कर्नाटक के मशहूर मदरसे में जबरन घुसकर पूजा और नारेबाजी, पुलिस ने दर्ज किया केस: प्रेस रिव्यू

इमेज स्रोत, Twitter/asadowaisi
कर्नाटक के बीदर ज़िले में गुरुवार सुबह कुछ लोगों ने दशहरे के मौके पर जुलूस निकालने के बाद 550 साल पुराने महमूद गवान मदरसे में जबरदस्ती घुसकर पूजा-पाठ किया. इसके बाद स्थानीय प्रशासन ने मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल को तैनात किया है.
अंग्रेजी अख़बार इंडियन एक्सप्रेस में छपी ख़बर के मुताबिक़, पुलिस ने इस मामले में नौ लोगों के ख़िलाफ़ मामला दर्ज किया गया है.
इस घटना से जुड़े वीडियो वायरल होने के बाद मुस्लिम समुदाय से जुड़े कुछ लोगों ने ज़िम्मेदार लोगों के ख़िलाफ़ कार्रवाई की मांग करते हुए विरोध प्रदर्शन किया.
इन लोगों ने दावा किया है कि भीड़ ने मदरसे में पूजा के दौरान नारियल तोड़ा है जिससे मदरसे को नुकसान पहुंचा है.
हालांकि, पुलिस ने इस दावे की पुष्टि नहीं की है.
अंग्रेजी अख़बार हिंदुस्तान टाइम्स से बात करते हुए एक शख़्स ने नाम न बताने की शर्त पर कहा है कि 'ये घटना रात लगभग दो बजे की है. उन्होंने मदरसे का ताला तोड़कर, चंदन फेंका और कुछ पाठ किए थे.'
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेश मेघन्नवर ने बताया है कि इस मामले में नौ लोगों के ख़िलाफ़ हेरिटेज बिल्डिंग में अवैध ढंग से घुसने का केस दर्ज किया गया है.
साल 1460 के दशक में बने इस मदरसे का रखरखाव भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण विभाग करता है. बहमनी सल्तनत के दौर में बना ये मदरसा भारतीय और इस्लामिक वास्तुकला के बेहतरीन संगम को दिखाता है. इस इमारत को राष्ट्रीय महत्व के स्मारकों में गिना जाता है.
इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.
पोस्ट X समाप्त
AIMIM के नेता और सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने इस घटना पर ट्वीट करके कर्नाटक के मुख्यमंत्री और स्थानीय प्रशासन से पूछा है कि वो ये सब होने की इजाज़त कैसे दे रहे हैं.
औवेसी ने लिखा है, "ये ऐतिहासिक महमूद गवान मस्जिद और मदरसे के दृश्य हैं जो पांच अक्टूबर के हैं. चरमपंथियों ने गेट का ताला तोड़कर इस जगह का अपमान करने की कोशिश की. बिदर पुलिस और बीएस बोम्मई...आप ये सब होने की इजाज़त कैसे दे सकते हैं? बीजेपी इस तरह की चीजें सिर्फ मुसलमानों को नीचा दिखाने के लिए कर रही है."

इमेज स्रोत, Twitter/AkasaAir
पालतू जानवरों को फ़्लाइट में साथ ले जाने देगी अकासा एयरलाइंस
हाल ही में शुरु हुई अकासा एयरलाइंस ने अपने यात्रियों को पालतू जानवरों को फ़्लाइट में साथ ले जाने की इजाज़त दे दी है.
अंग्रेजी अख़बार द हिंदू में प्रकाशित ख़बर के मुताबिक़, अकासा ऐसी इजाज़त देने वाली दूसरी भारतीय एयरलाइंस कंपनी बन गयी है. एयर इंडिया की फ़्लाइट्स में भी पालतू जानवरों को साथ ले जाया जा सकता है.
अकासा एयरलाइंस ने बताया है कि उसकी फ़्लाइट्स में पालतू कुत्तों और बिल्लियों को यात्री केबिन या कारगो के साथ ले जाया जा सकता है.
हालांकि, पैसेंजर केबिन में सिर्फ उन जानवरों को साथ ले जाने की इजाज़त होगी जिनका वजन सात किलो से ज़्यादा न हो. ऐसे जानवरों को एयरपोर्ट पर चेक-इन के बाद यात्री केबिन में लाया जा सकेगा.
सात किलो से ज़्यादा वजन और सौ किलो से ज़्यादा वजन के जानवरों को कारगो कंपार्टमेंट में जगह मिलेगी.

इमेज स्रोत, Getty Images
शिंदे गुट ने शिवसेना के चुनाव चिह्न पर किया दावा
अंधेरी पूर्व में होने वाले उपचुनाव को देखते हुए महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने गुरुवार को शिवसेना के चुनाव निशान धनुष और बाण पर दावा करने के लिए चुनाव आयोग को एक चिट्ठी लिखी है. हालांकि, अंधेरी सीट पर सत्तारूढ़ गठबंधन की ओर से इस सीट पर भाजपा चुनाव लड़ेगी.
एनडीटीवी पर प्रकाशित ख़बर के मुताबिक़, शिंदे गुट ने कहा है कि चुनाव निकाय के किसी भी निर्णय के अभाव में ठाकरे गुट शिवसेना के चुनाव चिन्ह का उपयोग कर सकते हैं.
चुनाव आयोग को लिखी चिट्ठी में शिंदे गुट ने कहा कि, "महाराष्ट्र में होने वाले आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए चुनाव चिन्ह के इस विवाद का जल्द निपटारा होना आवश्यक है. क्योंकि उद्धव ठाकरे गुट अपने उम्मीदवारों के लिए SSPP के चिन्ह पर दावा करेगा."
शिंदे, जो असली सेना होने का दावा करते हैं. उन्होंने धनुष और तीर के प्रतीक के साथ पार्टी के संस्थापक बाल ठाकरे की विरासत का दावा किया है.
मामला अब चुनाव आयोग के पास लंबित है. पार्टी जून में विभाजित हो गई थी, जब शिंदे ने उद्धव ठाकरे के खिलाफ विद्रोह का नेतृत्व किया, उन पर बाल ठाकरे को धोखा देने और सेना की विचारधारा को कमजोर करने का आरोप लगाया.
ये भी पढ़ें -
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)




















