पेगासस जासूसी पर नई रिपोर्ट के बीच आज से संसद का बजट सत्र शुरू- प्रेस रिव्यू

इमेज स्रोत, Getty Images
आज से संसद का बजट सत्र शुरू हो रहा है. पेगासस जासूसी मामले में न्यूयॉर्क टाइम्स की नई रिपोर्ट, संसद के बजट सत्र में नया 'तूफ़ान' ला सकती है. विपक्षी पार्टियां संसद में नरेंद्र मोदी सरकार को घेरने की तैयारी में हैं.
अंग्रेज़ी अख़बार द हिन्दू ने पेगासस जासूसी मामले में नई रिपोर्ट के बीच बजट सत्र की शुरुआत की ख़बर को पहले पन्ने पर जगह दी है.
द हिन्दू की रिपोर्ट के अनुसार, रविवार को लोकसभा में कांग्रेस के नेता अधीर रंजन चौधरी ने लोकसभा स्पीकर ओम बिड़ला को सूचना एवं तकनीक मंत्री अश्विनी वैष्णव के ख़िलाफ़ विशेषाधिकार प्रस्ताव लाने का नोटिस दिया है. अधीर रंजन चौधरी ने लिखा है कि आईटी मंत्री ने पेगासस जासूसी मामले में संसद को गुमराह किया था.
चौधरी ने न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट का हवाला देते हुए लिखा है कि मोदी सरकार ने जुलाई 2017 में इसराइली समूह एनएसओ से पेगासस जासूसी सॉफ़्टवेयर ख़रीदा था. पिछले साल जुलाई में पेगासस मुद्दे पर आईटी मंत्री ने संसद में कहा था कि कोई भी अनाधिकृत निगरानी नहीं हो सकती है.
सोमवार को बजट सत्र की औपचारिक शुरुआत राज्यसभा और लोकसभा के संयुक्त सत्र में राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के अभिभाषण से होगी.
हालाँकि अभी ओमिक्रॉन की लहर के कारण सांसद दोनों सदनों के चेम्बरों में बैठेंगे. लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही दो पालियों में चलेगी. बजट सत्र का पहला चरण 31 जनवरी से 11 फ़रवरी तक चलेगा.

इमेज स्रोत, Getty Images
इसमें अलग-अलग विभागों में बजट आवंटन पर बात होगी. इसके बाद बजट सत्र का दूसरा चरण 14 मार्च से आठ अप्रैल तक चलेगा. आज यानी सोमवार को वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण 2021-22 का आर्थिक सर्वेक्षण पेश करेंगी और मंगलवार को आम बजट पेश होगा.
इसके बाद सदन के दोनों सदनों में राष्ट्रपति के अभिभाषण को लेकर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा शुरू होगी. लोकसभा सचिवालय की ओर से जारी किए गए बयान के अनुसार, सरकार ने दो, तीन, चार और सात फ़रवरी के दिन धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा के लिए तय रखे हैं. इसके बाद प्रधानमंत्री धन्यवाद प्रस्ताव पर अपना जवाब देंगे. राज्यसभा में भी लोकसभा के साथ ही धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा होने की उम्मीद है.
दोनों सदनों की कार्यवाही सुचारू और शांति से चले इसके लिए राज्यसभा के सभापति एम वेंकैया नायडू और संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी ने अलग-अलग बैठकें तय की हैं. लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला भी लोकसभा बिज़नेस अडवाइज़री कमिटी (बीएसी) से हफ़्ते भर के एजेंडे पर बात करेंगे.
मुख्य विपक्षी पार्टी कांग्रेस ने घोषणा की है कि समान सोच रखने वाली पार्टियों से वो संपर्क करेगी और कथित चीनी घुसपैठ, एयर इंडिया की बिक्री, कोविड-19 महामारी में मरने वालों के परिजनों को मुआवज़े के साथ हाल में नफ़रत भरे भाषणों के आए कई मामलों को उठाने में मदद मांगेगी.

इमेज स्रोत, Getty Images
पिछला मॉनसून सत्र पेगासस जासूसी मामले की वजह से ठप रहा था. अब इस बार भी यह अन्य मुद्दों के साथ आएगा. पेगासस मामले में शनिवार को राहुल गांधी ने मोदी सरकार पर हमला बोलेते हुए ट्वीट किया था.
अपने ट्वीट में राहुल गांधी ने लिखा था, ''मोदी सरकार ने हमारे लोकतंत्र की प्राथमिक संस्थाओं, राजनेताओं और जनता की जासूसी करने के लिए पेगासस ख़रीदा था. फ़ोन टैप करके सत्ता पक्ष, विपक्ष, सेना, न्यायपालिका सब को निशाना बनाया है. ये देशद्रोह है. मोदी सरकार ने देशद्रोह किया है.''
इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.
पोस्ट X समाप्त, 1
मनमोहन सिंह सरकार में वित्त मंत्री रहे और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पी चिदंबरम ने पेगासस मामले पर ट्वीट कर कहा है, ''पीएम ने कहा कि भारत-इइराइल संबंधों में नए लक्ष्य निर्धारित करने का यह सबसे अच्छा समय है.
बेशक, यह इसराइल से पूछने का सबसे अच्छा समय है कि क्या उनके पास पेगासस स्पाइवेयर का कोई उन्नत संस्करण है. आख़िरी डील दो अरब डॉलर में हुई थी. भारत इस बार बेहतर कर सकता है. अगर हमें 2024 के चुनावों से पहले और अधिक उन्नत स्पाइवेयर मिलते हैं, तो हम उन्हें चार अरब डॉलर भी दे सकते हैं.''
इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.
पोस्ट X समाप्त, 2
पी चिदंबरम ने अगले ट्वीट में कहा है, ''मंत्री वीके सिंह ने 'न्यूयॉर्क टाइम्स'को 'सुपारी मीडिया' कहा है. वीके सिंह उन लोगों में शामिल नहीं थे, जो भारतीय मीडिया को 'प्रॉस्टीट्यूट्स' बुलाते थे. मुझे आश्चर्य होगा अगर उन्होंने कभी न्यूयॉर्क टाइम्स या वॉशिंगटन पोस्ट जैसे समाचार पत्र पढ़े हों. मुझे यह संदेह है कि क्या वे 'वॉटरगेट कांड' और 'पेंटागन पेपर्स' को उजागर करने में इन दो समाचार पत्रों की भूमिका को जानते हैं? अगर वह इतिहास नहीं पढ़ना चाहते हैं, तो कम से कम फ़िल्में देख सकते हैं.''
उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, गोआ और मणिपुर में जब चुनाव अभियान चल रहा है तब संसद का बजट सत्र शुरू हो रहा है. इन पाँच राज्यों में 10 फ़रवरी से मतदान शुरू हो रहे हैं और सात मार्च तक चलेंगे.
इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.
पोस्ट X समाप्त, 3
10 मार्च के बाद फिर बिल में घुस जाएंगे तमंचाधारी: योगी
हिन्दी अख़बार दैनिक जागरण ने पहले पन्ने पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के एक बयान को पहले पन्ने पर जगह दी है.
अख़बार की ख़बर के अनुसार, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को बुलंदशहर में कहा, ''पिछली सरकार माफ़िया के घर में पैसा जमा करती थी. अपराधियों से तमंचे बनवाती थी. 10 मार्च के बाद ये तमंचाधारी फिर से बिल में घुस जाएंगे.''
योगी आदित्यानाथ ने कहा कि राष्ट्रवाद और सुरक्षा के साथ देश आगे बढ़ रहा है. उन्होंने कहा कि अलीगढ़ में डिफ़ेंस कॉरीडोर बन रहा है. योगी ने कहा कि यहाँ की तोप से बुलंदशह के युवा सीमा पर गोले दागेंगे तो पाकिस्तानी सैनिक भाग खड़े होंगे.
योगी ने हापुड़ के पिलखुआ में कहा, ''दो लड़कों की जोड़ी दंगा कराने की साज़िश के लिए आई है. यह इत्र वाले मित्र की मित्रता को और मज़बूत करने के लिए आए हैं. इनका विकास, लोक कल्याण और ग़रीबों से कोई लेना-देना नहीं है. इनके लिए तो परिवार का विकास ही प्रदेश का विकास होगा.''

इमेज स्रोत, Getty Images
पाँच राज्यों में फ़िजिकल रैली और रोड शो पर फ़ैसला आज
चुनाव आयोग सोमवार को कोरोना महामारी की स्थिति की समीक्षा करेगा और पाँच राज्यों के विधानसभा चुनाव में रैलियों को लेकर फ़ैसला करेगा. इससे पहले पोल पैनल ने 31 जनवरी तक सभी पाँच राज्यों में फ़िजिकल रैली और रोड शो पर पाबंदी लगा दी थी.
अंग्रेज़ी अख़बार हिन्दुस्तान टाइम्स ने इस ख़बर को प्रमुखता से जगह दी है. हिन्दुस्तान टाइम्स की ख़बर के अनुसार, सोमवार को 11 बजे चुनाव आयोग की यह बैठक वर्चुअली होगी और इसमें चुनाव वाले सभी पाँच राज्यों के मुख्य चुनाव अधिकारी और स्वास्थ्य सचिव हिस्सा लेंगे.
चुनाव आयोग ने आठ जनवरी को पहली बार रैलियों और रोड शो पर कोरोना संक्रमण के कारण पाबंदी लगाई थी. शुरुआत में यह पाबंदी आठ से 15 जनवरी तक थी, लेकिन बाद में 22 जनवरी तक कर दी गई थी. फिर से यह 31 जनवरी तक कर दी गई थी.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.






















