पाकिस्तान इंटरनेशनल एयरलाइंस की उड़ानों पर अमरीका ने लगाई रोक, पायलटों को लेकर चिंता

पाकिस्तान इंटरनेशनल एयरलाइन

इमेज स्रोत, Reuters

प्रकाशित

अमरीका ने पाकिस्तान इंटरनेशनल एयरलाइंस या पीआईए के चार्टर विमानों के अमरीका आने पर रोक लगा दिया है.

अमरीकी परिवहन मंत्रालय ने पाकिस्तानी पायलटों के प्रमाणपत्रों को लेकर फ़ेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (एफ़एए) की जताई गई चिंता के बाद ये आदेश जारी किया है.

समाचार एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक़, पाकिस्तान में बीते महीने हुई एक जांच में पाया गया कि उसके एक-तिहाई पायलटों ने अपनी योग्यता संबंधित ग़लत जानकारियाँ और काग़ज़ात दिखाए थे.

यूरोपीय यूनियन एविएशन सेफ़्टी एजेंसी ने भी पाकिस्तान इंटरनेशनल एयरलाइन्स के संचालन को छह महीने के लिए रोक दिया है.

हालांकि इस संदर्भ में पाकिस्तान इंटरनेशल एयरलाइन्स की ओर से अभी तक कोई टिप्पणी नहीं की गई है.

पाकिस्तानी टीवी चैनल जियो न्यूज़ ने बताया कि पाकिस्तान इंटरनेशनल एयरलाइन्स ने अमरीका के प्रतिबंधों की पुष्टि की है और कहा है कि यह एयरलाइन्स के भीतर चल रही परेशानियों को दूर करने की कोशिश करेगा.

क्यों बैन हैं पाकिस्तानी पायलट

एयरपोर्ट

इमेज स्रोत, Getty Images

इससे पहले जून में वियतनाम के विमानन प्राधिकरण ने कहा था कि स्थानीय एयरलाइंस के लिए काम कर रहे सभी पाकिस्तानी पायलट को हटा दिया गया है.

जबकि यूरोपीय संघ के उड्डयन प्राधिकरण ने भी 32 सदस्य देशों को फ़र्जी लाइसेंस मामले में सलाह दी है कि वे ऐसे पायलटों की सेवाएँ न लें. ये क़दम ऐसे वक़्त में उठाया गया है जब वैश्विक नियामकों ने चिंता जताई थी कि कुछ पायलट "संदिग्ध" लाइसेंस इस्तेमाल कर रहे हैं.

दरअसल, हाल में वैश्विक एयरलाइंस संस्था आईएटीए ने कहा था कि पाकिस्तानी अंतरराष्ट्रीय एयरलाइंस के पायलटों के लाइसेंस में अनियमितताएं पाई गई हैं, "जो सेफ्टी कंट्रोल में गंभीर चूक है." इसके बाद पाकिस्तान ने पिछले हफ़्ते कहा था कि वो उन 262 एयरलाइन पायलटों को हटा रहा है, जिनकी विश्वसनीयता फर्ज़ी हो सकती है.

पाकिस्तान के उड्डयन मंत्री ग़ुलाम सरवर ख़ान ने उस दौरान संसद में कहा था कि बड़ी संख्या में पेशेवर पायलटों के पास फ़र्जी लाइसेंस या उन्होंने परीक्षाओं में धोखेबाज़ी की है.

ग़ुलाम सरवर ख़ान ने ये भी कहा था कि जाँच में ये पाया गया है कि 860 पायलटों में से 260 से ज़्यादा के पास या तो फ़र्जी लाइसेंस थे या उन्होंने परीक्षाओं में धांधली की थी.

इस साल मई में कराची में पाकिस्तान इंटरनेशनल एयरलाइंस का एक विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया था. इस हादसे में 97 लोग मारे गए थे.

विमान हादसा

इमेज स्रोत, EPA/SHAHZAIB AKBER

हादसे की जाँच के लिए गठित की गई कमेटी की शुरुआती रिपोर्ट में ये कहा था कि हादसे के लिए एयर ट्रैफ़िक कंट्रोल (एटीसी) और पायलट ज़िम्मेदार थे.

ग़ुलाम सरवर ख़ान ने संसद को बताया था कि वे प्रोटोकॉल का पालन नहीं कर रहे थे. उन्होंने ये भी कहा था कि पायलट और को-पायलट दुनिया भर में फैली कोरोना महामारी के बारे में बातचीत कर रहे थे और इसी कारण हवाई जहाज़ के पायलटों का ध्यान बंट गया था.

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)