कोरोना: रूस ने नई एंटी वायरल दवा 'कोरोनाविर' को दी मंज़ूरी

रूसी छात्रा

इमेज स्रोत, Yuri Smityuk

प्रकाशित

रूस ने कोविड-19 के हल्के लक्षणों वाले मरीज़ों के लिए एक एंटी-वायरल दवा को मंज़ूरी दे दी है.

इस दवा का नाम 'कोरोनाविर' (Coronavir) है और इसे आर-फ़ार्म कंपनी ने बनाया है.

कंपनी ने शुक्रवार को बताया कि दवा अगले हफ़्ते तक रूस की दुकानों में उपलब्ध हो जाएगी.

कोरोनाविर को 'प्रिसक्रिप्शन ड्रग' के तौर पर मंज़ूरी मिली है यानी इसे डॉक्टर के सुझाए जाने पर ही खरीदा जा सकेगा.

कोरोनाविर से पहले, मई में रूस की एक और दवा 'एविफ़ाविर' (Avifavir) को भी मंज़ूरी मिली थी.

रूसी महिलाएँ

इमेज स्रोत, Alexander Demianchuk

तीसरे चरण में 168 मरीज़ों पर ट्रायल

समाचार एजेंसी रॉयटर्स के अनुसार ये दोनों दवाँएं जापान में विकसित की गई दवा 'फ़ेविपिरविर' (Favipiravir) के फ़ॉर्म्युले पर आधारित हैं.

फ़ेविपिरविर भी एक एंटी वायरल दवा है जिसका जापान में फ़्लू और अन्य वायरल संक्रमण के इलाज में किया जाता है.

आर-फ़ार्म ने बताया कि उसे कोरोना वायरस से संक्रमित 168 मरीज़ों पर तीसरे चरण के क्लीनिकल ट्रायल के बाद कोरोनाविर के लिए मंज़ूरी मिली है.

रूसी सरकार की एक रिपोर्ट के अनुसार इससे पहले कोरोनाविर को जुलाई में अस्पतालों में भर्ती कोविड-19 के मरीज़ों पर इस्तेमाल के लिए मंज़ूरी मिली थी.

रूसी राष्ट्रपति व्लादीमिर पुतिन

इमेज स्रोत, Mikhail Klimentyev

इमेज कैप्शन, रूसी राष्ट्रपति व्लादीमिर पुतिन

कोरोना से जंग की रेस में आगे निकलने की होड़

जानकारों का कहना है कि नई दवा के बारे में रूस का ताज़ा ऐलान दिखाता है कि वो कोरोना वायरस से जंग की रेस में एक ग्लोबल लीडर के तौर पर सामने आना चाहता है.

इससे पहले रूस ने कोविड-19 के लिए वैक्सीन स्पुतनिक-5 बनाया था और फ़िलहाल दूसरे देशों में इसके इस्तेमाल को मंज़ूरी दिलाने की कोशिशों में जुटा है.

रूसी वैक्सीन के भारत में लाने की तैयारियाँ भी चल रही हैं.

रशा डायरेक्ट इन्वेस्टमेंट फंड (आरडीआईएफ़) ने क्लिनिकल ट्रायल और देश में स्पूतनिक-वी की 10 करोड़ डोज़ के वितरण के लिए हैदराबाद स्थित डॉ रेड्डीज़ लैब (डीआरएल) के साथ एक क़रार किया है.

इसके अलावा वैक्सीन के उत्पादन के लिए भारत के पाँच बड़े मैन्युफैक्चरर से बात चल रही है. ये उत्पादन न सिर्फ़ भारत के लिए बल्कि पूरी दुनिया के लिए होगा.

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूबपर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)