गुरुवार, 23 अप्रैल, 2009 को 01:43 GMT तक के समाचार
लोकसभा के दूसरे चरण के लिए मतदान चल रहा है. बिहार और उत्तर प्रदेश में मतदान केंद्रों के बाहर लंबी कतारें हैं जबकि झारखंड में मतदान की गति धीमी है.
झारखंड के गिरडीह संसदीय क्षेत्र में बारूदी सुरंग से धमाका हुआ है, हालांकि इससे किसी के हताहत होने की ख़बर नहीं है.
इस चरण में 12 प्रदेशों और केंद्र शासित राज्यों के मतदाता 140 सांसदों को चुनने के लिए मतदान कर रहे हैं.
इस चरण में कांग्रेस के राहुल गांधी उत्तर प्रदेश के अमेठी, केंद्रीय मंत्री शरद पवार महाराष्ट्र के माढा, सुषमा स्वराज मध्य प्रदेश के विदिशा और केंद्रीय मंत्री राम विलास पासवान बिहार के हाजीपुर से उम्मीदवार हैं.
वहीं पूर्व केंद्रीय मंत्री जॉर्ज फ़र्नांडिस बिहार के मुज़फ़्फ़रपुर से निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव मैदान में है. उनकी पार्टी जनता दल यूनाइटेड ने उन्हें टिकट नहीं दिया है.
दूसरे चरण में केंद्रीय वाणिज्य मंत्री कमल नाथ मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा और रघुवंश प्रसाद सिंह बिहार के वैशाली लोकसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ रहे हैं.
लोकसभा चुनाव के साथ-साथ ही आंध्र प्रदेश और उड़ीसा की विधानसभा के लिए भी चुनाव हो रहा है.
आंध्र प्रदेश की 140 और उड़ीसा की 77 विधानसभा सीटों के लिए मतदान हो रहा है.
सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम
फ़ैजाबाद से बीबीसी संवाददाता रामदत्त त्रिपाठी का कहना है कि यहाँ सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किए गए हैं.
अधिकारियों का कहना है दोपहर तक 26 फ़ीसदी मतदान हुआ है. गर्मी के कारण सुबह से ही मतदान केंद्रों पर कतारें लग गईं थीं.
पुलिस अधीक्षक आरकेसिंह राठौड़ का कहना है कि मिलकिपुर और सुहावल जैसे सुदूर ग्रामीण इलाक़ों में भी शांति से मतदान हो रहा है.
ये इलाक़ा समाजवादी पार्टी के बाहुबली प्रत्याशी मित्रसेन यादव का है इसलिए प्रशासन चौकसी बरत रहा है. इस अकेले संसदीय क्षेत्र में लगभग 10 हज़ार पुलिस और अर्धसैनिक बल के जवान तैनात किए गए हैं.
राँची से सलमान रावी का कहना है कि गिरडीह संसदीय क्षेत्र में बारूदी सुरंग से विस्फोट हुआ है, हालांकि इससे किसी के हताहत होने की ख़बर नहीं है.
नक्सलवादियों ने चियाँकी स्टेशन को भी निशाना बनाया है.
उल्लेखनीय है कि नक्सलवादियों ने चुनाव बहिष्कार का आह्नान किया है.
झारखंड में अर्जुन मुंडा, शिबू सोरेन लोक सभा और जामताड़ा से विधानसभा उपचुनाव में भी भाग्य आजमा रहे हैं.
पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा भी सांसद बनना चाहते हैं.
बिहार में मुक़ाबला
बिहार से रेणु अगाल ने बताया कि इस चरण में 13 संसदीय क्षेत्रों के लिए मतदान हो रहा है और कई स्थानों पर जनता दल-यू, लोक जनशाक्ति पार्टी और कांग्रेस के बीच मुक़ाबला है.
हाजीपुर और वैशाली में सुबह से ही मतदाताओं की लंबी कतारें लगीं हुईं थीं लेकिन मतदान की गति धीमी थी.
इस चरण में पूर्व केंद्रीय मंत्री जॉर्ज फ़र्नांडिस बिहार के मुज़फ़्फ़रपुर से निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में भाग्य आजमा रहे हैं.
फ़िल्म निर्माता प्रकाश झा पश्चिम चंपारण और रामविलास पासवान हाजीपुर से चुनाव मैदान में हैं.
इसके अलावा साधु यादव, लवली आनंद और बाहुबलि माने जाने वाले मुन्ना शुक्ला भी चुनाव मैदान में हैं.
भोपाल से फ़ैसल मोहम्मद अली ने बताया कि इस चरण में केंद्रीय मंत्री कमलनाथ छिंदवाड़ा से, भाजपा नेता सुषमा स्वराज विदिशा से और केंद्रीय मंत्री अर्जुन सिंह की बेटी निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में सीधी से चुनाव लड़ रही हैं.
मध्य प्रदेश में दोपहर तक 32 प्रतिशत मतदान हुआ है.
आंध्र प्रदेश से उमर फ़ारूक़ ने जानकारी दी कि मतदान केंद्रों पर क़तारें लगनी शुरू हो गईं हैं.
इस चरण में रायलसीमा क्षेत्र में मतदान हो रहा है जो राजनीतिक हत्याओं के लिए बदनाम है.
जम्मू से बीनू जोशी ने जानकारी दी है कि उधमपुर लोकसभा क्षेत्र के लिए हो रहे मतदान में काफ़ी फीका मतदान दिख रहा है.
पहाड़ी क्षेत्रों में मतदान केंद्रों पर मतदाता नदारद हैं जबकि मैदानी क्षेत्रों में कुछ जगहों पर मतदाताओं की लाइनें लगने लगी हैं.
अहम चरण
इसको देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किए हैं और लगभग 60 हज़ार सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं.
दूसरे चरण में 2041 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं. इनमें 121 महिलाएँ शामिल हैं.
जिन 140 सीटों के लिए मतदान हो रहा है, उनमें आंध्र प्रदेश की 20, असम की 11, बिहार की 13, गोवा की दो, जम्मू कश्मीर की एक, कर्नाटक की 17, मध्य प्रदेश की 13, महाराष्ट्र की 25, उड़ीसा की 11, त्रिपुरा की दो, उत्तर प्रदेश की 17 और झारखंड की आठ सीटें शामिल हैं.
मतदान सुबह सात बजे से शुरू होकर शाम पाँच बजे तक चलेगा जबकि नक्सल हिंसा से प्रभावित इलाक़ों में यह तीन बजे ही ख़त्म हो जाएगा.