उत्तर प्रदेश: घर में लगी आग से पत्रकार समेत दो की मौत, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

पत्रकार राकेश सिंह

इमेज स्रोत, Sushil Mishra/BBC

इमेज कैप्शन, पत्रकार राकेश सिंह
    • Author, समीरात्मज मिश्र
    • पदनाम, लखनऊ से, बीबीसी हिंदी के लिए
  • प्रकाशित

उत्तर प्रदेश के बलरामपुर ज़िले में शुक्रवार देर रात एक पत्रकार समेत दो लोगों की कथित तौर पर ज़िंदा जलाकर हत्या कर दी गई.

हालांकि पुलिस का कहना है कि घर में आग लगने के कारण इन दोनों लोगों की मौत हुई है.

लेकिन परिजनों का आरोप है कि बाहर से आए कुछ लोगों ने घर में धमाका किया और बाहर से दरवाज़ा बंद करके चले गए जिससे दोनों लोगों की मौत हो गई.

बलरामपुर के एसपी

इमेज स्रोत, Ashok Pandey/BBC

इमेज कैप्शन, बलरामपुर के पुलिस अधीक्षक देवरंजन वर्मा

बलरामपुर के पुलिस अधीक्षक देवरंजन वर्मा ने बताया कि इस मामले में तीन संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है.

एसपी देवरंजन वर्मा के मुताबिक, "राकेश सिंह एक दैनिक अखबार में काम करते थे और कलवारी गांव के रहने वाले थे. शुक्रवार रात उनके घर के बेडरूम में आग लग गई जिससे उनके एक मित्र पिन्टू साहू की मृत्यु हो गई. राकेश सिंह को लखनऊ के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था जहां बाद में उनकी भी मृत्यु हो गई. मामले की जांच की जा रही है. जल्द ही सच्चाई सामने आ जाएगी."

पत्रकार राकेश सिंह

इमेज स्रोत, Ashok Pandey/BBC

राकेश सिंह के घर में तेज़ धमाका हुआ

बताया जा रहा है कि कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के कलवारी गांव में रहने वाले पत्रकार राकेश सिंह अपने मकान में सो रहे थे.

उनके एक मित्र भी साथ में थे. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, उनकी पत्नी दो बच्चों के साथ अपने किसी रिश्तेदार के घर गई हुई थीं.

पत्रकार राकेश सिंह का जला हुआ घर

इमेज स्रोत, Ashok Pandey/BBC

पत्रकार राकेश सिंह का जला हुआ घर

इमेज स्रोत, Ashok Pandey/BBC

इमेज कैप्शन, पत्रकार राकेश सिंह का जला हुआ घर

शुक्रवार रात राकेश सिंह के घर में तेज़ धमाका हुआ जिससे घर की दीवार भी टूट गई और बेड रूम समेत घर का ज़्यादातर हिस्सा जलकर ख़ाक हो गया.

आग की सूचना के बाद मौक़े पर पहुंची पुलिस ने राकेश और पिंटू को हॉस्पिटल पहुंचाया जहां डॉक्टरों ने पिंटू को मृत घोषित कर दिया जबकि लगभग नब्बे फ़ीसद झुलसे राकेश को लखनऊ रेफ़र कर दिया गया.

इलाज के दौरान शनिवार सुबह राकेश सिंह ने भी लखनऊ के सिविल हॉस्पिटल में दम तोड़ दिया.

राकेश सिंह की पत्नी विभा सिंह

इमेज स्रोत, Ashok Pandey/BBC

इमेज कैप्शन, राकेश सिंह की पत्नी विभा सिंह

परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

राकेश सिंह के परिजनों के मुताबिक, घायल अवस्था में राकेश सिंह ने सिर्फ़ इतना बताया कि रात को घर में 10 से 15 लोग घुस आए थे और उन लोगों ने ही घटना को अंजाम दिया है.

राकेश सिंह की पत्नी का आरोप है कि उनके पति की हत्या की गई है और लोगों ने कथित हत्यारों को आते और जाते हुए भी देखा है लेकिन पुलिस मामले को दूसरी ओर मोड़ना चाह रही है.

पत्रकार राकेश सिंह का जला हुआ घर

इमेज स्रोत, Ashok Pandey/BBC

राकेश सिंह की पत्नी ने मीडिया से बातचीत में आरोप लगाया, "उन्हें पहले भी कई बार धमकी मिली थी. पुलिस को भी यह बात मालूम थी. शुक्रवार शाम अकरम और ललित मोहन मिश्र के साथ कुछ बातचीत और लड़ाई-झगड़ा हुआ था. पुलिस घपलेबाज़ी कर रही है. हमारी मांग है कि सच्चाई सामने आए और दोषियों को सज़ा मिले."

पत्रकार राकेश सिंह

इमेज स्रोत, Ashok Pandey/BBC

इमेज कैप्शन, पत्रकार राकेश सिंह का गांव

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूबपर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)