पेरिसः शार्ली एब्डो के पूर्व दफ़्तर के पास चाकू हमला, पाकिस्तानी मूल का युवक गिरफ्तार

पेरिस में पुलिसकर्मी

इमेज स्रोत, Reuters

इमेज कैप्शन, पुलिस ने हमले की जगह को तुरंत सील कर दिया
प्रकाशित

फ्रांस के गृहमंत्री का कहना है कि शार्ली एब्डो पत्रिका के पूर्व दफ़्तर के पास हुए चाकू हमले को आतंकवादी हमला माना जा रहा है. इस हमले में दो लोग गंभीर रुप से घायल हुए हैं.

फ्रांस के गृहमंत्री जेराल्ड डेरमानिन ने कहा कि व्यंगात्मक पत्रिका शार्ली एब्डो के पूर्व दफ्तर के पास हुआ हमला 'स्पष्ट रूप से इस्लामी आतंकवाद की कार्रवाई है.'

घटनास्थल के पास से पाकिस्तानी मूल के एक संदिग्ध को हिरासत में लिया गया है. इस घटना के सिलसिले में कम से कम चार अन्य लोगों को भी हिरासत में लिया गया है.

इस हमले का शिकार हुए दोनों लोग एक टीवी प्रॉडक्शन कंपनी के लिए काम करते हैं. इनमें एक महिला है और एक पुरुष. दोनों ख़तरे से बाहर हैं.

शार्ली एब्डो

इमेज स्रोत, Getty Images

साल 2015 में शार्ली एब्डो के दफ़्तर पर हुए हमले में 12 लोग मारे गए थे. इस हमले के बाद से शार्ली एब्डो एक गुप्त दफ्तर से अपना कामकाज कर रही है.

उस हमले के दौरान दो जेहादी हमलावरों की मदद करने के आरोप में चौदह लोगों के ख़िलाफ़ मुक़दमा चल रहा है. अब ये चाकू हमला ऐसे समय में हुई है जब उस मुक़दमे की सुनवाई चल रही है.

हमलावर की पहचान ज़ाहिर नहीं की गई है लेकिन गृहमंत्री ने बताया है कि हमलावर तीन साल पहले जब फ्रांस पहुंचा था तो नाबालिग था. वो पाकिस्तानी मूल का है.

गृहमंत्री के मुताबिक हमलावर सुरक्षा एजेंसियों की निगरानी में नहीं था और उसके पहले से कट्टरवादी होने के बारे में कोई जानकारी नहीं थी. एक बार उसे पेचकस साथ लेकर चलने की वजह से गिरफ्तार किया गया था.

घायलों के एक सहकर्मी ने अपना नाम छुपाते हुए बताया कि हमले के समय उसके साथी कर्मचारी बाहर सिगरेट पीने गए थे.

शार्ली हेब्दो

इमेज स्रोत, Getty Images

इमेज कैप्शन, 2015 में शार्ली एब्डोके दफ्तर में हुए हमले में 12 लोग मारे गए थे

उसने बताया, 'मैं खिड़की के पास गया, मैंने देखा मेरा सहकर्मी खून से लथपथ था और उसके पीछे एक व्यक्ति दौड़ रहा था जिसके हाथ में छुरा था.'

हमले के तुरंत बाद पुलिस ने इलाक़े को सील कर दिया था और पास ही एक चाकू बरामद किया गया.

इसके कुछ देर बाद पुलिस ने मुख्य संदिग्ध को पास से ही हिरासत में ले लिया. उसके कपड़ों पर ख़ून लगा था.

इसके कुछ देर बाद ही अल्जीरियाई मूल के एक दूसरे व्यक्ति को भी हिरासत में लिया गया. इसके कुछ देर बाद मुख्य संदिग्ध के घर की तलाशी के दौरान पाकिस्तानी मूल के तीन और लोगों को हिरासत में लिया गया.

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूबपर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)