तुर्की में ज़बरदस्त धमाका, एक बच्चे की मौत

प्रकाशित

तुर्की के दक्षिणी शहर विरानशेहेर में अदालत परिसर में ज़बरदस्त कार बम धमाका हुआ है.

सरकारी समाचार एजेंसी अनादोलु ने प्रांतीय गवर्नर गनगोर अज़ीम टूना के हवाले से कहा है कि इस धमाके में तीन साल के एक बच्चे की मौत हो गई है और करीब 15 लोग घायल हुए हैं.

गनगोर अज़ीम टूना ने कहा कि धमाका एक कार बम से किया गया, लेकिन पुलिस ने अभी इसके बारे में कोई जानकारी नहीं दी है.

ये शहर सीरियाई सीमा के पास शानलेउर्फ़ा प्रांत में है.

तुर्की के कई शहरों में पिछले साल कई बार हमले हो चुके हैं.

पिछले साल कुर्द-अरब बहुल विरानशेहेर में पुलिस ने चार लोगों को मार गिराया था. अधिकारियों का कहना था कि ये लोग प्रतिबंधित कुर्दिस्तान वर्कर्स पार्टी (पीकेके) के सदस्य थे.

सरकार की तरफ़ रुझान रखने वाले येनी सफक़ अख़बार का कहना था कि ये लोग सरकारी इमारतों पर हमले की योजना बना रहे थे.

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)