कोविड से बेटे की मौत पर बोले सीताराम येचुरी- मैं अकेला नहीं

प्रकाशित
पढ़ने का समय: 1 मिनट

कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (मार्क्सवादी) यानी सीपीआईएम के महासचिव सीताराम येचुरी ने ट्वीट कर कहा है कि उनके बड़े बेटे आशीष येचुरी का गुरुवार सुबह निधन हो गया. सीताराम ने बताया है कि आशीष कोविड संक्रमित थे.

अपने ट्वीट में येचुरी ने डॉक्टरों, नर्सों, फ्रंटलाइन के स्वास्थ्य कर्मियों और सफ़ाई कर्मचारियों को शुक्रिया कहा है, जिन्होंने बेटे की सेहत को ठीक करने में मदद की. येचुरी ने अपने एक दूसरे ट्वीट में लिखा है, ''मुझे पता है कि इस दुख को केवल मैं नहीं झेल रहा हूँ. इस महामारी ने बेहिसाब लोगों को मौत की नींद सुला दिया है.''

समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार 9 जून को आशीष 35 साल के होते. इनका इलाज गुड़गाँव के मेदांता अस्पताल में चल रहा था और उनकी तबीयत में सुधार हो रहा था. आशीष के परिजनों के अनुसार गुरुवार सुबह 5.30 बजे दो हफ़्तों के संघर्ष के बाद उनका निधन हो गया.

सीपीआईएम ने आशीष की मौत पर एक बयान जारी किया है. अपने बयान में पार्टी ने कहा है, ''सीताराम येचुरी और इंद्राणी मजूमदार के बेटे आशीष येचुरी के निधन से हमलोग बहुत दुखी हैं. पोलित ब्यूरो सीताराम और इंद्राणी, आशीष की पत्नी स्वाति और उनकी बहन अखिला के साथ खड़ी है.''

कांग्रेस नेता शशि थरूर ने ट्वीट कर आशीष की मौत पर दुख जताया है. अपने ट्वीट में शशि थरूर ने लिखा है, ''यह विचलित करने वाली ख़बर है. इससे बड़ा नुक़सान और कुछ नहीं हो सकता. इस दुख की घड़ी में आपको शक्ति मिले. मेरी पूरी संवेदना आपके साथ है.''

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)