http://www.bbcchindi.com

मंगलवार, 14 अप्रैल, 2009 को 12:23 GMT तक के समाचार

कंधमाल से भाजपा उम्मीदवार गिरफ़्तार

भारतीय जनता पार्टी के कंधमाल लोक सभा सीट से उम्मीदवार अशोक साहू को ईसाइयों के ख़िलाफ़ कथित भड़काऊ भाषण देने के मामले में मंगलवार को गिरफ़्तार कर लिया गया.

चुनाव आयोग ने अशोक साहू को कथित भड़काऊ भाषण के लिए नोटिस दिया था.

उल्लेखनीय है कि कंधमाल में विश्व हिंदू परिषद से जुड़े स्वामी लक्ष्मणानंद सरस्वती की हत्या के बाद इस इलाक़े में ईसाइयों के ख़िलाफ़ व्यापक हिंसा हुई थी.

अशोक साहू पुलिस के अवकाश प्राप्त अधिकारी हैं.

उन पर आरोप है कि पाँच अप्रैल को एक सार्वजनिक सभा में कथित भड़काऊ भाषण देने का आरोप है.
यदि ये आरोप साबित हो जाता है तो उन्हें तीन साल तक की सज़ा हो सकती है.

वो कई दिनों से गिरफ़्तारी से बच रहे थे, आख़िरकार फूलबनी में एक सभा को संबोधित करने के दौरान उन्हें गिरफ़्तार किया गया.

अपनी गिरफ़्तारी से पहले अशोक साहू ने बीबीसी से बातचीत में कहा,'' यह उनके ख़िलाफ़ राजनीतिक साज़िश है और अगर मुझे ग़िरफ़्तार किया गया तो ज्वालामुखी फूट पड़ेगा."

उनका कहना था कि पूर्व पुलिस अधिकारी होने के नाते उन्हें चुनाव आचार संहिता का पूरा पता है और उन्होंने कहीं भी आचार संहिता का उल्लंघन नहीं किया है.

अशोक साहू की गिरफ़्तारी पर भाजपा ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है और इसे अलोकतांत्रिक बताया है.