बुधवार, 15 अप्रैल, 2009 को 13:54 GMT तक के समाचार
समाजवादी पार्टी के महासचिव और अभिनेता संजय दत्त के ख़िलाफ़ कथित रुप से भड़काऊ भाषण देने के मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई है.
अधिकारियों के अनुसार संजय दत्त ने मंगलवार को मऊ में भड़काऊ भाषण दिया था.
मऊ के ज़िला पुलिस प्रमुख राम भरोसे ने बीबीसी को फ़ोन पर बताया, "मऊ की जनसभा में भड़काऊ भाषण देने के मामले में संजय दत्त के ख़िलाफ़ मंगलवार की शाम मामला दर्ज किया गया है."
राम भरोसे का कहना था, "संजय दत्त के ख़िलाफ़ धारा 171(4) और जन प्रतिनिधित्व का़नून के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है."
भरोसे का कहना था, "वीडियो फुटेज देखने के बाद संजय के ख़िलाफ़ मुक़दमा दर्ज किया गया. वीडियो फुटेज को राज्य चुनाव आयुक्त को भेज दिया गया है."
आरोप
संजय दत्त पर आरोप है कि उन्होंने मऊ के दक्षिणटोला इलाक़े में चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए कथित रुप से कहा था कि जब वे जेल में थे तो जेल अधिकारियों ने उन्हें इसलिए परेशान किया क्योंकि उनकी माँ मुसलमान थी.
संजय दत्त घोसी लोकसभा से समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार अरशद जमाल अंसारी के लिए मऊ में प्रचार कर रहे थे.