अपने ज़माने का सबसे बड़ा 'स्कैंडल' था लिज़ टेलर और रिचर्ड बर्टन का रोमांस

इमेज स्रोत, Getty Images
- Author, रेहान फ़ज़ल
- पदनाम, बीबीसी संवाददाता
- प्रकाशित
एलिज़ाबेथ टेलर और रिचर्ड बर्टन के प्रेम संबंधों की ख़ासियत थी उसकी निडरता, लापरवाही, भावावेष और उसका खुल्लमखुल्ला होना.
हाँ, उस समय दोनों शादीशुदा थे. लेकिन एलिज़ाबेथ प्यार करने का मौक़ा सिर्फ़ इसलिए गँवाना नहीं चाहती थी क्योंकि उनके हालात इसके लिए अनुकूल नहीं थे.
शुरू से ही बर्टन और टेलर में एक चीज़ समान थी - दोनों अपनी ज़िदगी को अपनी शर्तों पर और अपने तरीक़े से जीने के आदी हो चुके थे. 'क्लीयोपेट्रा' की शूटिंग के दौरान रिचर्ड की पत्नी सिबिल का अधिक्तर समय रोम और लंदन के बीच बीत रहा था. जबकि एलिज़ाबेथ के पति एडी फिशर भी कभी रोम में होते थे तो कभी न्यूयॉर्क या फिर कैलिफ़ोर्निया में. नतीजा ये हो रहा था कि दोनों के साथियों को एक दूसरे के साथ बिताने के लिए बहुत अधिक समय मिल रहा था.
देर रात तक चली शराब पार्टी
एलिज़ाबेथ टेलर ने अपनी आत्मकथा में उस रात का ज़िक्र किया है जब वो, एडी, रिचर्ड, सिबिल और रॉडी मेक्डावल शूटिंग के बाद खाने पर गए थे. रात साढ़े नौ बजे एडी ने ऐलान किया कि अब उन्हें होटल वापस चलना चाहिए, क्योंकि एलिज़ाबेथ को अगले दिन सेट पर जल्दी पहुंचना है.
ये सुनते ही एलिज़ाबेथ ज़ोर ज़ोर से कहने लगी, "मैं अभी नहीं जाना चाहती. कितना मज़ा आ रहा है, प्लीज़ एडी."
एडी फ़िशर ने घड़ी की तरफ़ देखते हुए कहा, "नहीं अब चलने का वक्त आ गया है."
उस समय एडी फ़िशर को सिर्फ़ इसलिए हर सप्ताह 1500 डॉलर दिए जा रहे थे कि वो ये सुनिश्चित करें कि एलिज़ाबेथ ज़्यादा शराब न पिएं, सही समय पर अपने बिस्तर पर जाएं और अगले दिन नियत समय पर सेट पर पहुंचे.
रैंडी ताराबेरैली एलिज़ाबेथ टेलर की जीवनी में लिखते हैं, "शाम को लंबा करने के प्रयास में रिचर्ड बर्टन एडी फ़िशर को बातों में उलझाने लगे. बात करते हुए ही उन्होंने एलिज़ाबेथ का ख़ाली वाइन का गिलास उठाया और उसकी जगह अपना वाइन से भरा हुआ ग्लास रख दिया. बीस मिनट बाद उन्होंने फिर यही हरकत की. एडी फ़िशर की नज़र बचा कर दोनों ने एक दूसरे को आँख मारी. आख़िर में रॉडी मेक्डॉवल को कहना पड़ा, 'अब बहुत हो चुका. हम अब चलेंगे.' जब पार्टी ख़त्म हुई तो रिचर्ड बर्टन और एलिज़ाबेथ इतने नशे में थे कि उन्हें चलने के लिए एक दूसरे का सहारा लेना पड़ रहा था."

इमेज स्रोत, Getty Images
फ़िशर के पास पहली चेतावनी बॉब एडम्स की तरफ़ से आई
1962 जनवरी का तीसरा हफ़्ता आते आते ये बात आम हो गई थी कि रिच्रर्ड और एलिज़ाबेथ का रोमांस सातवें आसमान पर है. जब एडी फ़िशर अमरीका से दोबारा क्लीयोपेट्रा के सेट पर पहुंचे तो सेट पर मौजूद लोगों को अंदाज़ा लग चुका था कि उनकी पीठ पीछे क्या हो रहा था. उस रात एलिज़ाबेथ और एडी फ़िशर ने साथ खाना खाया और फिर सोने चले गए.
एलिज़बेथ टेलर की जीवनीकार किटी केली लिखती हैं, "अचानक पलंग के बग़ल में रखे फ़ोन की घंटी बजी. एडी ने बिना शोर किए हुए तुरंत फ़ोन उठा लिया ताकि लिज़ जाग न जाएं. लाइन पर उनके दोस्त बॉब एडम्स थे. उन्होंने कहा कि तुम्हें पता होना चाहिए कि एलिज़ाबेथ और रिचर्ड बर्टन के बीच चक्कर चल रहा है."
जैसे ही उन्होंने फ़ोन रखा एलिज़ाबेथ ने अपनी आँखें खोलीं. एडी ने उनसे पूछा, "एक दोस्त ने अभी फ़ोन कर बताया है कि तुम्हारा और रिचर्ड का चक्कर चल रहा है. क्या ये सही है? एलिज़ाबेथ ने एक ठंडी साँस भरी और फुसफुसाते हुए कहा, 'ये सही है.' इसके बाद दोनों एक दूसरे के बग़ल में पड़े हुए बिना एक शब्द कहे छत को देखते रहे."

इमेज स्रोत, Getty Images
एडी फ़िशर और सिबिल बर्टन की मुलाक़ात
एडी फ़िशर ने तय किया कि अपना सम्मान बचाने के लिए वो एलिज़ाबेथ टेलर और रिचर्ड बर्टन की ज़िदगी से जितना संभव हो उतना दूर चले जाएंगे. लेकिन जाने से पहले 17 फ़रवरी, 1962 को उन्होंने रिचर्ड की पत्नी सिबिल से बात करने का फ़ैसला किया. एडी ने सिबिल से कहा, "आपको पता है दोनों के बीच इश्क़ चल रहा है."
सिबिल ने जवाब दिया, "हाँ मुझे मालूम है."
एडी ने पूछा, "आप इस बारे में क्या करने जा रही हैं."
एलिज़ाबेथ टेलर के जीवनीकार रैंडी ताराबोरेल्ली लिखते हैं, "सिबिल ने जवाब दिया, 'कुछ भी नहीं. रिच्रर्ड सालों से कई औरतों से इश्क फ़रमाते आए हैं लेकिन आख़िर में वो मेरे पास ही लौटे हैं. इस बार भी यही होगा. मैं अपने पति को जानती हूँ."
एडी ने ज़ोर का ठहाका लगाया और बोले, "आपको मेरी बीवी के बारे में पता नहीं है. हम यहाँ एलिज़ाबेथ टेलर के बारे में बात कर रहे हैं, बर्टन की फ़िल्मों की ऐरी-ग़ैरी औरतों के बारे में नहीं. वो आपके पति को चाहती हैं और मैं अपने अनुभव से कह सकता हूँ कि वो इस तरह की औरत हैं जिसे वो पाना चाहती हैं, उसे मिलने से उसे कोई रोक नहीं सकता." एडी ने कहा, "मेरी बात कान खोल कर सुन लीजिए. आपकी शादी बचने वाली नहीं है. मेरा यक़ीन करिए."

इमेज स्रोत, Getty Images
दुनिया भर का प्रेस दोनों के पीछे पड़ा
2 अप्रैल, 1962 को इस बात का ऐलान हो गया कि एलिज़ाबेथ टेलर और एडी फ़िशर एक दूसरे को तलाक़ दे रहे हैं. इस दौरान लिज़ और बर्टन के रोमांस की ख़बरें दुनिया की बड़ी बड़ी पत्रिकाओं और अख़बारों में छप रही थीं. मशहूर फ़ोटोग्राफ़र बर्ट स्टर्न ने इन दोनों की एक नौका पर बेदिंग सूट में चोरी छिपे तस्वीरें ली थीं जो एक पत्रिका में छप गई थीं.
उस समय इसे हॉलीवुड का सबसे बड़ा 'स्कैंडल' माना जा रहा था. बाद में एलिज़ाबेथ टेलर ने अपनी आत्मकथा में याद किया कि फ़ोटोग्राफ़र मज़दूरों या पलंबरों का वेष धारण कर फ़िल्म के सेट पर आ रहे थे. मेरे एक बॉडीगार्ड की यही ड्यूटी थी कि वो थोड़ी-थोड़ी देर पर पुलिस के डंडे को झाड़ियों को मारे ताकि उसके पीछे छिपे हुए फ़ोटोग्राफ़र बाहर मिकल आएं.
बाद में एलिज़ाबेथ टेलर की दोस्त अभिनेत्री ऑडरी हेपबर्न ने लिखा कि जब मैं लिज़ को ये बताने गईं कि मुझे माई फ़ेयर लेडी फ़िल्म की हीरोइन का रोल मिला है तो मुझे ये देख कर बहुत अजीब लगा कि जब वो चाय पी रही थीं तो उनके पीछे एक शख़्स झाड़ियों को डंडे से मार रहा था.

इमेज स्रोत, Getty Images
पाँच लाख डॉलर में हुई तलाक़ पर सहमति
उस ज़माने में स्टीवर्ट विल्सन और विक्टर ज़ेल नाम के दो अकाउंटेंट एलिज़ाबेथ टेलर के लिए काम कर रहे थे. उनको ज़िम्मेदारी दी गई कि वो इस पर काम करें कि शादी ख़त्म होने के बाद एलिज़ाबेथ को एडी फ़िशर को कितनी रक़म देनी है. एक दिन लिज़ क्लीओपेट्रा के फ़िल्माँकन के दौरान सेट पर हीरों से जड़े अपने सिगरेट होल्डर से सिगरेट पी रही थी, उन्होंने इन दोनों से पूछा, 'मुझे एडी से संबंध समाप्त करने के लिए क्या करना पड़ेगा?'
विल्सन ने जवाब दिया, "उन्हें पैसे दे दीजिए."
लिज़ ने पूछा 'कितना?' विल्सन ने जवाब दिया, "ख़ासा. हम अभी उनसे मिल कर आए हैं. वो दस लाख डॉलर माँग रहे हैं."
एलिज़ाबेथ ने अपने सिगरेट की राख झाड़ते हुए कहा, "मुझे विश्वास नहीं हो रहा है कि मुझे इस शख़्स से पिंड छुड़ाने के लिए उसे पैसे देने पड़ेंगे."
विल्सन ने कहा, "फ़िशर का कहना है कि आपकी वजह से उनका करियर बरबाद हो गया."
किटी केली एलिज़ाबेथ टेलर की जीवनी में लिखती हैं, "टेलर ने तय किया कि वो एडी फ़िशर को दस लाख डॉलर तभी देंगी जब वो तलाक़ के काग़ज़ों पर तुरंत दस्तख़त कर देंगे." उन्होंने अपने अकाउंटेंट को निर्देष दिए कि चेक तैयार रखें. जैसे ही फ़िशर तलाक़ के काग़ज़ों पर दस्तख़्त करें, उन्हें वो चेक तुरंत दे दिया जाए. अगले दिन जब एलिज़ाबेथ के वकील मिका रूडिन ने एडी फ़िशर को फ़ोन किया तो उन्होंने इस प्रस्ताव को ठुकरा दिया.
स्टीवर्ट और विक्टर ने जब ये ख़राब ख़बर एलिज़ाबेथ को दी तो इत्तेफ़ाक़ से रिचर्ड बर्टन भी उनके साथ थे. एलिज़ाबेथ ने कहा, "आप मज़ाक़ तो नहीं कर रहे."
स्टीवर्ट विल्सन ने कहा, "वो और पैसे माँग रहे हैं."
एलिज़ाबेथ को ये सुन कर ग़ुस्सा आ गया. वो बोलीं, "उनको बता दीजिए, उन्हें इससे ज़्यादा नहीं मिलने वाला. अब तो मैं अपनी दस लाख डॉलर देने की पेशकश भी वापस लेती हूँ."
फ़िशर ने मार्च 1964 में जाकर तलाक़ के काग़ज़ातों पर दस्तख़त किए, वो भी पाँच लाख डॉलर लेने के बाद. 1964 में ये रक़म भी बहुत बड़ी रक़म थी.
'सेक्शुअल क्राँति' के जनक
एलिज़ाबेथ टेलर और रिचर्ड बर्टन के इस खुल्लम - खुल्ला प्यार को प्रेस ने एक तरह से 'सेक्शुअल क्राँति' के तौर पर देखा. डाक्टर जॉर्ज ओ नील ने अपनी पत्नी नेना के साथ लिखी किताब 'ओपेन मैरेज:अ न्यू लाइफ़स्टाइल फॉर कपल्स' में लिखा, 'अगर बर्टन और टेलर ने एक दशक पहले ये क़दम उठाया होता तो उनकी लोकप्रियता बहुत कम हो जाती.'
नेबरास्का वेज़लेयन विश्वविद्यालय में समाजशास्त्र के प्रोफ़ेसर डाक्टर जोइस विके ने लिखा, "समाज में रहने वाले लोगों ने हमेशा से ही विवाहेत्तर संबंधों को बुरी नज़र से देखा है. उन्हें हमेशा पकड़े जाने पर इसके परिणामों का डर परेशान करता रहा है. इसके बाद एलिज़ाबेथ टेलर और रिचर्ड बर्टन का मामला आया जो ये करते हुए न सिर्फ़ पकड़े गए बल्कि उन्होंने इसे ऐलानिया स्वीकार भी किया."
उन्होंने रातों- रात 'सेक्शुअल' मानदंडों को बदला तो नहीं लेकिन उन्होंने इस तरफ़ कुछ क़दम बढ़ाने में मदद ज़रूर की. लोगों में ये सोच बढ़ी कि अगर वो ऐसा कर सकते हैं, तो हम क्यों नहीं.' एलिज़ाबेथ ने 1965 में छपी अपनी आत्मकथा में लिखा, 'मैंने उस समय कभी अपने-आप को अनैतिक नहीं महसूस किया, हाँलाकि मुझे पता था कि रिचर्ड को प्यार करना ग़लत था. मैंने इस बारे में कभी गंदा महसूस नहीं किया, क्योंकि वो गंदा नहीं था.'

इमेज स्रोत, Getty Images
अख़बारों और पोप ने इन संबंधों को अनैतिक बताया
इस पूरे प्रकरण पर दुनिया भर के अख़बार टिप्पणी कर रहे थे. रोम के एक अख़बार 'गियोरनाले डी इटालिया' ने लिखा, कोई भी एलिज़ाबेथ टेलर के दिल के बेतुकेपन की अनदेखी नहीं कर सकता. तीस साल की अपनी छोटी सी उम्र में उन्होंने चार पति बदले हैं और अब अपने निजी स्वार्थ के लिए रिचर्ड बर्टन की शादी भी बर्बाद करने पर तुली हुई हैं.'
यहाँ कि इस मामले में पोप जॉन पॉल भी कूद पड़े. उन्होंने कहा, 'हम रोम को एक पवित्र शहर बुलाना पसंद करते हैं. ईश्वर न करे कि ये विकृति का शहर बन जाए.' वेटिकन रेडियो ने भी उन लोगों को आड़े हाथों लिया जो 'शादी को एक खेल समझते हैं. सबसे बुरी आलोचना वेटिकन में छपने वाली एक साप्ताहिक पत्रिका 'एल ओसेरवातोर डोमिनिका' से आई जिसने लिखा, 'दिक्कत ये है माई डियर लेडी कि तुम कई सारी शादियाँ तोड़ रही हो. ऐसा कब तक चलेगा ? इसको तुम एक 'इरॉटिक आवारगी' नहीं तो और क्या कहोगी ? '
रोम के लोगों की भद्दी टिप्पणियाँ
जिस दिन ये सब चीज़े छपीं एलिज़ाबेथ टेलर और रिचर्ड बर्टन रोम के ग्रैंड होटल में खाना खाने गए थे. वहाँ उन्होंने चीज़ सूफ़ले और स्टेक खाया. वहाँ से वो माइक निकोल्स से मिलने 'विया वेनेटो क्लब' गए. रास्ते में एलिज़ाबेथ ये देख कर हक्का - बक्का रह गईं कि वहाँ के आम लोग उन पर इटालियन में फ़ब्तियाँ कस रहे थे. उन्होंने ड्राइवर से पूछा, ये लोग क्या कह रहे हैं?
रिच्रर्ड बर्टन ने ड्राइवर से विनती की कि टेलर को इस बारे में कुछ मत बताओ. टेलर ने ड्राइवर की पीठ थपथपा कर फिर इसरार किया 'बताइया न वो क्या कह रहे हैं ?' ड्राइवर ने रियर व्यू में पीछे की सीट की तरफ़ देखते हुए कहा, ' वो आपको घर तोड़ने वाली, हर्राफ़ा जो माँ कहलाने लायक नहीं है कह रहे हैं.' एलिज़ाबेथ ने रोम के नागरिकों की तरफ़ दुख भरी आँखों से देखा. रिचर्ड बर्टन ने उनका ध्यान बँटाने के लिए उनके गाल का चुंबन लिया. एलिज़ाबेथ ने फुसफुसा कर कहा, 'अब हम इस शहर में कभी वापस नहीं आएंगे.'
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)



















