क्वीन एलिज़ाबेथ डॉक्टर की सलाह पर मेडिकल निगरानी में: बकिंघम पैलेस

महारानी एलिज़ाबेथ द्वितीय

इमेज स्रोत, EPA

प्रकाशित

बकिंघम पैलेस ने बताया है कि डॉक्टरों के क्वीन एलिज़ाबेथ के स्वास्थ्य पर चिंता जताने के बाद बालमोराल में उन्हें मेडिकल निगरानी में रखा गया है.

एबरडीन के पास क्वीन के स्कॉटिश इस्टेट में उनके सभी बच्चे पहुंच गए हैं.

बकिंघम पैलेस की ओर से जारी एक बयान में बताया गया है, "आज सुबह क्वीन एलिज़ाबेथ के स्वास्थ्य के परीक्षण के बाद, डॉक्टरों ने उनके स्वास्थ्य को लेकर चिंता जताई और उन्हें मेडिकल निगरानी में रखने की सलाह दी."

"महारानी बालमोराल में स्वास्थ्य लाभ कर रही हैं."

बकिंघम पैलेस की ओर से इस तरह का बयान जारी किया जाना सामान्य बात नहीं है. 96 वर्षीया क्वीन एलिज़ाबेथ के स्वास्थ्य के मामलों में बकिंघम पैलेस किसी तरह की टिप्पणी करने से सामान्य तौर पर बचता रहा है. साथ ही सेहत के मुद्दे को निजी माना जाता है.

उनके बेटे प्रिंस चार्ल्स अपनी पत्नी कैमिला 'डचेस ऑफ़ कॉर्नवॉल' के बालमोराल पहुंच गए हैं.

उनके पोते 'ड्यूक ऑफ़ कैम्ब्रिज' अन्य बेटों 'ड्यूक ऑफ़ यॉर्क' और 'आर्ल ऑफ़ वेसेक्स' और उनकी पत्नी सोफ़ी, 'काउंटेस ऑफ़ वेसेक्स' ब्रिटेन के समय के अनुसार शाम चार बजे एबरडीन एयरपोर्ट पर पहुंच गए थे.

प्रिंस विलियम 40 किलोमीटर की दूरी तय करके अकेले कार से बालमोराल पहुंचे.

उनकी बेटी प्रिंसेस एनी पहले से ही स्कॉटलैंड में मौजूद थीं और वो भी बालमोराल पहुंच गई हैं.

'डचेस ऑफ़ कैम्ब्रिज़' अपने बच्चों के साथ विंडसर में हैं, आज उनका स्कूल में पहला दिन था.

'ड्यूक ऑफ़ ससेक्स' अलग से बालमोराल पहुंच रहे हैं. एक प्रवक्ता ने बताया कि उनकी पत्नी मेगान उनके साथ नहीं नहीं थीं. अमेरिका में रह रहे ये दंपती एक चैरिटी कार्यक्रम के सिलसिले में ब्रिटेन आए हुए हैं.

96 वर्षीय क्वीन एलिज़ाबेथ बुधवार को प्रिवी काउंसिल की मीटिंग में शामिल नहीं हुई. उन्हें डॉक्टरों ने आराम करने की सलाह दी थी जिसके बाद आज ये घोषणा की गई.

ये स्पष्ट है कि क्वीन की सेहत के बारे में चिंताएं हैं. और ये चिंताएं पहले से कहीं अधिक साफ़ है. इस बार ये भी नहीं कहा गया है कि उन्हें केवल चलने-फिरने में दिक्कत है.

बेबुनियाद अफ़वाहों को लेकर भी चेतावनियां दी गई हैं जैसे कि शायद वो गिर गई होंगी.

मंगलवार को वो अपने पैरों पर खड़ी नज़र आईं और नए प्रधानमंत्री की नियुक्ति के बाद उनकी मुस्कुराती हुई तस्वीर सामने आई.

लेकिन वरिष्ठ मंत्रियों की प्रिवी काउंसिल की वर्चुअल मीटिंग को आख़िरी लम्हों में रद्द किए जाने से क्वीन की सेहत की गंभीरता को लेकर कोई शंका नहीं रह गई.

'पूरा देश गहन चिंता में'

प्रधानमंत्री लिज़ ट्रस ने कहा कि 'पूरा देश' इस ख़बर से 'गहन चिंता' में है.

उन्होंने कहा, "मेरी प्रार्थना, और हमारे यूनाइटेड किंगडम के समस्त लोगों की प्रार्थना इस वक़्त महारानी और उनके परिवार के साथ हैं."

महारानी ने मंगलवार को लिज़ ट्रस को बालमोरा में ही प्रधानमंत्री के रूप में नियुक्त किया. इसके लिए वो लंदन नहीं गईं.

अपने 70 साल के शासनकाल के दौरान महारानी, देश के नए प्रधानमंत्री से बकिंघम पैलेस में मिलती रही हैं.

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)