प्रियंका राधाकृष्णन न्यूज़ीलैंड की जैसिंडा अर्डर्न कैबिनेट में मंत्री बनीं- प्रेस रिव्यू

प्रियंका राधाकृष्णन

इमेज स्रोत, Priyanca Radhakrishnan | Photo: Priyanca Radhakris

इमेज कैप्शन, सितंबर 2017 में प्रियंका लेबर पार्टी से पहली बार सांसद चुनी गई थीं.
प्रकाशित

न्यूज़ीलैंड की प्रधानमंत्री जैसिंडा अर्डर्न ने भारतीय मूल की प्रियंका राधाकृष्णन को मंत्री बनाया है. ऐसा पहली बार हुआ है कि न्यूज़ीलैंड में भारतीय मूल का कोई शख़्स इस पद पर पहुँचा है.

जैसिंडा अर्डर्न ने अपने मंत्रिमंडल में पाँच नए मंत्रियों को शामिल किया है, जिनमें प्रियंका राधाकृष्णन भी हैं.

अंग्रेज़ी अख़बार द हिन्दू ने समाचार एजेंसी पीटीआई की इस ख़बर को 11वें पन्ने पर प्रमुखता से प्रकाशित किया है. 41 साल की प्रियंका न्यूज़ीलैंड में सत्ताधारी लेबर पार्टी की नेता हैं. मंत्री बनने के बाद उन्होंने कहा, ''आज बेहद ख़ास दिन है. अपनी सरकार में मंत्री बनने के बाद एक साथ कई चीज़ें दिमाग़ में आ रही हैं.''

प्रियंका का जन्म चेन्नई में हुआ था लेकिन उनका परिवार केरल के परावूर से है. प्रियंका ने स्कूल की पढ़ाई सिंगापुर से की थी. इसके बाद आगे की पढ़ाई के लिए वो न्यूज़ीलैंड चली गई थीं.

प्रियंका न्यूज़ीलैंड में उन लोगों की आवाज़ बनी थीं, जिनके लिए इंसाफ़ की लड़ाई काफ़ी चुनौतीपूर्ण होती है. उन्होंने घरेलू हिंसा में प्रताड़ित होने वाली महिलाओं और शोषणग्रस्त प्रवासी मज़दूरों के अधिकार के लिए काम किया है.

सितंबर 2017 में प्रियंका लेबर पार्टी से पहली बार सांसद चुनी गईं. 2019 में उन्हें एथनिक कम्युनिटी मंत्री की संसदीय निजी सचिव बनाया गया था.

अपने इस रोल पर काम के दम पर प्रियंका मंत्री पद तक पहुंचीं. उन्हें विविधता, समावेशी और नस्लीय समुदाय के विभाग का मंत्री बनाया गया है. इसके अलावा उनके ज़िम्मे सामाजिक विकास और रोज़गार भी है.

न्यूज़ीलैंड हेरल्ड अख़बार ने लिखा है कि प्रियंका भारतीय मूल की पहली किवी मंत्री हैं. वो अपने पति के साथ ऑकलैंड में रहती हैं.

प्रियंका के नाम की घोषणा करते हुए प्रधानमंत्री जैसिंडा अर्डर्न ने कहा, ''मंत्रिमंडल में नई प्रतिभा को शामिल करते हुए मुझे बेहद ख़ुशी हो रही है. जो मंत्रालय उन्हें दिया गया है उसे लेकर उन्होंने भरपूर काम किया है.''

कांग्रेस नेता शशि थरूर ने प्रियंका को ट्विटर पर बधाई दी है. अपने बधाई संदेश में थरूर ने लिखा है, ''भारतीय मूल की न्यूज़ीलैंड में पहली बार मंत्री बनने के लिए प्रियंका को बधाई. केरल के लिए यह गौरव का पल है.''

मायावती

इमेज स्रोत, Getty Images

बीजेपी से गठबंधन किसी भी सूरत में हीं- मायावती

बहुजन समाज पार्टी सुप्रीमो मायावती ने सोमवार को कहा कि वो बीजेपी से चुनावी गठबंधन करने की तुलना में राजनीति से संन्यास लेना ज़्यादा पसंद करेंगी. मायावती ने कहा कि उनकी पार्टी किसी भी क़ीमत पर बीजेपी के साथ चुनावी गठबंधन नहीं करेगी.

मायावाती ने पिछले हफ़्ते ही कहा था कि अगर समाजवादी पार्टी को हराने के लिए बीजेपी को भी वोट करना पड़े तो तैयार हैं. तब से ही कयास लगाए जाने लगे थे कि क्या मायावती आने वाले चुनाव में बीजेपी से गठबंधन करेंगी. हिन्दुस्तान टाइम्स ने ख़बर को प्रकाशित किया है.

मायावती ने कहा, ''बीजेपी के साथ भविष्य में कोई गठबंधन संभव नहीं है. बीएसपी किसी सांप्रदायिक पार्टी के साथ गठबंधन नहीं करेगी. हमारी विचारधारा सर्वजन सर्व धर्म हिताय है.''

जेपी नड्डा

इमेज स्रोत, Getty Images

राज्यसभा में और मज़बूत हुई बीजेपी

दैनिक जागरण ने पहले पन्ने पर राज्यसभा में बीजेपी के और मज़बूत होने की ख़बर दूसरी लीड लगाई है. अख़बार ने लिखा है कि नौ सीट पर जीत के साथ ही राज्यसभा में सत्ताधारी बीजेपी और मज़बूत हो गई है.

राज्यसभा में बीजेपी के सांसदों की संख्या 92 पहुंच गई है. इसके साथ ही बीजेपी के नेतृत्व वाले एनडीए के सदस्यों की संख्या राज्यसभा में 104 हो गई है. दूसरी तरफ़ देश की सबसे पुरानी पार्टी कांग्रेस राज्यसभा में 38 पर सिमटकर रह गई है.

242 सदस्यों वाली राज्यसभा के लिए उत्तर प्रदेश से 10 सांसद चुने गए और उत्तराखंड से एक. उत्तर प्रदेश से बीजेपी के हरदीप सिंह पुरी, नीरज शेखर, अरुण सिंह, गीता शाक्य, हरिद्वार दुबे, बृजलाल, बीएल वर्मा और सीमा द्विवेदी शामिल हैं. वहीं समाजवादी पार्टी के रामगोपाल यादव और बीएसपी के रामजी गौतम भी निर्विरोध चुने गए हैं. उत्तराखंड से नरेश बंसल को निर्विरोध चुना गया है.

दिल्ली

इमेज स्रोत, Getty Images

सोमवार को पारा 10.8 तक गिरा

हिन्दुस्तान टाइम्स ने पहले पन्ने पर दिल्ली के तापमान में आई रिकॉर्ड गिरावट को जगह दी है. अख़बार में छपी रिपोर्ट के अनुसार दिल्ली में सोमवार की सुबह बीते दस सालों में सबसे सर्द दर्ज की गई.

2011 से अभी तक इतनी ठंडी सुबह नहीं रही. मौसम विज्ञानियों के अनुसार सप्ताह के अंत तक न्यूनतम तापमान में यह गिरावट 10 से नीचे जाने के आसार हैं. मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को दिल्ली का न्यूनतम तापामान 10.8 डिग्री तक गिर गया था.

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)