सचिन पायलट गुट के विधायकों पर 24 जुलाई तक कार्रवाई नहीं कर पाएंगे स्पीकर

इमेज स्रोत, Pti
राजस्थान विधानसभा के स्पीकर सीपी जोशी के नोटिस को चुनौती देने वाली सचिन पायलट और उनके गुट के विधायकों की याचिका पर राजस्थान हाईकोर्ट में सुनवाई पूरी हो गई है.
राजस्थान हाईकोर्ट इस मामले में 24 जुलाई को फ़ैसला सुनाएगा. इस आदेश के बाद राजस्थान विधानसभा के स्पीकर सीपी जोशी पायलट गुट के विधायकों पर 24 जुलाई तक कोई कार्रवाई नहीं कर पाएंगे.
उधर फ़ैसला आने के बाद राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने अपने निवास पर विधायकों की बैठक बुलाई है. इस बैठक में शामिल होने के लिए विधायक फेयरमोंट होटल से निकलकर सीएम आवास जाएंगे.
गहलोत के आरोपों पर बोले सचिन पायलट- 'दुखी हूं, हैरान नहीं'
इससे पहले सोमवार को राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सचिन पायलट बड़ा हमला करते हुए कहा कि वे छह महीने से सरकार गिराने की कोशिश कर रहे थे.
राजस्थान के होटल फेयरमोंट में अपने विधायकों से मुलाकात के बाद गहलोत ने कहा, " वे पिछले छह महीने से षडयंत्र कर रहे थे. भारतीय जनता पार्टी के सहयोग से वे सरकार गिराना चाहते थे. वे पार्टी ज्वाइन करने की कोशिश थी, जब विधायकों ने इनकार किया तो कहा थर्ड फ्रंट बना लेंगे."
"26 साल की उम्र में केंद्रीय मंत्री बन गए. 36 साल में प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष बन जाओ. छह सात साल में डिप्टी सीएम बन गए. दस बारह साल में सब कुछ मिल गया. ऐसा कम होता है. लेकिन उन्होंने कांग्रेस की पीठ में छुरा घोंपा है."
"मैं जब कहता था कि षडयंत्र हो रहा था तो लोगों को यक़ीन नहीं होता था. कोई नहीं जानता था कि मासूम चेहरे वाला ऐसा कुछ करेगा."
इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.
पोस्ट X समाप्त
"राजस्थान इकलौता ऐसा राज्य है जहां सात साल से प्रदेश अध्यक्ष को हटाने की मांग नहीं की गई जबकि हम जानते थे कि निकम्मा है, नकारा है केवल लोगों को लड़ाने का काम कर रहा है."
उन्होंने इस दौरान यह भी कहा कि मैं बैगन बेचने नहीं आया हूं, सब्जी बेचने नहीं आया हूं. मैं मुख्यमंत्री हूं.
अशोक गहलोत ने यह भी कहा कि सचिन पायलट का चाल, चेहरा, चरित्र सब बाहर आ गया है. वे क्या वकीलों की फीस अपनी जेब से दे रहे हैं, कहां से आ रहा है यह पैसा. गहलोत के मुताबिक एक एक वकील की एक एक सुनवाई की फीस 50-50 लाख रुपये है, ये पैसा मुंबई के कार्पोरेट हाउस से आ रहा है.
उन्होंने यह भी दोहराया कि उनकी सरकार चलेगी, सत्यमेव जयते.
आरोपों से हैरान नहीं हैं पायलट
इतना ही नहीं राजस्थान कांग्रेस के एक विधायक गिरिराज सिंह ने आरोप लगाया है कि राज्य सभा चुनाव के दौरान बीजेपी को वोट करने के लिए पायलट ने उन्हें 35 करोड़ देने की पेशकश की थी.
इन आरोपों पर सचिन पायलट ने कहा कि वे आधारहीन आरोपों से दुखी ज़रूर हूं लेकिन हैरान नहीं. पायलट के मुताबिक उनकी छवि को ख़राब करने की कोशिश की जा रही है. उन्होंने आशंका जताई है कि उनकी छवि को ख़राब करने के लिए और भी आरोप लगाए जा सकते हैं. राजस्थान के कांग्रेसी विधायक के आरोप पर सचिन पायलट ने कहा है कि वे उनके ख़िलाफ़ क़ानूनी कार्रवाई करेंगे.
उधर राजस्थान हाईकोर्ट में स्पीकर की नोटिस को चुनौती देने वाली सचिन पायलट की याचका पर सुनवाई चल रही है और यह मंगलवार को सुनवाई साढ़े दस बजे के बाद जारी रहेगी.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)
























