ईरान ने पकड़ा एक और विदेशी तेल टैंकर

इमेज स्रोत, AFP
ईरान के सरकारी मीडिया के मुताबिक ईरान ने खाड़ी क्षेत्र में एक और विदेशी तेल टैंकर को अपने क़ब्ज़े में लिया है.
रिवोल्यूश्नरी गार्ड के एक कमांडर के हवाले से कहा गया है कि ईरान की नौसेना ने "एक विदेशी टैंकर को फ़ारस की खाड़ी में क़ब्ज़े में लिया है. ये टैंकर किसी अरब देश के लिए तेल की तस्करी कर रहा था."
रिपोर्ट में कहा गया है कि इस टैंकर में सात लाख लीटर तेल था. सात नाविकों को भी हिरासत में लिया गया है.
अमरीका ने ईरान के साथ हुए परमाणु समझौते से अलग होते हुए ईरान पर कठोर आर्थिक प्रतिबंध लगाए हैं.
इन प्रतिबंधों के वजह से ईरान और अमरीका के बीच पहले से ही तनाव बेहद बढ़ा हुआ है. ऐसे माहौल में अब ईरान ने एक और तेल टैंकर को हिरासत में ले लिया है.

इमेज स्रोत, Getty Images
ये दूसरी बार है जब ईरान ने किसी टैंकर पर तेल की तस्करी के आरोप लगाए हैं. 13 जुलाई को पनामा में पंजीकृत टैंकर एमटी रियाह को ईरान ने हिरासत में ले लिया था.
बीते महीने ही ईरान ने होरमूज़ खाड़ी क्षेत्र में एक ब्रितानी तेल टैंकर को पकड़ लिया था. स्टेना इम्पेरो नाम का ये टैंकर अभी भी ईरान की हिरासत में ही है.
मई और जून में ओमान खाड़ी क्षेत्र में तेल टैंकरों पर हुए हमलों के आरोप भी अमरीका ने ईरान पर लगाए थे. ईरान ने इन आरोपों को ख़ारिज किया है.
ताज़ा घटना के बारे में हम क्या जानते हैं?
फ़ार्स न्यूज़ एजेंसी के मुताबिक तेल टैंकर को पकड़ने का अभियान बीते बुधवार को चलाया गया था.
इस टैंकर को बुशेर ले जाया गया और तेल को अधिकारियों के हवाले कर दिया गया.
अभी ये स्पष्ट नहीं है कि ये टैंकर किस देश में पंजीकृत है या हिरासत में लिए गए नाविक किस देश के हैं.
इस जहाज़ के ग़ायब होने के बारे में भी कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई है.
बीबीसी के अरब मामलों के संपादक सेबास्टियन अशर के मुताबिक भले ही ये जहाज़ छोटा हो लेकिन इससे क्षेत्र में तनाव ज़रूर बढ़ेगा.
खाड़ी क्षेत्र में हो क्या रहा है?
ये पहला मौका नहीं है जब खाड़ी क्षेत्र में तनाव बढ़ा है.
अमरीका के परमाणु संधि से अलग होने और ईरान पर नए कठोर प्रतिबंध लगाने के बाद से ही तनाव लगातार बढ़ रहा है.
अमरीका ने अपने विमानवाहक पोत और जंगी बेड़े को भी खाड़ी क्षेत्र में भेजा हुआ है.
खाड़ी क्षेत्र में टैंकरों पर हुए हमले के आरोप भी अमरीका ने ईरान पर ही लगाए हैं जिन्हें ईरान ने ख़ारिज किया है.
इसी बीच ईरान ने एक अमरीकी जासूस ड्रोन को भी मार गिराया है.
वहीं ब्रितानी तेल टैंकर को पकड़ लिए जाने के बाद से अब ब्रितानी जहाज़ इस क्षेत्र से ब्रितानी लड़ाकू जहाज़ों की निगरानी में गुज़र रहे हैं.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूबपर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)
























