अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव: बाइडन जीत को लेकर आश्वस्त क्यों हैं?

अमरीकी राष्ट्रपति चुनाव

इमेज स्रोत, अमरीकी राष्ट्रपति चुनाव

प्रकाशित

जो बाइडन ने फिर दोहराया है कि वे अपनी जीत को लेकर आश्वस्त हैं. धीरे-धीरे वो डोनाल्ड ट्रंप को हराने की ओर बढ़ रहे हैं.

बाइडन को 270 में से अब तक 253 इलेक्टोरल कॉलेज वोट मिल चुके हैं.

वे जॉर्जिया, नेवाडा, पेंसिलवेनिया और एरिज़ोना जैसे बैटलग्राउंड राज्यों में भी बढ़त बनाए हुए हैं.

डेलावर के विलमिंग्टन में समर्थकों के बीच बाइडन जीत को लेकर आश्वस्त नज़र आए.

उन्होंने कहा, "हम ये रेस जीतने वाले हैं."

अमरीकी राष्ट्रपति चुनाव

इमेज स्रोत, Getty Images

उन्होंने कहा कि वह 300 से ज़्यादा इलेक्टोरल कॉलेज वोट जीतेंगे. उन्होंने कहा कि उन्हें सात करोड़ 40 लाख से भी ज़्यादा वोट मिले हैं जो कि अमरीका के इतिहास में अब तक किसी राष्ट्रपति उम्मीदवार को मिले वोटों से ज़्यादा है.

बाइडन ने अपने आप को एकता के उम्मीदवार के तौर पर दिखाया और कहा कि अब वक़्त है राजनीति से इस कड़वाहट को हटाकर एक-दूसरे के साथ शालीनता से पेश आने का.

उन्होंने ट्रंप का नाम लिए बगैर कहा, "हम प्रतिद्वंद्वी हो सकते हैं लेकिन हम दुश्मन नहीं है. हम अमरीकी हैं."

विलमिंगटन में बीबीसी की बारबरा प्लेट-अशर ने कहा कि इस भाषण में काफ़ी आशावादी बातें सुनाई दीं लेकिन अभी बाइडन ख़ुद को विजेता घोषित करने से बच रहे हैं.

हालांकि पेंसिलवेनिया में 99 फ़ीसदी वोटों की गिनती हो चुकी है और बाइडन 29 हज़ार वोटों से आगे हैं.

अमरीकी राष्ट्रपति चुनाव

इमेज स्रोत, Getty Images

हार स्वीकार करने के नहीं दिख रहे आसार

बाइडन पहले भी दो बार राष्ट्रपति पद की रेस में शामिल हो चुके है. एक बार 1988 में और एक बार साल 2008 में लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिली.

अगर वे इस बार जीतते हैं तो अमरीका में पहली बार होगा कि कोई 78 साल की उम्र में राष्ट्रपति बना है.

अगर इस सप्ताह के अंत तक वे विजयी घोषित हो जाते हैं तो उम्मीद है कि उनकी टीम सोमवार से राष्ट्रपति पद संभालने की प्रक्रिया शुरू कर देगी.

खुफ़िया एजेंसी ने डेलावर में बाइडन की सुरक्षा बढ़ा दी है. केंद्रीय एविएशन मंत्रालय ने विलमिंग्टन के एयरस्पेस में किसी भी फ्लाइट के जाने पर रोक लगा दी है.

लेकिन ट्रंप के हार स्वीकार करने के आसार नज़र नहीं आ रहे.

उन्होंने शुक्रवार को ट्वीट किया, "जो बाइडन को ग़लत तरीके से राष्ट्रपति पद पर दावा नहीं करना चाहिए. मैं भी ये दावा कर सकता हूं. क़ानूनी प्रक्रिया शुरू हो रही है."

ट्रंप बिना किसी सबूत के चुनाव में धांधली के आरोप लगा रहे हैं जिसकी वजह से उनकी पार्टी के कुछ नेताओं को भी कहना पड़ा कि अब भाषणबाज़ी को थोड़ा नर्म करना चाहिए.

अमरीकी राष्ट्रपति चुनाव 2020

इमेज स्रोत, MediaNews Group/Reading Eagle via Getty Images

व्हाइट हाउस में कैसा है माहौल?

व्हाइट हाउस के अधिकारियों के मुताबिक़ डोनाल्ड ट्रंप ग़ुस्से और निराशा से भरे हैं क्योंकि उनके बहुत कम सहयोगी उनके समर्थन में टीवी या सड़कों पर दिखाई दे रहे हैं.

ट्रंप काफ़ी टीवी देख रहे हैं, अपने कैंपेन दफ्तरों में फ़ोन कर रहे हैं और शुक्रवार से उनका दिन दफ़्तर और घर के बीच ही गुज़र रहा है.

कई सहयोगी शुक्रवार को काम पर नहीं आए और व्हाइट हाउस काफ़ी खाली रहा.

साथ ही बुरी ख़बर आई कि व्हाइट हाउस के चीफ़ ऑफ स्टाफ़ मार्क मेडोज़ कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं. अमरीका में एक दिन में रिकॉर्ड सवा लाख नए कोरोना मामले सामने आए हैं.

राष्ट्रपति के एक वरिष्ठ सलाहकार ने बताया कि शुक्रवार को ट्रंप का मू़ड उदासी और उम्मीद के बीच का था.

सूत्रों ने ये भी कहा कि ट्रंप को तो 2016 में भी लगता था कि वे चुनाव नहीं जीत पाएंगे जबकि उनके सहयोगी इसका उलट कह रहे थे.

जो बाइडन

इमेज स्रोत, Getty Images

कहाँ तक पहुँचा चुनाव?

बाइडन इस वक़्त 40 लाख वोटों से आगे चल रहे हैं. लेकिन अमेरिका में राष्ट्रपति चुनाव का नतीजा हर राज्य के इलेक्टोरल कॉलेज पर निर्भर करता है और बैटलग्राउंड राज्यों में अब भी मुक़ाबला काफ़ी नज़दीकी है.

बाइडन को 253 इलेक्टोरल कॉलेज मिल चुके हैं और ट्रंप को 214. राष्ट्रपति बनने के लिए उम्मीदवार को 270 इलेक्टोरल कॉलेज वोट चाहिए.

कई न्यूज़ संस्थान बाइडन को इससे ज़्यादा इलेक्टोरल कॉलेज दे रहे हैं और एरिज़ोना में बाइडन की जीत का अनुमान लगाया है. लेकिन बीबीसी को लगता है अभी कुछ कहना जल्दबाज़ी होगी.

बाइडन पेंसिलवेनिया में पैदा हुए थे. इस राज्य में 20 इलेक्टोरल कॉलेज हैं. अगर बाइडन यहां जीत जाते हैं तो उनकी जीत 273 के साथ निश्चित हो जाएगी.

ये राज्य छह बार लगातार डेमोक्रेटिक पार्टी के पाले में जा चुका है लेकिन 2016 में इसे ट्रंप अपनी ओर खींचने में क़ामयाब रहे.

जॉर्जिया में बाइडन चार हज़ार वोटों से आगे हैं और 99 फ़ीसदी वोट गिने जा चुके हैं. जॉर्जिया के सेक्रेटरी ऑफ स्टेट ने कहा है कि दोबारा वोट गिने जाएंगे क्योंकि अंतर काफ़ी कम है.

16 इलेक्टोरल कॉलेज वाला जॉर्जिया पारंपरिक तौर से रिपब्लिकन पार्टी के रुझान वाला राज्य है. 1992 के बाद राष्ट्रपति की रेस में यहां से कोई डेमोक्रेट उम्मीदवार नहीं जीता.

नेवाडा में बाइडन 22 हज़ार वोटों से आगे चल रहे हैं और एरिज़ोना में 30 हज़ार के आस-पास.

नॉर्थ कैरोलाइना में 76 हज़ार वोटों के साथ ट्रंप आगे हैं.

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)