हरियाणवी सिंगर का पता लगाने के लिए परिवार ने ख़ुद की तफ़्तीश, दिल्ली पुलिस पर लापरवाही का आरोप - प्रेस रिव्यू

महिला

इमेज स्रोत, Getty Images

प्रकाशित

हरियाणवी दलित सिंगर की हत्या मामले में उनके परिवार ने कहा है कि उन्होंने 28 वर्षीय लापता सिंगर को ढूंढने के लिए दिल्ली पुलिस से 13 मई को ही संपर्क किया था लेकिन उन्होंने उन्हें घर चले जाने को कहा था.

पुलिस ने सोमवार को रोहतक हाइवे के नज़दीक ज़मीन में सिंगर का शव दबा पाया था जिसके बाद मंगलवार को उनके परिवार ने दिल्ली पुलिस के ख़िलाफ़ विरोध प्रदर्शन किया.

अंग्रेज़ी अख़बार 'द इंडियन एक्सप्रेस' ने अपनी ख़ास रिपोर्ट में लिखा है कि परिवार का आरोप है कि उन्होंने शुरुआत में जब पुलिस से मदद मांगी थी तो उन्हें नज़रअंदाज़ किया जबकि उनके पास सिंगर की लास्ट लोकेशन के फ़ुटेज भी मौजूद थे.

अख़बार के मुताबिक़, सिंगर सिविल डिफ़ेंस वॉलंटियर थी जिन्होंने बाद में यूट्यूब पर अपने म्यूज़िक वीडियो अपलोड करने शुरू कर दिए थे. इसके बाद उन्होंने सिंगिंग-डांसिंग शोज़ में परफ़ॉर्म करना शुरू किया था. दो सप्ताह पहले वो लापता हो गई थीं.

उनके पिता ने बताया, "वो हरियाणा और दूसरी जगहों पर कॉन्सर्ट और स्टेज शोज़ के लिए जाती थी. परिवार में वही इकलौती कमाने वाली थी. हमने आख़िरी बार उसे 11 मई को देखा था. वो बहुत ख़ुशी थी और एक म्यूज़िक वीडियो रिकॉर्ड करने जा रही थी. वो वापस नहीं लौटी."

"हमने उसे हर जगह ढूंढा और उसके दोस्तों से बात की. हमने अगले दिन का इंतज़ार किया."

13 मई को सिंगर के परिवार ने दिल्ली पुलिस से संपर्क किया था. उनके पिता ने बताया, "लेकिन उन्होंने हमें चले जाने को कहा. बाद में उसके एक दोस्त ने हमसे कहा कि उसका जीमेल अकाउंट उसके फ़ोन में खुला हुआ है. उसने हमें उसकी लास्ट एक्टिव लोकेशन पता लगाने में मदद की."

परिवार का कहना है कि 16 मई को इसके ज़रिए हरियाणा के मेहम में एक ढाबे पर पहुंचे. सिंगर की बहन और पिता वहां पहुंचे और बड़ी मुश्किल से ढाबे के मालिक से सीसीटीवी फ़ुटेज प्राप्त की. फ़ुटेज में महिला एक सफ़ेद गाड़ी से निकल रही है और चल नहीं पा रही है जबकि पीली शर्ट में उसके साथ एक पुरुष है.

महिला

इमेज स्रोत, Getty Images

मंगलवार को भीम आर्मी के सदस्यों के साथ परिवार ने पुलिस के ख़िलाफ़ प्रदर्शन किया और दावा किया कि सिंगर का गैंगरेप किया गया और पुलिस ने मदद की शुरुआती गुहार को नज़रअदांज़ किया, जिसके बाद उन्होंने ख़ुद उसके फ़ुटेज बरामद किए.

पीड़ित सिंगर की बहन का दावा है, "हमने पुलिस को सूचित किया था और यहां तक कि फ़ुटेज भी दिए. उन्होंने कुछ भी करने से इनकार कर दिया और मेरे पिता के साथ दुर्व्यवहार किया. बाद में उन्होंने हमें बताया कि वो एक दिन में वापस लौट आएगी. सोमवार को हमें उसकी मौत की ख़बर मिली."

पुलिस ने पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिवार को वापस लौटा दिया है.

दो अभियुक्त गिरफ़्तार

पुलिस का कहना है कि गैंगरेप के आरोपों को अभी साबित होना है लेकिन उनके पास सूचना है कि सिंगर को नशा दिया गया, अपहरण किया गया और गला घोंटकर मारा गया.

पुलिस ने इस मामले में दो अभियुक्तों को गिरफ़्तार किया है जिनकी उम्र 20 साल से अधिक है और वो एक फ़ाइनैंस कंपनी में हेल्पर के तौर पर काम करते हैं. इनमें से एक अभियुक्त रवि पर पहले ही सिंगर ने रेप का केस दर्ज कराया था.

पुलिस और परिवार का कहना है कि रवि और सिंगर तीन साल पहले रिलेशनशिप में थे लेकिन बार-बार रवि के प्रताड़ित करने के बाद यह संबंध ख़त्म हो गया था.

पुलिस सूत्रों ने अख़बार को बताया कि अभियुक्तों का कहना है कि उन्होंने खाने में नशे की गोलियां देने के बाद सिंगर की गला दबाकर हत्या की.

एक पुलिस अफ़सर ने अख़बार को बताया कि उन्हें इस हत्या के मक़सद की पुष्टि नहीं हो पाई है लेकिन ऐसा लगता है कि रवि बदला लेना चाहता था क्योंकि 2019 में उसके ख़िलाफ़ रेप का मामला दर्ज कराया गया था.

अख़बार ने पुलिस से परिवार के इस मामले में लापरवाही के आरोपों पर जब बात करनी चाही तो उसने कोई जवाब नहीं दिया.

क़ुतुब मीनार

वक़्फ़ बोर्ड ने क़ुतुब मीनार परिसर में नमाज़ पढ़ने की अनुमति मांगी

दिल्ली वक्फ़ बोर्ड ने भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) को पत्र लिखकर क़ुतुब मीनार परिसर की क़ूव्वत-उल-इस्लाम मस्जिद में नमाज़ पढ़ने देने का निवेदन किया है.

'द न्यू इंडियन एक्सप्रेस' के अनुसार वक्फ़ बोर्ड के चेयरमैन अमानतुल्लाह ख़ान ने ASI डायरेक्टर को पत्र लिखकर कहा है कि 'प्राचीन' क़ुव्वत-उल-इस्लाम मस्जिद में ASI अधिकारी नमाज़ पढ़ने से रोक रहे हैं.

उन्होंने पत्र में लिखा है कि इस मस्जिद में मुसलमान पांचों वक़्त की नमाज़ पढ़ते रहे हैं और यह बिना किसी रोक-टोक के जारी रही है.

वक़्फ़ बोर्ड ने मस्जिद के जिन इमाम मौलवी शेर मोहम्मद को नियुक्त किया हुआ है उन्होंने भी 7 मई को इस बारे में ASI को पत्र लिखकर कहा था कि उसके अधिकारी मस्जिद में नमाज़ नहीं पढ़ने दे रहे हैं.

वक़्फ़ बोर्ड चेयरमैन ने कहा है कि 16 अप्रैल 1970 को यह मस्जिद वक़्फ़ की संपत्ति बनी थी और जब से यह मस्जिद बनी है तब से इसमें पांचों वक़्त की नमाज़ होती है.

वहीं, ASI ने दिल्ली की एक अदालत में मंगलवार को कहा कि क़ुतुब मीनार कोई पूजा स्थल नहीं है. कोर्ट ने 9 जून तक के लिए अपने फ़ैसले को सुरक्षित रख लिया है.

राहुल गांधी

इमेज स्रोत, Twitter

पिता राजीव गांधी की मौत पर बोले राहुल गांधी

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कैंब्रिज विश्वविद्यालय में कहा है कि उनके पिता राजीव गांधी की मृत्यु उन्हें जीवन में सीख देने वाला सबसे बड़ा अनुभव थी.

जनसत्ता अख़बार के मुताबिक़, उन्होंने कहा कि उनके पिता की मृत्यु कि घटना ने उन्हें जिंदगी की उस हकीकत का सामना कराया, जिसे वह कभी नहीं जान पाते.

सोमवार को प्रतिष्ठित कैंब्रिज विश्वविद्यालय के कॉरपस क्रिस्टी कॉलेज में इतिहास की एसोसिएट प्रोफेसर और भारतीय मूल की शिक्षाविद डॉक्टर श्रुति कपिला ने उनके सामने एक 'गांधीवादी सवाल' रखा और पूछा कि हिंसा और व्यक्तिगत स्तर पर खुद को उसके बीच रहने का अनुभव कैसा रहा है.

इस पर कांग्रेस नेता भावुक हो गए. वे कुछ देर शांत रहे और फिर बोले, "मेरे जीवन का सबसे बड़ा सीखने का अनुभव मेरे पिता की मृत्यु थी. इससे बड़ा कोई अनुभव नहीं है."

मंकीपॉक्स

इमेज स्रोत, Getty Images

मंकीपॉक्स को लेकर सतर्क यूपी, जल्द आएगी गाइडलाइन

अमेरिका सहित कई देशों में मंकीपॉक्स की बीमारी को लेकर उत्तर प्रदेश में भी विशेष सावधानी बरती जा रही है. स्वास्थ्य विभाग इसे लेकर गाइडलाइन तैयार कर रहा है जिसे बुधवार शाम तक जारी किया जा सकता है.

अमर उजाला अख़बार लिखता है कि राज्य सर्विलांस अधिकारी डॉक्टर विकाशेंदु अग्रवाल ने बताया कि केंद्र के सावधानी बरतने के निर्देश के बाद स्वास्थ्य महानिदेशालय गाइडलाइन तैयार कर रहा है.

सूत्रों का कहना है कि हर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में सैंपल कलेक्शन की व्यवस्था की जा रही है. यहां से सैंपल एनआईवी पुणे भेजे जाएंगे. जहां भी चिकनपॉक्स के मरीज मिलेंगे, उनकी निगरानी की जाएगी. अगर पीड़ित उन देशों से लौटा है, जहां मंकीपॉक्स फैला हुआ है तो उसे अलग वार्ड में भर्ती कर लिया जाएगा.

मंकीपॉक्स फैलने वाले देश से आए व्यक्ति के संपर्क में आने वाले में लक्षण मिलते हैं तो उसकी भी जांच कराई जाएगी. ज़िला अस्पताल से लेकर सीएचसी तक मरीज़ों को भर्ती करने की व्यवस्था बनाई जा रही है. आशा कार्यकर्ता और एएनएम को भी इस बीमारी के बारे में जानकारी दी जाएगी.

वीडियो कैप्शन, मंकी पॉक्स वायरस क्या है और कितना ख़तरनाक है?

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)