ट्रंप को नहीं बाइडेन को वोट देंगे अमरीका के पूर्व सेना प्रमुख और रिपब्लिकन नेता कॉलिन पॉवेल
इमेज स्रोत, Reuters
इमेज कैप्शन, कॉलिन पॉवेल 1989-93 तक अमरीकी सेना के सर्वोच्च पद पर रहे
प्रकाशित
पढ़ने का समय: 3 मिनट
पूर्व अमरीकी विदेश मंत्री और सेना प्रमुख कॉलिन पॉवेल ने नस्लभेद विरोध प्रदर्शनों से निपटने को लेकर राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की आलोचना की है. उन्होंने कहा है कि वो संविधान से 'काफ़ी दूर' हो चुके हैं.
ट्रंप की आलोचना करने वाले वो नए रिपब्लिकन नेता हैं. साथ ही उन्होंने ट्रंप की उस टिप्पणी की भी निंदा की है जिसमें ट्रंप ने धमकी दी थी कि वो प्रदर्शनों को शांत करने के लिए सेना का प्रयोग करेंगे.
साथ ही पॉवेल ने कहा कि वो नवंबर में होने वाले चुनावों में डेमोक्रेटिक उम्मीदवार जो बाइडेन को वोट देंगे. वहीं, डोनाल्ड ट्रंप ने पॉवेल को 'हाइली ओवररेटेड' (अधिक मूल्यांकन) कहा है. पॉवेल इकलौते अफ़्रीकी-अमरीकी हैं जो अमरीकी सेना के सर्वोच्च पद (चेयरमैन, जॉइंट चीफ़्स ऑफ़ स्टाफ़) पर रहे हैं.
हाल में राष्ट्रपति ट्रंप पर कई पूर्व सैन्य अधिकारी तीखे हमले कर चुके हैं. यह सभी टिप्पणियां देशभर में हो रहे नस्लवाद विरोधी राष्ट्रव्यापी प्रदर्शनों के बाद आई हैं. ये प्रदर्शन मिनियापोलिस में 25 मई को पुलिस हिरासत में एक अफ़्रीकी-अमरीकी जॉर्ज फ़्लॉयड की मौत के बाद शुरू हुए थे.
रविवार को मिनियापोलिस सिटी काउंसिल के 13 में से नौ सदस्यों ने सैकड़ों प्रदर्शनकारियों से स्थानीय पुलिस विभाग को उखाड़ फेंककर 'एक नए सार्वजनिक सुरक्षा मॉडल' को बनाने की अपील की थी 'जो असल में समुदाय को सुरक्षित रखे.'
इसी बीच अमरीका में अव्यवस्था के बाद उठाए गए सुरक्षा उपायों में ढील दी जानी शुरू कर दी गई है. न्यूयॉर्क में एक लंबा कर्फ़्यू हटा दिया गया है और ट्रंप ने राजधानी वॉशिंगटन डीसी से नेशनल गार्ड को हटाने के आदेश दे दिए हैं.
वीडियो कैप्शन, जॉर्ज फ़्लायड: प्रदर्शनों के दौरान जब दिखा गज़ब का समर्थन
पॉवेल ने आख़िर क्या कहा?
अमरीकी टीवी चैनल सीएनएन से बात करते हुए पॉवेल ने कहा, "हमारा एक संविधान है. और हमें उस संविधान का पालन करना होता है, और राष्ट्रपति उससे दूर हो चुके हैं."
राष्ट्रपति ट्रंप की ओर इशारा करते हुए रिटायर्ड फ़ोर स्टार जनरल ने कहा, "वो चीज़ों के बारे में झूठ बोलते हैं, और वो इससे दूर हो गए हैं क्योंकि लोग उन्हें जवाबदेह नहीं ठहराएंगे."
पॉवेल ने यह भी कहा कि राष्ट्रपति की वाकपटुता अमरीकी लोकतंत्र के लिए ख़तरनाक है.
इस साल होने वाले राष्ट्रपति चुनावों पर उन्होंने कहा, "मैं निश्चित रूप से किसी भी हालत में इस साल राष्ट्रपति ट्रंप का समर्थन नहीं करने जा रहा हूं."
वो कहते हैं, "सामाजिक और राजनीतिक मामलों में मैं जो बाइडेन के बेहद क़रीब हूं. मैंने उनके साथ 35-40 सालों तक कम किया है. और अब वो उम्मीदवार हैं और मैं उनके लिए वोट करूंगा."
उदारवादी रिपब्लिकन के रूप में देखे जाने वाले पॉवेल ने 2016 के चुनावों में भी ट्रंप के लिए वोट नहीं किया था.
इस इंटरव्यू में उन्होंने अमरीका के एक सैन्य नेता द्वारा ट्रंप की आलोचना का समर्थन किया है.
बराक ओबामा के कार्यकाल में जॉइंट चीफ़्स ऑफ़ स्टाफ़ चेयरमैन रहे जनरल मार्टिन डेम्पसी ने एबीसी के द वीक कार्यक्रम में रविवार को कहा था कि राष्ट्रपति ट्रंप के शब्दों ने अमरीका की जनता और सेना के बीच संबंधों को नुक़सान पहुंचाया है.
वहीं, पूर्व रक्षा मंत्री जेम्स मेटिस ने पिछले सप्ताह ट्रंप पर जान-बूझकर विभाजन बढ़ाने का आरोप लगाया था. उन्होंने कहा था कि वो ट्रंप के प्रदर्शनों से निपटने को लेकर 'ग़ुस्से और हैरानी' में हैं.
वीडियो कैप्शन, क्या डोनाल्ड ट्रंप अमरीका में फ़ौज तैनात कर सकते हैं?
ट्रंप की क्या प्रतिक्रिया आई
पॉवेल की टिप्पणी के बाद राष्ट्रपति ट्रंप ने ट्वीट करके उनको मध्य-पूर्व में युद्ध के लिए ज़िम्मेदार ठहराया.
उन्होंने ट्वीट किया कि पॉवेल 'हमें विनाशकारी मध्य-पूर्व युद्धों में ले जाने के लिए बड़े ज़िम्मेदार हैं.' ट्रंप का इशारा 1990-93 के खाड़ी युद्ध और 2003 में इराक़ में अमरीकी नेतृत्व वाले हमले को लेकर था.
इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.
चेतावनी: तीसरे पक्ष की सामग्री में विज्ञापन हो सकते हैं.
पोस्ट X समाप्त
प्रदर्शनों से निपटने को लेकर जो बाइडेन ने भी ट्रंप पर हमला बोला है. उन्होंने कहा कि वो बेरहमी से हिंसा, नफ़रत और विभाजन भड़काने के लिए शब्दों का प्रयोग करते हैं और इस तरह वो दूरी बढ़ा देते हैं.
वीडियो कैप्शन, अमरीका : पुलिस की गोलियों का शिकार होते विकलांग
प्रदर्शनों की क्या है स्थिति?
हिंसक प्रदर्शनों के बाद रविवार को अमरीका सहित दुनियाभर में प्रदर्शन हुए हैं. ब्लैक लाइव्स मैटर नामक ये प्रदर्शन लगभग शांतिपूर्ण रहे.
ब्रिटेन के ब्रिस्टल शहर में प्रदर्शनकारियों ने 17 वीं शताब्दी के एक प्रमुख ग़ुलाम व्यापारी एडवर्ड कॉलस्टोन की एक मूर्ति को गिरा दिया.
शनिवार को वॉशिंगटन डीसी, शिकागो और सेन फ़्रांसिस्कों समेत पूरे अमरीका में शांतिपूर्ण तरीक़े से बड़ी रैलियां निकाली गई थीं.
कोरोना वायरस क्या है?लीड्स के कैटलिन सेसबसे ज्यादा पूछे जाने वाले
बीबीसी न्यूज़स्वास्थ्य टीम
कोरोना वायरस एक संक्रामक बीमारी है जिसका पता दिसंबर 2019 में चीन में चला. इसका संक्षिप्त नाम कोविड-19 है
सैकड़ों तरह के कोरोना वायरस होते हैं. इनमें से ज्यादातर सुअरों, ऊंटों, चमगादड़ों और बिल्लियों समेत अन्य जानवरों में पाए जाते हैं. लेकिन कोविड-19 जैसे कम ही वायरस हैं जो मनुष्यों को प्रभावित करते हैं
कुछ कोरोना वायरस मामूली से हल्की बीमारियां पैदा करते हैं. इनमें सामान्य जुकाम शामिल है. कोविड-19 उन वायरसों में शामिल है जिनकी वजह से निमोनिया जैसी ज्यादा गंभीर बीमारियां पैदा होती हैं.
ज्यादातर संक्रमित लोगों में बुखार, हाथों-पैरों में दर्द और कफ़ जैसे हल्के लक्षण दिखाई देते हैं. ये लोग बिना किसी खास इलाज के ठीक हो जाते हैं.
लेकिन, कुछ उम्रदराज़ लोगों और पहले से ह्दय रोग, डायबिटीज़ या कैंसर जैसी बीमारियों से लड़ रहे लोगों में इससे गंभीर रूप से बीमार होने का ख़तरा रहता है.
एक बार आप कोरोना से उबर गए तो क्या आपको फिर से यह नहीं हो सकता?बाइसेस्टर से डेनिस मिशेलसबसे ज्यादा पूछे गए सवाल
बाीबीसी न्यूज़स्वास्थ्य टीम
जब लोग एक संक्रमण से उबर जाते हैं तो उनके शरीर में इस बात की समझ पैदा हो जाती है कि अगर उन्हें यह दोबारा हुआ तो इससे कैसे लड़ाई लड़नी है.
यह इम्युनिटी हमेशा नहीं रहती है या पूरी तरह से प्रभावी नहीं होती है. बाद में इसमें कमी आ सकती है.
ऐसा माना जा रहा है कि अगर आप एक बार कोरोना वायरस से रिकवर हो चुके हैं तो आपकी इम्युनिटी बढ़ जाएगी. हालांकि, यह नहीं पता कि यह इम्युनिटी कब तक चलेगी.
कोरोना वायरस का इनक्यूबेशन पीरियड क्या है?जिलियन गिब्स
मिशेल रॉबर्ट्सबीबीसी हेल्थ ऑनलाइन एडिटर
वैज्ञानिकों का कहना है कि औसतन पांच दिनों में लक्षण दिखाई देने लगते हैं. लेकिन, कुछ लोगों में इससे पहले भी लक्षण दिख सकते हैं.
वर्ल्ड हेल्थ ऑर्गनाइजेशन (डब्ल्यूएचओ) का कहना है कि इसका इनक्यूबेशन पीरियड 14 दिन तक का हो सकता है. लेकिन कुछ शोधार्थियों का कहना है कि यह 24 दिन तक जा सकता है.
इनक्यूबेशन पीरियड को जानना और समझना बेहद जरूरी है. इससे डॉक्टरों और स्वास्थ्य अधिकारियों को वायरस को फैलने से रोकने के लिए कारगर तरीके लाने में मदद मिलती है.
क्या कोरोना वायरस फ़्लू से ज्यादा संक्रमणकारी है?सिडनी से मेरी फिट्ज़पैट्रिक
मिशेल रॉबर्ट्सबीबीसी हेल्थ ऑनलाइन एडिटर
दोनों वायरस बेहद संक्रामक हैं.
ऐसा माना जाता है कि कोरोना वायरस से पीड़ित एक शख्स औसतन दो या तीन और लोगों को संक्रमित करता है. जबकि फ़्लू वाला व्यक्ति एक और शख्स को इससे संक्रमित करता है.
फ़्लू और कोरोना वायरस को फैलने से रोकने के लिए कुछ आसान कदम उठाए जा सकते हैं.
बार-बार अपने हाथ साबुन और पानी से धोएं
जब तक आपके हाथ साफ न हों अपने चेहरे को छूने से बचें
खांसते और छींकते समय टिश्यू का इस्तेमाल करें और उसे तुरंत सीधे डस्टबिन में डाल दें.
आप कितने दिनों से बीमार हैं?मेडस्टोन से नीता
बीबीसी न्यूज़हेल्थ टीम
हर पांच में से चार लोगों में कोविड-19 फ़्लू की तरह की एक मामूली बीमारी होती है.
इसके लक्षणों में बुख़ार और सूखी खांसी शामिल है. आप कुछ दिनों से बीमार होते हैं, लेकिन लक्षण दिखने के हफ्ते भर में आप ठीक हो सकते हैं.
अगर वायरस फ़ेफ़ड़ों में ठीक से बैठ गया तो यह सांस लेने में दिक्कत और निमोनिया पैदा कर सकता है. हर सात में से एक शख्स को अस्पताल में इलाज की जरूरत पड़ सकती है.
अस्थमा वाले मरीजों के लिए कोरोना वायरस कितना ख़तरनाक है?फ़ल्किर्क से लेस्ले-एन
मिशेल रॉबर्ट्सबीबीसी हेल्थ ऑनलाइन एडिटर
अस्थमा यूके की सलाह है कि आप अपना रोज़ाना का इनहेलर लेते रहें. इससे कोरोना वायरस समेत किसी भी रेस्पिरेटरी वायरस के चलते होने वाले अस्थमा अटैक से आपको बचने में मदद मिलेगी.
अगर आपको अपने अस्थमा के बढ़ने का डर है तो अपने साथ रिलीवर इनहेलर रखें. अगर आपका अस्थमा बिगड़ता है तो आपको कोरोना वायरस होने का ख़तरा है.
क्या ऐसे विकलांग लोग जिन्हें दूसरी कोई बीमारी नहीं है, उन्हें कोरोना वायरस होने का डर है?स्टॉकपोर्ट से अबीगेल आयरलैंड
बीबीसी न्यूज़हेल्थ टीम
ह्दय और फ़ेफ़ड़ों की बीमारी या डायबिटीज जैसी पहले से मौजूद बीमारियों से जूझ रहे लोग और उम्रदराज़ लोगों में कोरोना वायरस ज्यादा गंभीर हो सकता है.
ऐसे विकलांग लोग जो कि किसी दूसरी बीमारी से पीड़ित नहीं हैं और जिनको कोई रेस्पिरेटरी दिक्कत नहीं है, उनके कोरोना वायरस से कोई अतिरिक्त ख़तरा हो, इसके कोई प्रमाण नहीं मिले हैं.
जिन्हें निमोनिया रह चुका है क्या उनमें कोरोना वायरस के हल्के लक्षण दिखाई देते हैं?कनाडा के मोंट्रियल से मार्जे
बीबीसी न्यूज़हेल्थ टीम
कम संख्या में कोविड-19 निमोनिया बन सकता है. ऐसा उन लोगों के साथ ज्यादा होता है जिन्हें पहले से फ़ेफ़ड़ों की बीमारी हो.
लेकिन, चूंकि यह एक नया वायरस है, किसी में भी इसकी इम्युनिटी नहीं है. चाहे उन्हें पहले निमोनिया हो या सार्स जैसा दूसरा कोरोना वायरस रह चुका हो.
कोरोना वायरस से लड़ने के लिए सरकारें इतने कड़े कदम क्यों उठा रही हैं जबकि फ़्लू इससे कहीं ज्यादा घातक जान पड़ता है?हार्लो से लोरैन स्मिथ
जेम्स गैलेगरस्वास्थ्य संवाददाता
शहरों को क्वारंटीन करना और लोगों को घरों पर ही रहने के लिए बोलना सख्त कदम लग सकते हैं, लेकिन अगर ऐसा नहीं किया जाएगा तो वायरस पूरी रफ्तार से फैल जाएगा.
फ़्लू की तरह इस नए वायरस की कोई वैक्सीन नहीं है. इस वजह से उम्रदराज़ लोगों और पहले से बीमारियों के शिकार लोगों के लिए यह ज्यादा बड़ा ख़तरा हो सकता है.
क्या खुद को और दूसरों को वायरस से बचाने के लिए मुझे मास्क पहनना चाहिए?मैनचेस्टर से एन हार्डमैन
बीबीसी न्यूज़हेल्थ टीम
पूरी दुनिया में सरकारें मास्क पहनने की सलाह में लगातार संशोधन कर रही हैं. लेकिन, डब्ल्यूएचओ ऐसे लोगों को मास्क पहनने की सलाह दे रहा है जिन्हें कोरोना वायरस के लक्षण (लगातार तेज तापमान, कफ़ या छींकें आना) दिख रहे हैं या जो कोविड-19 के कनफ़र्म या संदिग्ध लोगों की देखभाल कर रहे हैं.
मास्क से आप खुद को और दूसरों को संक्रमण से बचाते हैं, लेकिन ऐसा तभी होगा जब इन्हें सही तरीके से इस्तेमाल किया जाए और इन्हें अपने हाथ बार-बार धोने और घर के बाहर कम से कम निकलने जैसे अन्य उपायों के साथ इस्तेमाल किया जाए.
फ़ेस मास्क पहनने की सलाह को लेकर अलग-अलग चिंताएं हैं. कुछ देश यह सुनिश्चित करना चाहते हैं कि उनके यहां स्वास्थकर्मियों के लिए इनकी कमी न पड़ जाए, जबकि दूसरे देशों की चिंता यह है कि मास्क पहने से लोगों में अपने सुरक्षित होने की झूठी तसल्ली न पैदा हो जाए. अगर आप मास्क पहन रहे हैं तो आपके अपने चेहरे को छूने के आसार भी बढ़ जाते हैं.
यह सुनिश्चित कीजिए कि आप अपने इलाके में अनिवार्य नियमों से वाकिफ़ हों. जैसे कि कुछ जगहों पर अगर आप घर से बाहर जाे रहे हैं तो आपको मास्क पहनना जरूरी है. भारत, अर्जेंटीना, चीन, इटली और मोरक्को जैसे देशों के कई हिस्सों में यह अनिवार्य है.
अगर मैं ऐसे शख्स के साथ रह रहा हूं जो सेल्फ-आइसोलेशन में है तो मुझे क्या करना चाहिए?लंदन से ग्राहम राइट
बीबीसी न्यूज़हेल्थ टीम
अगर आप किसी ऐसे शख्स के साथ रह रहे हैं जो कि सेल्फ-आइसोलेशन में है तो आपको उससे न्यूनतम संपर्क रखना चाहिए और अगर मुमकिन हो तो एक कमरे में साथ न रहें.
सेल्फ-आइसोलेशन में रह रहे शख्स को एक हवादार कमरे में रहना चाहिए जिसमें एक खिड़की हो जिसे खोला जा सके. ऐसे शख्स को घर के दूसरे लोगों से दूर रहना चाहिए.
मैं पांच महीने की गर्भवती महिला हूं. अगर मैं संक्रमित हो जाती हूं तो मेरे बच्चे पर इसका क्या असर होगा?बीबीसी वेबसाइट के एक पाठक का सवाल
जेम्स गैलेगरस्वास्थ्य संवाददाता
गर्भवती महिलाओं पर कोविड-19 के असर को समझने के लिए वैज्ञानिक रिसर्च कर रहे हैं, लेकिन अभी बारे में बेहद सीमित जानकारी मौजूद है.
यह नहीं पता कि वायरस से संक्रमित कोई गर्भवती महिला प्रेग्नेंसी या डिलीवरी के दौरान इसे अपने भ्रूण या बच्चे को पास कर सकती है. लेकिन अभी तक यह वायरस एमनियोटिक फ्लूइड या ब्रेस्टमिल्क में नहीं पाया गया है.
गर्भवती महिलाओंं के बारे में अभी ऐसा कोई सुबूत नहीं है कि वे आम लोगों के मुकाबले गंभीर रूप से बीमार होने के ज्यादा जोखिम में हैं. हालांकि, अपने शरीर और इम्यून सिस्टम में बदलाव होने के चलते गर्भवती महिलाएं कुछ रेस्पिरेटरी इंफेक्शंस से बुरी तरह से प्रभावित हो सकती हैं.
मैं अपने पांच महीने के बच्चे को ब्रेस्टफीड कराती हूं. अगर मैं कोरोना से संक्रमित हो जाती हूं तो मुझे क्या करना चाहिए?मीव मैकगोल्डरिक
जेम्स गैलेगरस्वास्थ्य संवाददाता
अपने ब्रेस्ट मिल्क के जरिए माएं अपने बच्चों को संक्रमण से बचाव मुहैया करा सकती हैं.
अगर आपका शरीर संक्रमण से लड़ने के लिए एंटीबॉडीज़ पैदा कर रहा है तो इन्हें ब्रेस्टफीडिंग के दौरान पास किया जा सकता है.
ब्रेस्टफीड कराने वाली माओं को भी जोखिम से बचने के लिए दूसरों की तरह से ही सलाह का पालन करना चाहिए. अपने चेहरे को छींकते या खांसते वक्त ढक लें. इस्तेमाल किए गए टिश्यू को फेंक दें और हाथों को बार-बार धोएं. अपनी आंखों, नाक या चेहरे को बिना धोए हाथों से न छुएं.
बच्चों के लिए क्या जोखिम है?लंदन से लुइस
बीबीसी न्यूज़हेल्थ टीम
चीन और दूसरे देशों के आंकड़ों के मुताबिक, आमतौर पर बच्चे कोरोना वायरस से अपेक्षाकृत अप्रभावित दिखे हैं.
ऐसा शायद इस वजह है क्योंकि वे संक्रमण से लड़ने की ताकत रखते हैं या उनमें कोई लक्षण नहीं दिखते हैं या उनमें सर्दी जैसे मामूली लक्षण दिखते हैं.
हालांकि, पहले से अस्थमा जैसी फ़ेफ़ड़ों की बीमारी से जूझ रहे बच्चों को ज्यादा सतर्क रहना चाहिए.