बीबीसी के अंतरराष्ट्रीय ऑडियंस में भारत पहले पायदान पर बरक़रार - GAM रिपोर्ट

बीबीसी न्यूज़
प्रकाशित

बीबीसी ने अपने श्रोताओं, दर्शकों और यूज़र्स की संख्या बताने वाली वार्षिक रिपोर्ट जारी की है जिसके मुताबिक़ सारी दुनिया में बीबीसी की सेवाओं का इस्तेमाल करने वाले सबसे ज़्यादा लोग भारत में हैं.

ग्लोबल ऑडियंस मेजर ( GAM) नाम की इस रिपोर्ट में बताया जाता है कि दुनिया भर में हर सप्ताह कितने लोग बीबीसी के कार्यक्रमों को देखते, सुनते या इसकी डिजिटल सेवाओं का इस्तेमाल करते हैं.

भारत बीबीसी के अंतरराष्ट्रीय श्रोताओं, दर्शकों और पाठकों का सबसे बड़ा बाजार बना हुआ है. यहाँ हर सप्ताह 7 करोड़ 20 लाख लोग इसकी सेवाओं का इस्तेमाल करते हैं.

पिछले साल की तुलना में इसमें 90 लाख लोगों की बढ़ोतरी हुई है. 2020 में ये संख्या 6 करोड़ 30 लाख थी.

इनमें बीबीसी की भारतीय भाषाओं की सेवाओं, बीबीसी.कॉम और बीबीसी स्टूडियोज़ के इंटरनेशनल चैनल के भी पाठक, दर्शक और श्रोता शामिल हैं.

सारी दुनिया में अब बीबीसी के कुल ऑडियंस की साप्ताहिक संख्या बढ़कर 48.90 करोड़, यानी 48 करोड़ 90 लाख हो गई.

साल 2020-21 में बीबीसी ने दुनिया भर में रिकॉर्ड संख्या में नए ऑडियंस जोड़े. पिछले साल की तुलना में इसमें दो करोड़ लोगों की वृद्धि हुई है.

50 करोड़ का लक्ष्य

नए आँकड़ों के बाद बीबीसी के पाठकों, दर्शकों और श्रोताओं की संख्या 50 करोड़ तक पहुंचने के करीब है जिसे बीबीसी ने साल 2022 के लिए एक लक्ष्य निर्धारित किया था.

अपने 100वें स्थापना वर्ष में यह इस लक्ष्य को पार कर जाने की राह पर है.

बीबीसी की अंतरराष्ट्रीय सेवाएं हर सप्ताह औसतन 45.60 करोड़ लोगों तक पहुंचती है. यह अब तक की रिकार्ड संख्या ( 1.80 करोड़ लोगों की बढ़ोतरी) है.

इनमें बीबीसी वर्ल्ड सर्विस की भाषाई सेवाओं, वर्ल्ड सर्विस अंग्रेजी, वर्ल्ड न्यूज टीवी, बीबीसी.कॉम और बीबीसी मीडिया एक्शन के दर्शक, श्रोता और पाठक शामिल हैं.

बीबीसी हिन्दी

बीबीसी हिंदी ने इस साल संस्थान की भाषाई डिजिटल सेवाओं में अपनी पकड़ मजबूत बनाते हुए अपना शीर्ष बरक़रार रखा है.

इस साल इसने अतिरिक्त 40 लाख लोग जोड़े हैं. बीबीसी गुजराती और बीबीसी पंजाबी ने काफी प्रभावी प्रदर्शन किया और दोनों के ऑडियंस में 75 फीसदी की वृद्धि दर्ज की गई है.

बीबीसी ने कोरोना महामारी के दौरान पाठकों तक हर ज़रूरी जानकारी और ख़बर पहुंचाई
इमेज कैप्शन, बीबीसी ने कोरोना महामारी के दौरान पाठकों तक हर ज़रूरी जानकारी और ख़बर पहुंचाई

बीबीसी के डायरेक्टर जनरल टिम डेवी ने नए आँकड़ों पर कहा,'' मझे खुशी है बीबीसी आज दुनिया भर में पहले की तुलना में ज्यादा लोगों को जानकारी दे रहा है. उन्हें शिक्षित कर रहा है और उनका मनोरंजन कर रहा है. हमारी वैश्विक पहुंच लगातार बढ़ेगी और अगले साल अपने स्थापना वर्ष के 100वें वर्ष तक हम 50 करोड़ दर्शकों, श्रोताओं और पाठकों की संख्या के अपने लक्ष्य तक पहुंच जाएंगे.

"सच तो यह है कि पिछले एक दशक के दौरान हमारी पाठकों, श्रोताओं और दर्शकों की संख्या दोगुनी हुई है. यह बताता है कि विश्वसनीय और लगातार अहम बनती जा रही बीबीसी की सेवाएं किस तरह दुनिया में हर जगह पहुंच गई है. इससे यह भी जाहिर होता है कि ब्रिटेन की आवाज, लोकतांत्रिक मूल्य और प्रभाव को विश्व मंच पर लाने में हम किस तरह कदर अहम भूमिका अदा कर रहे हैं."

बीबीसी की भारतीय भाषाओं की सेवाओं की प्रमुख रुपा झा ने कहा, "आँकड़े खुद बोलते हैं. बीबीसी लगातार ज़्यादा से ज़्यादा लोगों तक पहुंच रहा है. यह इज़ाफा निष्पक्ष, सटीक और साहसी पत्रकारिता की वजह की बदौलत हुआ है. यह पाठकों, दर्शकों और श्रोताओं को मौजूदा ध्रुवीकरण और भ्रामक सूचनाओं के दौर में समसामयिक घटनाओं को अच्छी तरह से विश्लेषित करने और समझने में मदद करता है. "

बीबीसी न्यूज इंटरनेशनल सर्विसेज की सीनियर कंट्रोलर और बीबीसी वर्ल्ड सर्विस की लिलियन लैंडॉर ने कहा, " बीबीसी न्यूज के अंतरराष्ट्रीय दर्शकों, श्रोताओं और पाठकों की संख्या रिकार्ड स्तर पर पहुंच गई है. विश्वसनीय, निष्पक्ष खबरें और सूचनाएं पहुंचाने की हमारी प्रतिष्ठा विश्वस्तरीय है. हमने देखा है कि कोविड-19 से लेकर चुनावों और संघर्षों के दौरान हमारी सूचनाएं और खबरें लोगों के लिए कितनी महत्वपूर्ण साबित हो रही थीं. हम अपने सभी प्लेटफॉर्मों पर मजबूत और आला दर्जे की पत्रकारिता करते रहेंगे."

बीबीसी

इस साल अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बीबीसी के बेहतरीन प्रदर्शन के कुछ अहम कारण ये रहे-

- इस साल भाषाई सेवाओं की सबसे बड़ी भूमिका रही. इसकी सेवाओं ने दो करोड़ ( सात फीसदी अधिक) लोगों को जोड़ा. बीबीसी की भाषाई सेवाएं अब हर सप्ताह 31.30 करोड़ लोगों तक पहुंच रही हैं.

- डिजिटल की लगातार बढ़त - ब्रिटेन के बाहर बीबीसी न्यूज की डिजिटल ग्रोथ जारी है. सभी डिजिटल प्लेटफॉर्म पर लोगों की पहुंच अब 23 फीसदी बढ़कर 18.60 करोड़ तक पहुंच गई है. यानी हर सप्ताह इतने लोग डिजिटल प्लेटफॉर्म पर मौजूद कंटेंट का इस्तेमाल करते हैं.

- नई भाषाई सेवाओं का प्रभावी प्रदर्शन - इन सेवाओं की डिजिटल बढ़त शानदार रही है. बीबीसी वर्ल्ड सर्विस की पहुंच में 39 फीसदी हिस्सेदारी डिजिटल प्लेटफॉर्मों की है. ( बीबीसी न्यूज में यह हिस्सेदारी 41 फीसदी है)

- बीबीसी स्टूडियो के अंतरराष्ट्रीय चैनलों ने साढ़े 6 करोड़ लोगों तक पहुंच बनाई है. इसमें 1 करोड़ 60 लाख लोगों का इज़ाफ़ा हुआ है.

-बीबीसी मीडिया एक्शन - बीबीसी की यह अंतरराष्ट्रीय चैरिटी शाखा मीडिया और संचार के ज़रिये दुनिया भर में लोकतंत्र और विकास को बढ़ावा देने के लिए काम करता है. इसके ऑडियंस की संख्या में 50 लाख की वृद्धि हुई है और अब इसका साप्ताहिक आँकड़ा बढ़ कर 2 करोड़ 30 लाख हो गया है.

बीबीसी मुख्यालय

बीबीसी न्यूज़ की नई रिपोर्ट में दस शीर्ष देश (ऑडियंस संख्या)

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)