप्रीम कोर्ट का शुक्रिया अदा करना चाहता हूं. 21 दिन पूरे हो गए हैं. यहां से मैं सीधा तिहाड़ जा रहा हूं."

    "मैंने 21 दिन में एक भी मिनट भी खराब नहीं किया. दिन-रात मैंने देश को बचाने के लिए प्रचार किया. मैंने सिर्फ आम आदमी पार्टी के लिए प्रचार नहीं किया. मेरे सामने देश था. हमारे लिए पहले देश है."

    अरविंद केजरीवाल ने कहा, "मैं दिल्ली के लोगों को कहना चाहता हूं कि आपका बेटा दोबारा जेल जा रहा है. मैं इसलिए जेल नहीं जा रहा हूं कि मैंने भ्रष्टाचार किया है. मैं इसलिए जेल जा रहा हूं क्योंकि मैंने तानाशाही से लड़ाई लड़ी है."

    "पीएम मोदी के पास मेरे ख़िलाफ़ कोई सबूत नहीं है. कहीं कुछ मिला ही नहीं है तो भ्रष्टाचार का पैसा कहां गया. पीएम मोदी ने एक इंटरव्यू में खुद कहा कि केजरीवाल के ख़िलाफ़ कोई सबूत नहीं है, वो अनुभवी चोर है. उन्होंने मुझे बिना किसी सबूत के जेल में डाल दिया."

    अरविंद केजरीवाल बोले, "इतने भारी बहुमत की सरकार के सीएम को आपने बिना सबूत के जेल में डाल दिया. यही तो तानाशाही है. ये मैसेज दिया है कि किसी को भी जेल में डाला जा सकता है. ये तानाशाही देश को बर्दाश्त नहीं है."

    "भगत सिंह देश को आज़ाद करवाने के लिए जेल गए थे. हम देश को बचाने के लिए जेल में जा रहे हैं. भगत सिंह फांसी पर चढ़ गए. हम भी देश के लिए फांसी पर चढ़ने को तैयार हैं."

    दिल्ली के कथित शराब घोटाले में अरविंद केजरीवाल को एक जून तक अंतरिम जमानत मिली थी. आज शाम अरविंद केजरीवाल तिहाड़ जेल जाकर सरेंडर करेंगे.

  10. बर्नी सैंडर्स बोले- 'नेतन्याहू युद्ध अपराधी हैं, इसराइल के पास 34,000 फ़लस्तीनियों को मारने का अधिकार नहीं'

    अमेरिका के वरिष्ठ नेता बर्नी सैंडर्स

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, बर्नी सैंडर्स

    अमेरिका के वरिष्ठ डेमोक्रेटिक नेता बर्नी सैंडर्स ने इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू को युद्ध अपराधी कहा है.

    सैंडर्स का कहना है कि नेतन्याहू को कांग्रेस के संयुक्त सत्र के लिए नहीं बुलाया जाना चाहिए था. सैंडर्स ने कहा है कि वो कांग्रेस के संयुक्त सत्र में हिस्सा नहीं लेंगे.

    सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर सैंडर्स ने एक थ्रेड पोस्ट किया है. उन्होंने कहा, "नेतन्याहू युद्ध अपराधी हैं और उन्हें कांग्रेस के संयुक्त सत्र के लिए नहीं बुलाया जाना चाहिए था. मैं इस सत्र में हिस्सा नहीं ले रहा हूं."

    "इसराइल के पास हमास के हमले के ख़िलाफ़ खुद को सुरक्षित रखने का अधिकार है, लेकिन इस अधिकार से आपको फ़लस्तीनियों के ख़िलाफ़ युद्ध छेड़ने की अनुमति नहीं मिल जाती है."

    सैंडर्स ने कहा, "इसराइल के पास 34,000 फ़लस्तीनियों को मारने का अधिकार नहीं है. आप 19,000 बच्चों को नहीं मार सकते हैं. आपके पास ग़ज़ा की स्वास्थ्य व्यवस्था को बर्बाद करने का अधिकार नहीं है. आप 400 से ज्यादा स्वास्थ्य कर्मियों को नहीं मार सकते हैं."

    "इसराइल ग़ज़ा में मानवीय मदद को नहीं रोक सकता है. यह अमेरिका और अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन है. इंटरनेशनल क्रिमिनल कोर्ट ने नेतन्याहू और हमास के नेता याह्या सिनवार के ख़िलाफ़ अरेस्ट वारंट जारी किया है. इन दोनों ने अंतरराष्ट्रीय कानून को तोड़ा है."

    छोड़िए X पोस्ट
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त

    अमेरिकी कांग्रेस ने नेतन्याहू को संयुक्त सत्र में हिस्सा लेने का न्योता दिया है.

    हमास संचालित स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक़ सात अक्टूबर के बाद से इसराइल के हमलों से 36,000 से ज्यादा फ़लस्तीनियों की मौत हो चुकी है.

  11. एग्ज़िट पोल्स पर बीजेपी नेता बृजभूषण शरण सिंह क्या बोले

    बृजभूषण शरण सिंह

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, बृजभूषण शरण सिंह

    भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के नेता बृजभूषण शरण सिंह ने दावा किया है कि बीजेपी भारी बहुमत के साथ केंद्र में दोबारा सरकार बनाने में कामयाब होगी.

    बृजभूषण शरण सिंह ने समाचार एजेंसी एएनआई से कहा, "भारी बहुमत के साथ भारतीय जनता पार्टी की सरकार बन रही है. बात एक एग्जिट पोल की नहीं है, सारे के सारे एग्जिट पोल उसी तरफ इशारा कर रहे हैं, जिस तरफ बीजेपी की सरकार बन रही है."

    उन्होंने कहा, "बहुत बड़े बहुमत के साथ बीजेपी की सरकार आ रही है."

    छोड़िए X पोस्ट
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त

    बीजेपी ने इस बार गोंडा से सांसद बृजभूषण सिंह को टिकट नहीं दिया था. बृजभूषण सिंह महिलाओं के साथ कथित यौन उत्पीड़न के मामले में अभियुक्त हैं.

    बीजेपी ने गोंडा से बृजभूषण सिंह के बेटे करण भूषण सिंह को उम्मीदवार बनाया है.

    लोकसभा चुनाव के सातवें और आखिरी चरण का मतदान शनिवार को संपन्न हुआ. चुनाव के नतीजे चार जून को आएंगे.

    अधिकतर चैनलों के एग्ज़िट पोल्स में बीजेपी के नेतृत्व वाले एनडीए को 543 में से 350 से अधिक सीटें दी जा रही हैंं.

    विपक्ष के अधिकतर नेताओं ने एग्ज़िट पोल्स को ख़ारिज किया है और 4 जून को आ रहे नतीजों में इंडिया गठबंधन की सरकार बनने का दावा किया है.

  12. एग्ज़िट पोल्स पर बोले संजय राउत- 'ये पैसे का खेल है, सरकार हम बनाने जा रहे हैं'

    संजय राउत

    इमेज स्रोत, @rautsanjay61

    शिवसेना (उद्धव ठाकरे गुट) के नेता संयज राउत ने पत्रकारों से बात करते हुए दावा किया है कि इंडिया गठबंधन महाराष्ट्र में कम से कम 35 सीटें जीतने जा रहा है.

    संजय राउत ने एग्ज़िट पोल्स के डेटा को ख़ारिज करते हुए इसे पैसों का खेल बताया है.

    पत्रकारों से बात करते हुए संजय राउत ने कहा, “ये हमारे प्रधानमंत्री जो साधना-तपस्या कर रहे थे, दस बारह कैमरे लगाकर, ये उन कैमरों से आया हुआ आंकड़ा है. ये एग्ज़िट पोल, ओपिनियन पोल, कॉर्पोरेट खेल है. पैसा फेंको, तमाशा देखो, तो जो चाहो आंकड़ा निकाल सकते हैं. कल हम सत्ता में होंगे, हमारे पास पैसा होगा तो हम भी जैसा चाहें वैसा आंकड़ा निकाल सकते हैं.”

    राउत ने कहा, “इंडिया गठबंधन 295 से 310 सीटें जीतकर सरकार बनाने जा रही है. ये जो एग्ज़िट पोल की कंपनी से आंकड़े आए हैं, ये धंधा है. ये लोग एनजीओ नहीं चला रहे हैं. जैसा पैसा मिलता है, वैसा आंकड़ा जारी कर देते हैं. इन्हें डर भी है.”

    संजय राउत ने ये दावा भी किया है कि सरकार अधिकारियों को प्रभावित करके नतीजों को प्रभावित करने का प्रयास भी कर सकती है.

    उन्होंने कहा, “जयराम रमेश ने कल जानकारी दी है कि देश के गृह मंत्री अमित शाह देशभर में 150 से अधिक ज़िलाधिकारी को फ़ोन कर चुके हैं. वो करना क्या चाहते हैं, क्या वो अधिकारियों को डराकर-धमकाकर चुनाव में गड़बड़ी करना चाहते हैं, मतगणना में गड़बड़ी करना चाहते हैं."

    "हमारा हर बात पर पूरी तरह से ध्यान है, इंडिया गठबंधन सरकार बनाने जा रहा है. महाराष्ट्र में हम 35 से अधिक सीटें जीतने जा रहे हैं, और हम जीतेंगे.”

  13. एग्ज़िट पोल्स पर राहुल गांधी से पत्रकारों का सवाल, जवाब मिला- ‘सिद्धू मूसेवाला का गाना सुना है…’

    राहुल गांधी

    इमेज स्रोत, @RahulGandhi

    शनिवार को मतदान समाप्त होने के बाद जारी हुए एग्ज़िट पोल्स पर टिप्पणी करते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा है कि ये 'मोदी मीडिया का पोल' है.

    अधिकतर चैनलों के एग्ज़िट पोल्स में बीजेपी को नेतृत्व में एनडीए 543 में से 350 से अधिक सीटें मिलने के अनुमान ज़ाहिर किए गए हैं.

    कांग्रेस नेता राहुल गांधी से जब पत्रकारों ने एग्ज़िट पोल्स को लेकर सवाल किया तो उन्होंने कहा, “इसका नाम एग्जिट पोल्स नहीं है, ये मोदी मीडिया पोल है, ये मोदी जी का पोल है, उनकी फ़ैंटेसी का पोल है.”

    पत्रकारों ने जब राहुल गांधी से पूछा कि इंडिया गठबंधन की कितनी सीटें आ रही हैं तो उन्होंने कहा, “सिद्धू मूसेवाला का सॉन्ग सुना है आपने. 295.”

    दिवंगत गायक सिद्धू मूसेवाला ने 295 शीर्षक से एक गीत रिलीज़ किया था.

    राहुल गांधी ने कहा कि इंडिया गठबंधन की 295 सीटें आ रही हैं.

    विपक्ष के अधिकतर नेताओं ने एग्ज़िट पोल्स को ख़ारिज किया है और 4 जून को आ रहे नतीजों में इंडिया गठबंधन की सरकार बनने का दावा किया है.

    भारत में 7 चरणों में हुए मतदान के बाद 4 जून को नतीजे आएंगे.

    सभी एग्ज़िट पोल्स प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लगातार तीसरी बार पूर्ण बहुमत के साथ सत्ता मिलने के संकेत दे रहे हैं.

  14. अखिलेश यादव ने एग्ज़िट पोल की क्रोनोलॉजी समझाते हुए कहा- "अधिकारी धांधली करने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहे हैं"

    अखिलेश यादव

    इमेज स्रोत, @yadavakhilesh

    शनिवार को सातवें चरण का मतदान समाप्त होने के बाद आए एग्ज़िट पोल में बीजेपी के नेतृत्व में एनडीए को स्पष्ट बढ़त मिलती दिख रही है.

    कई चैनलों के एग्ज़िट पोल में भारतीय जनता पार्टी उत्तर प्रदेश में अपने पिछले प्रदर्शन यानी 63 सीटों से भी आगे बढ़ता हुआ दिखाया गया है.

    इसी बीच उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने नतीजों में गड़बड़ी की आशंका ज़ाहिर की है.

    अखिलेश यादव ने एक्स पर पोस्ट किया है, “एग्ज़िट पोल का आधार ईवीएम नहीं डीएम हैं.”

    उन्होंने लिखा, “प्रशासन याद रखे कि जनशक्ति से बड़ा बल और कोई नहीं होता.”

    अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पोस्ट में एग्ज़िट पोल की क्रोनोलॉजी समझाते हुए कहा है कि इसके माध्यम से जनमत को धोखा दिया जा रहा है.

    एक्स पर एक पोस्ट में अखिलेश यादव ने लिखा, एक्ज़िट पोल की क्रोनोलॉजी समझिए:

    - विपक्ष ने पहले ही घोषित कर दिया था कि भाजपाई मीडिया भाजपा को 300 पार दिखाएगा, जिससे घपला करने की गुंजाइश बन सके.

    - ⁠आज का ये भाजपाई एक्ज़िट पोल कई महीने पहले ही तैयार कर लिया गया था बस चैनलों ने चलाया आज है.

    - ⁠इस एक्ज़िट पोल के माध्यम से जनमत को धोखा दिया जा रहा है.

    - ⁠इस एक्ज़िट पोल को आधार बनाकर भाजपाई सोमवार को खुलने वाले शेयर बाज़ार से जाते-जाते लाभ उठाना चाहते हैं.

    - ⁠अगर ये एक्ज़िट पोल झूठे न होते और सच में भाजपा हार न रही होती तो भाजपावाले अपनों पर ही इल्ज़ाम न लगाते.

    - ⁠भाजपाइयों के मुरझाए चेहरे सारी सच्चाई बयान कर रहे हैं.

    - ⁠भाजपाई ये समझ रहे हैं कि पूरे देश का परिणाम चंडीगढ़ के मेयर के चुनाव की तरह बदला नहीं जा सकता है क्योंकि इस बार विपक्ष पूरी तरह से सजग है और जनाक्रोश भी चरम पर है.

    - ⁠भाजपा से मिले हुए भ्रष्ट अधिकारी भी सर्वोच्च न्यायालय की सक्रियता देखकर धांधली करने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहे हैं, साथ ही वो जनता के क्रोध का भी शिकार नहीं होना चाहते हैं.

    अखिलेश यादव ने कहा- “इंडिया गठबंधन के सभी कार्यकर्ता, पदाधिकारी और प्रत्याशी ईवीएम की निगरानी में एक प्रतिशत भी चूक न करें. इंडिया गठबंधन जीत रहा है. इसीलिए चौकन्ने रहकर मतगणना कराएं और जीत का प्रमाणपत्र लेकर ही विजय का उत्सव मनाएं.”

    इससे पहले कांग्रेस के मीडिया प्रभारी जयराम रमेश ने दावा किया था कि गृह मंत्री अमित शाह ने ‘150 से अधिक ज़िलाधिकारियों को फ़ोन किया है.’

    वहीें शिवसेना (उद्धर ठाकरे गुट) के नेता संजय राउत ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा है, “वे मतगणना में गड़बड़ी करना चाहते हैं, हमारा इस बात पर पूरी तरह से ध्यान है.”

  15. केजरीवाल ने बताया आज तिहाड़ जेल जाने से पहले वो क्या-क्या करेंगे

    अरविंद केजरीवाल

    इमेज स्रोत, @ArvindKejriwal

    सुप्रीम कोर्ट से मिली अंतरिम ज़मानत की अवधि समाप्त होने के बाद कथित शराब नीति घोटाले में गिरफ़्तार दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को रविवार को फिर से तिहाड़ जेल लौटना है.

    अरविंद केजरीवाल ने ज़मानत की अवधि बढ़ाने के लिए याचिका दायर की थी लेकिन उन्हें अदालत से राहत नहीं मिल सकी.

    अरविंद केजरीवाल ने एक बयान जारी कर बताया है कि वो वापस तिहाड़ जेल जाने से पहले दिल्ली में महात्मा गांधी की समाधि पर श्रद्धांजलि देंगे, इसके बाद कनॉट प्लेस स्थित हनुमान मंदिर जाएंगे और फिर पार्टी दफ़्तर में कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे.

    अरविंद केजरीवाल ने एक्स पर किए एक पोस्ट में कहा है, “आज तिहाड़ जाकर सरेंडर करूंगा. दोपहर 3 बजे घर से निकलूंगा. पहले राजघाट जाकर महात्मा गांधी जी को श्रद्धांजलि दूंगा. वहां से हनुमान जी का आशीर्वाद लेने कनॉट प्लेस स्थित हनुमान मंदिर जाउंगा. और वहां से पार्टी दफ़्तर जाकर सभी कार्यकर्ताओं और पार्टी के नेताओं से मिलूंगा. वहां से फिर तिहाड़ के लिए रवाना होउंगा.”

    केजरीवाल ने कहा, “आप सब लोग अपना ख़्याल रखना. जेल में मुझे आप सबकी चिंता रहेगी. आप ख़ुश रहेंगे तो जेल में आपका केजरीवाल भी ख़ुश रहेगा.”

    सुप्रीम कोर्ट ने लोकसभा चुनाव में पार्टी के लिए चुनाव प्रचार करने के लिए अरविंद केजरीवाल को 1 जून तक के लिए अंतरिम ज़मानत दी थी.

    दिल्ली में चुनाव प्रचार के दौरान अरविंद केजरीवाल ने कहा था, “अगर लोग झाड़ू पर बटन दबाएंगे तो मुझे वापस तिहाड़ जेल नहीं जाना होगा.”

    शनिवार को सभी सीटों पर मतदान समाप्त होने के बाद आए एग्ज़िट पोल में सत्ताधारी बीजेपी गठबंधन को भारी बहुमत मिलता दिख रहा है.

    हालांकि अरविंद केजीरवाल समेत, इंडिया गठबंधन के नेताओं ने दावा किया है कि इंडिया गठबंधन 295 सीटें जीत रहा है.

  16. एग्ज़िट पोल पर बोले आप विधायक सोमनाथ भारती- 'अगर ऐसा हुआ तो सिर मुंडवा दूंगा..'

    सोमनाथ भारती

    इमेज स्रोत, @attorneybharti

    दिल्ली में आम आदमी पार्टी के विधायक और नई दिल्ली लोकसभा सीट से उम्मीदवार सोमनाथ भारती ने एग्ज़िट पोल जारी होने के बाद कहा है कि अगर नरेंद्र मोदी तीसरी बार भारत के प्रधानमंत्री बन गए तो वो अपना सिर मुंडवा लेंगे.

    सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए भारती ने कहा, “मेरे शब्द लिख लीजिए.”

    भारती ने कहा, “4 जून को सभी एग्ज़िट पोल ग़लत साबित होंगे और मोदी जी तीसरी बार देश के प्रधानमंत्री नहीं बनेंगे.”

    भारती ने दावा किया है कि दिल्ली में सभी सातों सीटों पर इंडिया गठबंधन को जीत मिलेगी.

    भारती ने ये दावा भी किया है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के डर की वजह से एग्ज़िट पोल में उन्हें हारता हुआ नहीं दिखाया गया है.

    भारती ने कहा, "इसलिए हम सभी को चार जून को आने वाले वास्तविक नतीजों का इंतज़ार करना चाहिए."

    शनिवार को सातवें चरण का मतदान समाप्त होने के बाद जारी किए गए अधिकतर एग्ज़िट पोल में बीजेपी गठबंधन को 350 के क़रीब या उससे अधिक सीटें मिलती हुई दिख रही हैं.

    सरकार बनाने के लिए लोकसभा में कम से कम 272 सीटों की ज़रूरत होती है.

  17. चीन को मिली बड़ी कामयाबी, चांद के इस हिस्से पर उतार दिया अंतरिक्ष यान

    चीन का ये यान 3 मई को रवाना हुआ था

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, चीन का ये अंतरिक्ष यान 3 मई को रवाना हुआ था

    चीन का कहना है कि उसका चालक रहित अंतरिक्ष यान चांद के उस हिस्से पर उतारा है जो पृथ्वी से दिखाई नहीं देता है.

    ये चांद का वो इलाक़ा है जहां अभी तक कोई नहीं गया है और किसी ने अभी तक यहां जाने की कोशिश भी नहीं की थी.

    चाइना नेशनल स्पेस एडमिनिस्ट्रेशन (सीएनएसए) ने एक बयान में बताया है- चांग-ई-6 विमान बीजिंग के समयानुसार सुबह 06ः23 बजे चांद के दक्षिणी ध्रुव के पास एटकेन बेसिन में उतरने में कामयाब रहा.

    चीन ने ये अभियान 3 मई को रवाना किया था. इस अभियान का मक़सद चांद के इस हिस्से से चट्टान और मिट्टी इकट्ठा करके धरती पर लाना है.

    ये अभियान चांद की सबसे प्राचीन चट्टानों को इकट्ठा कर सकता है. चांद के दक्षिणी ध्रुव पर विशाल क्रेटर है, जहां ये यान उतरा है.

    इस अभियान के सामने कई मुश्किलें भी थीं. चांद के पार पहुंचने पर यान के साथ संपर्क करना मुश्किल हो जाता है.

  18. अगर ट्रंप को सज़ा सुनाई गई तो चुनावी अभियान का क्या होगा, उनकी वकील ने दिया जवाब

    डोनल्ड ट्रंप

    इमेज स्रोत, Gett

    न्यूयॉर्क में एक ऐतिहासिक मुक़दमे में दोषी क़रार दिए जाने के बाद भी ट्रंप का राष्ट्रपति पद के लिए चुनाव अभियान जारी रहेगा.

    ट्रंप की एक अधिवक्ता ने ये बात बीबीसी से कही है.

    अदालत ने ट्रंप को साल 2016 में अपने चुनावी अभियान से पहले पोर्न स्टार स्टॉर्मी डेनियल्स को रिश्वत देने के लिए कारोबारी रिकॉर्ड में हेराफेरी के आरोप में दोषी पाया है.

    ट्रंप अमेरिका के पहले ऐसे राष्ट्रपति हैं जिन्हें किसी अपराध का दोषी पाया गया है.

    हालांकि ट्रंप का कहना है कि ये मुक़दमा राजनीति से प्रेरित था और अदालती कार्रवाई में धोखाधड़ी हुई है.

    ट्रंप की अधिवक्ता अलीना हब्बा ने बीबीसी से कहा है कि ट्रंप ‘राजनीतिक और चयनात्मक मुक़दमे का शिकार हुए हैं.’

    मैनहेटन की अदालत में 7 सप्ताह तक चली अदालती कार्रवाई के बाद ट्रंप को सभी 34 आरोपों में दोषी पाया गया है.

    ट्रंप को 11 जुलाई को सज़ा सुनाई जाएगी. हालांकि ट्रंप ने कहा है कि वो अदालत के इस फ़ैसले के ख़िलाफ़ अपील करने जा रहे हैं.

    अदालती कार्रवाई के दौरान ट्रंप के साथ रहीं अधिवक्ता हब्बा का कहना है कि अगर ट्रंप जेल भी चले गए तब भी वो नवंबर में होने वाली राष्ट्रपति चुनाव में उम्मीदवारी जारी रखेंगे.

  19. अरुणाचल और सिक्किम चुनावों की मतगणना जारी, दोनों राज्यों में सत्ताधारी गठबंधन आगे

    पेमा खांडू

    इमेज स्रोत, @PemaKhanduBJP

    इमेज कैप्शन, अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं. राज्य में बीजेपी के दस उम्मीदवार निर्विरोध चुने गए हैं

    पूर्वोत्तर भारत के राज्य अरुणाचल प्रदेश और सिक्किम के विधानसभा चुनावों के नतीजे आज आएंगे.

    अरुणाचल प्रदेश में 60 सीटों में से दस सीटों पर बीजेपी उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं. बाक़ी 50 सीटों के नतीजे आज आ रहे हैं.

    यहां बीजेपी ने साल 2019 में 41 सीटों पर जीत दर्ज की थी. कांग्रेस ने यहां 34 सीटों पर इस बार उम्मीदवार उतारे हैं.

    गिनती शुरू होने के पहले एक घंटे में बीजेपी और उसके सहयोगी दल 17 सीटों पर आगे चल रहे हैं. जबकि कोनार्ड संगमा की नेशनल पीपुल्स पार्टी तीन सीटों पर आगे है.

    वहीं सिक्किम में सत्ताधारी सिक्किम क्रांतिकारी मोर्चा 17 सीटों पर आगे है और रुझानों में पार्टी ने बहुमत का आंकड़ा पार कर लिया है.

    बीजेपी और उसकी गठबंधन सहयोगी सिक्किम डेमोक्रेटिक फ्रंट एक-एक सीट पर आगे हैं.

    दोनों ही राज्यों के शुरुआती रुझानों में कांग्रेस को अभी किसी सीट पर बढ़त नहीं मिली है.

  20. टी-20 वर्ल्ड कप की हुई शुरुआत, पहला मुक़ाबला मेज़बान अमेरिका और कनाडा के बीच

    अमेरिकी क्रिकेट टीम

    इमेज स्रोत, Getty Images

    टी-20 वर्ल्ड कप आज से अमेरिका और कैरेबियाई द्वीपों की मेज़बानी में शुरू हो गया है.

    अमेरिका के डलास में पहला मुक़ाबला कनाडा और अमेरिका के बीच खेला जा रहा है.

    अमेरिका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी करने का निर्णय किया है.

    कनाडा ने 8 ओवर ख़त्म होने तक दो विकेट के नुक़सान पर 66 रन बना लिए हैं.

    कनाडा के लिए पारी की शुरुआत करते हुए ऑरोन जोनसन और नवनीत धालीवाल ने पहले विकेट के लिए 43 रनों की साझेदारी की.

    ऑरोन 23 रन बनाकर आउट हुए. इसके बाद खेलने आए परगट सिंह मात्र 5 रन बनाकर आउट हो गए.

    वहीं, शनिवार को भारत और बांग्लादेश के बीच हुए वॉर्म अप मैच में आईपीएल के दौरान संघर्ष करते नज़र आए भारतीय खिलाड़ी हार्दिक पंड्या फॉर्म में दिखे. पंड्या ने 23 गेंदों में 40 रन की पारी खेली.

    वहीं हादसे के बाद क्रिकेट में वापसी करने वाले ऋषभ पंत ने अर्धशतक लगाया. विराट कोहली ने इस मैच में हिस्सा नहीं लिया.

    भारत ने इस मुक़ाबले में बांग्लादेश को 60 रनों से हरा दिया. भारत ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए पांच विकेट पर 182 रन बनाये थे जिसके जवाब में बांग्लादेश 9 विकेट पर 122 रन ही बना सका.