पाकिस्तानी सेना का विमान क्रैश, 18 की मौत

मृतकों के परिजन

इमेज स्रोत, Reuters

इमेज कैप्शन, मृतकों के परिजन
प्रकाशित

पाकिस्तान के रावलपिंडी में मंगलवार की रात को एक सैन्य विमान के गिरने से लगभग 18 लोगों की मौत हो गई है.

इस दुर्घटना में पांच सैनिक और 13 आम नागरिकों की मौत हुई है. जबकि 12 लोग घायल बताए जा रहे हैं.

पाकिस्तानी सेना के जनसंपर्क अधिकारी के अनुसार आर्मी एविएशन का एक छोटा विमान सामान्य प्रशिक्षण उड़ान के दौरान रावलपिंडी के मोहड़ा कालो इलाक़े में दुर्घटनाग्रस्त हो गया.

किंग एयर 350 विमान रात दो बजे के क़रीब इस इलाक़े में बने रिहायशी मकानों पर गिर गया.

इस विमान में पायलट लेफ्टिनेंट कर्नल साकिब और लेफ्टिनेंट कर्नल वसीम के अलावा नायब सूबेदार अफज़ल, हवलदार इब्ने अमीन और हवलदार रहमत अली सवार थे.

मकानों पर गिरा विमान

विमान के गिरने से कई मकानों में आग लग गई. जिला प्रशासन ने पुष्टि की है कि अब तक इस दुर्घटना में सात महिला और एक बच्चे समेत 13 नागरिकों की मौत हो चुकी है.

दुर्घटना के बाद पाकिस्तानी सेना और बचाव दल की टीमों ने दुर्घटना स्थल पर पहुँच कर बचाव अभियान शुरू किया और आग पर काबू पाया.

दुर्घटना में घायल हुए लोगों को कम्बाइंड मिलिट्री अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

विमान दुर्घटनाग्रस्त

इमेज स्रोत, Getty Images

रावलपिंडी के उपायुक्त ने मंगलवार की सुबह अस्पताल का दौरा किया और मीडिया को बताया कि अस्पतालों में इमरजेंसी लगा दी गई है.

इससे पहले, बचाव दल के एक अधिकारी ने बीबीसी को बताया कि रावलपिंडी आवासीय कॉलोनी बहरिया टाउन फेज़-7 की सीमा के बाहर एक गाँव में एक विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिससे पाँच-छह घर क्षतिग्रस्त हो गए.

क्रैश की ख़बर आते ही पाकिस्तान में #BahriaTown और #planecrash के हैशटैग सोशल मीडिया पर ट्रेंड करने लगे और कई लोगों ने प्लेन की उड़ान और क्रैश के दृश्यों को दिखाते हुए तस्वीरें और वीडियो साझा किए.

कुछ लोगों ने अपने घरों की छतों से जहाज के गिरने की तस्वीरें सोशल मीडिया पर पोस्ट कीं.

रावलपिंडी में सेना का मुख्यालय है

इमेज स्रोत, AFP

इमेज कैप्शन, रावलपिंडी में सेना का मुख्यालय है

यह पहली बार नहीं है जब कोई विमान इस तरह दुर्घटनाग्रस्त हुआ है.

इससे पहले, 20 अप्रैल, 2012 को कराची से इस्लामाबाद जा रही एक निजी एयरलाइन का विमान रावलपिंडी के हुसैनाबाद गांव के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया था. दुर्घटना में 127 लोग मारे गए थे.

इसके अलावा साल 2010 में एक और निजी एयरलाइन एयरब्लू भी इस्लामाबाद के नज़दीक क्रैश हो गया था, इसमें 152 लोगों की मौत हो गई थी.

ये भी पढ़ेंः

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)