पुणे में मिले कोरोना के ख़िलाफ़ हर्ड इम्यूनिटी के संकेतः प्रेस रिव्यू

संक्रमण

इमेज स्रोत, Getty Images

प्रकाशित

द इंडियन एक्सप्रेस की एक रिपोर्ट के मुताबिक पुणे में आबादी के एक छोटे समूह में हर्ड इम्यूनिटी यानी वायरस के ख़िलाफ़ प्रतिरोधक क्षमता की मौजूदगी के संकेत मिले हैं.

भारत में हुए अपनी तरह के इस पहले अध्ययन में पता चला है कि पुणे में कोरोना वायरस से संक्रमित हुए 85 फ़ीसदी लोगों में एंटीबॉडी मिले हैं. इसका मतलब ये है कि उनके शरीर में वायरस से लड़ने की क्षमता विकसित हो गई है.

ये शोध पुणे के चार प्रभागों (जिनमें नगर निगम के तीन से चार वार्ड होते हैं) में किया गया है. यहीं जुलाई और अगस्त में हुए सर्वे में 51 फ़ीसदी आबादी में संक्रमण का पता चला था. सीरो सर्वे के तहत आबादी में संक्रमण के प्रसार का पता किया जाता है. भारत के कई शहरों में ये सर्वे किए गए हैं.

ये पहला सर्वे है जिसमें संक्रमित लोगों में वायरस से लड़ने वाले एंटीबॉडी का पता किया गया है. शोधकर्ताओं ने ये नहीं कहा है कि शहर हर्ड इम्यूनिटी की ओर बढ़ रहा है लेकिन भारत में ये पहला मामला है जब आबादी में संक्रमण इतना ज़्यादा है कि ये कहा जा सकता है कि यहां लोगो में हर्ड इम्यूनिटी विकसित हो रही है.

तीस प्रतिशत तक बढ़े खाद्य तेलों के दाम

तेल

इमेज स्रोत, Science Photo Library

द टाइम्स ऑफ़ इंडिया की एक रिपोर्ट के मताबिक देश में खाद्य देलों के दाम तीस प्रतिशत तक बढ़ गए हैं जिससे सरकार चिंतित है.

मूंगफली, सरसों, सूरजमुखी, नारियल सभी तरह के खाद्य तेलों के दाम बढ़े हुए हैं. बीते एक साल में नारियल, सोयाबीन और सूरजमुखी के दामों में 20-30 प्रतिशत तक की बढ़ोत्तरी दर्ज की गई है.

अख़बार के सूत्रों के मुताबिक इस सप्ताह गृहमंत्री अमित शाह के नेतृत्व में हुई मंत्रियों के समूह की एक बैठक में इस बारे में चिंता प्रकट की गई है.

बैठक में कहा गया कि देश में प्याज़ के दाम निर्यात पर रोक की वजह से कम हुए है जबकि आलू के दाम सथिर हो रहे हैं लेकिन खाद्य तेलों के बढ़ते दाम चिंता का विषय हैं.

पिछले साल सरसों के एक लीटर तेल का औसत दाम सौ रुपए तक था जबकि गुरुवार को यह 120 रुपए लीटर था.

केरल सोना तस्करी मामले में लीक ऑडियो पर विवाद

पिनराई विजयन

इमेज स्रोत, Getty Images

द हिंदू की एक रिपोर्ट के मुताबिक केरल में सोना तस्करी मामले में लीक हुए एक ऑडियो से विवाद हो गया है. ये विवादित बातचीत कथित तौर पर अभियुक्त स्वप्ना सुरेश और एक अज्ञात व्यक्ति के बीच है.

इस ऑडियो से संकेत मिलते हैं कि प्रवर्तन निदेशालय ने स्वप्ना सुरेश पर केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन के ख़िलाफ़ बयान देने का दबाव बनाया था. इस मामले में गिरफ़्तार की गईं स्वप्ना इस समय महिला जेल में बंद हैं.

लीक हुए ऑडियो से पता चलता है कि ईडी ने स्वप्ना को सरकारी गवाह बनने का प्रस्ताव दिया था. इसके बदले उनसे मुख्यमंत्री के ख़िलाफ़ बयान देने के लिए कहा गया था. इस बातचीत से ये संकेत भी मिल रहे हैं कि ईडी ने स्वप्ना के बयान तोड़े-मरोड़े हैं.

बच्चों के शोषण की सूत्र ने दी थी जानकारी

उत्तर प्रदेश में 50 से अधिक बच्चों का यौन शोषण करने वाले इंजीनियर के बारे में सीबीआई को एक व्हिसल ब्लोअर ने जानकारी दी थी.

हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक अभियुक्त ने दस साल से अधिक तक बच्चों का शोषण किया और उनकी तस्वीरें और वीडियो भी बनाए.

इसी सूत्र ने सीबीआई को एक पेनड्राइव दी थी जिसमें 34 वीडियो और 679 तस्वीरें थीं. ये वीडियो डार्क वेब पर पोस्ट किए जाते थे. अभियुक्त राम भवन सिंह यूपी के सिंचाई विभाग में जूनियर इंजीनियर के पद पर हैं.

आरोप हैं कि सिंह ने बांदा, चित्रकूट और हमीरपुर ज़िले के बच्चों का यौन शोषण किया जिनमें सामान्यतः ग़रीब परिवार के बच्चे थे.

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूबर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)