अटलांटा मसाज पार्लर गोलीबारी के संदिग्ध का दावा, वो है 'सेक्स एडिक्ट'

अटलांटा

इमेज स्रोत, APU GOMES/AFP via Getty Images)

प्रकाशित

अमेरिका के जॉर्जिया प्रदेश के अटलांटा शहर में मंगलवार शाम को कुछ मसाज पार्लरों में हमले कर आठ लोगों की हत्या के मामले में गिरफ़्तार एक व्यक्ति पर हत्या का मामला दर्ज किया गया है.

अधिकारी अभी तक पुष्टि नहीं कर पाए हैं कि हमला जिसमें छह एशियाई महिलाओं को मार दिया गया था, नस्लीय रूप से प्रेरित था या नहीं. बुधवार को मारे गए चार लोगों के नाम बताए गए थे.

संदिग्ध का नाम रॉबर्ट एरॉन लॉन्ग है और उसपर कई हत्यायों के साथ-साथ उत्तेजित हमले का मामला दर्ज किया गया है.

चेरोकी काउंटी के पुलिस अधिकारी फ्रैंक रेनॉल्ड्स ने बाताया कि मुमकिन है कि वो उन पार्लरों में जाया करता हो और उसका दावा है कि उसे "सेक्स की लत" है.

एशियाई-अमेरिकी लोगों के ख़िलाफ़ बढ़ते अपराधों की बीच ये हमला सुर्खियों में है.

अटलांटा

इमेज स्रोत, Getty Images

जांचकर्ताओं ने क्या कहा?

बुधवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में जांचकर्ताओं ने कहा कि जॉर्जिया के 21 साल के लॉन्ग ने हमले की बात मानी है लेकिन इस बात से इनकार किया है कि हमले के पीछे नस्लीय कारण थे.

पुलिस के मुताबिक उन पर हत्या के चार मामलों और उग्र हमले का मामला दर्ज किया गया है.

पुलिस अधिकारी कैप्टन जे बेकर के मुताबिक, "उसके साथ कुछ दिक्कतें हैं, जिसे वो सेक्स एडिक्शन बताता है, वो ऐसी जगहों को आकर्षण की तरह देखता है और उन्हें हटाना चाहता है."

बेकर के मुताबिक लॉन्ग को 9एमएम की एक पिस्तौल के साथ गिरफ़्तार किया गया था और उसने गिरफ़्तारी का विरोध नहीं किया.

इसके साथ ही बेकर ने कहा, "कल उसके लिए एक बहुत ख़राब दिन था और उसने ये कर दिया." हालांकि 'सहानुभूति जताने' वाले इस बयान को लेकर उनकी क़ाफी आलोचना की जा रही है.

वीडियो कैप्शन, ये गोलीबारी दो स्पा और एक मसाज पार्लर में की गई है.

मसाज पार्लर में कभी-कभी देह व्यापार भी होता है. लेकिन अधिकारियों का कहना है इस मामले में अभी तक ऐसे संकेत नहीं मिले हैं.

पुलिस के मुताबिक हमले का मकसद अभी तक साफ़ नहीं है. हालांकि ये बात साफ़ है कि संदिग्ध अकेले ही काम कर रहा था. पुलिस का अनुमान है कि वो फ़्लोरिडा और गोलीबारी करने के मकसद से गया था, लेकिन उससे पहले ही उसे गिरफ़्तार कर लिया गया.

अभियुक्त की पहचान करने में उसके माता पिता ने मदद की. सीबीएस न्यूज़ के मुताबिक, संदिग्ध ने जांचकर्ताओं को बताया कि "उसे भगवान और बंदूकें पसंद हैं".

रॉबर्ट एरॉन लॉन्ग को हिरासत में लिया गया है

इमेज स्रोत, Reuters

इमेज कैप्शन, रॉबर्ट एरॉन लॉन्ग को हिरासत में लिया गया है

शूटिंग के बारे में हम क्या जानते हैं?

मंगलवार को स्थानीय समय के मुताबिक क़रीब शाम 5 बजे चेरोकी काउंटी के यंग्स एशियन मसाज़ में हमले की पहली रिपोर्ट आई थी.

पुलिस प्रवक्ता कैप्टन बेकर के मुताबिक वहां दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी और तीन को अस्पताल ले जाया गया था. क़रीब आधे घंटे बाद उत्तर-पूर्वी अटलांटा के गोल्ड स्पा से "चोरी" की सूचना मिली.

जब अधिकारी वहां पहुंचे उन्हें वहां "तीन महिलाओं की लाशें" मिलीं.

इसके अलावा सड़क की दूसरी तरफ़ के एक स्पा में भी एक महिला की लाश पाई गई.

एशियाई लोगों में गुस्सा

वॉशिंगटन में बीबीसी के संवाददाता ज़ॉओइन फ़ेंग ने बताया कि लोगों में निराश हैं और वो गुस्से में हैं. वहां चाइनाटाउन इलाके़ में करीब 100 लोगों ने एक कैंडल मार्च निकाला.

अधिकारियों ने इस घटना को एशियाई लोगों के खिलाफ़ होने की पुष्टि नहीं की है. लेकिन वहां रहने वालो लोग इसे एशिया के लोगों पर एक और हमला मान रहे हैं.

एशिया की एक महिला ने कहा, "अमेरिका में कहीं भी एशिया की महिला होना सुरक्षित नहीं है."

उन्होंने कहा कि उनके परिवार ने चुप रहने के लिए कहा लेकिन उनका मानना है कि अब आवाज़ उठाने का वक़्त आ गया है.

मार्च में शामिल कोरियाई मूल के आदमी ने कहा, "हम नस्लभेद की लड़ाई नस्लभेद से नहीं लड़ेंगे. हम एकजुट होकर नस्लभेद से लड़ेंगे."

कई लोगों ने ऑनलाइन भी इस मामले को नस्लभेद से जोड़कर टिप्पणी की, हालांकि पुलिस कह रही है कि हमले को नस्लभेद से जोड़ना अभी जल्दबाज़ी होगी.

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)