BBC Hindi: बीते हफ़्ते की वो ख़बरें जो शायद आप मिस कर गए

अख़बार

इमेज स्रोत, jayk7

प्रकाशित

नमस्ते, उम्मीद है कि आप अच्छे होंगे और त्योहारों का आनंद ले रहे होंगे.

हमें मालूम है कि घर का काम, बाहर का काम करते हुए आपको ख़बरों पर नज़र रखने का वक़्त नहीं मिला होगा.

इस वजह से आप देश दुनिया की अहम ख़बरों को देख या पढ़ नहीं पाए होंगे.

इसी के चलते हम लाए हैं आपके लिए कुछ अहम ख़बरें. शायद इन ख़बरों में से कुछ पर आपकी नज़र नहीं गई होगी.

अगर आपने ये पांच ख़बरें पढ़ लीं तो समझिए कि आपको बीते हफ़्ते की ख़ास खबरें पता चल गईं.

एनसीईआरटी की किताब

इमेज स्रोत, NCERT

एनसीईआरटी की किताबों में बदलावः इतिहास में कितने बचे मुग़ल

राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद् (एनसीईआरटी) ने कक्षा 12वीं की अपनी इतिहास की किताबों से मुग़ल साम्राज्य से जुड़े पाठ को हटा दिया है.

इसके अलावा और भी कई बदलाव किए गए हैं जिन पर अब विवाद हो रहा है.

एनसीईआरटी ने कक्षा 12 के लिए इतिहास की किताब को 'थीम्स ऑफ़ इंडियन हिस्ट्री' (भारतीय इतिहास के कुछ विषय) शीर्षक से तीन हिस्सों में प्रकाशित किया है.

इसके दूसरे हिस्से के पाठ 9 राजा और इतिहास, मुग़ल दरबार को अब पुस्तक से हटा दिया गया है.

एनसीईआरटी के भारत के पूर्व मुसलमान शासकों को पाठ्यक्रम से हटाने के इस क़दम को भारतीय इतिहास से मुग़लों को हटाने की कोशिश के रूप में देखा जा रहा है.

वहीं, एनसीईआरटी का तर्क है कि ऐसा छात्रों पर पाठ्यक्रम के बोझ को कम करने के लिए किया गया है.

हालांकि, इतिहास की किताब में ऐसे अध्याय अभी भी हैं जिनमें मुग़लों का ज़िक्र मिलता है. इस पूरे मामले पर विवाद क्या है और जानकार क्या कहते हैं, पूरी कहानी, पढ़ें यहां.

अभिनेता रवि किशन

इमेज स्रोत, FB/RAVIKISHAN

IPL की भोजपुरी कमेंट्री: अभिनेता रवि किशन की क्यों हो रही चर्चा?

इंडियन प्रीमियर लीग यानी आईपीएल के मैच इस बार क्रिकेट के साथ-साथ भोजपुरी कमेंट्री की वजह से भी चर्चा में है.

आईपीएल मैच दिखाने के डिजिटल राइट्स जियो सिनेमा के पास हैं. इस प्लेटफ़ॉर्म पर आईपीएल मैचों की कमेंट्री 12 भाषाओं में सुनी और देखी जा सकती है.

मगर जिस भाषा की कमेंट्री सबसे ज़्यादा ध्यान खींच रही है, वो है भोजपुरी. पंजाबी और भोजपुरी भाषा ने पहली बार आईपीएल कमेंट्री में अपनी जगह बनाई है.

आईपीएल मैचों की कमेंट्री जो लोग भोजपुरी में कर रहे हैं, उनमें बीजेपी सांसद और अभिनेता रवि किशन अहम नाम हैं.

रवि किशन ने कहा, ''मैं क्रिकेट का बहुत बड़ा फ़ैन हूं. भोजपुरी टीम में अपने साथी मनोज तिवारी के साथ क्रिकेट खेला भी हूं. ऐसे में अपनी मातृभाषा में क्रिकेट कमेंट्री इसे और ख़ास बनाती है. ये मेरी ज़िम्मेदारी बनती है कि मैं अपनी मातृभाषा के लिए हर संभव कोशिश करूं.''

रवि किशन की भोजपुरी कमेंट्री की सोशल मीडिया पर चर्चा में रही है. कुछ लोगों ने रवि किशन समेत भोजपुरी कमेंटेटर्स की कमेंट्री पर ख़ुशी जताई तो कुछ लोगों ने आलोचना भी की है.

लोगों को कैसी लगी भोजपुरी कमेंट्री, पूरी ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

तेल उत्पादन

इमेज स्रोत, Getty Images

अरब देश क्यों कम कर रहे हैं तेल उत्पादन, भारत पर क्या होगा असर?

दुनिया के कई बड़े तेल उत्पादकों के अचानक तेल उत्पादन में कटौती की घोषणा करने के बाद कच्चे तेल के दाम बढ़ रहे हैं.

सोमवार को कारोबार शुरू होने के शुरुआती घंटों में ही ब्रेंट क्रूड तेल के दाम प्रति बैरल 5 डॉलर तक बढ़ गए थे यानी क़रीब 7 फ़ीसदी की वृद्धि के साथ दाम 85 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गए थे.

रविवार को सऊदी अरब, इराक और खाड़ी के कई अन्य देशों ने प्रतिदिन तेल उत्पादन को दस लाख बैरल तक कम करने की घोषणा की थी. इस घोषणा के बाद से ही अंतरराष्ट्रीय तेल बाज़ार में उथल-पुथल है.

विश्लेषक मानते हैं कि तेल के दाम अगर बढ़े तो महंगाई को नियंत्रित करना मुश्किल हो जाएगा. अगर तेल के दामों में तेज़ी आई तो यातायात सेवाओं के दाम बढ़ सकते हैं.

भारत दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा तेल उपभोक्ता है. अमेरिका और चीन के बाद भारत सबसे बड़ा बाज़ार है. तेल उत्पादकों के इस फ़ैसले का भारत क्या होगा असर, पढ़ें यहां.

एलन मस्क

इमेज स्रोत, GETTY IMAGES/TWITTER/DOGECOIN

एलन मस्क ने चिड़िया को उड़ाया, कुत्ते को बैठाया: पूरा मामला समझिए

एलन मस्क के ट्विटर ख़रीदने के साथ ही साफ़ हो गया था कि ये सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म तेज़ी से बदलेगा.

अब इसी कड़ी में ट्विटर पर एक नया बदलाव देखने को मिला है. बदलाव ये है कि कुछ यूज़र्स को डेस्कटॉप पर ट्विटर खोलने पर जहां चिड़िया दिखा करती थी, अब वहां कुत्ता नज़र आ रहा है.

इस कुत्ते पर क्लिक करने पर ये ट्विटर फ़ीड को रीफ्रेश करता है और आपको ट्वीटर फ़ीड पर सबसे ऊपर ले आता है.

ये कुत्ता Doge नाम से मशहूर है. इसे शायद आपने सोशल मीडिया मीम्स में देखा भी होगा. ट्विटर पर कुत्ता दिखने के बाद से सोशल मीडिया पर 'ट्विटर लोगो' कुछ वक़्त तक टॉप ट्रेंड्स में भी रहा. मगर बात बस इतनी भर नहीं है.

इस बदलाव को लेकर ये तीन सवाल समझने ज़रूरी हैं जिनके जवाब यहां दिए गए हैं-

- इस कुत्ते का एलन मस्क से क्या नाता है?

- इस डोजी मीम वाले कुत्ते की कहानी क्या है?

- कुत्ते का स्वागत सोशल मीडिया पर कैसे हो रहा है?

आगे की ख़बर आप यहां पढ़ सकते हैं.

प्रियंका चोपड़ा

इमेज स्रोत, ANI

प्रियंका चोपड़ा के बुरे दिनों की कहानी

एक्ट्रेस प्रियंका चोपड़ा के कुछ दिन पहले दिए एक पॉडकास्ट इंटरव्यू ने खूब सुर्खियां बटोरीं.

इस इंटरव्यू में उन्होंने कहा था कि बॉलीवुड में उन्हें किनारे कर दिया गया था.

अब उन्होंने कहा है कि वो ये बात इसलिए कह सकीं क्योंकि उनके भीतर आत्मविश्वास आ गया है. यहां देखिए वीडियो....

यह भी पढ़ें:

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहांक्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)