चीन का युद्धक बेड़ा जापान नियंत्रित द्वीप के पास से गुजरा

इमेज स्रोत, AFP
पूर्वी चीन सागर में एक विवादास्पद द्वीप समूह के पास चीन के युद्धक बेड़े के गुजरने के बाद जापान ने टोक्यो में चीन के राजदूत तलब किया है.
जापान की सेना ने बताया कि इन द्वीपों समूह के पास से बुधवार और गुरुवार को किसी दूसरे देश की पनडुब्बी भी गुजरी थी. हालांकि वो पनडुब्बी किस देश की थी, ये फ़िलहाल मालूम नहीं है.
निर्जन सेनकाकु द्वीप समूह पर जापान का कब्ज़ा है लेकिन चीन भी इस इलाके पर दावा करता है.
चीन इसे दियाओयु द्वीप समूह कहता है. दोनों देशों के बीच इस छोटे से द्वीप समूह को लेकर लगातार तनाव बना हुआ है. ये द्वीप समूह इसलिए भी ख़ास है क्योंकि ये प्रमुख जहाजरानी रूट के पास पड़ता है.
यहां मछली उत्पादन की बड़ी संभावना है और माना जाता है कि इस इलाके में तेल और गैस के बड़े भंडार हैं.

चीन का बड़ा युद्धक
बीबीसी के पूर्वी एशिया मामलों के संपादक माइकल ब्रिस्टो का कहना है कि चीन इस द्वीप समूह के पास नियमित रूप से तटरक्षक जहाज भेजता रहा है. लेकिन लेकिन युद्धक बेड़ा या संभवतः पनडुब्बी भेजने से ऐसा लगता है कि चीन अपने दावे पर जोर दे रहा है.
जापान ने कहा है कि चीन का बड़ा युद्धक जहाज द्वीप समूह के पास के जल क्षेत्र से स्थानीय समयानुसार 11 बजे गुजरा. उसी इलाके में एक पनडुब्बी की मौजूदगी भी दर्ज की गई लेकिन कोई भी जापानी क्षेत्र में दाखिल नहीं हुआ.
संयुक्त राष्ट्र के कन्वेंशन के अनुसार किसी देश के तटवर्ती समुद्र से लगे जल क्षेत्र पर उस देश का सीमित नियंत्रण होता है. जापान ने इस घटना के बाद चीन के राजदूत को तलब कर मामले पर अपना विरोध और गंभीर चिंता दर्ज कराई.
इस बीच चीन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता लु कांग ने कहा है कि चीन जापानी इलाके में चल रही गतिविधियों की निगरानी का काम कर रहा था. साथ ही उन्होंने इस द्वीप समूह पर चीन का दावा भी दोहराया.
साल 2012 में जापान ने एक व्यक्ति से ये विवादित द्वीप समूह खरीदा था और इसके बाद से ही दोनों देशों के संबंध बिगड़ते चले गए.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)



























