नहीं रहे 146 साल के 'सबसे बुज़ुर्ग' व्यक्ति

बाह घोटो

इमेज स्रोत, EPA

इमेज कैप्शन, दुनिया के 'सबसे वृद्ध' 146 साल के व्यक्ति बाह घोटो
प्रकाशित

दावे के अनुसार, दुनिया के सबसे वृद्ध व्यक्ति 146 साल के बाह घोटो की इंडोनेशिया में मौत हो गई है.

उनके दस्तावेजों के अनुसार सोदीमेजो यानी बाह घोटो (दादी घोटो) का जन्म 1870 में हुआ था. लेकिन इंडोनेशिया ने साल 1900 के बाद से ही जन्म पंजीकरण शुरू किया था और इससे पूर्व के दस्तावेजों में गलतियां रही हैं.

लेकिन अधिकारियों ने बाह घोटो के दस्तावेजों और उनसे बातचीत के आधार पर बीबीसी को बताया है कि उनके दस्तावेज़ असली है.

बीती 12 अप्रेल को तबियत खराब होने के बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया था. लेकिन 6 दिनों बाद ही वह घर वापस जाने की मांग करने लगे.

उनकी नातिन सुर्यंतो ने बीबीसी से बात करते हुए बताया कि अस्पताल से आने के बाद उन्होंने काफी कम मात्रा में दलिया खाया और पानी पिया.

वे कहती हैं, "ये खाना-पीना थोड़े दिन और चला होगा और फिर उन्होंने अपनी मौत होने तक अन्न-जल छोड़ दिया."

घरवालों के प्यार से चलती रही जिंदगी

बाह घोटो ने बीते साल बीबीसी से बात करते हुए कहा था कि उनकी लंबी उम्र का राज़ उनके घरवालों का प्यार और देखभाल है.

अंतिम समय तक धूम्रपान करने वाले घोटो के सामने उनकी चार पत्नियों, 10 भाई-बहन और सभी बच्चे दुनिया छोड़कर चले गए.

बाह घोटो

इमेज स्रोत, FAJAR SODIQ

जापान-डच युद्ध की कहानियां

बाह घोटो अपने गांव में जापान और डच उपनिवेशकों के बीच युद्धों की कहानियों को लेकर बेहद मशहूर थे. उनकी कहानियां इतनी शानदार होती थीं कि गांववाले उन्हें खास तौर पर सुनना पसंद करते थे.

उनकी नातिन सूर्यंतों कहती हैं कि उनके दादा को उनकी ही खरीदी गई जगह पर दफनाया गया है.

उनकी कब्र पर उसी पत्थर को लगाया गया है जो कई सालों से उनके घर के बगल में पड़ा था.

अगर स्वतंत्र तौर पर पुष्टि की जाए, तो घोटो, फ्रांस की जान कालमाओ के रिकॉर्ड को तोड़कर मानव इतिहास में सबसे वृद्ध मानव हो जाएंगे.

(बीबीसी हिंदी का एंड्रॉयड मोबाइल ऐप डाउनलोड करने के लिए यहां क्लिक करें. आप हमारे फ़ेसबुक पन्ने पर भी आ सकते हैं और ट्विटर पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)