दिल्ली दंगे: फ़ेसबुक इंडिया के प्रमुख दिल्ली विधानसभा की नोटिस के ख़िलाफ़ पहुँचे सुप्रीम कोर्ट - आज की बड़ी ख़बरें

इमेज स्रोत, TWITTER PROFILE AJIT MOHAN
फ़ेसबुक इंडिया के मैनेजिंग डायरेक्टर अजीत मोहन दिल्ली विधान सभा से मिली नोटिस के ख़िलाफ़ सुप्रीम कोर्ट पहुँच गए हैं.
दिल्ली विधानसभा की शांति एंव सद्भाव पैनल ने फ़ेसबुक को नोटिस जारी किया है. यह पैनल इसी साल दिल्ली में हुए सांप्रदायिक दंगों में सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म की कथित भूमिका की जाँच कर रही है.
इसी सिलसिले में पैनल ने फ़ेसबुक से भी सवाल जवाब करने के लिए नोटिस जारी किया है और उन्हें 23 सितंबर को पैनल के सामने पेश होने के लिए कहा है.
सुप्रीम कोर्ट में जस्टिस संजय किशन कौल, जस्टिस अनिरुद्ध बोस और जस्टिस कृष्ण मुरारी की बेंच बुधवार को उनकी याचिका पर सुनवाई करेगी.

इमेज स्रोत, Getty Images
दीया मिर्ज़ा ने ड्रग्स लेने की बात से इंकार किया, रिया की हिरासत बढ़ी
स्पेशल एनडीपीएस कोर्ट ने रिया चक्रवर्ती की न्यायिक हिरासत 6 अक्तूबर तक बढ़ा दी है. रिया और उनके भाई शौविक ने बॉम्बे हाई कोर्ट में ज़मानत के लिए याचिका भी दायर की है.
उनके वकील सतीश मानशिंदे ने बताया कि ज़मानत पर 23 सितंबर को सुनवाई होगी. नार्कोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो ने आठ सितंबर को रिया को ड्रग केस में गिरफ़्तार किया था.
वहीं दूसरी ओर मीडिया रिपोर्टस में अभिनेत्री दीया मिर्ज़ा ने ड्रग्स मामले में नाम आने पर इस बात से इंकार किया है कि उन्होंने कभी ड्रग्स का सेवन किया है. इसके अलावा उन्होंने इस मामले में क़ानूनी कार्रवाई करने की भी बात कही है.
दीया मिर्ज़ा ने कहा है, "मैं इस ख़बर से साफ़ तौर पर इंकार करती हूँ जो मेरी छवि खराब करने के दुर्भावनापूर्ण मक़सद से फै़लाई गई है. इस ओछी रिपोर्टिंग की मेरी प्रतिष्ठा पर सीधा असर पड़ता है और ये मेरे करियर जो मैंने बहुत मेहनत से सालों में बनाई है, उसे नुकसान पहुँचाने वाला है. मैंने अपनी ज़िंदगी में कभी भी किसी भी रूप में ड्रग्स या कोई वर्जित चीज़ न ख़रीदा और न ही लिया है. मैं भारत की नागरिक होने के नाते सभी क़ानूनी तरीकों का इस मामले में इस्तेमाल करूंगी. मेरे साथ खड़ा होने के लिए मेरे सभी समर्थकों का शुक्रिया."


इमेज स्रोत, SAJJAD HUSSAIN
बिहार में नौवीं से लेकर बारहवीं तक के क्लास 28 सितंबर से होंगे शुरू
बिहार में 28 सितंबर से नौवीं से लेकर बारहवीं तक के बच्चों के क्लास शुरू हो जाएंगे. बिहार के शिक्षा विभाग ने इस से संबंधित निर्देश जारी किए हैं.
शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार छात्रों और शिक्षकों की संख्या के हिसाब से छात्रों को बैच में बांट कर पढ़ाया जाएगा.
इस दौरान सोशल डिस्टेंसिंग के नियमों का पालन करने की बात भी कही गई है. साथ ही स्कूल में नियमित तौर पर हाथ धोने की व्यवस्था अनिवार्य तौर पर रखने की बात कही गई है. स्कूल के गेट पर सैनिटाइज़र रखा जाएगा.
स्कूल में प्रार्थना और खेल-कूद समेत वे सारी गतिविधियां वर्जित होंगी, जिसमें एक साथ कई लोगों के इकट्ठे होने की संभावना हो.

इमेज स्रोत, Getty Images
पीएम मोदी ने कहा- हरिवंश सिंह की चिट्ठी सभी देशवासियों को पढ़नी चाहिए
राज्यसभा के उपसभापति सांसद हरिवंश नारायण सिंह ने रविवार को सदन में हुए हंगामे को लेकर राष्ट्रपति को चिट्ठी लिखी है.
इस चिट्ठी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने ट्विटर अकाउंट से ट्वीट किया है और कहा है कि हर देशवासी को इसे पढ़ना चाहिए.
उन्होंने कहा है कि 'माननीय हरिवंश जी ने जो पत्र लिखा उसके एक-एक शब्द ने लोकतंत्र के प्रति हमारी आस्था को नया विश्वास दिया है.'
इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.
पोस्ट X समाप्त, 1
हरिवंश ने लिखा है, "20 सितंबर को राज्यसभा में जो कुछ हुआ, उससे पिछले दो दिनों से गहरी आत्मपीड़ा, आत्मतनाव और मानसिक वेदना में हूं. मैं पूरी रात सो नहीं पाया."
उन्होंने लिखा है कि 'उच्च सदन के मर्यादित पीठ पर मेरे साथ जो अपमानजनक व्यवहार हुआ, उसके लिए मुझे एक दिन का उपवास करना चाहिए. शायद मेरे इस उपवास से सदन में इस तरह के आचरण करने वाले माननीय सदस्यों के अंदर आत्मशुद्धि का भाव जागृत हो.'

इमेज स्रोत, TWITTER@ANI
राज्यसभा से निलंबित हुए सांसदों के लिए चाय लेकर पहुंचे हरिवंश
कृषि बिल के विरोध के मुद्दे पर राज्यसभा से निलंबित किए गए आठ सांसद संसद भवन के परिसर में लगातार धरने पर बैठे हुए हैं.
संसद भवन परिसर में स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा के पास लॉन में धरने पर बैठे सांसदों के लिए सुबह-सुबह राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश उनके लिए चाय लेकर वहां पहुंचे.
इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.
पोस्ट X समाप्त, 2
उपसभापति हरिवंश सांसदों से मिले और वे लॉन में उनके साथ चाय पीते हुए देखे गए.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, "बिहार की धरती ने सदियों पहले पूरे विश्व को लोकतंत्र की शिक्षा दी थी. आज उसी बिहार की धरती से प्रजातंत्र के प्रतिनिधि बने श्री हरिवंश जी ने जो किया, वह प्रत्येक लोकतंत्र प्रेमी को प्रेरित और आनंदित करने वाला है. यह हरिवंश जी की उदारता और महानता को दर्शाता है. लोकतंत्र के लिए इससे खूबसूरत संदेश और क्या हो सकता है. मैं उन्हें इसके लिए बहुत-बहुत बधाई देता हूं. हर किसी ने देखा कि दो दिन पहले लोकतंत्र के मंदिर में उनको किस प्रकार अपमानित किया गया, उन पर हमला किया गया और फिर वही लोग उनके खिलाफ धरने पर भी बैठ गए. लेकिन आपको आनंद होगा कि आज हरिवंश जी ने उन्हीं लोगों को सवेरे-सवेरे अपने घर से चाय ले जाकर पिलाई."
इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.
पोस्ट X समाप्त, 3
इससे पहले राज्यसभा के चेयरमैन एम वेंकैया नायडू ने इन सांसदों को उपसभापति हरिवंश के साथ अभद्र व्यवहार के लिए निलंबित कर दिया था.
राज्यसभा के ये सदस्य हैं- डेरेक ओ ब्रायन, संजय सिंह, राजू सातव, केके रागेश, रिपुन बोरा, डोला सेन, सैयद नज़ीर हुसैन और इलामारन करीम.
एम वेंकैया नायडू के फ़ैसले के मुताबिक़ राज्यसभा सांसदों के निलंबन का ये फ़ैसला हफ़्ते भर के लिए लागू रहेगा. सभापति ने कहा, "डेरेक ओ ब्रायन, संजय सिंह, राजू सातव, केके रागेश, रिपुन बोरा, डोला सेन, सैयद नज़ीर हुसैन और इलामारन करीम को चेयर के प्रति ख़राब बर्ताव करने पर हफ़्ते भर के लिए निलंबित किया गया है."

इमेज स्रोत, ANI
राज्यसभा का बहिष्कार करेगा विपक्षः ग़ुलाम नबी आज़ाद
राज्यसभा में विपक्ष के नेता गुलाम नबी आज़ाद ने मंगलवार को कहा है कि विपक्ष राज्यसभा का बहिष्कार तब तक जारी रखेगा जब तक कि आठ सांसदों को निलंबित करने का फ़ैसला वापस न ले लिया जाए.
ग़ुलाम नबी आज़ाद संसद के शून्य काल के बाद बोल रहे थे. उन्होंने मांग की कि सरकार को एक ऐसा विधेयक लाना चाहिए जिससे ये सुनिश्चित किया जा सके कि प्राइवेट खरीदारों को सरकार द्वारा निर्धारित न्यूनतम समर्थन मूल्य से कम कीमत पर खाद्यान्न खरीदने पर रोका जा सके.
उन्होंने ये भी कहा कि सरकार को स्वामिनाथन फॉर्मूला के तहत समय-समय पर न्यूनतम समर्थन मूल्य का निर्धारण करना चाहिए.
इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.
पोस्ट X समाप्त, 4
सोमवार को कृषि विधेयकों का विरोध कर रहे आठ सांसदों को राज्यसभा के सभापति एम वेंकैया नायडू ने सदन से हफ़्ते भर के लिए निलंबित कर दिया था.
इन सांसदों पर राज्यसभा में कृषि विधेयकों के पारित किए जाने के दौरान हंगामा करने और उपसभापति हरिवंश के साथ अभद्रता करने का आरोप लगाया गया है.

इमेज स्रोत, ANI
चीन से मोस्ट फेवर्ड नेशन का दर्ज़ा वापस नहींः पीयूष गोयल
'मोस्ट फेवर्ड नेशन' का दर्जा वापस लेने का फिलहाल कोई प्रस्ताव विचाराधीन नहीं है
केंद्र सरकार ने संसद में सोमवार को बताया कि चीन से 'मोस्ट फेवर्ड नेशन' का दर्जा वापस लेने का फिलहाल कोई प्रस्ताव विचाराधीन नहीं है.
बीजपी के सांसद मनोज कोटक ने सरकार से ये सवाल पूछा था कि क्या केंद्र सरकार चीन से मोस्ट फेवर्ड नेशन का दर्जा वापस लेने पर विचार कर रही है.
बाद में एक मीडिया ब्रीफिंग के दौरान वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि देश के निर्यात में सुधार हो रहा है.
सोमवार को लोकसभा में केंद्र सरकार ने बताया कि अप्रैल से अगस्त के महीने के दौरान भारत में चीन से होने वाले निर्यात 27.63 फ़ीसदी गिरावट दर्ज की गई है.
वाणिज्य मंत्रालय के मुताबिक़ पिछले साल की इसी अवधि की तुलना में इस बार चीन से भारत को होने वाला निर्यात गिरकर अब 21.58 अरब डॉलर का हो गया है.
पीयूष गोयल ने एक लिखित जवाब में लोकसभा को बताया कि अगस्त में चीन से 4.98 अरब डॉलर और जुलाई में 5.58 अरब डॉलर का भारत को निर्यात किया गया.

इमेज स्रोत, Getty Images/AFP
चीन के लिए जासूसी के आरोप में अमरीकी पुलिसकर्मी गिरफ़्तार
अमरीका की 'न्यूयॉर्क सिटी पुलिस डिपार्टमेंट' (एनवाईपीडी) के एक अधिकारी पर चीन के अवैध एजेंट के रूप में काम करने का आरोप लगाया गया है.
तिब्बत में जन्मे बैमाडाजिए अंगवांग पर आरोप है कि वे न्यूयॉर्क में मौजूद चीनी नागरिकों की गतिविधियों पर नज़र रख रहे थे और इससे जुड़ी जानकारी रिपोर्ट कर रहे थे. उन पर तिब्बती समुदाय के बीच खुफिया जानकारी जुटाने के लिए संभावित सूत्रों के बारे में पता लगाने का भी इलज़ाम है.
एनवाईपीडी के सामुदायिक मामलों की यूनिट के लिए काम करने वाले बैमाडाजिए अंगवांग ने अमरीकी नागरिकता ले रखी है. उन्हें सोमवार को गिरफ़्तार किया गया था. अगर वे दोषी पाए जाते हैं तो उन्हें 55 साल तक की क़ैद की सज़ा सुनाई जा सकती है.
अभियोजन पक्ष का कहना है कि वे 'यूएस आर्मी रिज़र्व' के लिए भी नागरिक मामलों के विशेषज्ञ के तौर पर काम करते हैं. उन पर चीनी वाणिज्य दूतावास के दो अधिकारियों के संपर्क में होने का आरोप लगाया गया है.
कहा जा रहा है कि शहर में मौजूद तिब्बती लोगों की रिपोर्टिंग करने के अलावा उन्होंने कथित रूप से चीनी वाणिज्य दूतावास को एनवाईपीडी के आधिकारिक कार्यक्रमों के लिए न्योता देकर उनकी पहुंच विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों तक सुनिश्चित कराने में भूमिका निभाई.
इस लेख में Google YouTube से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले Google YouTube cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.
पोस्ट YouTube समाप्त
कोर्ट में जमा किए गए दस्तावेज़ों के मुताबिक़ बैमाडाजिए अंगवांग ने अपने चीनी हैंडलर को कहा था कि वो एनवाईपीडी में तरक्की पाना चाहते हैं ताकि वे चीन की मदद कर सकें और देश को उस पर गर्व हो. उन्हें चीन से अच्छे-ख़ासे पैसे भी मिल रहे थे. उनके पिता चीनी सेना के रिटायर्ड सदस्य हैं और चीन की कम्युनिस्ट पार्टी से जुड़े हुए हैं. उनकी मां भी पूर्व सरकारी अधिकारी हैं और पार्टी से जुड़ी हुई हैं.
एनवाईपीडी के कमिश्नर डेरमोट एफ़ शेया ने एक बयान जारी कर कहा, "बैमाडाजिए अंगवांग ने देश के नाम जो भी शपथ ली थी, उन्होंने सभी का उल्लंघन किया. एक शपथ अमरीका के लिए ली गई थी, दूसरी अमरीका की सेना के नाम थी और तीसरी इस पुलिस विभाग के लिए ली गई थी."
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूबपर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)






















