गुरुवार, 23 अप्रैल, 2009 को 16:06 GMT तक के समाचार
बिहार के मुज़फ़्फ़रपुर ज़िले में बारूदी सुरंग के धमाके में मतदान के बाद इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) लेकर लौट रहे पाँच पुलिसकर्मी मारे गए हैं.
चुनावकर्मियों का यह दल धरफरी गाँव से ईवीएम मशीन लेकर मुज़फ़्फ़रपुर आ रहा था. तभी संदिग्ध नक्सलियों ने देवरिया थाना के कर्पूरी चौक के पास हमला किया.
विस्फोट इतना ताकतवर था कि वाहन के परखच्चे उड़ गए. स्थानीय पुलिस घटनास्थल पर पहुँच गई है.
जब बीबीसी ने पटना स्थित पुलिस महानिदेशक के कंट्रोल रूम से संपर्क किया तो इस घटना की पुष्टि की गई. लेकिन हताहतों के बारे में कोई जानकारी नहीं दी.
इस क्षेत्र में गुरुवार को मतदान हुआ था.
मतदान के दौरान झारखंड में भी नक्सली हिंसा हुई थी और गिरीडीह ज़िले में हुए हमले में एक पुलिसकर्मी घायल हुआ था.
झारखंड के ही पूर्वी सिंहभूम के बंसडेरा में नक्सलियों ने मतदान में रुकावट डालने की कोशिश की लेकिन सुरक्षाकर्मियों ने इसे नाकाम कर दिया.
दूसरी ओर उपचुनाव आयुक्त आर बालाकृष्णन ने दिल्ली में एक संवाददाता सम्मेलन में बताया कि दूसरे चरण में क़रीब 55 प्रतिशत मतदान हुआ.