You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.
दक्षिण कोरिया: सोल के लापता मेयर पार्क वोन सून का मिला शव, हो सकते थे राष्ट्रपति चुनाव में उम्मीदवार
दक्षिण कोरिया की पुलिस का कहना है कि उन्हें राजधानी सोल के मेयर पार्क वोन सून का शव मिला है. गुरुवार से ही पार्क वून सून लापता थे.
उनकी बेटी ने कथित तौर पर पुलिस से कहा है कि घर छोड़ने से पहले उन्होंने एक संदेश छोड़ा था, इसी के कारण उन्होंने संदेह हुआ और उन्होंने लोगों को सतर्क किया.
मेयर पार्क वोन सून का शव उत्तरी सोल के माउंट बुगाक में मिला. यहीं उनके फ़ोन का सिग्नल आख़िरी बार मिला था.
अभी तक मौत की वजह के बारे में कुछ नहीं बताया गया है.
समाचार एजेंसी योनहाप के मुताबिक़ पुलिस का कहना है कि वो एक आत्महत्या की तरह इस केस की जाँच कर रही है.
बाद में एक नोट भी रिलीज़ किया गया. माना जा रहा है कि ये नोट पार्क ने लिखा था. इस नोट में लिखा है- मैं सबसे सॉरी बोलता हूँ. मेरे जीवन में जो लोग मेरे साथ रहें हैं, मैं सबको धन्यवाद देता हूँ.
ये भी बात सामने आई है कि पार्क के लापता होने से कुछ घंटे पहले ही एक महिला कर्मचारी ने उनके ख़िलाफ़ यौन प्रताड़ना का केस दर्ज किया था. लेकिन इसकी पुष्टि नहीं हुई है कि इस घटना का इस मामले से कोई लेना देना था.
घटनाक्रम
पार्क वोन सून गुरुवार को काम पर नहीं आए थे. सोल मेट्रोपोलिटन गवर्नमेंट के एक अधिकारी किम जी हेयोंग ने समाचार एजेंसी एपी को बताया कि पार्क वोन सून ने अपने सोल सिटी हॉल ऑफ़िस में एक प्रेसिडेंशियल अधिकारी के साथ भी अपनी मीटिंग रद्द कर दी थी.
पुलिस अधिकारी ली बेयोंग सिओक ने पत्रकारों को बताया कि स्थानीय समय के मुताबिक़ 10:53 बजे उन्हें एक सिक्यूरिटी कैमरा में आख़िरी बार देखा गया था, जब वे एक जंगली इलाक़े में प्रवेश कर रहे थे. उनके फ़ोन का सिगनल भी इसी इलाक़े में आख़िरी बार मिला था.
गुरुवार को क़रीब 600 पुलिसकर्मी और फ़ायर विभाग के अधिकारियों ने घंटों तक इस इलाक़े की तलाशी ली. उन्होंने इसके लिए ड्रोन्स का इस्तेमाल किया और कुत्तों की भी मदद ली.
गुरुवार देर रात कर सोल नेशनल यूनिवर्सिटी अस्पताल के बाद बड़ी संख्या में लोग जुटे रहे. उन्हें ऐसी अपुष्ट रिपोर्टें मिली थीं कि पार्क वोन सून मिल गए हैं और उन्हें इस अस्पताल में ले जाया गया है.
वर्ष 2011 में पार्क सोल के मेयर निर्वाचित हुए थे. पिछले साल जून में वे अपने तीसरे और आख़िरी कार्यकाल के लिए चुने गए थे.
संभावित उम्मीदवार
वे राष्ट्रपति मून जे इन की लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी के सदस्य थे और उन्हें 2022 के राष्ट्रपति चुनावों में राष्ट्रपति पद का संभावित उम्मीदवार भी माना जा रहा था.
पिछले साल मेयर पद के लिए निर्वाचित होने के बाद वे तीसरे कार्यकाल के लिए चुने जाने वाले पहले मेयर बन गए थे. पार्क वोन सून एक एक्टिविस्ट के अलावा मानवाधिकार वकील के रूप में भी जाने जाते थे.
वे दक्षिण कोरिया में सामाजिक असमानता और भ्रष्टाचार के ख़िलाफ़ खुल कर बोलने के लिए जाने जाते थे.
एक वकील के रूप में उन्होंने यौन प्रताड़ना के मामले में पहली बार किसी को सज़ा दिलाने में सफलता पाई थी.
पूर्व राष्ट्रपति पार्क ग्वेन हाई के साथ उनका खुल कर संघर्ष हुआ था, जब उन्होंने राष्ट्रपति के ख़िलाफ़ 2017 में प्रदर्शन कर रहे लोगों का खुल कर समर्थन किया था. आख़िरकार पार्क ग्वेन हाई के ख़िलाफ़ मामला दर्ज हुआ और उन्हें घूसखोरी और अन्य आरोपों में सज़ा भी हुई.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)