ENBA अवॉर्ड्स में 'बीबीसी दुनिया' को बेस्ट न्यूज़ कवरेज का पुरस्कार

टीवी न्यूज़ ब्रॉडकास्टिंग के प्रतिष्ठित पुरस्कार ENBA अवॉर्ड्स में बीबीसी न्यूज़ हिंदी को उसकी कोविड-19 कवरेज के लिए स्वर्ण पुरस्कार से सम्मानित किया गया है.

बीबीसी न्यूज़ हिंदी के टीवी बुलेटिन 'बीबीसी दुनिया' की कोरोना वायरस कवरेज के लिए उसे अंतरराष्ट्रीय-हिंदी श्रेणी में बेस्ट न्यूज़ कवरेज का यह स्वर्ण पुरस्कार दिया गया है.
यूरोप, अमेरिका समेत दुनिया के तमाम देश कोरोना से जिस तरह से जूझ रहे हैं और इसका भारत के लिए क्या मायने है, इस पर 'बीबीसी दुनिया' में विस्तार से कवरेज की जाती रही है, जिसको ENBA अवॉर्ड्स में सर्वश्रेष्ठ आंका गया है.
'बीबीसी दुनिया' हिंदी समाचार चैनल एनडीटीवी इंडिया पर सोमवार से शुक्रवार तक रोज़ाना रात 10 बजे प्रसारित होता है.
सामाजिक मुद्दों और तकनीक की श्रेणी में भी मिला गोल्ड
इसके अलावा बीबीसी न्यूज़ हिंदी को सामाजिक मुद्दों पर रिपोर्टिंग और तकनीक कवरेज की श्रेणी में भी ENBA अवॉर्ड्स के स्वर्ण पुरस्कार से सम्मानित किया गया है.
सामाजिक मुद्दों की श्रेणी में बीबीसी न्यूज़ हिंदी को उसकी 'रिवर्स माइग्रेशन' विषय पर रिपोर्टिंग के लिए यह सर्वश्रेष्ठ पुरस्कार मिला है.
कोरोना वायरस महामारी के कारण प्रवासी मज़दूरों को अपने घर लौटना पड़ा था लेकिन इसके बाद उन्हें रोज़गार के लिए वापस शहरों का रुख़ करना पड़ा जो कि एक 'रिवर्स माइग्रेशन' था. इस पर की गई बीबीसी हिंदी की रिपोर्टिंग के लिए यह पुरस्कार उसे दिया गया है.
वहीं, तकनीक श्रेणी में बीबीसी न्यूज़ हिंदी को 'बीबीसी क्लिक' प्रोग्राम के लिए सर्वश्रेष्ठ पुरस्कार से सम्मानित किया गया है.

इसके अलावा बीबीसी वर्ल्ड सर्विस के निखिल इनामदार को अंग्रेज़ी भाषा की श्रेणी में सर्वश्रेष्ठ रिपोर्ट का पुरस्कार मिला है.
अमेरिका में रह रहे कई भारतीयों को किस तरह से जातिगत भेदभाव का सामना करना पड़ता है, इस विषय पर निखिल इनामदार की रिपोर्ट आधारित थी जिसे सम्मानित किया गया है.

वहीं, दक्षिण भारत के चैनल की श्रेणी में बेस्ट करंट अफ़ेयर प्रोग्राम के लिए बीबीसी तेलुगू को सम्मानित किया गया है. साथ ही बेस्ट बिज़नेस प्रोग्राम-अंग्रेज़ी के लिए बीबीसी वर्ल्ड सर्विस के वर्कलाइफ़ इंडिया कार्यक्रम को पुरस्कृत किया गया है.
इसके अलावा बीबीसी के प्रीतम रॉय को भी बेस्ट वीडियोग्राफ़र (अंग्रेज़ी) श्रेणी के लिए पुरस्कार मिला है.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)
























