बाबा का ढाबा वाले कांता प्रसाद बेहोशी की हालत में अस्पताल में भर्ती, पुलिस जाँच जारी

कांता प्रसाद, बाबा का ढाबा

इमेज स्रोत, Anadolu Agency

प्रकाशित
पढ़ने का समय: 3 मिनट

दिल्ली में पिछले दिनों एक यूट्यूब वीडियो के बाद सुर्खियों में आने वाले एक बुज़ुर्ग ढाबा मालिक को बेहोशी की हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है. कांता प्रसाद दक्षिण दिल्ली के मालवीय नगर इलाक़े में 'बाबा का ढाबा' नाम से एक ढाबा चलाते हैं.

दक्षिणी दिल्ली के डीसीपी अतुल ठाकुर ने समाचार एजेंसी एएनआई को बताया कि कांता प्रसाद को गुरुवार की रात दिल्ली के सफ़दरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

उन्होंने बताया, "उन्हें बेहोशी की हालत में अस्पताल लाया गया था. उनके बेटे का बयान रिकॉर्ड किया जा रहा है और जाँच जारी है." पुलिस का कहना है कि कांता प्रसाद ने नींद की गोली के साथ शराब पी ली थी.

पिछले साल सात और आठ अक्तूबर को सोशल मीडिया पर एक बुज़ुर्ग दंपती का वीडियो वायरल हुआ था. इस वीडियो में 'बाब का ढाबा' नाम से फ़ूड स्टॉल चलाने वाले बुज़ुर्ग कांता प्रसाद लॉकडाउन में कमाई ना होने का दर्द बयां कर रहे थे.

छोड़िए X पोस्ट
X सामग्री की इजाज़त?

इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

चेतावनी: तीसरे पक्ष की सामग्री में विज्ञापन हो सकते हैं.

पोस्ट X समाप्त

कांता प्रसाद इसमें रोते हुए अपनी ख़राब माली हालत का ज़िक्र कर रहे थे. ये वीडियो वायरल होने के बाद लोगों ने इस बुज़ुर्ग दंपती की काफी मदद भी की थी.

80 साल के कांता प्रसाद ने बताया था कि वो और उनकी पत्नी काफ़ी मेहनत करते हैं लेकिन चार घंटे में वो सिर्फ़ 50 रुपये ही कमा पाए हैं. उनकी हालत बहुत ख़राब है.

छोड़िए YouTube पोस्ट
Google YouTube सामग्री की इजाज़त?

इस लेख में Google YouTube से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले Google YouTube cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

चेतावनी: तीसरे पक्ष की सामग्री में विज्ञापन हो सकते हैं.

पोस्ट YouTube समाप्त

वीडियो के वायरल होते ही लोग इस बुज़ुर्ग दंपती की मदद करने की अपील करने लगे. देखते ही देखते उनके ढाबे पर भीड़ लग गई और लोग 'बाबा का ढाबा' पर जाने की तस्वीरें व वीडियो शेयर करने लगे.

इस वीडियो को स्ट्रीट फ़ूड पर वीडियो बनाने वाले यूट्यूबर गौरव वासन ने बनाया था. सोशल मीडिया पर वायरल इस वीडियो को कई नामी-गिरामी लोगों ने शेयर किया और मदद की अपील की. बाबा के ढाबा पर लोगों की भीड़ लगने लगी और कांता प्रसाद को ख़ूब वित्तीय मदद भी मिली.

आरोप-प्रत्यारोप और सुलह-सफ़ाई

लेकिन मामले में नया मोड़ उस समय आया, जब कांता प्रसाद ने आरोप लगाया कि उन्हें मिले डोनेशन में यूट्यूबर गौरव वासन ने हेरफेर किया है. उन्होंने इसकी शिकायत पुलिस में भी की. हालाँकि गौरव वासन ने डोनेशन में हेराफेरी के आरोपों से इनकार किया था. उनका कहना था कि उन्होंने डोनेशन में मिले सारे पैसे कांता प्रसाद को दे दिए थे.

गौरव वासन के बाद कांता प्रसाद और उनकी पत्नी

इमेज स्रोत, Swadofficial

इसके बाद बुज़ुर्ग दंपती की माली हालत में सुधार हुआ. कांता प्रसाद बताते हैं कि जहाँ पहले दिन भर में 250-300 रुपये कमाई होती थी, अब पाँच से छह हज़ार रुपए तक कमा लेते हैं.

यूट्यूबर गौरव वासन से विवाद के बाद कांता प्रसाद ने मालवीय नगर में ही एक रेस्तरां खोला. लेकिन वो चला नहीं और दो महीने के अंदर इस साल फरवरी में उन्हें रेस्तरां बंद करना पड़ा. कांता प्रसाद का कहना था कि रेस्तरां चलाने में उन्हें वित्तीय नुक़सान हो रहा था.

इस बीच उन्होंने गौरव वासन से सुलह-सफ़ाई की भी बात की और कहा कि उन्होंने गौरव वासन पर कोई आरोप नहीं लगाए थे. उनसे काग़ज़ पर दस्तख़त करा लिए गए थे.

हाल ही में गौरव वासन लंबे समय बाद कांता प्रसाद से मिलने पहुँचे और कैमरे के सामने बाबा ने गौरव वासन को गले लगाया और रोए भी. गौरव वासन ने भी कहा कि वे अब पिछली सारी बातें भूल गए हैं.

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूबपर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)