You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.
दिग्गज डांसर अस्ताद देबू का 73 साल की उम्र में निधन
नृत्य की दुनिया के दिग्गज अस्ताद देबू का गुरुवार सुबह निधन हो गया. 73 साल के देबू के निधन की जानकारी उनके परिवार वालों ने दी है.
परिवार वालों ने सोशल मीडिया पर जारी की गई सूचना में कहा है, ''10 दिसंबर की सुबह वो इस दुनिया से विदा हो गए. हल्की बीमारी के बाद मु्ंबई स्थित घर पर ही उनका निधन हुआ. वो अपने पीछे एक समृद्ध विरासत छोड़ गए हैं. कला के प्रति उनका समर्पण अमिट है. उनके नृत्य को पंसद करने वालों की बड़ी तादाद रही है. यह मौत परिवार, दोस्त और नृत्य की दुनिया से जुड़े लोगों को दुखी करने वाली है. हम उनकी कमी महसूस करेंगे. ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दे.''
देबू को आधुनिक भारतीय नृत्य में नया व्याकरण गढ़ने के तौर पर याद किया जाएगा. 1995 में देबू को समकालीन रचनात्मक नृत्य में योगदान के लिए संगीत नाटक अकादमी सम्मान दिया गया था.
संगीत नाटक अकादमी ने अपने उद्धरण में कहा कहा था कि देबू को थियेटर शैली के नृत्य के लिए याद किया जाएगा. 2007 में उन्हें पद्मश्री से सम्मानित किया गया था.
देबू ने नृत्य में कई तरह के प्रयोग किए. ये प्रयोग नृत्य की बनावट, विषय, अवधारणा और प्रदर्शन स्पेस की कसौटी पर होते थे.
दूसरे डांसरो के साथ उनकी जुगलबंदी भी कमाल की होती थी. भारत की समकालीन नृत्य कला में देबू को अद्भुत अभिव्यक्ति के लिए जाना जाता है.
देबू का जन्म 13 जुलाई, 1947 में गुजरात के नवसारी शहर में हुआ था. उन्होंने प्रह्लाद दास से कथक का प्रशिक्षण लिया और कथकली इक पनिक्कर से सीखा.
इसके बाद देबू ने लंदन स्कूल ऑफ कॉन्टेम्पररी डांस में आधुनिक डांस की ट्रेनिंग ली. इसके अलावा उन्होंने न्यूयॉर्क में भी डांस सीखा.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूबपर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)