रविवार, 17 मई, 2009 को 17:12 GMT तक के समाचार
समाजवादी पार्टी (सपा) के महासचिव अमर सिंह ने कांग्रेस नेतृत्व वाले यूपीए गठबंधन को समर्थन देने के संकेत दिए है लेकिन साथ ही कहा है कि यह इस बात पर निर्भर करेगा कि ''गठबंधन उनसे क्या चाहता है.''
चुनाव परिणाम आने के बाद रविवार को संवाददाताओं से बातचीत में अमर सिंह ने साफ कहा कि वो यूपीए की शर्तों पर समर्थन देने को तैयार हैं.
उनका कहना था, ''हमें खुशी है कि धर्मनिरपेक्ष ताकतें आगे बढ़ रही हैं लेकिन हम किस तरह का समर्थन यूपीए को करेंगे यह इस बात पर निर्भर है कि उन्हें हमसे क्या चाहिए.''
अमर सिंह ने कहा, '' हमने प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह से, कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से और राहुल गांधी से बात की है और उन्हें चुनाव परिणामों की बधाई दी है. प्रधानमंत्री से हमारी क्या बात हुई है यह सार्वजनिक करना सही नहीं होगा. हम शाम को प्रधानमंत्री से मिलने भी जा रहे हैं.''
यह पूछे जाने पर कि क्या सपा सरकार का हिस्सा होगी तो उनका कहना था कि यह प्रधानमंत्री पर निर्भर करेगा.
उनका कहना था, ''हम एक धर्मनिरपेक्ष और गैर सांप्रदायिक सरकार को समर्थन देते हैं और इस समर्थन का क्या स्वरुप होगा यह उन पर निर्भर करता है. हम समर्थन देने को तैयार हैं. ''