जादूगर चंचल लाहिड़ी हुगली नदी में लापता

इमेज स्रोत, STR/AFP
पश्चिम बंगाल में एक जादूगर करतब दिखाते हुए हुगली नदी में लापता हो गए हैं और उनकी मौत की आशंका जताई जा रही है.
जादूगर चंचल लाहिड़ी मशहूर जादूगर हैरी हूडीनी की मशहूर जादुई ट्रिक की नकल करने की कोशिश कर रहे थे.
वह ख़ुद को ज़ंजीर से बांधकर नदी में कूद गए थे. उन्हें खुद को आज़ाद करने के बाद तैरते हुए नदी से बाहर आना था लेकिन इसके बाद वह दोबारा नहीं दिखे.
रविवार को वहां जादू देखने आए दर्शकों ने इसकी सूचना पुलिस को दी. पुलिस का कहना है कि वो जादूगर को ढूंढने की कोशिश कर रहे हैं.
पेशेवर तौर पर 'मैनड्रेक' नाम से जाने जाने वाले जादूगर लाहिड़ी एक नाव से नदी में कूदे थे.
लोहे की ज़ंजीर और छह ताले बांधकर कूदे
उस नाव में मौजूद रहे दो लोगों ने बताया कि लाहिड़ी ने ख़ुद को एक लोहे की ज़ंजीर और छह तालों के साथ बांधा था. कुछ लोग नदी किनारे उनका जादू देखने के लिए इकट्ठा हुए थे और कुछ लोग कोलकाता के हावड़ा ब्रिज पर खड़े होकर जादू देख रहे थे.
पुलिस की टीम गोताखोरों के साथ जादूगर को ढूंढने में जुटी रही लेकिन रविवार शाम तक वे जादूगर को नहीं खोज सके. एक पुलिस अफ़सर ने 'हिंदुस्तान टाइम्स' से कहा कि जब तक हम जादूगर को खोज नहीं लेते, उन्हें मृत नहीं घोषित किया जा सकता.

इमेज स्रोत, STR / AFP
स्थानीय अखबार के फोटोग्राफर जयंत शॉ भी लाहिड़ी का जादू देखने के लिए वहां मौजूद थे. उन्होंने बीबीसी को बताया कि जादू शुरू करने से पहले उन्होंने लाहिड़ी से बात की थी.
जयंत ने उनसे पूछा था कि वह जादू के लिए अपनी ज़िंदगी को खतरे में क्यों डाल रहे हैं तो उन्होंने मुस्कुराते हुए जवाब दिया, "अगर मैं कामयाब हुआ तो मैजिक होगा, वरना ट्रैजिक होगा."
जादूगर ने जयंत से कहा था कि वो ये ट्रिक इसलिए कर रहे हैं ताकि जादू में लोगों की रुचि फिर से पैदा हो सके.
ये पहली बार नहीं है जब जादूगर चंचल लाहिड़ी ने पानी मे ऐसा जोखिम भरा करतब दिखाने की कोशिश की.
20 साल पहले भी वो इस नदी में एक कांच की पेटी में बंद होकर कूदे थे लेकिन तब वो वहां से निकलने में सफल रहे थे.
जयंत शॉ ने लाहिड़ी के करतब पहले भी देखे हैं. उन्होंने कहा, "मैंने बिल्कुल नहीं सोचा था कि वो इस बार पानी से बाहर नहीं आ पाएंगे."

ये भी पढ़ें:

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)





















