BBC Hindi: बीते हफ़्ते की वो ख़बरें, जो शायद आप मिस कर गए

पांच ख़बरें

इमेज स्रोत, Getty Images

प्रकाशित

नमस्ते.

उम्मीद है कि आप अच्छे होंगे, खुश होंगे और सकारात्मक ऊर्जा के साथ आगे बढ़ रहे होंगे.

हम जानते हैं कि रोज़मर्रा की आपा-धापी के बीच आपके लिए देश-दुनिया की हर ख़बर पर नज़र रखना मुश्किल रहता होगा.

ऐसे में हम लाए हैं बीते सप्ताह की कुछ दिलचस्प और अहम ख़बरें, जिन पर शायद आपकी नज़र ना गई हो.

ये पाँच ख़बरें आपने पढ़ लीं तो ये समझिए कि आप पूरी तरह से अपडेटेड हो गए.

नवीन उल हक़ कौन हैं जिन्हें लेकर भिड़े गंभीर और कोहली

एक ऐसा मैच जिसमें गेंद और बल्ले के बजाय, दोनों टीमों के खिलाड़ियों के बीच ज़्यादा भिड़ंत हुई.

सोमवार को विराट कोहली की टीम रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर और लखनऊ सुपर जायटंस के मुक़ाबले के बाद चर्चा मैच के नतीजे से ज़्यादा मैदान में भारतीय क्रिकेट के दो दिग्गजों के बीच हुई नोंक-झोंक की रही.

आरसीबी के कप्तान विराट कोहली और लखनऊ के मेंटॉर गौतम गंभीर मैदान पर भिड़ते नज़र आए.

ये कहानी मैच के बाद की है. इस झड़प की जड़ मैच के दौरान पड़ गई थी और इसमें एक तीसरा खिलाड़ी शामिल रहा जिसका नाम है नवीन उल हक़. नवीन की पूरी कहानी यहां पढ़िए.

अनिल दुजाना

इमेज स्रोत, PARAS JAIN

इमेज कैप्शन, अनिल दुजाना

18 मर्डर, कोर्ट में सगाई, बेल पर शादी: अनिल दुजाना की कहानी

उत्तर प्रदेश पुलिस की स्पेशल टास्क फ़ोर्स (एसटीएफ़) ने गैंगस्टर अनिल दुजाना उर्फ़ अनिल नागर को मेरठ में हुई मुठभेड़ के दौरान मारने का दावा किया है.

यूपी एसटीएफ़ के एडीजी अमिताभ यश ने कहा, "वांछित अपराधी अनिल दुजाना को हमारी टीम ने गुरुवार दोपहर मेरठ के एक गाँव में घेरा. दुजाना ने भागने के इरादे से हमारी टीम पर गोली चलाई और जवाबी फ़ायरिंग में वो मारा गया."

यूपी पुलिस के एडीजी लॉ एंड ऑर्डर प्रशांत कुमार ने मीडिया को बताया, "एसटीएफ़ और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई. इस मुठभेड़ में गैंगस्टर अनिल दुजाना घायल हुआ. बाद में उसकी मृत्यु हो गई. वह चार पहिया गाड़ी में यात्रा कर रहा था. उसके पास से दो पिस्तौल और भारी मात्रा में कारतूस बरामद हुए हैं."

पश्चिमी यूपी के बड़े गैंगस्टरों में से एक माना जाने वाला अनिल दुजाना की कहानी यहां पढ़िए.

हवाई जहाज़

इमेज स्रोत, Getty Images

गो फर्स्ट एयरलाइंस कैसे दिवालिया होने के कगार तक पहुंची?

देश के सभी एयरपोर्ट्स पर गो फर्स्ट एयरलाइंस के काउंटरों पर सन्नाटा है. एयरलाइंस के कस्टमर केयर की लाइंस परेशान यात्रियों के कॉल्स से लगातार व्यस्त जा रही हैं.

भारत की इस बजट एयरलाइंस ने दो, तीन और चार मई की अपनी सभी फ्लाइटों को रद्द कर दिया है, इतना ही नहीं कंपनी ने दिवालिया होने की प्रक्रिया के लिए आवेदन भी दिया है.

एयरलाइन की ओर से प्रभावित यात्रियों को पूरे पैसे लौटाने का भरोसा भी दिया जा रहा है. लेकिन देश के 34 स्थानों पर गो फर्स्ट एयरलाइंस के लिए टिकट बुक करने वाले यात्री काफ़ी नाराज़ हैं क्योंकि आख़िरी मिनट में वे एक तरह से फंस गए हैं.

इस पूरे वाक़ये ने एक तरह से 2019 की याद दिला दी है, जब उस वक्त की सबसे बड़ी एयरलाइंस जेट एयरवेज़ की उड़ानें अचानक बंद हो गई थीं. पूरी कहानी यहां पढ़िए.

वर्ल्ड बैंक

इमेज स्रोत, Getty Images

वर्ल्ड बैंक की कमान संभालने वाले अजय बंगा की कहानी

भारतीय मूल के अमेरिकी कारोबारी और मास्टरकार्ड के पूर्व प्रमुख अजय बंगा को विश्व बैंक का अध्यक्ष चुना गया.

वर्ल्ड बैंक ने बयान जारी कर कहा दो जून से संभालेंगे कार्यकाल, अगले पांच साल तक रहेंगे अध्यक्ष.

इससे पहले इस साल 23 फरवरी को अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन ने उन्हें नामित करने का ऐलान किया था.

भारतीय सेना के वरिष्ठ ऑफ़िसर के पुत्र अजय बंगा के जीवन की कहानी यहां पढ़िए.

गर्मियां

इमेज स्रोत, Getty Images

गर्मियां आने की बजाय सर्दियां क्यों लौट रहीं हैं?

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि आगामी 10 मई तक भारत के किसी भी राज्य में गर्मी की लहर नहीं आएगी.

मई वो महीना है जब देश के अलग अलग हिस्सों में भीषण गर्मी पड़ती है और कई राज्यों में गर्मी की लहर की वजह से तापमान 50 डिग्री सेल्सियस से ज़्यादा चढ़ जाता है.

ये सिलसिला हर साल मार्च महीने से ही शुरू हो जाता है. अप्रैल से लेकर मई और जून में सूरज अपने पूरे तेज़ में रहता है. लेकिन इस बार गर्मी की लहर अप्रैल की 11 तारीख से लेकर 20 तारीख तक ही रही है.

कुछ लोग पूछ रहे हैं कि क्या इस बार गर्मी का मौसम आएगा ही नहीं? पूरी कहानी यहां पढ़िए.

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)