IPL 2020: सनराइज़र्स हैदराबाद ने चेन्नई सुपरकिंग्स को 7 रन से हराया

इमेज स्रोत, BCCI/IPL
- Author, आदेश कुमार गुप्त
- पदनाम, बीबीसी हिंदी के लिए
- प्रकाशित
- पढ़ने का समय: 6 मिनट
दुबई में खेला गया आईपीएल 2020 का 14वां मुक़ाबला चेन्नई सुपर किंग्स और सनराइज़र्स हैदराबाद के बीच हुआ, जिसमें सनराइज़र्स की टीम ने चेन्नई सुपरकिंग्स को सात रन से हरा दिया.
इस मुक़ाबले में सनराइज़र्स हैदराबाद के कप्तान डेविड वार्नर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी करने का फ़ैसला किया. हैदराबाद ने निर्धारित 20 ओवर में पाँच विकेट खोकर 164 रन बनाए. वहीं जवाब में चेन्नई सुपरकिंग्स की टीम 20 ओवर में 157 रन ही बना सकी.
यह चेन्नई की लगातार तीसरी हार रही.
चेन्नई की टीम को तीसरे ही ओवर में तब बड़ा झटका लगा जब भुवनेश्वर कुमार की गेंद उनके सलामी बल्लेबाज़ शेन वॉटसन के बैट का भीतरी किनारा लेकर गेंद स्टंप में समा गई. शेन वॉटसन केवल एक रन बना सके. उसके बाद चोट से उबर कर टीम में वापसी कर रहे अंबाती रायडू को टी नटराजन ने बोल्ड कर चेन्नई को एक झटका और दे दिया.
तब तक चेन्नई के खाते में केवल 25 रन जुड़े थे. रायडू केवल आठ रन बना सके. इस आईपीएल के पहले ही मैच में मुंबई के ख़िलाफ़ केवल 48 गेंदो पर 71 रन बनाने वाले अंबाती रायडू से चेन्नई को बेहद उम्मीदें थी. अभी चेन्नई इन झटकों से संभली भी नही कि कुछ अच्छा खेल रहे सलामी बल्लेबाज़ फैफ डू प्लेसी एक रन लेने के कोशिश में रन आउट हो गए. उन्होंने 19 गेंदो पर चार चौकों की मदद से 22 रन बनाए. स्कोरबोर्ड पर अब स्कोर था तीन विकेट खोकर 36 रन.

इमेज स्रोत, BCCI/IPL
लगातार विकेट गिरने से चेन्नई पर दबाव बनने लगा और इस दबाव का सामना केदार जाधव नहीं कर सके.
उन्होंने स्पिनर अब्दुल समद की गेंद पर कवर के ऊपर से शॉट खेलने की कोशिश की लेकिन वहां खड़े कप्तान डेविड वार्नर ने हवा में छलांग लगाते हुए शानदार कैच बनाकर उनकी पारी का अंत कर दिया. केदार जाधव ने तीन रन बनाए. 10 ओवर तक चेन्नई चार विकेट खोकर 50 रन तक भी नही पहुंची थी.
अपने बैटिंग क्रम में लगातार आलोचनाओं का सामना कर रहे कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने ऊपर आकर खेलना ही सही समझा.
शुरू में वह संभलकर खेले. उन्होंने राशिद ख़ान की गेंद पर पहले तो एक चौका लगाया और उसके बाद एक रन लेकर टीम को 50 रन तक पहुंचाया. पिच पर उनका साथ दे रहे थे रविंद्र जडेजा.
15 ओवर के बाद चेन्नई का स्कोर चार विकेट खोकर 79 रन था. तब धोनी 22 गेंद पर 17 और जडेजा 24 गेंद पर 23 रन बनाकर खेल रहे थे. यह स्थिति बताती है कि तब हैदराबाद के गेंदबाज़ कितनी कसी हुई गेंदबाज़ी कर रहे थे. उनकी ग्राउंड फिल्डिंग भी बेहद शानदार थी.

इमेज स्रोत, BCCI/IPL
आखिरी चार ओवर
आख़िरी चार ओवर में चेन्नई को जीत के लिए 78 रन की ज़रूरत थी. भुवनेश्वर कुमार के 17वें ओवर में रविद्र जडेजा ने थर्डमैन,फ़ाइन लैग और स्क्वायर लेग पर चौके लगाए. जडेजा अचानक 23 रन से 38 पर पहुंच गए. भुवनेश्वर के इस ओवर में 15 रन आए.
अगले यानी 18वें ओवर की पहली ही गेंद पर मनीष पांडेय ने रविंद्र जडेजा का ना सिर्फ़ आसान सा कैच छोड़ा बल्कि चौका भी दे दिया. गेंदबाज़ नटराजन थे. उनकी तीसरी गेंद पर जडेजा ने मिड-विकेट पर छक्का उड़ाकर अपना अर्धशतक भी पूरा किया.
उनका अर्धशतक 34 गेंदो पर पांच चौके और दो छक्कों की मदद से बना लेकिन अगली ही गेंद पर एक और छक्का लगाने की कोशिश महंगी पड़ी और वह समद के हाथों बैकवर्ड स्क्वायर लेग पर कैच हो गए. नए बल्लेबाज़ सैम करेन ने वहीं छक्का लगाकर मैच में रोमांच बना दिया. इस ओवर में 19 रन पड़े.
अब 12 गेंद और 44 रन का अंतर. 19वां ओवर खलील अहमद ने किया. दरअसल यह ओवर भुवनेश्वर कुमार कर रहे थे लेकिन उनकी मांसपेशी में खिंचाव आ गया और उन्हें बाहर जाना पड़ा. उनकी दूसरी गेंद पर समद की ख़राब फिल्डिंग से धोनी को चौका मिला. पांचवी गेंद को धोनी ने मिडविकेट बाउंड्री लाइन के बाहर छक्के के लिए भेजा. इस ओवर में 16 रन आए.
आख़िरी छह गेंदो में चेन्नई को जीत के लिए 28 रन की जरूरत थी. अब्दुल समद की पहली ही गेंद वाइड थी जो विकेटकीपर को छकाती चार रन के लिए चली गई. अगली तीन गेंद पर धोनी ने चौके समेत सात रन बनाए. आख़िरी गेंद पर सैम करेन ने छक्का भी लगाया लेकिन फिर भी चेन्नई सात रन से मैच हार गई. धोनी 36 गेंदो पर 37 और सैम करेन पांच गेंदो पर 15 रन बनाकर नाबाद रहे.
हैदराबाद के प्रियम गर्ग मैन ऑफ़ द मैच रहे. उन्होंने कहा कि उन्होंने अपना स्वभाविक खेल खेला. अभिषेक शर्मा के साथ अपनी साझेदारी को लेकर प्रियम ने कहा कि उनके साथ तो वह बचपन से ही खेल रहे हैं.
चेन्नई के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने लगातार तीसरी हार का कारण गेंदबाज़ी को बताया. धोनी ने माना कि उनके गेंदबाज़ वाइड और नो बॉल अधिक कर रहे हैं. वहीं हैदराबाद के कप्तान डेविड वार्नर ने कहा कि वह आख़िरी ओवर तक अपने गेंदबाज़ो का मनोबल बढ़ाते रहते हैं.

इमेज स्रोत, BCCI/IPL
पहली पारी
इससे पहले सनराइज़र्स के कप्तान डेविड वार्नर का पहले बल्लेबाज़ी का फ़ैसला तब सही साबित नहीं हुआ जब पहले ही ओवर में डेविड वार्नर के जोड़ीदार जॉनी बेयरस्टो तेज़ गेंदबाज़ दीपर चहर की चौथी ही गेंद पर बोल्ड हो गए. वह केवल तीन गेंद खेल सके लेकिन अपना खाता भी नही खोल सके.
बेयरस्टो की जगह मनीष पांडेय ने ली. उन्होंने 21 गेंद पर पांच चौकों की मदद से 29 रन बनाए. मनीष पांडेय शार्दुल ठाकुर की गेंद पर सैम करेन के हाथों कैच हुए. मनीष पांडेय ने डेविड वार्नर के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए 46 रन जोडे.
फैफ डू प्लेसी का हैरतअंगेज़ कैच
47 रन पर दो विकेट खोने के बाद डेविड वार्नर ने नए बल्लेबाज़ केन विलियमसन के साथ संभलकर खेलना शुरू किया.
वार्नर शुरू से ही एक या दो रन लेकर अपनी पारी आगे बढ़ा रहे थे. लेकिन जब उनका व्यक्तिगत स्कोर 28 रन था तभी उन्होंने पियूष चावला की स्पिन होती गेंद को लोंग ऑन बाउंड्री लाइन के ऊपर से भेजने की कोशिश की लेकिन वहॉ खड़े फैफ डू प्लेसी ने हैरतअंगेज़ अंदाज़ में कैच पकड़कर वार्नर की पारी का अंत कर दिया.
फैफ डू प्लेसी ने पहले तो गेंद की बाउंड्री लाइन के पास अपने हाथों में संभाला और हवा में उछाल दिया और उसके बाद संतुलन बनाने के लिए बाउंड्री लाइन के बाहर चले गए और दोबारा मैदान में आकर गेंद को संभाला.
इस लेख में Google YouTube से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले Google YouTube cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.
पोस्ट YouTube समाप्त
प्रियम गर्ग और अभिषेक शर्मा ने पारी संभाली
शायद मैच में अभी एक और उलटफेर होना था और उसका शिकार बने केन विलियमसन. उन्होंने पियूष चावला की गेंद को हल्के से खेला और रन लेने के लिए दौड़ पड़े, लेकिन सामने के छोर पर नए बल्लेबाज़ प्रियम गर्ग अपनी जगह छोड़ने को तैयार नहीं थे. जब तक केन विलियमसन वापस क्रीज़ मे पहुंचते तब तक अंबाती रायडू गेंद को फील्ड कर तेज़ी से विकेटकीपर धोनी के दस्तानों में पहुंचा चुके थे. केन विलियमसन अपने रन आउट होने से खुश नही थे क्योंकि पिछले ही मैच में उन्होंने दिल्ली के ख़िलाफ 41 रन बनाए थे. केन विलियमसन नौ रन बनाकर रन आउट हुए.
इसके बाद हैदराबाद की पारी को प्रियम गर्ग और अभिषेक शर्मा ने संवारा. प्रियम गर्ग ने आईपीएल में अपना पहला अर्धशतक जमाते हुए नाबाद 51 और अभिषेक शर्मा ने 31 रन बनाए.
चेन्नई के लिए दीपक चहर ने 31 रन देकर दो और शार्दुल ठाकुर ने 32 रन देकर एक विकेट हासिल किया. पियूष चावला ने भी 20 रन देकर एक विकेट हासिल किया.
धोनी ने किये टीम में तीन परिवर्तन
इससे पहले महेंद्र सिंह धोनी ने ख़राब फॉर्म में चल रहे बल्लेबाज़ मुरली विजय, रितुराज गायकवाड़ और तेज़ गेंदबाज़ जोश हैज़लबुड की जगह ड्वेन ब्रावो, अंबाती रायडू और शार्दुल ठाकुर को टीम में शामिल किया. अंबाती रायडू तो कुछ ख़ास नही कर सके लेकिन गेंदबाज़ी में ड्वेन ब्रावो ने चार ओवर में केवल 28 रन देकर अपने चयन को सही साबित किया.
अब देखना है पिछली बार फाइनल खेलने वाले धोनी के धुरंधर कब फॉर्म में आते है और चेन्नई को जीत दिलाते हैं.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूबपर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)























